Varanasi News: सीने में मुक्का मारने के बाद हुई थी बुनकर के बेटे की मौत, चार पर केस; दो युवक हिरासत में
Varanasi News: बजरडीहा में युवती की वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद हुआ था। इस मामले में पुलिस बुधवार को घटना का खुलासा करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के बजरडीहा क्षेत्र की एक युवती की फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने को लेकर हुए विवाद में सीने में मुक्का मारने के बाद नवापुरा के बुनकर अबुल हसन के बेटे तौसीफ जमाल (30) की मौत हुई थी।
अब अबुल हसन की तहरीर पर मखदूमपुर बजरडीहा में किराये पर रहने वाले मोहम्मद अमीन व मोहम्मद अनस और नूरजहां व उसकी मां के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों में जैतपुरा थाने में मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने देर रात दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस बुधवार को घटना का खुलासा करेगी।
बुनकर अबुल हसन ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अंसार अहमद के बेटे मोहम्मद तासिम का विवाद नूरजहां से था। रंजिश को लेकर नूरजहां व उसकी मां और अनस व अमीन सात जुलाई की रात उनके घर आए।
चारों उनके बेटे तौसीफ जमाल को घर से खींच कर बाहर लाए और उसके सीने पर मुक्का मारा। तौसीफ जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। आनन-फानन तौसीफ को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। नूरजहां सहित चारों आरोपी भाग निकले थे।
अबुल हसन ने कहा कि सीने में मुक्का मारने से ही उनके बेटे तौसीफ की मौत हुई है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पूरी उम्मीद है कि नामजद आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
तीमारदार और मेडिकल स्टोर संचालक के बीच मारपीट
रामनगर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर दवा खरीदने गए तीमारदार व मेडिकल स्टोर संचालक के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि मेडिकल संचालक और उसके कुछ साथियों ने तीमारदार पर ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया।
मच्छरहट्टा निवासी ताज कुरैशी अपने भाई सलमान को लेकर दांत के डॉक्टर को दिखाने गए थे। डॉक्टर ने दवा लिखी। अस्पताल परिसर में खुले जन औषधि केंद्र से दवा लेकर डॉक्टर को दिखाया गया।
आरोप है कि डॉक्टर ने जन औषधि केंद्र की दवा को वापस कर मेडिकल स्टोर से दवा लाने को कहा। जब मरीज के तीमारदार ने अस्पताल के द्वार पर स्थित मेडिकल स्टोर से दवा खरीदी तो वह महंगी थी।
केवल एक दिन की दवा देने की बात पर मेडिकल संचालक आनाकानी करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। ताज कुरैशी ने आरोप लगाया कि ईंट व कैंची से हमला किया गया। उसके सिर व गर्दन पर गंभीर चोट लगी है।
रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने कहा कि पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उधर, मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ श्रीवास्तव की ओर भी दी गई तहरीर पर ताज कुरैशी और एक अन्य के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है।
कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के बीच राजातालाब तहसील में मारपीट
दी तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब की आपात बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि एक तहसील कर्मी मुकदमे के सिलसिले में आए दिन अवैध रूप से पैसे मांगता है। न देने पर मुकदमा कराने की धमकी दी जाती है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुखराज, महामंत्री नागेंद्र उपाध्याय ने उप जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ अधिवक्ता सर्वजीत भारद्वाज ने तहरीर में कहा कि मुकदमे की पैरवी की सिलसिले में एक लाख रुपये की मांग की गई। न देने पर तहसील के कर्मचारी ने मारपीट की।
दूसरी तरफ तहसील कर्मी और पेशकार की ओर से भी राजातालाब थाने में अधिवक्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाकर तहरीर दी गई। मारपीट के बाद तहसील के कर्मियों ने सभी कार्यालय और न्यायालय में तालाबंदी कर दी। विवाद की सूचना पाकर उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के साथ बैठक की।