वाराणसी: जनता की प्राथमिकताएं होंगी मेरी प्राथमिकता, देव दीपावली की खास तैयारी; नए मंडलायुक्त ने संभाली कमान
नवनियुक्त मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कार्यभार संभालते ही काशी के विकास और देव दीपावली को खास बनाने को प्राथमिकता बताया। स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार समेत विकास परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के साथ सफाई, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।
विस्तार
नवनियुक्त मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके बाद प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि काशी की जनता की प्राथमिकताएं ही उनकी प्राथमिकता होंगी। आम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर के विकास से जुड़ी सरकार की योजनाओं को समय से पूरा कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि इस बार काशी की देव दीपावली को खास बनाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
समय से पूरी होंगी विकास परियोजनाएं
मंडलायुक्त ने कहा कि वाराणसी में स्टेडियम निर्माण, रोपवे परियोजना, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराने पर जोर रहेगा। कोशिश होगी कि काम पूरा होते ही परियोजनाओं का जल्द लोकार्पण भी कराया जाए, ताकि आम लोगों को उनका लाभ मिल सके।
पूर्वांचल की राजधानी को बेहतर बनाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि बनारस पूर्वांचल की राजधानी के रूप में उभर रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के साथ ही आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ रहती है। ऐसे में शहर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं और एक अच्छे शहर का अनुभव मिले, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
घाटों की सफाई पर भी रहेगा ध्यान
मंडलायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की सफाई के साथ गंगा घाटों की स्वच्छता पर भी चर्चा होगी।
स्वास्थ्य, शिक्षा और आवागमन की सुविधाओं में सुधार
उन्होंने कहा कि शहर में आवागमन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी काम किया जाएगा। उनका प्रयास होगा कि काशी का विकास इस तरह हो कि स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
