विनीत राय हत्याकांड: छावनी बना गोड़ा देहाती गांव, चप्पे-चप्पे पर पुलिस; बाहरी लोगों को गांव से तुरंत लौटाया
Ghazipur News: विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश चौधरी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गोड़ा देहाती गांव और फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पथराव की घटना के बाद छह थानों की पुलिस ने मोर्चा संभाला। गांव में आने-जाने वालों पर नजर रखी गई और बाहरी लोगों को वापस लौटाया गया।
विस्तार
UP News: शहर से सटे गोड़ा देहाती गांव शुक्रवार को पुलिस छावनी में तब्दील रहा। चप्पे- चप्पे पर पुलिस टीम की मुस्तैदी दिखाई पड़ी। गांव में आवागमन करने वालों पर पुलिस की पैनी निगाह थी। कड़ी धूप के बावजूद कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि के नेतृत्व में छह थानों की पुलिस टीम भ्रमण करती रही। यहीं नहीं पल- पल की रिपोर्ट भी पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी लेते दिखाई पड़े। वहीं, बिंदु होटल के अंदर भी सुरक्षा के कड़े बंदोवस्त किए गए थे।
गोड़ा देहाती स्थित बिंदु होटल के मालिक व होटल एसोसिएशन अध्यक्ष आलोक राय के पुत्र विनीत राय की तीन बाइकों पर सवार सात हत्यारों ने बीते 29 मई की रात गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। वारदात के पांचवें दिन बीते 3 जून को पुलिस ने मुठभेड़ में हत्याकांड के आरोपी व एक लाख के इनामी कमलेश चौधरी को ढेर कर दिया था। दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद कमलेश का शव पुलिस ने परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया था।
इधर, परिजनों और ग्रामीणों ने मुठभेड़ को हत्या करार देते हुए पुलिस पर फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के पास पथराव किया था। बृहस्पतिवार की रात से ही पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया। बवाल के दूसरे दिन गोड़ा देहाती गांव से लेकर फुल्लनपुर क्रासिंग तक आने वाले मार्ग पर जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात रहे। कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि के नेतृत्व में करंडा, मरदह, कोतवाली, दिलदारनगर सहित छह थानों की पुलिस मुस्तैद रही।
गोड़ा देहाती गांव में पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। चप्पे- चप्पे में पुलिस की नजर है। पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। - डॉ. राकेश मिश्रा, एएसपी सिटी
बाहरी लोगों को गांव से लौटाया
गाजीपुर के फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के पास बवाल व पुलिस पर पथराव के बाद पुलिस की सक्रियता का तेज हो गई है। पुलिस गोड़ा देहाती में आने-जाने वाले प्रत्येक लोगों पर निगाह तो रखी हुई ही है, साथ ही बाहरी लोगों को वापस भी कर रही है। खासकर गायत्री मंदिर होकर फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग और स्टेशन जाने वाले लोगों को दूसरे रास्ते से होकर जाने के लिए निर्देशित करती दिखाई पड़ी।