वाराणसी की बड़ी खबरें: किशोरी से दुष्कर्म में रेलकर्मी गिरफ्तार, खेल मैदान की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा युवक
वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में रेलकर्मी गिरफ्तार और खेल मैदान की मांग को लेकर टावर पर युवक के चढ़ने की खबर समेत कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रही। पढ़ें- अन्य खबरें
विस्तार
आदमपुर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रही 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने आरोपी रेलकर्मी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार, वह परिवार के साथ रेलकर्मी के मकान में किराए पर रहते हैं। आरोपी रेलवे में कर्मचारी है। आरोप है कि पिछले दो-तीन महीने से आरोपी उनकी बेटी के साथ गलत हरकत कर रहा था। किशोरी ने जब परिवार के लोगों को अपनी आपबीती बताई तो परिजन उसे लेकर आदमपुर थाने पहुंचे और रेलकर्मी के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि आरोपी विवाहित है और अपने परिवार के साथ रहता है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खेल मैदान की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा युवक, छह घंटे बाद उतरा
अजगरा गांव में चकबंदी के दौरान खेल मैदान के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर रविवार को राकेश गुप्ता मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब छह घंटे बाद चकबंदी अधिकारी के आश्वासन पर वह नीचे उतरा। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 3292 एकड़ भूमि की चकबंदी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। धारा 52 के प्रकाशन की तैयारी चल रही है। ग्रामीणों और युवाओं ने खेल मैदान के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी।
इसी मुद्दे को लेकर तीन दिन पहले राकेश अपने साथियों के साथ चकबंदी कार्यालय पहुंचा था। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह टावर पर चढ़ गया। मौके पर थाना प्रभारी सधुवन राम पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसीओ चकबंदी राजेश कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि किसानों की सहमति से खेल मैदान के लिए जमीन उपलब्ध कराकर उसे दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एक सप्ताह में प्रक्रिया पूरी कराने के भरोसे के बाद राकेश दोपहर करीब तीन बजे नीचे उतरा।
सर्विलांस से मिली लोकेशन, हरिहरपुर में मिली शाहजहांपुर की लापता किशोरी
शाहजहांपुर से करीब दो माह पहले लापता हुई किशोरी को चौबेपुर पुलिस ने रविवार को हरिहरपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में किशोरी को अपने साथ ले आने के आरोपी आकाश निवासी हरिहरपुर को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई शाहजहांपुर और चौबेपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।पुलिस के अनुसार आकाश रोजगार के सिलसिले में शाहजहांपुर गया था और वहां मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात किशोरी से हुई।
आरोप है कि जुलाई 2026 में वह किशोरी को अपने साथ हरिहरपुर ले आया और गांव में छिपाकर रखने लगा। किशोरी के लापता होने पर परिजनों ने शाहजहांपुर के कलान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। किशोरी और आरोपी की तलाश में शाहजहांपुर पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ले रही थी। रविवार को आरोपी की लोकेशन हरिहरपुर गांव में मिलने पर शाहजहांपुर पुलिस ने चौबेपुर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दोनों थानों की संयुक्त टीम ने हरिहरपुर में दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया और किशोरी को बरामद कर लिया। थाने में आवश्यक कागजी कार्रवाई और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी और आरोपी को शाहजहांपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि किशोरी और आरोपी को शाहजहांपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।
सप्लाई के नाम पर चार करोड़ लेकर नहीं दिया बालू, दो पर प्राथमिकी
बालू सप्लाई के नाम पर दो कारोबारियों से 4 करोड़ रुपये लेने के बावजूद बालू उपलब्ध न कराने का आरोप लगा है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने लखनऊ निवासी कारोबारी राघवेंद्र दूबे के खिलाफ धोखाधड़ी की अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की। दोनों मामलों में शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने बैंक के माध्यम से रकम का भुगतान किया, लेकिन न तो बालू की आपूर्ति हुई और न ही पैसा वापस किया गया। नवलपुर, बसही निवासी जितेंद्र कुमार सिंह इंफ्राप्रोजेक्ट कंपनी के निदेशक हैं। उनकी तहरीर के अनुसार बालू सप्लाई को लेकर राघवेंद्र दूबे से समझौता हुआ था। जरूरत के मुताबिक बालू उपलब्ध कराने की बात तय हुई। आरोप है कि जितेंद्र ने 15 मार्च 2018 तक बैंक के माध्यम से 2 करोड़ 19 लाख 50 हजार रुपये का भुगतान किया। इसके बाद बालू की आपूर्ति के लिए कई बार कहा गया, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। आरोप है कि न बालू मिली और न रकम वापस की गई।
बंद मकान में चोरी करने घुसे तीन लोग, दो भागे एक एक पकड़ा गया
फरीदपुर गांव में रविवार भोर बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी कर रहे तीन चोरों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो मौका पाकर भाग निकले। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। मूलरूप से बलिया निवासी पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त दरोगा रमाकांत मिश्रा फरीदपुर में मकान बनवाकर रहते हैं। करीब 10 दिन पहले वह मकान बंद कर अपनी बेटी के घर बिलासपुर, मध्य प्रदेश चले गए थे। रविवार भोर तीन चोर बंद मकान का मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़कर चोरी शुरू कर दी। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, पकड़ा गया युवक घुरहूपुर निवासी है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनूप शुक्ला ने बताया कि चोरी के प्रयास की सूचना मिली है। क्षेत्रीय दरोगा मामले की जांच कर रहे हैं।
रिश्ते के भाई पर युवती को बहलाकर भगाने का आरोप
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को रिश्ते के फुफेरे भाई पर बहलाकर घर से भगाकर ले जाने का आरोप लगाया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर युवती और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। किशोरी की मां कहना है कि उनकी बेटी 13 सितंबर को घर पर थी। आरोप है कि उनकी ननद का बेटा, बेटी को बहलाकर घर से भगा ले गया। परिजनों ने युवती की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मां ने पुलिस को तहरीर देकर बेटी की तलाश कराने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया लड़की की तलाश में लिए टीम लगी है।
कैंट स्टेशन पर जीआरपी ने पकड़ी 29 बोतल शराब
कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को जीआरपी ने 29 बोतल में 13 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर गश्त के दौरान दो बैग लाल रंग व पीला रंग लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर किसी ने दोनो बैग को अपना नहीं बताया गया। गश्त कर रही टीम ने बैग को खोलकर चेक किया तो अन्दर 29 बोतल अंग्रेजी शराब रखी थी।
युवती का पीछा कर छेड़खानी का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
रूपनपुर नटुई में युवती का पीछा कर छेड़खानी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच में जुट गई है। युवती ने अपने तहरीर में दिए कि 18 सितंबर को जब वह घर से कॉलेज के लिए निकली तो नटुई निवासी विक्की राजभर उसका पीछा किया। इसके बाद वह गलत इशारे करने लगा। विक्की के गलत इशारों को नजरअंदाज कर दिया। जब वह ऑटो का इंतजार करने लगी तो विक्की राजभर पास आकर गालियां देने लगा। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनुज शुक्ला ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
मिलावटखोरी हत्या से भी जघन्य अपराध
खाद्य पदार्थों में खतरनाक रसायनों और अखाद्य पदार्थों की मिलावट को लेकर पर्यावरण एवं उपभोक्ता संरक्षण समिति की अध्यक्षता में जागरूक अधिवक्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों और उपभोक्ताओं की बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रकाश सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट हत्या जैसे अपराध से भी जघन्य है। हत्या में एक व्यक्ति प्रभावित होता है, जबकि मिलावट से कैंसर समेत गंभीर बीमारियां पूरे परिवार के आर्थिक और सामाजिक जीवन को तबाह कर देती हैं। बैठक में मिलावट पर उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों और संसद में मामला उठाए जाने के बावजूद प्रभावी अंकुश नहीं लगने पर चिंता जताई गई। इस दौरान उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, डॉ. रामसुधार सिंह, कृष्णानिधि पांडेय, मनीष कुमार, शिवशंकर राय, राजेश द्विवेदी मौजूद रहे।
प्राथमिकी वापस लेने का दबाव, महिला को बच्चों मारने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना में दर्ज प्राथमिकी का वापस लेने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने नई बस्ती निवासी फुलमनी उर्फ निशा की तहरीर पर संदीप राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। फुलमनी के मुताबिक, पांच अगस्त को उसने संदीप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप है कि नौ सितंबर को जमानत पर बाहर आने के बाद संदीप ने फोन कर मामला वापस लेने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर महिला और उसके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि वह विधवा है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। आरोप है कि संदीप ने धोखे से करीब 2.5 लाख रुपये का दोपहिया वाहन भी खरीदवाया और किस्तें उससे जमा कराईं। इसके अलावा करीब दो लाख रुपये नकद लेने का भी आरोप है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
कचहरी में युवक से मारपीट का प्रयास, जान से मारने की धमकी
कचहरी परिसर में हुई मारपीट के मामले में रामासिंगपुर हरहुआ निवासी विकास चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने अलीनगर, चंदौली निवासी मोहम्मद निशारुद्दीन खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। विकास के मुताबिक, दो सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह कचहरी परिसर में मौजूद था, आरोप है कि इसी दौरान निशारुद्दीन पहुंचा और गालियां दी। विरोध करने पर मारपीट पर उतर आया।वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर बचाया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में भी ट्रक से कई बार टक्कर मारकर जान लेने का प्रयास किया गया था, इसमें मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज है। आरोप है कि मामला वापस लेने के लिए लगातार धमकियां और दबाव बना रहा है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
अनिच्छित हत्या के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चितईपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अनिच्छित हत्या के आरोपित कमलेश बनवासी निवासी रामपुर, थाना रामपुर, जौनपुर चेवर नेवादा भदोही स्थित ईंट भट्ठा के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने बुजुर्ग लालता प्रसाद को मारपीट कर बेहोशी की हालत में बाथरूम में छोड़कर भाग गया था । थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि वादी प्रियांशु विश्वकर्मा, निवासी सुन्दरपुर टड़िया, थाना चितईपुर द्वारा 10 अगस्त को सूचना मिली थी कि उनके यहां लेबर का कार्य करने वाला कमलेश बनवासी शराब के नशे में गोदाम पर आया था। इस दौरान दादाजी लालता प्रसाद के साथ गाली गलौच करते हुए उन्हें घायल कर बेहोशी की हालत में बाथरूम में छोड़कर फरार हो गया था । जिनकी ट्रामा सेन्टर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सूचना पर आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
भोजपुरी गायक को धमकी मामले में पुलिस की दबिश जारी
भोजपुरी गायक व अभिनेता रितेश रंजन से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सारनाथ पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। रितेश रंजन की शिकायत पर सारनाथ थाने में एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनुज शुक्ला ने बताया कि पुलिस आरोपितों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।
इंटर की छात्रा लापता, युवक पर बहलाकर ले जाने का आरोप
चोलापुर थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय छात्रा घर से लापता हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। पिता के मुताबिक, उनकी कक्षा 11 में पढ़ने वाली बेटी 15 सितंबर की रात करीब दो से तीन बजे घर से चली गई। वह अपने कपड़े, कक्षा 10 की अंकतालिका और आधार कार्ड भी साथ ले गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पिता ने थाना क्षेत्र निवासी युवक पर आरोप लगाया आशंका जताई है। थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।
पिशाच मोचन कुंड में युवक ने लगाई छलांग, लोगों ने बचाया
सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाच मोचन कुंड में रविवार शाम करीब 35 वर्षीय युवक ने छलांग लगा दी। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को मंडलीय अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुरानी रंजिश में दो पक्ष भिड़े, तीन घायल
चौबेपुर क्षेत्र के अइली गांव में रविवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में आशुतोष सिंह, शमशेर और हर्षित सिंह घायल हो गए। आरोप है कि विपक्षियों ने लाठी-डंडे, हथौड़े और तलवार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल आशुतोष सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों को पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद आशुतोष की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोपुर गांव निवासी विपिन सिंह ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अनिल पटेल, हिमांशु पटेल, मंगल सिंह, अभिषेक सिंह समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मारपीट में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बीएचयू में चीफ प्रॉक्टर के विरोध में उतरे तीन छात्र संगठन, हटाने की मांग
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया के विरोध में बीएचयू के तीन छात्र संगठन उतर आए हैं। एबीवीपी पदाधिकारियों से खींचतान और विवाद के बाद अब आईसा और एनएसयूआई ने भी सोशल मीडिया पर मोर्चा खोलकर उन्हें हटाने की मांग कर दी है। आरोप लगाया कि 15 सितंबर को एमएमवी में लैब के दौरान जब प्रो. पोखरिया क्लास ले रहे थे तो एक छात्रा को बाहर नहीं जाने दिया गया, जबकि उसको कुछ दिक्कत थी।
पत्र में कहा गया है कि छात्रा रोते हुए लैब के बाहर गिर गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की, जबकि छात्रा ने पहले ही कुलपति और एमएमवी की प्राचार्य से शिकायत कर दी थी। वहीं शिक्षकों की जनरल बॉडी मीटिंग भी हुई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने प्रो. पोखरिया को चीफ प्रॉक्टर और प्रोफेसर पद से हटाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर छात्र न्याय के लिए सड़क पर उतरेंगे। बीते सप्ताह बीएचयू के बंद कमरे में एक वार्ता के दौरान एबीवीपी और चीफ प्रॉक्टर के बीच काफी बहसबाजी हो गई थी। चीफ प्रॉक्टर के ऊंची आवाज में मोबाइल से रिकॉर्ड करने के लिए रोका तो छात्रों से लंबी बहस हो गई।
मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप बिल्कुल भी सही नहीं हैं। छात्र संगठनों को बताना चाहता हूं कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। पिछले कुछ दिनों से इस तरह से बातें की जा रही हैं, जो कि पूरी तरह से निराधार है। विश्वविद्यालय में नियम-व्यवस्था का पालन सर्वोपरि है। -प्रो. संदीप पोखरिया, चीफ प्रॉक्टर, बीएचयू