वाराणसी: तीन साल से लापता बच्चियों को पुलिस ने खोजा, 10 दरोगा को मिला 10-10 हजार का इनाम; सकुशल बरामदगी
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने वर्ष 2021 से अब तक 2907 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद किया है। वर्ष 2026 में लापता 458 बच्चों में से 449 मिल चुके हैं। बच्चों की तलाश के लिए 44 विशेष टीमें गठित हैं। बेहतर कार्य करने वाले 10 उपनिरीक्षकों को पुलिस आयुक्त ने 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
विस्तार
कमिश्नरेट पुलिस ने गुमशुदा और अपहृत बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वर्ष 2021 से अब तक 2907 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बच्चों की बरामदगी का औसत 98 प्रतिशत रहा है। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक लापता हुए 458 बच्चों में से 449 को पुलिस खोज चुकी है। शेष नौ बच्चों की तलाश जारी है। बच्चों की बरामदगी में सराहनीय भूमिका निभाने वाले 10 उपनिरीक्षकों को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त ने गुमशुदा और अपहृत बच्चों की बरामदगी के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और विवेचकों को निर्देश दिया कि बच्चे के लापता होने या अपहरण की सूचना मिलते ही बिना देरी किए प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की जाए। उन्होंने प्रत्येक मामले में गोल्डन ऑवर्स प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया।
इन 10 उपनिरीक्षकों को मिला पुरस्कार
पुलिस आयुक्त ने बच्चों की तलाश में मोबाइल लोकेशन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। इसके जरिए बच्चों के आवागमन और संभावित ठिकानों का पता लगाने को कहा। कमिश्नरेट में गुमशुदा और अपहृत बच्चों की तलाश के लिए 44 विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें अलग-अलग मामलों में समन्वय बनाकर काम कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, विशेष टीमों ने पिछले एक महीने में 12 गुमशुदा और अपहृत बच्चों को सकुशल बरामद किया है। इनमें लंबे समय से लापता बच्चे भी शामिल हैं। करीब तीन साल से लापता बच्चियों की बरामदगी में भी पुलिस को सफलता मिली है। बच्चों की तलाश और बरामदगी में बेहतर काम करने वाले उपनिरीक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार दिया गया है।
पुरस्कृत होने वालों में एएचटी थाने की निकिता सिंह, राकेश कुमार द्विवेदी और बृजेश कुमार पांडेय शामिल हैं। इसके अलावा शिवपुर थाने की मानवी शुक्ला और रणवीर सिंह यादव, चौबेपुर थाने के अपराजित सिंह, जितेंद्र पाल सिंह और घनश्याम निषाद तथा चोलापुर थाने के मुनीश चंद्र दुबे को सम्मानित किया गया।
