वाराणसी: शेयर ट्रेडिंग सलाहकार बनकर महिला ने लगाया चूना, मुनाफे के नाम पर 10.62 लाख ठगे
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने मिर्जामुराद के सुरेंद्र कुमार यादव से 10.62 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप और ट्रेडिंग एप के जरिये निवेश कराया। आईपीओ के शेयरों की रकम निकालने के नाम पर 8.90 लाख रुपये और मांगे गए।
विस्तार
शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर मिर्जामुराद के जालपुर निवासी सुरेंद्र कुमार यादव से 10.62 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। आरोपियों ने उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया और अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों में रकम जमा कराई। बाद में आईपीओ में 2318 शेयर मिलने का दावा कर रकम निकालने के लिए 8.90 लाख रुपये और मांगे गए। इस पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ ठगी का खेल
सुरेंद्र कुमार यादव के मुताबिक, छह अगस्त को उन्हें '709 NUVAMA MEMBER HOME' नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। वहां मीरा अय्यर नाम की महिला ने खुद को शेयर ट्रेडिंग सलाहकार बताया। उसने एक हजार रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कराया और 'NAM-AMCHNW' नाम का एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद पीड़ित को '218-VIP' नामक दूसरे व्हाट्सएप ग्रुप में भी शामिल कर लिया गया।
तीन किस्तों में ट्रांसफर कराए 10.62 लाख
शेयर खरीदने की सलाह देकर आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में पीड़ित से कुल 10,62,843 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसमें 28 अगस्त को बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 5.32 लाख रुपये, तीन सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया में 2,27,495 रुपये और नौ सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया में 3,03,348 रुपये जमा कराए गए।
आईपीओ में शेयर मिलने का दिया झांसा
इसके बाद आरोपियों ने बताया कि 'ऑगमोंट एंटरप्राइजेज' कंपनी के आईपीओ की लिस्टिंग में उन्हें 2318 शेयर मिले हैं। इन शेयरों से जुड़ी राशि निकालने के लिए 8.90 लाख रुपये और जमा करने की मांग की गई। लगातार रकम मांगे जाने पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि बैंक खातों के विवरण के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
