Varanasi Top News: दो बसें सीज, तीन का चालान, सीएम योगी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी; गिरफ्तार
Varanasi Top News: वाराणसी में अपराध के साथ छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। परिवहन विभाग ने अभियान चलाते हुए दो बसों सहित तीन वाहनों का चालान किया है। इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। वहीं, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला सिगरा थाना क्षेत्र का है। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डग्गामार बसों के खिलाफ परिवहन विभाग की टीम ने अभियान चलाया। कैथी टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान दो बसों को सीज किया और तीन का चालान किया। एक बस में श्रद्धालुओं के अनुरोध पर चालान करने के साथ चेतावनी देकर छोड़ा।
आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा की अगुवाई में चेकिंग की गई। मध्यप्रदेश की एक बस 53 सीटों में पंजीकृत थी। लेकिन उसने मानक के विपरीत सीट लगाया था। गाजीपुर मार्ग पर चलने वाली दो में एक बस नौ माह और दूसरी बस का छह माह का टैक्स 1.60 लाख रुपये बकाया था। तीनों बसों का चानान परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर चालान किया गया।
ताजिया वापस ले जाते समय मारपीट, 5 नामजद और 7 अज्ञात पर मुकदमा
ताजिया वापस लेकर जाते समय लल्लापुरा निवासी मोहम्मद रसीद और छोटू के साथ मारपीट की गई। प्रकरण को लेकर मोहम्मद रसीद की तहरीर पर इरफान, मुमताज, रिजवान, अमन, मंगल और 7 अज्ञात के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोहम्मद रसीद ने पुलिस को बताया कि गत 17 जुलाई को ताजिया वापस ले जाते समय आरोपियों ने एकरात मस्जिद के मस्जिद के समीप उसके और छोटू के साथ अकारण ही मारपीट की। शोर सुन कर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दोनों ने अपना उपचार कराया और फिर सिगरा थाने में तहरीर दी।
शराब पीते हुए मिले युवक, इंस्पेक्टर कैंट पर हुई कार्रवाई
बीती देर रात एडीसीपी वरुणा जोन सरवननन टी. गश्त पर निकले थे। वरुणा पुल पर कुछ लोग फोर व्हीलर लगाकर शराब पीते हुए मिले। सभी के वाहन सीज कर उनका चालान किया गया।
इसके बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आदेश से इंस्पेक्टर कैंट अरविंद सरोज को कमिश्नरेट के मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। फिलहाल कैंट थाने में नया थानाध्यक्ष तैनात नहीं किया गया है।
फेसबुक पर सीएम योगी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की, गिरफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को शुक्रवार को आदमपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लखनऊ की पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर की गई है।
गिरफ्तार किया गया युवक आदमपुर थाना के हनुमान फाटक क्षेत्र के फुलवरिया का रहने वाला 21 वर्षीय मेराज अहमद है। मेराज अहमद पर आरोप है कि उसने बीते दिनों फेसबुक पर एक फर्जी अकाउंट बनाकर सीएम योगी आदित्यनाथ के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की थी।
आपत्तिजनक पोस्ट करने के बाद मेराज ने वह फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया था। हालांकि तब तक उसकी करतूत पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर पड़ गई थी। सर्विलांस की मदद से जांच हुई तो सामने आया कि मेराज आदमपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से ही हनुमान फाटक क्षेत्र के फुलवरिया निवासी मेराज अहमद को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आदमपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के बाद साक्ष्य के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है।
तीन के खिलाफ एससी, एसटी का मुकदमा
एक महिला की लिखित तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में एससी, एसटी, जान से मारने की धमकी देने सहित छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक महिला ने आरोप लगाया कि अदमापुर (महनाग) गांव निवासी रामआसरे पटेल, विकास व अजय ने 24 जून को घर आकर मारा पीटा और जातिसूचक गालियां दीं। परिवार के लोगो ने विरोध किया तो अमृत धर व राजनारायन को मारपीट कर घायल किया।
ट्रॉली में पीछे से घुसी कार, एक की मौत, एक घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के जोगियापुर गांव के मोड़ के पास शुक्रवार देर रात कार और ट्रैक्टर की ट्रॉली में जोरदार टक्कर हो गई। कपसेठी थाना क्षेत्र के साराडीह गांव निवासी संदीप मिश्रा (35) की मौके पर मौत हो गई। कार सवार कालिका धाम निवासी विशाल सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। ग्रामीणों की मानें तो कार और ट्रैक्टर में इतना जबरदस्त टक्कर हुआ कि दोनों की दिशा बदल गई। ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई और कार के परखच्चे उड़ गए।
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पिता और सौतेली मां गिरफ्तार
जयप्रकाश नगर, शिवपुरवा में फंदा लगाकर जान देने वाली किशोरी के मामले में उसके पिता और सौतेली मां को सिगरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जयप्रकाश नगर, शिवपुरवा के मनोज जायसवाल और उसकी पत्नी अंतिमा के रूप में हुई है।
हुकुलगंज, पांडेयपुर क्षेत्र की सोनी जायसवाल ने सिगरा थानाध्यक्ष को तहरीर दी थी। सोनी ने बताया कि उसकी पुत्री सलोनी (16) पति मनोज के पास रहती थी। मनोज और अंतिमा की प्रताड़ना से सलोनी परेशान थी। दोनों उसे मारते-पीटते थे और चार दिन से भोजन नहीं दिया था।
परेशान होकर गुरुवार को सलोनी ने फंदा लगाकर जान दे दी। सिगरा थानाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नगर निगम चौकी प्रभारी सूरज कांत पांडेय ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की भैंस बरामद, एक गिरफ्तार
चेतगंज पुलिस ने चोरी की भैंस के मामले में आरोपी को कज्जाकपुरा कूड़ा घर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से भैंस भी बरामद हुई। चेतगंज पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान गुल नवाज अंसारी निवासी नक्खी घाट के रूप में हुई है। चार जुलाई भैंस हुकुलगंज से चोरी हुई थी। अमन यादव ने मुकदमा दर्ज कराया था।
धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
धोखाधड़ी कर डीलरशिप का पैसा गबन करने के मामले में आरोपी को सारनाथ पुलिस ने शक्तिपीठ रोड सारनाथ से गिरफ्तार किया। सारनाथ पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अवनीश दीक्षित निवासी कसिली, चंदवक जौनपुर के रूप में हुई है। आशापुर के आरएल ऑटोमोबाइल्स के कलेक्शन मैनेजर अमित दीक्षित ने जांच के दौरान कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराया था।
दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के मामले में वांछित को सारनाथ पुलिस सरायमोहाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुमित गुप्ता सरायमोहाना का रहने वाला है। पिछले माह पीड़िता की मां ने मुकदमा दर्ज कराया था।
मिट्टी खनन में जेसीबी व दो ट्रैक्टर ट्राली सीज
शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना ओलंपियन गेट के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी को पुलिस ने सीज किया। थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि खनन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई। शिवपुर निवासी दिनेश यादव की जेसीबी व दो ट्रैक्टर है।
तलाकशुदा पत्नी ने भाइयों के साथ पीटा, केस
जिला जेल रोड के आजाद नगर कॉलोनी खजुरी में तलाकशुदा पत्नी ने भाइयों के साथ पूर्व पति की पिटाई कर दी। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाने में पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता कहकशां खानम ने बताया कि सात जुलाई को घर में उनके पति मुख्तार अहमद की तलाकशुदा पत्नी अमरीन खानम भाई मैनुददीन खान उर्फ रिंकू समेत तीन अज्ञात के साथ पहुंची और पति को मारा पीटा।
रिश्तेदार बनकर 1.14 लाख रुपये खाते से किए साफ
साइबर जालसाजों ने रिश्तेदार बनकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.14 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। नदेसर निवासी रूपेश राम के अनुसार, फोन करने वाले ने कहा कि उनका रिश्तेदार हूं। आपके खाते में पैसे भेज रहा हूं, आप मेरे दोस्त के खाते में भेज दीजिए। बहुत इमरजेंसी है। मोबाइल पर रुपये क्रेडिट होने का मैसेज भेजा, उसके बाद उसे यूपीआई के जरिये 1.14 लाख रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का पता चला।
आईजीआरएस की शिकायतों को 10 दिन में निपटाएं: पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान कहा कि आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) की शिकायतों का निस्तारण 10 दिन के भीतर किया जाए। सावन के मद्देनजर प्रत्येक शिवालय में पुलिस प्रबंधन ठीक हो।
मिशन शक्ति अभियान प्रभावी तरीके से चलाया जाए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नए स्थानों को चिह्नित कर सीसी कैमरे लगाए जाएं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों से विनम्रतापूर्वक व्यवहार किया जाए। महिला और पॉक्सो एक्ट से संबंधित अपराधों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाए। सावन में पुलिस सड़कों पर प्रभावी तरीके से गश्त करे और कांवड़ियों पर ध्यान दे।
यात्रियों को एक जगह एकत्रित न होने दें: एडीआरएम
एडीआरएम लालजी चौधरी ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने भीड़ प्रबंधन समेत अन्य कार्यों के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि सावन में स्टेशन पर श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा रहेगी। इसे देखते हुए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) पर यात्रियों को एक जगह एकत्रित न होने दें। साथ ही सीढ़ियों पर भी न बैठने दें। इस दौरान स्टेशन डायरेक्टर गौरव दीक्षित मौजूद रहे।
एलटीटी-बनारस सुपरफास्ट 18 घंटे लेट
मुंबई से आने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित है। बृहस्पतिवार की रात आने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस 18 घंटे देरी से शुक्रवार की रात कैंट स्टेशन पहुंची। इसके अलावा एलटीटी-गोरखपुर काशी दादर एक्सप्रेस भी 4 घंटे की देरी से पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मसाजिद कमेटी ने कहा अर्जेंट वाद में कई त्रुटियां, अब 25 जुलाई को सुनवाई
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) हितेश अग्रवाल की कोर्ट में ज्ञानवापी में अर्जेंट पूजा-पाठ और राग-भोग सहित अन्य मांगों को लेकर दाखिल वाद में सुनवाई हुई। इस मामले में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से अर्जी दी गई कि जो वाद दाखिल किया गया है उसमें कई तरह की त्रुटि है।
उसे सही करने के लिए आदेश देने की गुहार लगाई गई। कहा गया कि उसके बाद इस मामले में अग्रिम सुनवाई की जाए। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 25 जुलाई की तिथि नियत की है।
शैलेंद्र योगीराज की ओर से पिछले साल कोर्ट में एक अर्जेंट वाद दाखिल किया गया था। गुहार लगाई गई कि जब तक मुकदमा निस्तारित नहीं होता तब तक ज्ञानवापी में पूजा-पाठ और राग-भोग करने की अनुमति दी जाए। इसकी सुनवाई कोर्ट में लंबित है।
पिछले दिनों मसाजिद कमेटी की ओर से वाद पोषणीय योग्य नहीं बताते हुए खारिज करने की गुहार लगाई थी। इसे कोर्ट ने सुनवाई के बाद खारिज कर दिया था। शुक्रवार को मसाजिद कमेटी की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद अखलाक अहमद ने अर्जी दी।
अर्जी में कहा गया कि इस वाद में वाद मित्र न कोर्ट से नियुक्त हुए और न इसके संबंध में कोई शपथ पत्र दिया गया है। इसके अलावा वादी की ओर से मसाजिद कमेटी को पार्टी बनाया गया है। कमेटी के अध्यक्ष और सेक्रेट्री होते हैं, उनको पार्टी बनाना चाहिए। ऐसे में इस वाद में कई त्रुटियां हैं। उन्हें पहले सही करने का आदेश दिया जाए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.