Weather Update: वाराणसी में भीषण गर्मी से थोड़ी राहत, बादल छाने से गिरा पारा, तेज आंधी-पानी का अलर्ट
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में गुरुवार शाम मौसम अचानक बदल गया। आम जनमानस ने गर्मी से निजात पाने वाले के लिये ऊपर वाले का शुक्रिया अदा किया। नदी तट के घाटों से लेकर सड़कों तक लोगों की भीड़ मौसम का आनंद लेने के लिए निकल पड़ी।
विस्तार
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में गुरुवार शाम मौसम अचानक बदल गया। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही और शाम को आई धूल भरी आंधी से गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन आफत भी झेलनी पड़ी। कई जगहों पर टिनशेड उड़ गए तो कुछ जगहों पर पेड़ों की डालियां भी टूटकर गिर गईं। इस वजह से कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। अचानक मौसम में आए बदलाव की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
अप्रैल महीने के दूसरे सप्ताह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने भी वाराणसी समेत आसपास के जिलों में धूल भरी आंधी, हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार से ही बादलों की आवाजाही का दौर जारी है। गुरुवार सुबह 10 बजे तक नम पछुआ हवाएं चलती रही।
इसके बाद धूप तो हुई, लेकिन हवा में नमी की वजह से अन्य दिनों की तुलना में थोड़ा असर कम रहा। शाम करीब पांच बजे अचानक बादल छाने लगे और देखते देखत ही धूल भरी आंधी भी शुरू हो गई। शहरी इलाकों में तो कम, लेकिन ग्रामीण इलाकों में हवा की रफ्तार ज्यादा रही।
चोलापुर के चमरहा बाजार, उदयपुर, गोसाईपुर में आंधी से लोगों के टिन शेड उड़े और पेड़ की डालियां भी गिर गईं। उधर चिरईगांव, हरहुआ सहित अन्य जगहों पर भी आंधी की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौसम के बदलाव के कारण ही अधिकतम तापमान भी 42 डिग्री सेल्सियस से कम होकर बृहस्पतिवार को 41.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ का ही असर है। शुक्रवार तक मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं।