देव दीपावली पर काशी को डिजिटल सौगात: अब बिना गाइड सुन सकेंगे 84 घाटों की कहानी, 15 भाषाओं में मिलेगी सुविधा
वाराणसी में देव दीपावली के अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 'वाराणसी 84 घाट ऑडियो टूर लॉन्च किया। ऐसे में अब बिना गाइड के काशी के 84 घाटों की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं को जान सकेंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के लिए जीपीएस आधारित 'वाराणसी 84 घाट ऑडियो बुक-ऑडियो टूर' तैयार की है। देव दिवाली-2026 पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इसका शुभारंभ किया। यह पहल काशी के 84 घाटों की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं को जानना आसान बनाएगी।
यह सुविधा यूपी टूरिज्म एप पर उपलब्ध है, जिससे पर्यटक बिना गाइड के अपनी सुविधानुसार घाटों का भ्रमण कर सकेंगे। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस डिजिटल पहल की खासियत जीपीएस तकनीक है। पर्यटक जैसे ही किसी घाट के नजदीक पहुंचेंगे, उससे जुड़ा ऑडियो अपने आप शुरू हो जाएगा।
गंगा किनारे पैदल या नाव से भ्रमण करते समय हर पड़ाव पर संबंधित स्थल की जानकारी सुनने को मिलेगी। इससे भ्रमण का अनुभव अधिक रोचक और सहज बनेगा। पर्यटक ऑडियो बुक डाउनलोड कर ऑफलाइन इस्तेमाल कर सकते हैं और दुनिया के किसी भी कोने से काशी के घाटों की कहानियां सुन सकते हैं।
क्या है खास
देसी और विदेशी पर्यटकों के लिए ऑडियो बुक 15 भाषाओं में तैयार की गई है, जिनमें हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई शामिल हैं। ऑडियो सुनने के साथ पर्यटक लिखित सामग्री और संबंधित तस्वीरें भी देख सकेंगे। इसमें यात्रा की प्रगति पर नजर रखने और बीच में छोड़ी गई जगह से दोबारा भ्रमण शुरू करने जैसे उपयोगी फीचर भी हैं। एप पर अनुभव व सुझाव साझा करने के लिए रेटिंग और कमेंट का विकल्प भी दिया गया है।
जीपीएस आधारित इस ऑडियो टूर का लाभ उठाने के लिए पर्यटकों को अपने एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलना होगा। 'वाराणसी 84 घाट ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' सेक्शन में जाकर अपनी पसंद की भाषा चुननी होगी। पर्यटक पैदल भ्रमण या नाव भ्रमण का विकल्प चुन सकते हैं। जीपीएस आधारित अनुभव के लिए 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' और ऑफलाइन या दूरस्थ स्थान से ऑडियो सुनने के लिए 'इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर' विकल्प का चयन किया जा सकता है। यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
