फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi today news of man accused of posing as fake RTO officer and extorting money from truck drivers arrest

Varanasi News Today: फर्जी आरटीओ बनकर ट्रक चालकों से वसूली करने का आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें- अन्य खबरें

Mon, 12 Jan 2026 04:51 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Mon, 12 Jan 2026 04:51 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में अपराध से जुड़ी कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें फर्जी आरटीओ बनकर ट्रक चालकों से वसूली करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी समेत कई मामले शामिल रहे। पढ़ें- वाराणसी की अन्य खबरें

विज्ञापन
Varanasi today news of man accused of posing as fake RTO officer and extorting money from truck drivers arrest
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी जिले में लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी आरटीओ बनकर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाले राजीव कुमार शुक्ला, निवासी तरना शिवपुर, को पहड़िया के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो हजार रुपये नकद और कई वाहनों के कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

विज्ञापन


मिर्जापुर के विठ्ठलपुर सीखड़ निवासी ट्रक चालक सोनू प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह शनिवार देर रात फल लदी ट्रक लेकर पहड़िया मंडी गेट नंबर एक पर पहुंचा था। उसी दौरान बुलेट सवार एक व्यक्ति ने ट्रक रोक लिया और खुद को आरटीओ अधिकारी बताते हुए ओवरलोडिंग का चालान करने की धमकी दी। आरोपी ने मुख्यमंत्री के आदेश का हवाला देकर वाहन सीज करने की बात कही। घबराकर दो हजार रुपये नकद के साथ वाहन के कागजात उसे सौंप दिए।
विज्ञापन


शिकायत के आधार पर लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहड़िया के पास से आरोपी राजीव कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फर्जी आरटीओ बनकर ट्रक चालकों को डराता-धमकाता था और उनसे अवैध वसूली करता था। उसके पास से नकदी के साथ कई वाहनों के कागजात भी बरामद हुए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अब तक कितने वाहन चालकों से ठगी कर चुका है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


ठेका बंद कराने पहुंचीं महिलाएं, कहा- शराब पीकर पति करते हैं मारपीट
चोलापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानीपुर बाजार में स्थित देसी शराब ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि शराब ठेका खुलने के बाद क्षेत्र में घरेलू हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ गई हैं।प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि दानगंज क्षेत्र में नशे में धुत होकर पति-पत्नी के बीच मारपीट होती है। पहले जब ठेका नहीं था, तब परिवार सामान्य रूप से चल रहे थे, लेकिन अब पुरुष मजदूरी या काम से मिलने वाली कमाई शराब में खर्च कर घर लौटकर झगड़ा और मारपीट कर रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि रोजाना आधा दर्जन से अधिक महिलाएं हिंसा की शिकार हो रही हैं।

महिलाओं के आक्रोश को देखकर ठेका संचालक शटर बंद कर मौके से भाग गया। दानगंज चौकी की पुलिस तत्काल पहुंची और प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाकर शांत कराया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि शराब ठेका बंद नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगी। कुल 62 महिलाओं ने हस्ताक्षर कर ठेका बंद कराने के संबंध में पत्र पुलिस को सौंपा। थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि शराब ठेका बंद कराने का अधिकार जिलाधिकारी या आबकारी विभाग के पास है। पुलिस ने महिलाओं को समझाकर घर भेजा।

इसे भी पढ़ें; रिश्तों पर भारी दहेज: काशी में सालभर में 31 बेटियों की हत्या, 533 मामले दर्ज; शिक्षित परिवार भी शामिल

दुकान में घुसकर दुकानदार से मारपीट
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकिया बाजार स्थित जूता-चप्पल की दुकान में अज्ञात लोगों ने दुकानदार नसीम अहमद के साथ मारपीट की। आरोप है कि शाम के समय कुछ लोग जूता खरीदने आए थे। जूता दिखाने को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने मारपीटा। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

कार के धक्के से बाइक सवार घायल
सारनाथ थाना क्षेत्र के गंज में रविवार की रात कार के धक्के से बाइक सवार घनश्याम, निवासी तोहफापुर चौबेपुर, घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे मवइया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, घनश्याम रविवार शाम सात बजे आशापुर की तरफ जा रहा था, तभी पीछे से नीले रंग की बिना नंबर की कार ने टक्कर मार दी। बाइक चालक हेलमेट पहने हुए था, लेकिन गिरने के दौरान हेलमेट निकल गया और सिर में चोट आई। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है और आरोपी कार चालक की पहचान की जा रही है।  

जमीनी विवाद में मारपीट, एक घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के अमिनी गांव में शनिवार की देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। हमले में छेदीलाल घायल हो गए। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

इसे भी पढ़ें; दालमंडी में बुलडोजर एक्शन: भारी फोर्स की मौजूदगी में तोड़े जा रहे मकान, दुकानदारों का विरोध जारी

लापता युवती को पुलिस ने बरामद किया
फूलपुर थाना क्षेत्र की एक महिला को पुलिस ने बरामद किया। महिला पांच दिन पहले घर से ईंधन लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। खोजबीन के बाद उसके पति ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सर्विलांस के माध्यम से महिला को लखनऊ स्थित सीतापुर रोड से बरामद किया गया। 

जुआ खेलते छह युवकों को पुलिस ने पकड़ा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के इश्वरगंगी पोखरे के पास जुआ खेल रहे छह युवकों को जैतपुरा पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों की पहचान अजीमुस्सान, इमरान, मो. आमिर, मो. इमरान, परवेज अहमद और नेसार अहमद के रूप में हुई। मौके से जुआ के लिए रखे गए नौ हजार रुपये बरामद किए गए। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें; Chandauli News: पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी पशु तस्कर, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

जमीन के कब्जे को लेकर भाइयों में मारपीट
आदमपुर थाना क्षेत्र के अंसाराबाद इलाके में रविवार को पांच बिस्वा जमीन के विवाद को लेकर भाइयों के बीच मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। जानकारी के अनुसार, अंसाराबाद निवासी मनोज कुशवाहा, गोपाल कुशवाहा और रामजनम कुशवाहा की करीब पांच बिस्वा पुश्तैनी जमीन घर के पास स्थित है। जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रामजनम जमीन पर गेट लगवा रहे थे, जबकि मनोज और गोपाल ने इसका विरोध किया। बात बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के जमीन संबंधित कागजात का राजस्व विभाग से जांच कराई जाएगी। साथ ही मौके पर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। 

पिकअप से 8 गोवंश बरामद, तस्कर भाग निकला
पिकअप वाहन से तस्करी के लिए जा रहे आठ गोवंशों को पुलिस ने छुड़ाया। सभी को आश्रय केंद्र भेजवाया। चौकी प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि जानकारी मिलने पर संदहा चिरईगांव मार्ग पर घेराबंदी की गई। इस दौरान पिकअप चालक वाहन कुछ दूर ही रोकर भाग निकला। ऐसे में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गोवंशो को पशु आश्रय भेजवाया गया। 
  
ऑटो से टकराकर घायल हुआ बुलेट सवार, इलाज के दौरान मौत
चोलापुर क्षेत्र के ग्राम सभा गुरुवट के समीप बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर रविवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बुलेट सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी बंधन यादव (26) रविवार को बुलेट बाइक से जा रहा था। गुरुवट गांव के पास बुलेट की ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलवाकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने युवक को शहर के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

चीनी मांझे पर सख्ती की मांग
उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी ने गिरजाघर स्थित पेट्रोल पंप के पास आयोजित कार्यक्रम में प्रशासन से प्रतिबंधित चीनी मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कमेटी ने पतंग उड़ाने वालों तथा मांझा बेचने वाले की ड्रोन से निगरानी करने और दुकानदारों पर घर-पकड़ अभियान चलाने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि चीनी मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसे मामलों में हत्या या हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाए। कार्यक्रम में विकास पांडेय, शकील अहमद, रतन लाल गुप्ता, मनीष केसरी मौजूद रहे।

जमीन अधिग्रहण प्रस्ताव से किसान नाराज शहरी विस्तारीकरण योजना का किया विरोध
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत नवीन टाउनशिप विकसित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध बढ़ता जा रहा है। मढ़नी, नेवादा, गौरा, कला और शंकरपुर के किसानों ने रविवार को भी मनोरथपुर स्थित सियाराम तिवारी के निजी आवास पर किसान पंचायत का आयोजन किया। इसमें जमीन अधिग्रहण के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया गया। दोपहर में तीन घंटे तक चली बैठक में किसानों ने एक स्वर में कहा कि वे अपनी एक इंच भी उपजाऊ जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे।

किसानों ने कहा कि खेती-किसानी ही उनका मुख्य व्यवसाय है, जिससे परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, विवाह जैसे सभी कार्य जुड़े हैं। बेरोजगारी के इस दौर में पढ़े-लिखे युवा भी खेती करने को मजबूर हैं।

यदि जमीन चली गई तो गांव के युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से विरोध करेंगे, और यदि आवश्यकता पड़ी तो न्यायालय का सहारा भी लिया जाएगा। पंचायत में किसान नेता महेंद्र पटेल, सियाराम तिवारी, देवमणि तिवारी, बसंत सिंह, मटरू यादव, सूचित यादव, दिनेश तिवारी शामिल रहे।

वाराणसी विकास प्राधिकरण के सचिव वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मढ़नी ग्राम पंचायत को शहरी विस्तारीकरण के लिए चयनित किया गया है, जहां के कुछ किसान स्वयं कार्यालय आकर संपर्क कर रहे हैं। अन्य किसानों से भी बातचीत जारी है। शहरीकरण क्षेत्र के विकास के लिए ही यह योजना की जा रही है, किसानों के साथ किसी भी प्रकार की जबरदस्ती या अन्याय नहीं होगा।
 
सिंथेटिक मांझे पर सख्ती नहीं, कानूनी नोटिस भेजा
सिंथेटिक मांझा और नायलॉन धागे के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने को लेकर जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) अधिनियम, 2010 की धारा 30(1) के तहत अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने भेजा है।

कानूनी नोटिस में एनजीटी के खालिद अशरफ व अन्य बनाम भारत संघ व अन्य मामले में 11 जुलाई 2017 को दिए गए आदेश का हवाला देते हुए कहा गया कि सिंथेटिक मांझा, नायलॉन धागा और पतंग उड़ाने में प्रयुक्त अन्य सभी समान धागों के निर्माण, बिक्री, भंडारण, खरीद और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद वाराणसी में न तो प्रभावी रोक लगाई जा रही है और न ही सख्त कार्रवाई हो रही है। पतंगबाजी के लिए केवल सूती धागे का उपयोग ही किया जाना है। इसके विपरीत बाजारों में सिंथेटिक मांझा खुलेआम बिक रहा है।

सीएम के आर्थिक सलाहकार ने योजनाओं का जाना हाल
मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार समूह के सदस्य एवं ऊर्जा विशेषज्ञ रविकांत मिश्रा ने रविवार को विकास भवन में सोलर पंप और सोलर रूफटॉप योजनाओं के लाभार्थियों, वेंडर्स और संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत किया। उन्होंने जिले में जारी योजनाओं का हाल जाना और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

रविकांत मिश्रा ने जिले में सोलर पंपों की संख्या बढ़ाने और शहरी क्षेत्रों में सोलर रूफटॉप को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत सोलर पंप से लाभान्वित किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि डीजल और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होने से उनकी खेती की लागत में कमी आई है। सोलर पंपों से सिंचाई सुचारु हुई है, जिससे फसलों की उत्पादकता बढ़ी है और समय पर सिंचाई संभव हो सकी है। किसानों ने कहा कि सौर पंपों के संचालन में रखरखाव की समस्या न के बराबर है।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप लगवाने वाले उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके बिजली बिल में भारी गिरावट आई है। छत पर लगे सोलर पैनलों से सूर्य की रोशनी का उपयोग कर बिना किसी ईंधन खर्च के बिजली का उत्पादन हो रहा है। रविकांत मिश्रा ने अधिकारियों और वेंडर्स से योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में उपनिदेशक कृषि अमित जायसवाल, यूपी नेडा के परियोजना प्रभारी, डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता, पीएम कुसुम योजना और पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े वेंडर्स सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

ट्रैक्टर से नाबालिग कर रहे थे स्टंट, दर्शक बजा रहे थे ताली, पुलिस ने पकड़ा
बरकी गांव स्थित इंटर कॉलेज के परिसर में दो बच्चे अपने-अपने पावर ट्रैक्टर लेकर स्टंट कर रहे थे। दोनों ट्रैक्टरों के पीछे टोचन तार बांधकर जोखिमभरे करतब दिखा रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उन्हें रोकने के बजाय ताली बजा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर ताली बजाने वाले लोग भाग गए। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया और उनके ट्रैक्टर को सीज कर दिया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर और चालक को थाने लाकर सीज किया गया है। नाबालिग बरकी और पूरेनंदा गांव के निवासी हैं। दो दिन पहले भी ये दोनों इसी तरह की हरकत कर चुके थे। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है और उन लोगों की तलाश में है जिन्होंने मौके पर जाकर नाबालिगों का उत्साह बढ़ाया।  

दो तस्करों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, दस मवेशियों को छुड़ाया
रामनगर थाना क्षेत्र के ढूढ़िराज पुलिया भीटी के पास रविवार की सुबह सटीक जानकारी पर रामनगर पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप से दस गोवंश छुड़ाए और तस्करी में लिप्त दो लोगों को पकड़ा। वहीं मौके की नजाकत देखते हुए तीन तस्कर भाग निकले। तीनों की शिनाख्त कर ली गई है।

पिकअप से छह गाय और चार बैल सहित दस गोवंश को मुक्त कराया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान जितेंद्र कुमार (28), निवासी टोडरपुर, राजातालाब और करण विश्वकर्मा (26), खालिसपुर, मिर्जामुराद के रूप में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप में गोवंश भरकर अवैध तरीके से बिहार ले जाया जा रहा है। पुलिस ने ढूढ़िराज पुलिया पर घेराबंदी कर वाहन की जांच की।

इसी दौरान वाहन चालक ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मी खुद को बचाने में सफल रहे। पुलिस जांच में सामने आया कि जितेंद्र कुमार के खिलाफ वाराणसी, चंदौली और जौनपुर में आठ मामले दर्ज हैं, जबकि करण विश्वकर्मा के खिलाफ वाराणसी व जौनपुर में एक-एक मामला पंजीकृत है। फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।

नमो घाट पर नुक्कड़ नाटक से सड़क सुरक्षा का संदेश
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, वाराणसी ने टीम मंचदूतम और वेस इंडिया के सहयोग से रविवार को नमो घाट पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। मंचदूतम टीम के कलाकारों ने लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सही लेन में वाहन चलाने, सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य रूप से लगाने और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। महिलाओं को भी नियमों का शत प्रतिशत पालन करने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं और अपने परिवार व समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed