वाराणसी: लहरतारा कैफे में पुलिस का छापा, दो युवती और दो युवक हिरासत में; आसपास के लोगों ने की शिकायत
लहरतारा फ्लाईओवर के पास कैफे एंड रेस्टोरेंट में बुधवार शाम मंडुवाडीह पुलिस ने छापा मारा। दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। कैफे के बाहर जुटे 50-55 स्थानीय लोगों ने इसे बंद कराने की मांग की और पूर्व शिकायतों का हवाला दिया।
विस्तार
लहरतारा फ्लाईओवर के पास एक भवन में संचालित कैफे एंड रेस्टोरेंट में बुधवार शाम मंडुवाडीह पुलिस ने छापा मारा। संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम कैफे पहुंची और वहां मौजूद दो युवकों व दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कैफे के बाहर आसपास के करीब 50 से 55 लोग जुट गए। लोगों ने कैफे को बंद कराने की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की। उनका कहना था कि कई महीने से कैफे में युवकों और युवतियों का आना-जाना लगातार बना हुआ था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कैफे के संचालन को लेकर पहले भी लहरतारा पुलिस चौकी पर गोपनीय तरीके से शिकायत की गई थी।
पुलिस के पहुंचने के बाद कैफे के आसपास कुछ देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद कैफे में मौजूद युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है और मिले इनपुट की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि कैफे से दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कैफे से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। पुलिस स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए आरोपों और कैफे से संबंधित शिकायतों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी। स्थानीय लोगों की शिकायत और कैफे में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मिले इनपुट के बाद पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा बनी रही।