यूपी: पालतू कुत्ते को पीटकर मारने का आरोप, 19 दिन बाद जमीन से निकाला शव; तीन के खिलाफ दर्ज हुई है प्राथमिकी
जिले के नुरुद्दीनपुर गांव में पालतू कुत्ते को पीटकर मारने के आरोप में पुलिस ने 19 दिन बाद जमीन से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। शव गलने के कारण मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। शोएब की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज है।
विस्तार
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नुरुद्दीनपुर गांव में पालतू कुत्ते को पीटकर मारने के मामले में पुलिस ने 19 दिन बाद जमीन में दफन शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। हालांकि, काफी समय बीतने के कारण शव पूरी तरह गल चुका था। इससे पशु चिकित्सकों को मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी।
बुधवार को पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश आनंद, डॉ. उपेंद्र कुमार और डॉ. बीएल यादव की टीम गांव पहुंची। प्राथमिकी की जांच कर रहे उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह की मौजूदगी में कुत्ते के शव को जमीन से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश आनंद ने बताया कि कुत्ते को दफन किए हुए 19 दिन हो चुके थे। इस वजह से उसका शरीर गल गया था। ऐसी स्थिति में मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाना संभव नहीं हो सका। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को सौंप दी जाएगी।
पुलिस ने की कार्रवाई
गांव निवासी शोएब ने आरोप लगाया है कि 30 अक्तूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गांव के ही अब्दुल वहाब, महताब और अब्दुल रब उनके पालतू कुत्ते को पीट रहे थे। कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपियों ने उसे अपनी बाउंड्री में मारकर फेंक दिया था। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने 10 नवंबर को जीयनपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले में कुत्ते को पीटने का वीडियो भी सामने आया है।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुत्ते को पीटने का वीडियो उपलब्ध है। इसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद विवेचना में उसके तथ्यों को भी शामिल किया जाएगा।
