वाराणसी की खबरें: दिल्ली प्रोटेस्ट को लेकर पुलिस सतर्क, लोहे की रॉड से सिर पर किए कई वार; अज्ञात की मौत
वाराणसी में दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। वहीं, एक अन्य घटना में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि उसके सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए गए। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
विस्तार
दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रर्दशन को देखते हुए शनिवार को कमिश्नरेट पुलिस को सतर्क किया गया है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस को विशेष एहतियातन बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने काशी, वरुणा और गोमती जोन के डीसीपी को विशेष निगरानी व्यवस्था बरतने के निर्देश दिए है।
लहरतारा पुल पर दो ट्रकों में हुई भिड़ंत, देर रात तक लगा जाम
शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल लहरतारा पुल पर बीती रात करीब 9 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद पुल पर दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे देर रात तक लंबा जाम लगा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की ओर से बुलाई गई क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को पुल से हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाने के कारण कैंट स्टेशन, लहरतारा चौराहे और मंडुवाडीह की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन यात्रियों को कैंट स्टेशन जाना था पुलिस ने रास्ता खाली कराकर उन्हें जगह दिलवाया। थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि दोनों ट्रकों को हटाकर मार्ग को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया हैं।
नामकरण की राजनीति पर कांग्रेस नेता अजय राय ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने नामकरण की राजनीति पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री के नाम पर रखने की क्या जरूरत? सार्वजनिक संस्थानों के नामकरण से ज्यादा महत्वपूर्ण उन संस्थानों का जनहित में काम करना है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, रिक्त पदों और परीक्षाओं के आयोजन को लेकर स्पष्टता तथा समयबद्ध अवसर चाहिए। पढ़े-लिखे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार मिलना चाहिए। सरकार को इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी नीतियां बनानी चाहिए। किसानों की समस्याओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसान और नौजवान मजबूत होंगे, तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
जमीन कब्जाने के प्रयास में तोड़फोड़
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोएपुर में जमीन विवाद में मकान पर कब्जे के प्रयास, तोड़फोड़ और महिलाओं से मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ममता का आरोप है कि 10-12 लोगों ने घर में घुसकर 50 हजार रुपये और मंगलसूत्र छीन लिया। घटना चार अक्तूबर की है। शाम के वक्त आरोपी कुलदीप राजभर, दीपक राजभर, मकालू राजभर समेत अन्य लोग पहुंचे और चहारदीवारी व गेट तोड़कर घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने सामान सड़क पर फेंक दिया और विरोध करने पर ममता, उनकी ननद, बुजुर्ग सास और 13 वर्षीय बेटी से मारपीट व अभद्रता की। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज नई बस्ती में महिला से मारपीट, घर पर ईंट-पत्थर फेंकने और लाइसेंसी हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हुकुलगंज नई बस्ती निवासी श्वेता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में राजेश गुप्ता और राकेश गुप्ता पर आरोप लगाया कि 17 सितंबर को दोपहर दो से तीन बजे के बीच दोनों ने गाली-गलौज और मारपीट की। घर पर ईंट-पत्थर फेंकने के साथ लाइसेंसी पिस्टल या बंदूक दिखाकर धमकाया। पीड़िता के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था, जिसका छह सितंबर 2026 को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण हुआ था। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोप
मिर्जामुराद क्षेत्र की एक किशोरी को रील बनाकर रुपये कमाने का लालच देकर दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेल करने के मामले में पीड़िता की बहन ने आजमगढ़ निवासी दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि एक युवक किशोरी को बहाने से आजमगढ़ ले गया और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में सारनाथ में किराये के कमरे में भी उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के गर्भवती होने पर जबरन दवा खिलाकर गर्भपात कराने का भी आरोप है। पीड़िता के मुताबिक, 19 सितंबर को मारपीट कर उसे कमरे से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने पुलिस आयुक्त से भी शिकायत की है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले में प्रार्थना पत्र मिला है। पुलिस जांच कर रही है।
लोहे की रॉड से सिर पर किए कई वार
नारायणपुर गांव में तीन लोगों पर घेरकर मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित संदीप सिंह का आरोप है कि एक आरोपी ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई वार किए, जबकि दूसरे ने चुल्ला से कमर पर प्रहार किया। डायल 112 पुलिस के पहुंचने पर उसकी जान बच सकी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। संदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे वह मरुई गांव में राजेश मिश्रा के यहां खाना खाने गया था। वहां से लौटते समय शिवजन्म, रामजन्म और महगांव निवासी शिवशंकर मौर्य ने उसे पकड़ लिया और पीटने लगे। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
महिला का फोन हैक, 1.36 लाख की ठगी
फेसबुक पर सरकारी योजना के फॉर्म का लिंक क्लिक करते ही महिला के खाते से 1.36 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़िता ने चौक थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। चौक की रहने वाली पीड़िता कनकलता सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बैंक ऑफ इंडिया के खाते से यह रकम दो बार में निकाली गई। पहली बार 18 सितंबर को 98,752 रुपये मुस्कान खातून नाम के खाते में ट्रांसफर किए गए। दूसरी बार 19 सितंबर को शाम 6:33 बजे 37,896 रुपये संतोष कुमार की यूपीआई आईडी पर भेजे गए। ठगी के बाद अपराधियों ने मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से कॉल करके उन्हें परेशान किया। चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। संबंधित बैंक खातों के विवरण भी खंगाले जा रहे हैं।
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र में पुरबपुर रेलवे फाटक और वीरापट्टी रेलवे स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पहचान नहीं होने पर शव शिवपुर स्थित मोर्च्यरी हाउस भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे खंभा नंबर 785/25 के पास हादसा हुआ। सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास शव देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रेन से सोने-हीरे के आभूषण और नकदी चोरी
ट्रेन संख्या 13308 गंगा सतलज एक्सप्रेस के एसी कोच से महिला यात्री का सोने-हीरे के आभूषण से भरा बैग और पांच हजार नकदी चोरी हो गई। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कैंट जीआरपी में बृहस्पतिवार की रात प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले को बरेली जीआरपी स्थानांतरित किया गया। मिर्जापुर के कटरा निवासी अभिषेक पांडेय ने जीआरपी को बताया कि वह अपनी पुत्री श्रुति पांडेय के साथ 7 अक्तूबर की रात लुधियाना से वाराणसी लौट रहे थे। ट्रेन के एसी कोच एच-1 में सवार थे। अंबाला से शाहजहांपुर के बीच उनकी बेटी का गुलाबी रंग का पर्स चोरी हो गया। चोरी हुए सामान में लाखों रुपये मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण शामिल थे। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्राधिकार के आधार पर आगे की जांच के लिए इसे जीआरपी बरेली जंक्शन (मुरादाबाद अनुभाग) को स्थानांतरित किया गया है।
चलती ट्रेन से महिला की चेन छीनी
कैंट रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में महिला यात्री से सोने की चेन छीनाझपटी हुई। 10 सितंबर को घटना के बाबत बृहस्पतिवार की रात कैंट जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज की गई। छीनी गई चेन की अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है। झारखंड के बोकारो के चास, इस्पात कॉलोनी की रहने वाली पूनम चौधरी ने जीआरपी को बताया कि वह अमृतसर-टाटा एक्सप्रेस के जनरल कोच में बोकारो जा रही थीं। सुबह करीब 9.30 बजे ट्रेन वाराणसी रेलवे स्टेशन से खुलने लगी। इसी दौरान कोच में मौजूद एक अज्ञात युवक ने उनके गले से सोने की चेन छीनी और कोच से कूदकर भाग निकला। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि बोकारो से प्राथमिकी को कैंट जीआरपी थाने में स्थानांतरित किया गया है।
ट्रेन में यात्री का आईफोन चोरी, मामला दर्ज
हावड़ा से वाराणसी की यात्रा के दौरान तनय सिंह का आईफोन चोरी हो गया। पीड़ित ने बृहस्पतिवार की रात कैंट जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज कराई। कैंट थाना क्षेत्र के भुवनेश्वर नगर कॉलोनी निवासी तनय सिंह ने जीआरपी को बताया कि वह 7 अक्तूबर को ट्रेन संख्या 13047 (हावड़ा-वाराणसी एक्सप्रेस) के कोच ए-1 में यात्रा कर रहा था। रात 11 बजे सो गए थे। अगले दिन 8 अक्तूबर की सुबह करीब 8.05 बजे बक्सर स्टेशन के पास जब वे उठे, तो उनका आईफोन गायब था। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मणिकर्णिका घाट पर युवक को मनबढ़ों ने पीटा
चौक थाना क्षेत्र के मणिकर्णिका घाट पर शुक्रवार शाम अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। आरोपी पक्ष घाट के पास के ही बताए गए। हमले में गौहपुर निवासी अभिषेक सिंह (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले गई, जहां से ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, अभिषेक सिंह अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के साथ मणिकर्णिका घाट आया था। इसी दौरान वहां अंतिम संस्कार करने आए कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। हमले में अभिषेक को गंभीर चोटें आईं। थाना प्रभारी विजय शुक्ला ने बताया कि सीसी कैमरों व वायरल वीडियो की जांच कर अन्य आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
हमराही गोविंद प्रजापति को पितृशोक
कचहरी सेंटर के हमराही एवं पूर्व प्रधान गोविंद प्रजापति के पिता संग्राम प्रजापति (72) का शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने खारी जयपाल, उंदी स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में तीन पुत्र गोविंद, महेंद्र और नीरज तथा छह पुत्रियां हैं। बड़े पुत्र गोविंद प्रजापति ने मणिकर्णिका घाट पर मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में हमराही रमेश प्रजापति, पप्पू, किशन, विजय, रवि, लल्लन, किशोरी, राजा बाबू, अजय, राजेंद्र, रामगोविंद प्रजापति, रतन, राजन, विकास, दिलीप और मूलचन मौजूद रहे।
मंडी समिति के पूर्व पदाधिकारी का निधन
कछवां रोड क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव स्थित किसान सब्जी मंडी के आढ़तिया अजय पटेल (50 वर्ष) का बीमारी के चलते बुधवार की देर रात निधन हो गया। सूचना मिलने पर अजय पटेल के आवास पर पहुंचकर लोगों ने शोक व्यक्त किया। बृहस्पतिवार को सब्जी मंडी के समीप की पटेल मार्केट एवं कछवा रोड के पटेल मार्केट की दुकान शोक में बंद रहीं। अजय के दो पुत्र हैं। इस मौके पर सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक नील रतन सिंह पटेल की पुत्री अदिति पटेल, अपनादल एस के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पटेल, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव आदि ने शोक व्यक्त किया।
चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से गोदौलिया से लेकर मैदागिन चौराहे तक नगर निगम की टीम, प्रवर्तन दल ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा कर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दशाश्वमेध जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा की अगुवाई में अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रखे गए दुकानदारों के सामान को जब्त किया गया। नगर निगम की टीम एवं परिवर्तन दल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
बीएचयू में भूख हड़ताल : छात्र का बीपी बढ़ा
बीएचयू में भूख हड़ताल के दूसरे एक छात्र की तबियत बिगड़ गई। शुक्रवार को छह प्रदर्शनकारियों में से एक पुनीत मिश्रा की बीपी 170 और पल्स 115 पर चला गया। डॉक्टरों ने जांच कर ये रिपोर्ट दी। सेंट्रल ऑफिस पर 17 दिनों से धरना जारी है। बीएचयू के छात्र चीफ प्रॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हैं। छात्र पूरी रात वहीं सेंट्रल ऑफिस के बाहर ही गुजार रहे हैं।
सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़े करने पर रोक
जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए शुक्रवार को रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑटो चालकों को पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था की जानकारी दी। सिगरा की ओर बने मुख्य प्रवेश द्वार और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में चलाए गए अभियान के दौरान चालकों को रेल नियमों से भी अवगत कराया गया।
ऑटो चालकों को बताया गया कि स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित है। उन्हें अपने ऑटो निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही खड़े करने और यात्रियों अथवा अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा नहीं डालने की हिदायत दी गई।
आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि सर्कुलेटिंग एरिया में रेल प्रशासन की ओर से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। चालकों को अज्ञात व्यक्ति को अवैध शुल्क नहीं देने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा नहीं देने के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई।
वाराणसी परिक्षेत्र से विंध्याचल के लिए चलेंगी कुल 86 बसें
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अब आसानी होगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने वाराणसी परिक्षेत्र से बस सेवाओं का विस्तार किया है। आठ डिपो से 86 बसों का संचालन विंध्याचल के लिए किया जाएगा। 65 अतिरिक्त पूजा स्पेशल बसें शामिल हैं।
सामान्य दिनों में इस रूट पर 21 बसें चलती हैं। नवरात्र में 11 से 21 अक्तूबर तक संख्या बढ़ाकर 86 की गई है। अतिरिक्त बसों का संचालन यात्रियों की मांग और उपलब्धता के अनुसार होगा। इससे वाराणसी और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई गई है। जौनपुर डिपो से 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। कैंट और काशी डिपो से 10-10 बसें मिलेंगी।
चंदौली से आठ, गाजीपुर से दो, सोनभद्र से 10 और विंध्यनगर से पांच अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। ग्रामीण डिपो की 12 बसें भी रूट पर चलती रहेंगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए निगम ने एक हेल्पडेस्क नंबर जारी किया है। यह नंबर 8726005897 है। यात्री इस नंबर पर बस सेवा और संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
कई इलाकों में होगी बिजली कटौती
काली माता मंदिर से आजमगढ़ मार्ग, पांडेयपुर से रिंग रोड तक चौड़ीकरण में बाधक बने पोल का शिफ्टिंग कार्य होगा। इसके चलते दौलतपुर उपकेंद्र सुबह 11 से 2 बजे तक बाधित रहेगी। पहड़िया, कालीमाता मन्दिर श्रीनगर की बत्ती गुल रहेगी। लोहता व भट्ठी उपकेंद्र की ओवरहेड तारों को भूमिगत किया जाएगा। दिन में 11 से 2 बजे तक बिजली गुल रहेगी। लोगों से जरूरी काम पहले ही निपटाने की अपील की गई है। ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मिड-डे मील के साथ सूजी का हलवा मिलेगा
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब मिड डे मील के साथ ही सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन भी दिया जाएगा। इसमें सूजी का हलवा और नमकीन उपमा परोसा जाएगा। जिले के करीब 1.85 लाख बच्चे इससे लाभान्वित होंगे। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि योजना के तहत बच्चों को महीने के पहले और तीसरे सप्ताह में मीठा हलवा दिया जाएगा। दूसरे, चौथे और पांचवें हफ्ते में उपमा मिलेगा। हर छात्र को कम से कम 30 ग्राम सूजी व अन्य पौष्टिक सामग्रियों से तैयार व्यंजन दिया जाएगा। डीएम, ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से इस पूरी प्रक्रिया की गुणवत्ता और वितरण का नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
न्यू पीजी गर्ल्स हॉस्टल में कला प्रदर्शनी का शुभारंभ
बीएचयू के न्यू पीजी गर्ल्स हॉस्टल में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी ‘सृजन’ के दूसरे चरण का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। उद्घाटन कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। 9 से 11 अक्तूबर तक छात्राओं की 150 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें पेंटिंग, मूर्तिकला, सिरेमिक, पॉटरी, टेक्सटाइल डिजाइन एवं एप्लाइड आर्ट की रचनाएं शामिल हैं। कुलपति ने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की।
कहा कि उनकी कलाकृतियों में मौलिक विचारों और विशिष्ट कलात्मक प्रतिभा की झलक दिखाई देती है। छात्राओं को अपनी मौलिकता बनाए रखने, निरंतर अभ्यास करने और अनुभवी शिक्षकों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। संयोजक प्रो. आरती निर्मल ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। समन्वयक डॉ. किरण गुप्ता ने प्रदर्शनी की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रो. जसविंदर कौर, प्रो. फतेह बहादुर सिंह चारु चतुर्वेदी ने भी सराहना की। कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. स्वप्निल सिंह, छात्रा दीपाली सिंह जोधावत उपस्थित रहे।
प्रशांत ने जिनेवा में किया भारत का प्रतिनिधित्व
बीएचयू में जर्मन अध्ययन विभाग के शोधार्थी प्रशांत तिवारी ने यूरोपियन संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय जिनेवा में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वहां एआई और विदेशी भाषा-शिक्षण पर शोध-पत्र प्रस्तुत किया। निर्देशन में शोध कर रहे हैं।
सर्वश्रेष्ठ पीएचडी-पीजी थीसिस पुरस्कार मिला
केएजीओएफ सम्मेलन के दूसरे दिन स्त्री एवं प्रसूति रोग विज्ञान में मॉर्डन प्रोग्रेस और आयुर्वेदिक दृष्टिकोण पर एकेडमिक सत्र हुए। अकादमिक और शोध उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए सर्वश्रेष्ठ पीएचडी और पीजी थीसिस पुरस्कार से डॉक्टरों को सम्मानित किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य में बदलाव, मर्म चिकित्सा, एंडोमेट्रियोसिस, मेनोपॉज, जेनेटिक टेस्टिंग, आयुर्वेदिक फर्टिलिटी प्रैक्टिस और गर्भाशय मायोमा में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी पर मंथन हुआ। निर्णय लिया गया कि अगला सम्मेलन उदयपुर में होगा और सम्मेलन का बैटन उदयपुर को सौंपा गया। वैलेडिक्टरी सेशन में निदेशक प्रो. एसएन संखवार और डीन प्रो. केएन मूर्ति रहे।
प्रो. शैलेश जननायक चंद्रशेखर विवि के कार्यपरिषद के सदस्य बने
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष और छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया की कार्यपरिषद में सदस्य (सामान्य) नामित किया गया है। राज्यपाल और कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम बोबडे की ओर से 6 अक्तूबर को पत्र जारी कर सूचना दी गई है। प्रो. शैलेश विभागाध्यक्ष और छात्र कल्याण संकाय प्रमुख के दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
बीएचयू में आज फैशन शो से पूरी होगी ‘डिजाइन प्रोसेस’ कार्यशाला
बीएचयू के दृश्य कला संकाय की ओर से छह दिन ‘डिजाइन प्रोसेस’ कार्यशाला का आज फैशन शो के साथ समापन होगा। चित्रकला विभाग के टेक्सटाइल डिजाइन अनुभाग की ओर से विद्यार्थियों की विकसित डिजाइनों और रचनात्मक कार्यों को फैशन शो में दिखाया जाएगा। यह विद्यार्थियों की रचनात्मकता, स्किल और डिजाइन संबंधी समझ को प्रस्तुत करने का एक बड़ा मौका होगा। लाइब्रेरी हॉल में दोपहर दो से चार बजे तक यह चलेगा। फैशन डिजाइन में प्रोत्साहित करेगा।
निबंध में मुमताज, पठन में प्रियांशी को पहला स्थान
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सारनाथ में 8 और 9 अक्तूबर को दो दिवसीय जनपद स्तरीय निबंध व पठन कौशल प्रतियोगिता हुई। निबंध में मुमताज और पठन प्रतियोगिता में प्रियांशी को पहला स्थान मिला। समापन समारोह में डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल ने विजेता और प्रतिभागी छात्रों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया। निबंध में युवराज सिंह दूसरे और श्रेया गौतम तीसरे स्थान पर रहे। कक्षा 9-10 में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज की ओमनी यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। पठन कौशल प्रतियोगिता में कक्षा 6 में प्रियांशी प्रथम, आलिया अंसारी द्वितीय और आर्यन तृतीय रहे। कक्षा 11-12 में सेजल ने प्रथम और अनूप सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
शोध प्रवेश परीक्षा की दूसरे चरण की प्रक्रिया 12 से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शोध प्रवेश परीक्षा 2024-25 की शोध प्रवेश के दूसरे चरण की प्रक्रिया 12 अक्तूबर से शुरू होगी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थियों जिन्होंने समर्थ पोर्टल पर दूसरे चरण के लिए निर्धारित शुल्क और संबंधित विभाग या संकाय में शोध प्रस्ताव जमा कर दिया है। उनके शोध प्रस्ताव के प्रस्तुतीकरण एवं साक्षात्कार के लिए आरडीसी की बैठकें 12 से 17 अक्तूबर तक होंगी। आरडीसी की बैठकों की विभागवार समय सारिणी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड है।
बीएचयू के प्रसून ने जमा की सामगान पर थीसिस
बीएचयू के शोधार्थी प्रसून चतुर्वेदी ने सोमयाग में प्रयुक्त साम मंत्रों विषय पर पीएचडी उपाधि के लिए थीसिस जमा कर दी है। उनका शोधकार्य सामगान की वैदिक परंपरा और सोमयागों में साम मंत्रों के विनियोग के अध्ययन पर केंद्रित है। यह शोधकार्य प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।
मानसिक स्वास्थ्य पर होगा नियंत्रण
बीएचयू के मनोविज्ञान विभाग में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस को लेकर सुने जाने से समग्र विकास तक: मानसिक स्वास्थ्य में सुनने विषय पर संवाद हुआ। मनोचिकित्सा विभाग की डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि गहनता से सुनने के चलते मानसिक स्वास्थ्य को नियंत्रित किया जा सकता है। डॉ. लक्ष्मण यादव ने तनाव, चिंता और अवसाद के व्यावहारिक पहलुओं को बताया। प्रो. सत्य गोपाल ने मनोवैज्ञानिक कठिनाइयों से निपटने की अवस्था से आगे बढ़कर अर्थपूर्ण, संतोषजनक और समृद्ध जीवन बात की। आयोजन अध्यक्ष प्रो. योगेश कुमार आर्य के नेतृत्व में किया गया।
छात्रवृत्ति योजना परीक्षा के लिए प्रशिक्षण 12 को
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र वाराणसी ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी किया है। यह परीक्षा एक नवंबर को कराई जाएगी। मंडलीय मनोवैज्ञानिक डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम वाराणसी और विंध्याचल मंडल के विभिन्न जिलों में दिए जाएंगे। वाराणसी मंडल में डॉ. बनानी घोष प्रवक्ता होंगी। वाराणसी में 12 अक्तूबर 2026 को, गाजीपुर में 16 अक्तूबर को, चंदौली में 24 अक्तूबर को और जौनपुर में 26 अक्तूबर को प्रशिक्षण होगा।
बीसी सखियों को करें सक्रिय
उपायुक्त (स्वत: रोजगार) पवन कुमार सिंह ने शुक्रवार को आजीविका मिशन योजनाओं की ऑनलाइन समीक्षा की। बैठक में वन जीपी वन बीसी सखी कार्यक्रम के तहत बीसी सखियों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया। जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह ने इन सभी विषयों पर एक विस्तृत रिपोर्ट साझा की। समीक्षा के दौरान विकासखंड पिंडरा, हरहुआ और बड़ागांव में स्वयं सहायता समूहों के खाता खोलने की प्रगति सबसे खराब पाई गई। उपायुक्त ने संबंधित शाखा प्रबंधकों से समन्वय स्थापित करते हुए एक सप्ताह के भीतर प्रगति सुधारने का निर्देश दिया।
मुनारी में जनवादी पार्टी की महारैली
चौबेपुर के मुनारी खेल मैदान में शुक्रवार को जनवादी पार्टी की ओर से अति पिछड़ा, अति दलित वर्ग स्वाभिमान महारैली निकली। मुख्य अतिथि पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह चौहान रहे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद भी अति पिछड़े और अति दलित वर्ग की अनेक जातियां विकास की मुख्यधारा से अपेक्षित रूप से नहीं जुड़ सकी हैं। अध्यक्षता मन्नी सिंह राठौर ने की। संचालन सत्यकुमार चौहान, प्रदेश महासचिव ने किया।
प्रदेश सचिव बने प्रतीक कन्नौजिया
समाजवादी पार्टी ने मंडुवाडीह निवासी प्रतीक कन्नौजिया को समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश सचिव के पद पर मनोनीत किया है। यह निर्णय पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के द्वारा जारी किया गया है। प्रतीक को यह जिम्मेदारी देकर समाजवादी पार्टी ने 2027 के चुनाव से पहले धोबी समाज को साधने की कोशिश की है।
आजीविका संवर्धन केंद्र का हुआ उद्घाटन
विकास खंड पिंडरा के उन्नति संकुल तहत ग्राम पंचायत पश्चिमपुर में शुक्रवार को बीडीओ प्रतिभा मिश्रा ने आजीविका संवर्धन केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, विभिन्न आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में प्रबंधक प्रीति त्रिपाठी, समूह सखी संध्या सहित स्वयं सहायता समूह की अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। संवाद
आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से यात्री सेवा अभियान 2026 का समापन शुक्रवार को हुआ। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि हवाई अड्डे पर स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों के फीडबैक और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर भी ध्यान दिया गया। यात्रियों के सामान के प्रबंधन, डिजिटल सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा को भी प्राथमिकता दी गई।
समान भत्ते के लिए नर्सिंग स्टाफ ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
राजकीय नर्सेस संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार से जिले के सभी सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत नर्सिंग संवर्ग ने काली पट्टी बांधकर चरणबद्ध प्रदर्शन किया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शासनादेश जारी नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
संघ के महामंत्री अशोक कुमार और अध्यक्ष शर्ली भंडारी ने बताया कि नर्सिंग संवर्ग की प्रमुख मांगों में समान भत्ते, गृह जनपद में तैनाती, निदेशालय से अस्पताल स्तर तक रिक्त पदों पर पदोन्नति व नई भर्ती शामिल हैं। इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए सवेतन अवकाश और अस्पतालों में क्रेच (पालनाघर) की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है। आंदोलन के तहत 20 अक्तूबर तक काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया जाएगा। 21 अक्तूबर की सुबह दो घंटे का कार्य बहिष्कार रहेगा। 22 को लखनऊ स्थित महानिदेशालय का घेराव किया जाएगा।
एनएचएम कर्मियों का दूसरे दिन धरना जारी : एनएचएम के संविदा कर्मचारियों का सीएमओ कार्यालय के बाहर दूसरे दिन शुक्रवार को भी धरना जारी रहा। वे समान काम, नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर दो दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल से जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाएं प्रभावित हुईं। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बृहस्पतिवार को कर्मचारियों से सेवाएं बाधित न करने की अपील की थी लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और आंदोलन को जारी रखा।
सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस
बसपा के संस्थापक कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस शुक्रवार को सपा के सभी कार्यालय में मनाया गया। महानगर कार्यालय भेलूपुर में कांशीराम को पुष्पांजलि अर्पित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि पीडीए की जिस लड़ाई को कांशीराम ने शुरू किया, उसे आगे बढ़ाने का कार्य सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए की एकजुटता से घबराई हुई है। भाजपा के लोग मनुवादी व्यवस्था के पोषक हैं।
महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि कांशीराम ने बहुजन समाज पार्टी का गठन किया। समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाई। गोष्ठी में अजहर अली सिद्दीकी, अनिल साहू, अमन यादव, रजत कुमार बाल्मीकि, पूजा यादव आदि ने विचार रखे। उधर, जिला सपा कार्यालय अर्दली बाजार में कांशीराम के विचारों, संघर्षों के योगदान पर विचार गोष्ठी की।
जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि कांशीराम ने संगठनात्मक क्षमता के बल पर दलितों व वंचितों में राजनीतिक चेतना जागृत करने का कार्य किया। संचालन गोपाल पांडेय ने किया। पूर्व एमएलसी राजदेव सिंह, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, बालकिशुन पटेल ने विचार रखे। शिक्षक एमएलसी के प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्या के टड़ियां चकबीही आवासीय कार्यालय पर पुण्यतिथि मनाई गई।
बोनस 7 हजार से बढ़ाकर 21 हजार करने की मांग
उत्पादकता लिंक बोनस (पीएलबी) की गणना सीमा बढ़ाने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ ने रैली निकाली। रैली मंडल संघ कार्यालय से शुरू होकर डीआरएम कार्यालय, डीजल लॉबी और अस्पताल होते हुए कार्यालय पहुंची। इसका नेतृत्व संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रमेश मिश्रा ने किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वर्तमान में 78 दिन के बोनस की गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा 7000 रुपये निर्धारित होने के कारण कर्मचारियों को 17951 रुपये ही बोनस मिल रहा है।
उन्होंने इस सीमा को बढ़ाकर 18000 रुपये और उस पर महंगाई भत्ता जोड़कर कुल 21 हजार रुपये किए जाने की मांग की। केंद्रीय अध्यक्ष रमेश मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष श्याम कुमार झा ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग उठाई। सुभाष चंद्र यादव और अरविंद कुमार सिंह ने संचालन किया। रैली में संजय तिवारी, राहुल कुमार, विवेक सिंह, हेमंत कुमार, राहुल सिंह, सिकंदर राय, अमरनाथ सिंह, अब्दुल अख्तर, ब्रजेश कुमार आदि ने विचार रखे।
शिविर में सैकड़ों श्रमिकों के स्वास्थ्य की हुई जांच
चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर उप श्रमायुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय के निर्देशन में श्रम विभाग और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से लगाया गया। उप श्रमायुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय ने कहा कि स्वस्थ श्रमिकों में ही उद्योगों का भविष्य निहित है। उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
न जांच के लिए सीएमओ कार्यालय की चार मेडिकल टीमें और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की एक विशेषज्ञ टीम तैनात रही। शिविर में श्रमिकों को प्रारंभिक जांच, ओपीडी परामर्श और आवश्यक दवाएं निशुल्क प्रदान की गईं। इस कार्यक्रम में सहायक श्रमायुक्त अविनाश तिवारी, राजकुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के. डी. पाण्डेय, एसआईए के अध्यक्ष राजेश भाटिया और उद्योग विभाग उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी मौजूद रहे।
26 वेंडिंग जोन में 905 वेंडर्स स्थापित होंगे, अगले 10 दिनों में मिलेंगे आईकार्ड
नगर निगम पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित करने में जुटा हुआ है। इस क्रम में प्रथम चरण में शहर के 26 वेंडिंग जोन में 905 वेंडर्स को स्थापित करने की योजना है। इनका सर्वे पूरा हो चुका है। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को नगर आयुक्त और पथ विक्रय समिति के अध्यक्ष हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में हुई नगर पथ विक्रय समिति की बैठक में 905 वेंडर्स की सूची समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई।
इस पर नगर आयुक्त ने निगम के अधिकारियों से अगले दस दिनों के भीतर आपत्ति प्राप्त कर उसे निस्तारित करने के लिए कहा। ताकि वेंडर्स को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित कर उन्हें प्रमाण पत्र और पहचान पत्र वितरित किए जा सकें। नगर आयुक्त ने निगम के सभी जोन में नए वेंडिंग जोन की संभावना तलाशने के लिए संबंधित जोनल अधिकारियों को चौराहों, पार्कों, फ्लाईओवर के स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान चार नए प्रस्तावित वेंडिंग जोन को सर्वसम्मति से मंजूरी भी प्रदान की गई। उधर, राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ महासचिव अभिषेक निगम ने आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली, देव दीपावली, छठ पूजा तक किसी फेरी पटरी ठेला व्यवसायी को अनावश्यक रूप से नगर निगम व पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर रोक लगाने का निवेदन किया।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के हिंदी दिवस समारोह में शामिल हुईं सांसद प्रिया सरोज
मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में शामिल हुईं। साथ ही रवांडा के राजदूत मार्टिन के नगोगा और संयुक्त राष्ट्र के नियंत्रक चंद्रमौली रामनाथन से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से मछलीशहर सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह है।
अग्रवाल समाज ने किया महालक्ष्मी का शृंगार
महाराज अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर श्रीकाशी अग्रवाल समाज के ओर से लक्ष्मीकुंड स्थित महालक्ष्मी मंदिर में अग्रकुलदेवी माता महालक्ष्मी का विधि-विधान से विशेष शृंगार एवं पूजन-अर्चन किया गया। समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल एवं जयंती संयोजक प्रद्युम्न अग्रवाल ने माता महालक्ष्मी का ताजे पुष्पों से नयनाभिराम शृंगार किया। इसके बाद विधिवत आरती उतारकर समाज, नगर एवं पूरे राष्ट्र की सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए मंगल कामना की गई।
रंगोली में दिखा विकसित भारत का सपना
सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग एवं बाल विकास विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय बृहद रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने प्राकृतिक रंगों, फूल-पत्तियों और चावल, गेहूं, सरसों सहित विभिन्न अनाजों का प्रयोग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली के माध्यम से बच्चों ने मेरे सपनों का भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से उकेरा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या रहीं।
सत्यभामा-रुक्मिणी नृत्य नाटिका से दर्शकों को किया भावविभोर
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, सारनाथ में आयोजित दो दिवसीय कला एवं संस्कृति महोत्सव में चिरईगांव ब्लॉक की शिक्षिकाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने समूह नृत्य, एकल नृत्य और समूहगान में प्रथम स्थान प्राप्त कर ब्लॉक का नाम रोशन किया। महोत्सव में प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों की शिक्षिकाओं ने नृत्य नाटिका सत्यभामा-रुक्मिणी की प्रस्तुति दी।
प्राथमिक विद्यालय सीवों की सहायक अध्यापिका ज्योत्सना अग्रवाल ने इसकी परिकल्पना की और नारद मुनि की भूमिका निभाई। भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका में प्राथमिक विद्यालय चांदपुर की कल्पना तिवारी रहीं। रुक्मिणी का किरदार प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर की सीमा श्रीवास्तव ने निभाया। बीबी फातिमा ने सत्यभामा के रूप में सुंदर अभिनय किया, वहीं कंपोजिट विद्यालय सरसौल की अमृता प्रजापति ने भी प्रभावशाली अभिनय किया।एकल नृत्य प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय सरसौल की शिक्षिका अमृता प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कला एवं संस्कृति महोत्सव में समूहगान प्रतियोगिता में भी चिरईगांव ब्लॉक ने पहला स्थान हासिल किया।
विद्यामठ में कल से नवरात्र उत्सव
केदारघाट घाट स्थित श्रीविद्यामठ में 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक शारदीय नवरात्र उत्सव होगा। यह आयोजन ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सान्निध्य में किया जाएगा। उत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवती राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी का विशेष पूजन होगा। गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने और उनके प्राणों की रक्षा के लिए नवचंडी पाठ भी किया जाएगा। यह पाठ वैदिक आचार्य संपन्न करेंगे। शंकराचार्य के सान्निध्य में श्रीविद्या साधना शिविर और नित्य सायं प्रवचन भी आयोजित होंगे। मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि प्रातः 7:30 बजे से श्रीविद्या अध्ययन होगा। इसके बाद प्रस्थानत्रयी का पाठ और श्रीविष्णु पूजन किया जाएगा।
पंडालों में नवरात्र से पहले पहुंचीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं
शारदीय नवरात्र के शुभारंभ से पहले काशी में मां दुर्गा की आराधना को लेकर उत्साह है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं को पंडालों तक ले गए। शहर में 512 विभिन्न पूजा पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित होंगी। कई जगहों पर नवरात्र के पहले दिन प्रतिमा स्थापित होंगी। इस दौरान भक्तों में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल दिखा। मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पहला नवरात्र 11 अक्तूबर से शुरू होगा। विभिन्न पूजा समितियां तैयारियां तेज कर रही हैं। पंडालों को सजाने और प्रतिमा स्थापना की तैयारियां जारी हैं।
भोला साव का 78वां विराट मेला आज
सेवापुरी विकास खंड के खरगुपुर गांव में भोला साव का 78वां विराट मेला आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर शनिवार को बिरहा दंगल होगा। यह मेला हर वर्ष भोला साव के पैतृक आवास खरगुपुर स्थित मड़ई पर लगता है। बिरहा दंगल दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक चलेगा। इसमें नामी बिरहा गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। यह जानकारी भोला साव के ज्येष्ठ पुत्र सुरेंद्र प्रसाद अग्रहरी उर्फ पप्पू साव ने दी।
सोमनाथ त्रिपाठी की छठी पुण्यतिथि पर स्मरण सभा
जनांदोलनों के राष्ट्रीय समन्वय और साझा संस्कृति मंच के संस्थापक सदस्य प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी की छठी पुण्यतिथि पर स्मरण सभा आयोजित की गई। नागरिक समाज के लोगों ने प्रो. त्रिपाठी के सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने उनके समाजवाद, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सभा में भेदभाव व अन्याय समाप्त करने के लिए सामाजिक एकजुटता पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध में लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में नंदलाल, जागृति राही, राजेंद्र चौधरी, रामजन्म यादव, श्वेतांक मिश्रा मौजूद रहे।