काशी के पहलवान ने ईरान के रेसलर को दी पटखनी, जूनियर एशियन चैंपियनशिप में जीता कांस्य
थाईलैंड में नौ से 14 जुलाई तक आयोजित फ्री स्टाइल जूनियर एशियन चैंपियनशिप में वाराणसी के पहलवान ने भारत का नाम रोशन किया है। 86 किलोग्राम भारवर्ग में काशी के पहलवान गोविंद यादव (17) ने रविवार को कांस्य पदक जीता।
करियर के पहले टूर में ही ईरान के पहलवान को हराकर गोविंद ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ गोविंद को जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भागीदारी का टिकट भी मिल गया। उनके प्रदर्शन से वाराणसी में खुशी की लहर है।
चिरईगांव विकास खंड के गांव शंकरपुर के रहने वाले गोविंद अंतरराष्ट्रीय पहलवान छोटे यादव के बेटे हैं। वह गांधी इंटर कॉलेज गौरा से इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं। गया सेठ अखाड़ा में पहलवानी करने वाले गोविंद, मनोहर पहलवान के शिष्य हैं। चैंपियनशिप में गोविंद को तीसरा स्थान मिलने से पहलवानों में खुशी का माहौल है और उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के लिए बधाई दी।
कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने भी गोविंद के पिता को फोन पर बधाई दी। इनमें अध्यक्ष वाराणसी कुश्ती संघ संजय सिंह ‘बबलू’, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के सचिव प्रेम कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंद्रमौली पांडेय, मेवा पहलवान, सुरेंद्र पटेल, छोटा मेवा पहलवान, जमुना पहलवान, राजकुमार मिश्रा, रामप्रताप, क्षमा पहलवान आदि शामिल हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी चंद्रमौली पांडेय ने बताया कि गोविंद के प्रदर्शन ने खुशी दी है। यह प्रदर्शन वाराणसी कुश्ती के लिए शुभ संकेत है। भविष्य में भी गोविंद से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है।
भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव संजय सिंह ‘बबलू’ ने कहा कि गोविंद ने शानदार प्रदर्शन किया। उसने बेहतरीन तकनीकी और जज्बे के बल पर कांस्य पदक जीता। देश को गोविंद से ढेरों उम्मीदें हैं।