Varanasi News Today: मनीष हत्याकांड में इनामी आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, दो लोगों की मौत; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के युवा उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड के दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहीं, विभिन्न सड़क हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बेलवाबाबा बाजार स्थित देवा महाविद्यालय के सामने शनिवार भोर करीब चार बजे ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार के कारण होने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, किशन (24) पुत्र रामदयाल निवासी चौबेपुर खुर्द, चोलापुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अजय नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में अस्सी घाट निवासी पुष्कर पांडेय की मौत हो गई। पुष्कर बाइक से वाराणसी से बाबतपुर की ओर जा रहा था। बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। हरहुआ ओवरब्रिज पर पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर बीच डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पुष्कर पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को मोर्चरी में भेज दिया गया है।
इनामी आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, एक अब भी पहुंच से दूर
भरथरा निवासी उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे घमहापुर के दो 50-50 हजार रुपये के इनामी आरोपी नागेंद्र राजभर और गोविंद राजभर ने पुलिस को चकमा देते हुए शुक्रवार को सीजेएम मनीष कुमार की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद न्यायालय ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मामले में तीसरे इनामी आरोपी दीपक राजभर की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद भरथरा और घमहापुर गांव में तनाव बना हुआ है। एहतियात के तौर पर दोनों गांवों में पुलिस बल तैनात किया गया है। तहसील प्रशासन ने बेदखली की कार्रवाई शुरू करते हुए नोटिस जारी किया है। तहसीलदार कुलवंत सिंह के अनुसार 15 दिन के भीतर जवाब नहीं मिलने पर अवैध कब्जे में बने पक्के मकानों को ध्वस्त किया जाएगा।
बच्चों के खेलने के विवाद में मारपीट
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुरीदपुर गांव में बच्चों के खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट के मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को दी तहरीर में उजागीर ने आरोप लगाया कि बुधवार को उसके दरवाजे पर बच्चे खेल रहे थे। बच्चों को वहां खेलने से मना करने पर गांव के ही राजन, शुभम और गणेश गाली-गलौज करने लगे। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीर गेट के पास छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत
लंका थाना क्षेत्र के सीर गेट के पास बीएचयू छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। आशुतोष यादव की शिकायत पर रोशन मिश्रा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं बीए तृतीय वर्ष के छात्र रोशन मिश्रा की तहरीर पर आशुतोष यादव और उसके साथियों के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल से मरीज का मोबाइल चोरी
रोहनिया क्षेत्र के भदवर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज का कीमती मोबाइल उचक्कों ने चोरी कर लिया। सेहमलपुर काजी सराय, बड़ागांव निवासी राकेश पांडेय चिकित्सक को दिखाने के बाद अस्पताल परिसर स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंचे थे। ऑनलाइन भुगतान करने के बाद उन्होंने मोबाइल काउंटर पर रख दिया। इसी दौरान उचक्के मोबाइल लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने भदवर चौकी में लिखित तहरीर दी। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
खातों में ट्रांसफर कर निकाले 2.39 लाख
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रजा नगर, मुर्गिया टोला बजरडीहा निवासी इस्तियाज अहमद के खाते से साइबर जालसाजों ने अलग-अलग खातों में 2.39 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को जालसाजों ने चार बार में उनके खाते से 2,39,000 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के मैसेज आने के बाद उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
शादी में शामिल होने आए युवक पर हमला
शादी समारोह में शामिल होने ललितपुर से वाराणसी आए युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी साकेत दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित अमन प्रताप सिंह सेंगर निवासी ललितपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार को वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उनका पूर्व परिचित साकेत दुबे महमूरगंज पासपोर्ट ऑफिस के पास नशे की हालत में मिला और गाली-गलौज करने लगा। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जानलेवा हमले में तीन पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला निवासी चंद्रदेव यादव की शिकायत पर पुलिस ने शंभुनाथ यादव, आर्यन यादव और मोना यादव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित के अनुसार, बीते बुधवार शाम सात बजे आरोपी बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी और रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई के साथ भी मारपीट की गई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बाउंड्रीवाल गिराने का आरोपी गिरफ्तार
चितईपुर पुलिस ने बाउंड्रीवाॅल गिराने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के आरोपी संतोष यादव निवासी विश्वकर्मा नगर, चितईपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम ने बताया कि आरोपी ने दूसरे व्यक्ति की बाउंड्रीवाल गिरा दी थी। इसका विरोध करने पर उसने पीड़ित पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोने की चेन और 82 हजार छीनने का आरोप
शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी अंडरपास के पास मारपीट और नकदी समेत सोने की चेन छीनने के मामले में पीड़ित अल्लोपुर, चोलापुर निवासी अनुज सिंह ने थाने में तहरीर दी है। अनुज सिंह ने बताया कि वह अपनी बहन को चांदमारी छोड़कर वापस लौट रहे थे। चांदमारी अंडरपास के पास आजमगढ़ रोड की ओर मुड़ते समय कार सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर उनकी सोने की चेन तथा 82 हजार रुपये छीन लिए। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन दुर्घटना के बाद आपसी कहासुनी में मारपीट की बात सामने आ रही है। दोनों पक्षों को शनिवार सुबह थाने पर बुलाया गया है।
बाइक का कटा 50 हजार का चालान
रामनगर पुलिस द्वारा एक बाइक का 50 हजार रुपये का चालान किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। चालान में वाहन के कागजात न होने, नंबर प्लेट न लगे होने सहित अन्य कारण दर्शाए गए हैं। भारी-भरकम चालान देखकर बाइक स्वामी भी सन्न रह गया। इस मामले में थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि चालान के दौरान उपनिरीक्षक से गलतीवश एक शून्य अधिक दर्ज हो गया, जबकि थाने की जीडी रजिस्टर में 10 हजार रुपये का उल्लेख किया गया है।
अस्पताल निर्माण में बाधा, चार पर प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र के राजवारी गांव में निर्माणाधीन राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चौकाघाट डॉ. अरविंद कुमार सिंह की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने राजवारी निवासी वैभव पांडेय, पंचानन पांडेय तथा आजमगढ़ जनपद के तिसौरा निवासी मंगल देव और दीपक पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
सील तोड़कर निर्माण करने वालों पर होगी एफआईआर
सील तोड़कर अवैध निर्माण करने वालों पर वीडीए सख्त कार्रवाई करेगा। ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। यह निर्देश वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने सभी जोनल अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का भवन निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विधिवत मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें और अवैध निर्माण से बचें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शासन और प्राधिकरण की ओर से मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को काफी सरल बनाया गया है। इसके बावजूद वीडीए के महायोजना क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना मानचित्र स्वीकृति के अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है।
अस्सी घाट पर मिला नवजात का शव
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट पर शुक्रवार की रात एक नवजात का शव मिला। घाट पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुची पुलिस जांच शुरू की। मौजूद पुलिसकर्मियों के अनुसार शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है जो गंगा में बह कर आया हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को मर्चरी भेजवाया गया है।
स्कूल में शिक्षिकाओं को बंधक बनाने और अभद्रता का आरोप, शिक्षक पर प्राथमिकी
चौबेपुर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरायनपुर में तैनात सहायक अध्यापक अजय कुमार पांडेय के खिलाफ दो शिक्षिकाओं को स्कूल में बंधक बनाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिभा सिंह और सहायक अध्यापिका मंजू कुमारी यादव ने आरोप लगाया कि छह अप्रैल को आरोपी शिक्षक ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका जबरन उठाकर अपने पास रख लिया, जिससे विद्यालय का प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो गया। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी।
शिक्षिकाओं के अनुसार विद्यालय की छुट्टी के समय आरोपी ने मुख्य गेट पर ताला बंद कर दोनों को करीब दो घंटे तक स्कूल परिसर में रोके रखा। घबराई शिक्षिकाओं ने 112 और 1090 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर गेट खुलवाया। मामले की शिकायत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई।
बीएसए की रिपोर्ट में उपस्थिति पंजिका उपलब्ध न होने से विद्यालय के प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की पुष्टि हुई है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी शिक्षक अजय कुमार पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
प्रयागराज से लाया 48 लाख का फाइन गोल्ड गायब, पुराने कर्मचारी पर आरोप
चौक थाना क्षेत्र के ठठेरी बाजार स्थित एक सर्राफा कारोबारी ने अपने पुराने कर्मचारी और उसके परिवार पर करीब 48 लाख रुपये मूल्य का फाइन गोल्ड गायब करने का आरोप लगाया है। मामले में चौक थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बंसती कटरा, ठठेरी बाजार स्थित एन.डी. सर्राफ ज्वेल्स होलसेल प्रा. लिमिटेड के निदेशक राधाकृष्ण अग्रवाल के अनुसार, उनकी एक शाखा प्रयागराज के मीरगंज में भी है। कंपनी में करीब 20 वर्षों से कार्यरत कर्मचारी सकलदीप यादव 26 मार्च को प्रयागराज शाखा से स्वर्ण आभूषण और 319.340 ग्राम फाइन गोल्ड लेकर वाराणसी के लिए निकला था।
आरोप है कि फाइन गोल्ड और आभूषण एक झोले में रखकर बैग में सुरक्षित तरीके से दिए गए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे सकलदीप चौक स्थित दुकान पहुंचा। अगले दिन जब कर्मचारी दीपक अग्रहरी ने बैग खोलकर सामान का मिलान किया तो उसमें रखा फाइन गोल्ड गायब मिला। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पैदा होते ही नवजात को दूसरी महिला को देने का आरोप, तीन पर प्राथमिकी
चितईपुर थाना क्षेत्र के कंदवा निवासी एक महिला ने नवजात बेटे को साजिश के तहत दूसरी महिला को सौंप देने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़िता राधा देवी के अनुसार, सात जनवरी 2025 को स्टार हॉस्पिटल में उसने बेटे को जन्म दिया था। आरोप है कि उसकी मां सुशीला देवी ने बिना जानकारी दिए नवजात को अपनी परिचित रामनगर निवासी सोना मौर्या को दे दिया।
राधा देवी का कहना है कि वह लगातार अपनी मां और सोना मौर्या से बच्चे को वापस मांग रही है, लेकिन अब तक उसे बच्चा नहीं सौंपा गया। महिला ने सोनम के पति अवधेश कुशवाहा पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आयुक्त से गुहार लगाने के बाद चितईपुर थाना में मां, सोना मौर्या और अवधेश कुशवाहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
सुभासपा कार्यकर्ताओं ने फूलपुर थाने का किया घेराव
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षय राजभर पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने फूलपुर थाने का घेराव करने का प्रयास किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाम करीब चार बजे बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता जुलूस के रूप में थाने की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें थाने से कुछ दूरी पहले ही रोक लिया।
मौके पर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ताओं ने अक्षय राजभर पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने और मनीष हत्याकांड में निर्दोष लोगों को न फंसाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों से वार्ता के दौरान इंस्पेक्टर ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा रुद्र राजन राजभर, रितेश राम, रमेश राजभर, डॉ. बसंत राजभर और चंदन राजभर मौजूद रहे।
महिला से मोबाइल छीनकर भागे बाइक सवार बदमाश
कपसेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत धवकलगंज बाजार से घर लौट रही महिला उर्मिला दुबे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया। आरोप है कि कुछ नेताओं के कहने पर तीनों युवकों को इस शर्त पर छोड़ दिया गया कि वे दो दिन के भीतर छीना गया मोबाइल वापस करा देंगे। हालांकि थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।
8वें दिन मई का तेवर, 39 डिग्री के साथ यूपी का सबसे गर्म शहर बना बनारस
बीते सात दिनों से खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठा रहे काशीवासियों को शुक्रवार को मई का तेवर देखने को मिला। आठवें दिन 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ काशी शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। साथ ही यह दिन इस साल मई का अब तक का सबसे गर्म दिन भी रहा।
बीते सात दिनों तक काशी में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। इन दिनों सामान्य से छह डिग्री कम रहने वाला पारा शुक्रवार को सिर्फ एक डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काशी में शुक्रवार को 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, लेकिन तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा।
सुबह से ही उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, जबकि दोपहर होते-होते धूप चुभने लगी। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले दो से तीन दिनों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। 15 मई के बाद गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
मिनी किट के लिए 11 को निकलेगी ई-लॉटरी
वाराणसी जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों को बीज वितरण के लिए प्राप्त आवेदनों का निस्तारण अब ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया 11 मई को विकास भवन सभागार में होगी। इस ई-लॉटरी का आयोजन उन क्षेत्रों और फसलों के लिए किया जा रहा है, जहां निर्धारित लक्ष्यों से अधिक किसानों ने बुकिंग कराई है। लॉटरी की यह पूरी प्रक्रिया कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से जनपद स्तरीय समिति और उपस्थित किसानों के समक्ष पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी।
एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए हेल्प डेस्क
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सहज यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से यात्रियों को एयरपोर्ट से जुड़ी समस्याओं, जानकारी और विभिन्न सेवाओं के लिए एक ही स्थान पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 60 से 61 उड़ानों के जरिये 10 हजार से अधिक देशी-विदेशी यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में यात्रियों को होने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क शुरू की गई है।
दूसरे दिन भी हुई गवाही 11 मई को फिर सुनवाई
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार को फास्ट ट्रैक (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में सुनवाई हुई। मामले के दूसरे विवेचक शिवकांत मिश्रा अदालत में दूसरे दिन भी उपस्थित हुए और अपना बयान दर्ज कराया। अदालत ने आगे की गवाही और सुनवाई के लिए 11 मई की तिथि नियत की है। इससे पहले गत बृहस्पतिवार को भी गवाह ने बयान दर्ज कराए थे।
अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी ने गवाह का बयान दर्ज कराया। वहीं, बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता भी मौजूद रहे। मामले के अनुसार, दो नवंबर 2023 की रात आईआईटी बीएचयू की एक छात्रा के साथ बीएचयू परिसर में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था।
सिगरा में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स पर लगा पांच लाख का जुर्माना
सिगरा स्थित निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी करना कार्यदायी संस्था को भारी पड़ गया। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में अनियमितताएं मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित संस्था पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
मेयर और नगर आयुक्त ने निर्माण स्थल की अव्यवस्था देखकर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से मेयर ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने समीक्षा के दौरान पाया कि कार्यदायी संस्था द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से पांच लाख रुपये का अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लेआउट और अब तक हुए निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मेयर ने कहा कि सिगरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है, जिसे जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अभियंता आदि मौजूद रहे।
सरफराज खान का सपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
समाजवादी पार्टी के नेता सरफराज खान के अल्पसंख्यक सभा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल रहा। नाटी इमली स्थित साहू बाग में महानगर सचिव अनिल साहू के नेतृत्व में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सरफराज खान के मनोनयन के बाद आयोजित प्रथम अभिनंदन समारोह में महानगर दक्षिणी विधानसभा अध्यक्ष अजहर सिद्दीकी, प्रदीप कुमार मौर्य, शशांक साहू, विनोद चौरसिया, सुनील सेठ, जिमी जायसवाल, गोलू सेठ समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
4.5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव आए, सबसे ज्यादा नाली खड़ंजा और ओपेन जिम पर खर्च होंगे
पिंडरा। ब्लॉक मुख्यालय मंगारी के सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें पूर्व में हुए कार्यों का अनुमोदन होने के साथ मनरेगा और क्षेत्र पंचायत से लगभग 4.5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव आए। क्षेत्र पंचायत की बैठक पूर्व निर्धारित समय 11 बजे से शुरू होकर 3 बजे तक चली।
इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के बाबत जानकारी दी गई। इसके बाद सदस्यों ने मनरेगा के तहत तीन करोड़ रुपये के प्रस्ताव और क्षेत्र पंचायत के तहत विकास कार्यों के लिए 1.50 करोड़ के प्रस्ताव आए। प्रस्ताव के बाबत सदस्यों के बीच चर्चा हुई। इस पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रविशंकर सिंह ने कहा कि प्राथमिकता और धन के उपलब्धता के आधार पर प्रस्ताव के तहत आए कार्यों को किया जाएगा।
बैठक के दौरान सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइट, खड़ंजा, नाली व ओपन जिम निर्माण के ज्यादातर मामले आए। इस दौरान बीडीओ देवेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत अशोक चौबे, एडीओ एसटी कैलाश यादव, सीडीपीओ आशीष वर्मा, आपूर्ति निरीक्षक प्रदीप शुक्ला, पशु चिकित्सा अधिकारी प्रतिमा, बीईओ अखिलेश यादव आदि मौजूद रहे।
जिला अस्पताल में महिला ने धकेला स्ट्रेचर, सीएमएस को दिया नोटिस
जिला अस्पताल में मरीज की पत्नी द्वारा स्वयं स्ट्रेचर धकेलकर वार्ड तक ले जाने के मामले में जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए सीएमएस को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। यह कार्रवाई बृहस्पतिवार को प्रकाशित फोटो के बाद की गई।
जारी नोटिस में पूछा गया है कि स्ट्रेचर सेवा के लिए तैनात वार्ड बॉय या अन्य कर्मचारी उस समय मौजूद क्यों नहीं थे और मरीज के परिजनों को स्वयं स्ट्रेचर क्यों धकेलना पड़ा। प्रशासन ने यह भी उल्लेख किया है कि कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण कर निर्देश दिया था कि प्रत्येक स्ट्रेचर के साथ एक वार्ड बॉय की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद अस्पताल में इस प्रकार की लापरवाही सामने आई।
अस्पताल के एमएस डॉ. प्रेम प्रकाश ने कहा कि सरकार से उपलब्ध संसाधनों के अनुसार व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं। अस्पताल में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
हर घर योद्धा अभियान शुरू करेगी हिंदू जनजागृति समिति
वाराणसी जिले में कॉरपोरेट जिहाद और लव जिहाद के खिलाफ हिंदू जनजागृति समिति हर घर योद्धा अभियान शुरू करेगी। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के आवास पर शुक्रवार को हुई बैठक में पदाधिकारियों ने इसकी रूपरेखा तय की। बताया कि एक से 15 जून तक यह अभियान चलेगा। इसमें छात्राओं को कराटे और मार्शल आर्ट्स के गुर सिखाए जाएंगे।
हिंदू जनजागृति समिति के यूपी एवं बिहार समन्वयक विश्वनाथ कुलकर्णी ने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों में मुसलमान या अन्य धर्मों की परंपराएं स्वीकार्य हैं, लेकिन हिंदू धर्म की परंपराएं नहीं चलेंगी, यही मानसिकता बचपन से हिंदुओं पर थोपी जाती है। बैठक में हिंदू जनजागृति समिति के धर्मप्रचारक सद्गुरु निलेश सिंगबाल, चौरसिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील चौरसिया, राष्ट्रभक्त अधिवक्ता समिति के संयोजक संजीवन यादव, डॉ. सोहनलाल आर्य, अधिवक्ता दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रवक्ता भर्ती : 35 केंद्रों पर आज होगी परीक्षा, शामिल होंगे 24258 अभ्यर्थी
उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से प्रवक्ता की परीक्षाएं शनिवार और रविवार को कराई जाएंगी। इस दो दिवसीय परीक्षा के लिए जिले में 35 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिनों में कुल 52052 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। शनिवार को 24258 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस परीक्षा के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें तय हुआ कि सभी केंद्रों पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात होंगे। प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ दो-दो आर्म्स गार्ड और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती होगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन पहली पाली में 28 और दूसरी पाली में 24 केंद्रों पर परीक्षा होगी। पहली पालीमें 13147 और दूसरी पाली में 11101 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
पहले पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगी। शनिवार को पहली पाली में 26 और दूसरी में 35 केंद्रों पर परीक्षा होगी। पहली पाली में 11896 और दूसरी पाली में 15908 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। शुक्रवार की शाम तक सभी केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गईं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दृष्टिगत अभ्यर्थियों को निर्देश पहले से जारी किए गए हैं। इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस और पानी की बोतल आदि केंद्र पर प्रतिबंधित रहेगा। कलावा आदि की भी जांच होगी।
छात्रावासीय प्रबंध समिति के मुख्य प्रतिपालक बने प्रो. दिनेश
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रावासों के सुव्यवस्थित संचालन और अनुशासित व्यवस्थापन को सुदृढ़ करने के लिए प्रो. दिनेश कुमार गर्ग को छात्रावासीय प्रबंध समिति का मुख्य प्रतिपालक नियुक्त किया गया। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शुक्रवार को आदेश जारी किया। यह नियुक्ति छात्रावासों के सुचारु संचालन, अनुशासन, छात्रहित तथा व्यवस्थात्मक समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस नियुक्ति को विश्वविद्यालय प्रशासन की आधिकारिक स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
पार्श्वनाथ विद्यापीठ के शास्त्री में आवेदन शुरू
बीएचयू के पार्श्वनाथ विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में दाखिले की सूचना जारी कर दी गई है। जैन दर्शन और प्राकृत से दो शास्त्री स्नातक कोर्स में प्रवेश मिलेगा। 28 मई तक ऑनलाइन आवेदन का मौका होगा। इन कोर्स में प्रवेश पाने वाले योग्य छात्रों को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी। यह बीएचयू के बाहरी शोध केंद्र और नई दिल्ली के केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से संबंद्ध है।
बीएचयू में ऑपरेशन सिंदूर पर हुए कार्यक्रम
बीएचयू के महिला महाविद्यालय स्थित लॉन में ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर कई कार्यक्रम किए गए। प्राचार्य डॉ. रीता सिंह ने ध्वजारोहण किया और सभी को संबोधित किया। 28 यूपी एनसीसी गर्ल्स बटालियन की सीटीओ डॉ. प्रतिमा गोंड, शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ की मौजूदगी रही। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के जरिये सेना के शाैर्य को नमन किया।
योग आत्मबोध की सनातन साधना है : प्रो. शीतला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सांख्य योग तंत्र आगम विभाग की ओर से सांख्य योगशास्त्रे योगतत्त्व विमर्श विषयक एक दिवसीय विशिष्ट व्याख्यान हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. शीतला प्रसाद पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन में योग केवल साधना नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित व दिव्य बनाने की वैज्ञानिक पद्धति है। सांख्य और योग का समन्वय मनुष्य को आत्मानुभूति की दिशा प्रदान करता है। मुख्य अतिथि प्रो. मार्कंडेय नाथ तिवारी ने कहा कि सांख्य दर्शन जहां तत्वों का विश्लेषण करता है, वहीं योग उन तत्वों के व्यावहारिक अनुभव का मार्ग प्रशस्त करता है।
योगतत्त्व का वास्तविक उद्देश्य चित्तवृत्ति निरोध के माध्यम से आत्मप्रकाश की प्राप्ति है। विशिष्ट वक्ता प्रो. सुधाकर मिश्र ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में योग आत्मानुशासन, विवेक और आध्यात्मिक चेतना का आधार है। आधुनिक युग में योग का दार्शनिक पक्ष समझना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम ने संयोजक प्रो. राघवेंद्र दुबे रहे। शुभारंभ डॉ. विवेक कुमार उपाध्याय ने वैदिक मंगलाचरण से किया। मंगलाचरण डॉ. अंबति लक्ष्मण राव शास्त्री ने किया। संचालन डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने किया।
रूपाली को ड्राइंग ओलंपियाड में 28वीं निबंध ओलंपियाड में मिली 73वीं रैंक
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज की छात्रा रूपाली कुशवाहा ने अंतरराष्ट्रीय ड्राइंग ओलिंपियाड में 28वीं और नेशनल निबंध ओलंपियाड में 73वीं रैंक हासिल की है। शुक्रवार को रुपाली को सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि रूपाली क्वींस कॉलेज में कक्षा 9वीं की छात्रा है। पढ़ने में अच्छी हैं और विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में टॉप भी किया है। एलुमनी परिवार के सदस्य बीएचयू के विज्ञान संस्थान के हेड प्रो. मनोज श्रीवास्तव, आनंद मिश्रा, रजनीश कन्नौजिया ने विद्यालय आकर बधाई छात्रा को शुभकामनाएं दीं और सम्मानित किया।
मेटलर्जी दिवस पर मेधावियों-शोधार्थियों को मिले मेडल
आईआईटी बीएचयू में मेटलर्जी दिवस पर मेधावियों और शोधार्थियों को सम्मानित किया गया। मेटलर्जी इंजीनियरिंग विभाग की ओर से शुक्रवार को प्रोफेसर एनपी गांधी मेमोरियल हॉल में बेंको (बनारस इंजीनियरिंग कॉलेज, बीएचयू में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना इसी नाम से हुई थी) ग्रुप चेन्नई के निदेशक पी. रामचंद्रन मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
इस दौरान टीआर मेधावियों को अनंतरमन मेरिट प्राइज, गांधी जुबली मेडल और प्रोफेसर एन प्रसाद मेमोरियल प्राइज दिया गया। साथ ही बीटेक, इंटीग्रेटेड ड्यूल डिग्री और एमटेक कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, मेटलर्जिकल रिसर्चेज वार्षिक शोध संगोष्ठी के भी विजेता पुरस्कृत हुए। इनके अलावा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के भी योगदानों को सराहा गया।
विभागाध्यक्ष प्रो. एनसी शांति श्रीनिवास ने अतिथियों का स्वागत कर विभाग की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। एक साल की शैक्षणिक, शोध और छात्र उपलब्धियों को गिनाया। मेटसॉक के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. जीएस महोबिया ने मेटलर्जी सोसायटी की रिपोर्ट साझा की। वहीं मेधावी विद्यार्थियों, शोधार्थियों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शैक्षणिक, शोध, कोर्स-करिकुलर आदि उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
16 पेंटिंग्स में दिखा गोवंशों का दुखी जीवन
बीएचयू में बूचड़खाना और गोवंश का दुख भरा जीवन 16 पेंटिंग्स में उकेरा गया। दृश्य कला संकाय की कला वीथिका में शुक्रवार को कलाकार लक्ष्य शर्मा एकल कला प्रदर्शनी में पशुओं के साथ बढ़ती अमानवीयता को भावनात्मक अंदाज के साथ रंगों में भरा।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. विजय नाथ मिश्र और प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने किया। इन्होंने कहा कि कला केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि हमें झकझोरती भी है। विशिष्ट अतिथि मंच कला संकाय की डीन प्रो. संगीता पंडित और दृश्य कला संकाय की डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित रहीं।
चारकोल, ऑयल के साथ इंस्टॉलेशन भी किया : लक्ष्य ने चारकोल, ऑयल ऑन कैनवास, ऐक्रेलिक, सायनोटाइप और प्रभावशाली इंस्टॉलेशन के साथ इन 16 पेंटिंग्स को बनाया। लक्ष्य शर्मा ने बताया कि उनकी कलाकृतियां उन मूक जीवों की आवाज हैं जिन्हें सिर्फ उत्पाद की तरह देखा जाता है। प्रदर्शनी 9 और 11 मई को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
चित्रकला में पलक, रंगोली में शौपनिल विजेता : सोमनाथ स्वाभिमान पर्व... अटूट आस्था के 1000 वर्ष कार्यक्रम के तहत शिवपुराण पर आधारित प्रतियोगिताओं का समापन शुक्रवार को हुआ। आयोजन आर्य महिला इंटर काॅलेज में हुआ। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पलक, दूसरा स्थान शौपनिल और तीसरा स्थान कोमल ने पाया। रंगोली में पहला स्थान शौपनिल, संजय व कृष्णा, दूसरा स्थान पलक, आरती व खुशी और तीसरा स्थान रोशन, मानस्वी व आस्था ने प्राप्त किया। मुख्य अतिथि राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा रहे। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह और प्रधानाचार्य डाॅ. प्रतिभा यादव माैजूद रहीं।
खयाल गायन में अप्रतिम, तबला में वेद और भजन में सुरेंद्र रहे विजेता
नटराज कला परिषद और नटराज संगीत अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय काशी युवा संगीत महोत्सव सनबीम स्कूल भगवानपुर में हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव में जूनियर, सीनियर, यूथ और ओपन श्रेणी में प्रतियोगिताएं गईं।
महोत्सव के पहले दिन शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता हुई। जूनियर वर्ग के खयाल गायन में अप्रतिम द्विवेदी, भजन में दिशी शर्मा और गजल में आराध्या खरे विजेता रहे। सीनियर वर्ग के खयाल गायन में रिधिमा गुप्ता, भजन में आयुष और गजल में अर्चिता आर्या विजेता रहे। कथक के जूनियर वर्ग में ऋचा जालान और भव्या मूलचंदानी, सीनियर वर्ग में समृद्धि और परी विजेता हीं।
तबला प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में वेद तिवारी और सीनियर वर्ग में रुद्रांश ने पहला स्थान पाया। संगीत महोत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा, बिहार और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संचालन संगीत शिक्षिका सुकल्पा मुखर्जी ने किया। निर्णायक सुरेंद्र कनाैजिया, नम्रता मिश्रा, किशोर मिश्रा और उर्मिला रहीं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए बनेगा हाॅस्टल
प्रतियोगी परीक्षा की तैयार करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए अखिल भारतीय चौरसिया महासभा दिल्ली में हाॅस्टल बनवाएगा। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया ने बताया कि हाॅस्टल उन छात्रों के लिए होगा जो धन के अभाव में आईएएस और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग नहीं कर पाते हैं।
लक्सा स्थित एक होटल में पत्रकारों को ये जानकारी देते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि इसके लिए चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट बनाया गया है। दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी सत्र 2026-2029 के लिए 10 मई को चुनाव कराए जाएंगे।
इससे पहले शनिवार को रामनगर रोड स्थित होटल रमाडा में ट्रस्ट के सदस्यों की बैठक होगी। चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी चुनाव अधिकारी महेश कानड़ी (उज्जैन), जगत नारायण चौरसिया (सिंगरौली) और वाराणसी के पार्षद सुरेश चौरसिया को सौंपी गई है। रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगाबाबू चौरसिया, यूपी के पूर्व मंत्री कैलाश नाथ चौरसिया, बिहार के पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया समेत विधायक सुरेंद्र चौरसिया और आलोक चौरसिया मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान प्रदीप चौरसिया, सुधीर चौरसिया, डॉ. अजय चौरसिया और टीएन चौरसिया आदि मौजूद रहे।
फूलों से सजी पालकी पर निकली साईं बाबा की परिक्रमा
श्री साईं बाबा मंदिर संतरघुवर नगर सिगरा का चार दिवसीय वार्षिकोत्सव शुक्रवार को शोभायात्रा और भंडारे के साथ संपन्न हुआ। शुरुआत सुबह काकड़ आरती के साथ हुई। इसके बाद साईं बाबा की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा सिगरा, रथयात्रा और महमूरगंज से होते हुए मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। मंदिर के पुजारी संजीव घोष ने बताया कि शोभायात्रा में भक्तों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और शहनाई की मधुर धुनों के बीच हजारों की संख्या में श्रद्धालु झूमते-गाते हुए बाबा की पालकी के साथ चल रहे थे। शोभायात्रा के मंदिर वापस पहुंचने के बाद भंडारा हुआ।
पीएनबी ने 20 किसानों को दिए ऋण पत्र, व्यावसायिक खेती पर जोर
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के मंडल कार्यालय ने शुक्रवार को सिगरा और रॉबर्ट्सगंज शाखाओं में कृषि आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 20 किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए जिसका उद्देश्य उन्हें व्यावसायिक खेती के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में प्रधान कार्यालय से महाप्रबंधक वेंकटेश्वरलू इसूरादी, अंचल प्रबंधक दीपक सिंह और मंडल प्रमुख प्रभाष चंद्र लाल मौजूद रहे।
महाप्रबंधक इसूरादी ने किसानों को पारंपरिक के बजाय व्यावसायिक खेती अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कॉस्ट एनालिसिस, बाजार की मांग और वैज्ञानिक फसल चयन पर जोर दिया। साथ ही हल्दी, अदरक, मेथी और जीरा जैसी मसालों की खेती को लाभदायक बताया। अंचल प्रबंधक दीपक सिंह ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कृषि चुनौतियों पर मार्गदर्शन दिया। कृषि अधिकारी पूजा मिश्रा ने बैंक की विभिन्न योजनाओं पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में किसानों को केसीसी, ट्रैक्टर ऋण, संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण, कृषि संबद्ध योजनाएं व डिजिटल बैंकिंग जैसे उत्पादों की जानकारी दी गई।
मानव कल्याण के लिए मां काली मंदिर में हुआ कराहा पूजन
मां काली मंदिर जाल्हूपुर में शुक्रवार को पशु-पक्षियों और मानव कल्याण के लिए कराहा पूजन किया गया। कार्यक्रम में यजमान सुफेर यादव और भगवती के पुजारी मन्नू यादव ने विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना कराई। इस दौरान सप्तशती पाठ भी कराया गया।
11 किलो देसी घी और एक क्विंटल गाय के दूध सहित अन्य सामग्री के साथ पूजन कराया गया। इसके अलावा फल, चना, गुड़ आदि प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया। भगवती के पुजारी मन्नू यादव ने कहा कि प्रकृति अत्यंत शक्तिशाली है और उसके साथ छेड़छाड़ का ही परिणाम है कि मौसम में लगातार असामान्य बदलाव देखने को मिल रहा है।
पशु-पक्षियों में बढ़ती महामारियां और असाध्य रोगों से मानव भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पशुओं में गला घोटू, खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियां आती जाती रहेंगी। हम सभी लोगों को भगवान के प्रति समर्पित रहकर समय-समय पर पूजा पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करते रहना चाहिए।
गंगा को स्वच्छ रखने के लिए किया श्रमदान
गंगा को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट पर नमामि गंगे के ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गंगा की तलहटी में उतरकर सफाई की। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि आज समय की मांग है कि हम सिर्फ सेल्फी लेने तक सीमित न रहें बल्कि गंगा की सफाई में अपना योगदान दें।
गंगा स्तुति, अष्टकम प्रस्तुति से विभोर हुई काशी
नमो घाट पर आयोजित काशी वंदन सांस्कृतिक संध्या के तहत शुक्रवार को कोलकाता की भरतनाट्यम नृत्यांगना देवयानी बसु ने अपनी भावपूर्ण मुद्राओं और शास्त्रीय कौशल से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ देवयानी बसु ने गंगा स्तुति से किया। मां गंगा की महिमा को शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से जीवंत करते हुए उन्होंने दर्शकों को एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ दिया। इसके बाद श्रीराम भक्ति के रंग बिखेरते हुए उन्होंने प्रसिद्ध भजन रामचंद्र कृपालु भजमन पर नृत्य किया। संचालन अनूप मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का संयोजन अंशुमान महाराज ने किया।
रेडक्रॉस दिवस पर 20 युवाओं ने किया रक्तदान
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर शुक्रवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के 20 सदस्यों ने आईएमए ब्लड बैंक में कैंसर और थैलेसीमिया पीड़ितों की सहायता के लिए रक्तदान किया। बेनियाबाग स्थित रेडक्रॉस कार्यालय पर सोसाइटी के चेयरमैन विजय शाह और सचिव डॉ. संजय राय ने संयुक्त रूप से रेडक्रॉस ध्वज फहराया।
सचिव डॉ. संजय राय ने बताया कि हेनरी ड्यूनेंट के जन्मदिन को पूरे विश्व में मानवता की सेवा के संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिविर में पुनीत चंदानी, अंकित गिरी, विनय यादव और अमन कुमार समेत 20 लोग शामिल रहे। आयोजन में विजय शाह, वेदमूर्ति शास्त्री, डॉ. एसएस गांगुली आदि मौजूद रहे।
पूल पार्टी का महिलाओं ने लिया आनंद
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की विदिशा शाखा की ओर से शुक्रवार को छावनी स्थित एक होटल में पूल पार्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने विभिन्न प्रकार के वाटर गेम्स और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आनंद लिया। संचालन संयोजिका संगीता मुरारका और बबीता अग्रवाल ने किया। शाखा की अध्यक्ष सरोज तुलस्यान ने बताया कि सत्र 2026-28 की शुरुआत सदस्याओं के बीच आपसी सौहार्द और मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। संस्थापक अध्यक्षा मधु तुलस्यान, नीतू मुरारका और सचिव प्रीति बाजोरिया मौजूद रहीं।
एनसीसी कैडेट्स को दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज महमूरगंज में ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ शुक्रवार को दूसरे दिन भी मनाई गई। शुक्रवार को विद्यालय में एनसीसी कैडेट्स को डाक्यूमेंट्री दिखाई गई। विद्यालय की 28 गर्ल्स बटालियन एनसीसी बीएचयू एएनओ लेफ्टिनेंट प्रिया गोयल ने बताया कि 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में ऑपरेशन सिंदूर के पहले की घटना से लेकर ऑपरेशन के बाद तक की पूरी कार्रवाई को विस्तार से बताया गया। इस दौरान प्रधानाचार्या डॉ. आनंद प्रभा सिंह समेत अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
दिव्यांग बच्चों ने बनाया आर्ट एंड क्राफ्ट
जीवन ज्योति संस्थान में ग्रीष्मकालीन शिविर में शुक्रवार को मदर्स डे के उपलक्ष्य में दिव्यांग छात्रों ने आर्ट एंड क्राफ्ट बनाया। संस्थान के रिहैब के बच्चों में आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से रंगीन कागजों को काटकर फूल व झूमर सहित अन्य सजावटी सामान बनाए। इसके साथ दैनिक क्रिया सीखने के साथ बच्चों को फलों की जानकारी व काटने के गुर सिखाया गया।
इस मौके पर रिहैब बच्चों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। वहीं, दूसरी तरफ छात्राओं ने रंगीन परिधानों में मां के ममत्व व जीवन में मां का महत्व विषय पर नाटक का मंचन किया। इस दौरान संस्थापिका सिस्टर आइरिन, निदेशिका सिस्टर श्वेता, सिस्टर मोनिका, ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।