Varanasi News: नगर विकास मंत्री ने कहा- ठंड में संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की सेवा करनी होगी
वाराणसी के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग कर नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विभिन्न कार्यों पर बातचीत की। उन्होंने ठंड और शीतलहर की भी जानकारी ली। कहा कि आमजन को अलाव के लिए अलाव भी जलवा दिए जाएं।
विस्तार
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रदेश के सभी नगर निगमों के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर ठंड और शीतलहर में निगम की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरा बनाने, अलाव, कंबल वितरण, कान्हा गोशालाओं में समुचित व्यवस्था करने में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए।
सर्किट हाउस से जूम बैठक में नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ बैठक में एके शर्मा ने तीन दिन में अधिक से अधिक जरूरतमंदों में कंबल वितरण करने को कहा। इसके अलावा माघ मेले को लेकर भी समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी रैन बसेरों को अस्पताल एवं डिस्पेंसरी से जोड़ने की जरूरत है। इससे यहां रहने वालों को किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत उपचार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह समय केवल औपचारिकता निभाने का नहीं बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की सेवा करने का है। कोई भी अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति न करे, बल्कि अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ करें।
अफसरों को दिए निर्देश
सभी प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रैन बसेरों की जानकारी देने के लिए होर्डिंग और साइनेज लगाने होंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों की जानकारी आसानी से मिल सके।
वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ठंड के दृष्टिगत वाराणसी नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी मंत्री को दी। उन्होंने कहा कि शहर के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं बीएचयू परिसर में रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। इस दौरान निदेशक नगरीय निकाय/सचिव अनुज झा, दीपक शुक्ला सहित प्रदेश के सभी नगर आयुक्त बैठक से जुड़े।