पेंटर हत्याकांड: शराब पिलाने के विवाद में चार दोस्तों के धकेलने से गई थी जान, पहचान छिपाने के लिए जलाया था शव
Varanasi News: वाराणसी पुलिस ने पेंटर हत्याकांड में उसके चार दोस्तों को हिरासत में लिया है। शराब पिलाने के विवाद में दोस्तों ने धक्का दिया था, जिससे पेंटर की जान चली गई। इस दौरान पहचान छिपाने के लिए उन्होंने शव को जला दिया।
विस्तार
वाराणसी जिले के लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा डिहवा निवासी रंगाई-पुताई करने वाले भाईलाल पटेल (46) की हत्या शराब पिलाने के विवाद में की गई थी। उसके चार दोस्त 500-500 रुपये की देसी शराब मंगा चुके थे। भाईलाल को शराब मंगाने के लिए उन्होंने कहा तो वह इनकार करने लगा। इसे लेकर उसके चार दोस्तों से कहासुनी हुई तो उन्होंने उसे धकेल दिया था। धकेलने से भाईलाल ऐसे गिरा कि दोबारा उठ नहीं सका।
भाईलाल की मौत हो जाने पर उसके चारों दोस्त उसकी पहचान छिपाने के लिए शव पर शराब छिड़क कर आग लगा दी थी। फिर शव को खींच कर कोटवा पुलिस चौकी के समीप सरसों के खेत में फेंक दी थी। बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करेगी।
ये है पूरा मामला
लोहता थाने की कोटवा पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर सोमवार की सुबह एक अधजला शव मिला। परिजनों ने शव की पहचान भाईलाल पटेल के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि भाईलाल रविवार की शाम घर से निकला था तो वापस नहीं आया था। हत्यारों की गिरफ्तार और मुआवजे के लिए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ कोटवा ऑटो स्टैंड के पास पांच घंटे तक जाम लगाए रखा था।
चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ केस
भाईलाल की पत्नी उषा की तहरीर पर लोहता थाने में कोटवा की ग्राम प्रधान के पति सहित चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। उधर, इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि सर्विलांस, सीसी फुटेज और मुखबिर की मदद से संदिग्ध गतिविधियों वाले कुछ लोगों को चिह्नित कर पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।