UP: विनोद की मौत ने छिन लिया घर का कमाऊ पूत, सात दिन पूर्व लौटा था घर; अगले साल शादी की थी तैयारी
Sonbhadra News: जिले में दर्दनाक हादसे के दाैरान तीन लोगों की माैत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय पुलिस माैके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। इसके साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident: सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के कठास गांव में बारातियों से भरी पिकअप पलटने के चलते चाचा-भतीजे सहित तीन की मौत के बाद परिवार सदमे में है। तीनों युवकों की उम्र 19 से 25 के बीच थी। अभी किसी की शादी नहीं थी। परिवार के लोगों को उनसे काफी उम्मीदें थी लेनि इस हादसों ने उम्मीदों को धराशायी तो किया ही, परिवार की खुशियां भी छिन लीं।
मड़िहान (मिर्जापुर) थाना क्षेत्र के चनरीबांध का रहने वाला विनोद महाराष्ट्र के पुणे में काम कर रहा था। सात दिन पहले ही वह मामा शिवकुमार से मिली सूचना पर ममेरे भाई अजय की शादी में शामिल होने के लिए आया हुआ था। उसके मंझले भाई अशोक ने बताया कि वह सबसे छोटा था। उसके शादी की बातचीत चल रही थी। अगले साल उसके शादी की योजना थी लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था।
घटना में विनोद के भतीजे राजन की भी मौत हुई है। परिवार वालों ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा था। हाल ही में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण कर उसने कलवारी स्थित डिग्री कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। तीसरा मृतक अजय गोंड भी उन्हीं के गांव का रहने वाला था। परिवारीजनों के मुताबिक वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई कक्षा नौ की पढ़ाई कर रहा है।
बरात के सभी वाहन पहुंच गए थे जनवासा, सिर्फ पिकअप रह गई थी पीछे
मंगलवार की रात जब हादसा हुआ, तब अधिकांश बाराती जनवास में पहुंच गए थे। द्वारपूजा के लिए तैयारी चल रही थी। पीछे आ रही पिकअप के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। लगभग आधे घंटे बाद रात 10 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली कि पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई है तो उन्हें काठ मार गया।
कुछ देर बाद ही उन्हें पता चला गया कि चाचा-भतीजा सहित तीन की मौत हो गई है। चूंकि शादी का मामला था, इसलिए पहले उसे संपन्न करवाया गया। इसके बाद भोर में परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। बुधवार की दोपहर रामपुर बरकोनिया से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई।