वाराणसी: रोहनिया विधायक ने 179 दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण, 15 को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
खुशीपुर स्थित राजकीय दिव्यांग संस्थान में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 194 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 15 लोगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिली।
विस्तार
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने गुरुवार को खुशीपुर स्थित अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांग संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 194 दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 15 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल दी गई, जबकि 179 लोगों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन, बैसाखी, एमआर किट और आईडी किट सहित अन्य उपकरण दिए गए।
आत्मनिर्भर बनने में मिलेगी मदद
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. सुनील पटेल और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं के तहत मिले मोटराइज्ड और अन्य सहायक उपकरण दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार होंगे।
आवागमन और दैनिक कार्य होंगे आसान
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने सरकार और विधायक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन और रोजमर्रा के कामकाज में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में रमेश सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अरविंद सिंह और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ सिंह ने किया। इस दौरान अजीत पटेल, नरेंद्र पटेल, मानस सिंह, राजकुमार वर्मा, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, कमलेश कुमार, माधुरी सिंह, प्रदीप यादव, आलोक त्रिपाठी, अनीता यादव, प्रदीप उपाध्याय, विनोद कुमार मौर्य और रिंकू कमलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
