Varanasi News Today: नंबर कम आने पर फंदे पर लटक दी जान, दोस्त ने ही की थी नौशाद की हत्या; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में एक छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। वहीं, जैतपुरा थाना क्षेत्र में नौशाद की हत्या उसके ही दोस्तों ने की थी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लक्सा थाना क्षेत्र के मिसिर पोखरा में हाईस्कूल की छात्रा उद्यंतिका गांगुली (16) ने शुक्रवार दोपहर फंदे से लटक कर जान दे दी। टेस्ट में अच्छे अंक नहीं आने से वह परेशान थी। घटनास्थल की फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंपा गया।
परिजनों ने शव का दाह संस्कार भी कर दिया। मिसिर पोखरा के नारायण गांगुली ने पुलिस को बताया कि बेटी उद्यंतिका गांगुली 10वीं की छात्रा थी। वह सिगरा के निजी स्कूल में पढ़ती थी। टेस्ट में अच्छे अंक नहीं आने पर वह तनाव में थी। दोपहर दो बजे मकान के पहली मंजिल पर बने कमरे में पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे लटक गई।
काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन ऊपर गए तो बेटी को फंदे से लटका पाया। परिजन तुरंत मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लक्सा थाना प्रभारी राजू ने बताया कि उद्यंतिता की बड़ी बहन की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है।
दोस्त ने ही नौशाद को उतारा था मौत के घाट, तीन टीमें गठित की गईं
जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा में नौशाद की हत्या उसके दोस्त ने ही की थी। हर समय साथ रहने वाले दोस्त ने रुपये की लेनदेन और नशे के सामान के लिए वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित हैं। 150 सीसी कैमरे खंगाले जा चुके हैं। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि नौशाद के परिजनों से पूछताछ कर हाल के संपर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
सामने आया कि नौशाद नशे का आदी था और नशीली दवाओं का सेवन करता था। आशंका है कि नशे के दौरान विवाद में नौशाद की हत्या हुई है। बृहस्पतिवार को जलालीपुरा कब्रिस्तान के पास नौशाद (22) का शव मिला था। सरैया निवासी नौशाद के घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते कूड़ा इकट्ठा कर बेचता था।
पत्नी को पीटा, पति समेत तीन पर मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही मोहनपुरी कॉलोनी निवासी प्रियंका पांडेय ने जान से मारने की कोशिश समेत अन्य मामलों में पति आशुतोष पांडेय, सास उर्मिला देवी और ससुर नीलांबर पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। प्रियंका की शादी आशुतोष से 2013 में हुई थी। आरोप लगाया कि पति शराब का आदी है।
आए दिन मारपीट करता है। उसका दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध भी है। बुधवार सुबह आठ बजे नशे में आशुतोष घर आया और हत्या की नियत से हमला कर दिया। बीच बचाव करने की जगह सास और ससुर ने उसका साथ दिया। बचाव में बेटा आया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। पुलिस को सूचना देने पर पति वहां से भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का केस
सारनाथ के आशापुर के फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों पर 5 लाख की धोखाधड़ी के मामले में शाखा प्रबंधक की तहरीर पर शुक्रवार को केस दर्ज किया गया। शाखा प्रबंधक नितिन यादव ने पुलिस को बताया कि कंपनी में धनुहा रामपुर जौनपुर के राहुल मोदनवाल, शहड़ी चोलापुर के विशाल भारद्वाज, गाजीपुर के विशाल मिश्रा कंपनी में ऋण अधिकारी है। महिला ग्राहकों से तीनों कर्मचारियों ने 460147 रुपये की धोखाधड़ी की है। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
आभूषण चोरी के मामले में पत्नी सहित 6 पर केस
सारनाथ के पंचकोशी के एसडीएस रहेजा रेसीडेंसी से चोरी के मामले में पत्नी समेत छह पर पति ने शुक्रवार को केस दर्ज कराया। पीड़ित अमित सिंह ने पुलिस को बताया कि आवास विकास कॉलोनी अमिनगंज अयोध्या की रहने वाली ऐश्वर्या सिंह और उसके परिजनों ने मकान में घुसकर आभूषण समेत अन्य सामान चोरी किए हैं। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि दंपती के बीच विवाद है। केस दर्ज किया गया है।
वेदी के लिए मारपीट, तीन महिलाओं समेत 8 पर केस
चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में छठ पूजा के लिए वेदी पर कब्जा करने की नियत से पहुंचे कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ मारपीट की। चोलापुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन महिलाओं समेत आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। उदयपुर की रहने वाली संगीता देवी ने बताया कि वह छठ पूजा के लिए वेदी बनाने पूजा स्थल पर पहुंची थीं।
आरोप है कि गांव के रामसूरत पांडेय ने कहा कि यहां वेदी नहीं बनती है। उनकी बेटी का जन्मदिन मनाया जाएगा। इस बात से नाराज सौरभ पांडेय समेत आधा दर्जन लोगों ने उनके साथ मारपीट। थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि सौरभ, रामसूरत, नंद और गौरव पांडेय समेत आठ पर मुकदमा दर्ज किया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया चोरी का आरोपी
कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक युवक को चोरी के आरोप में पकड़कर जेल भेज दिया। आरोपी के पास चोरी का मोबाइल, अंगूठी मिले हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि युवक ने पूछताछ में अपना नाम गाजीपुर के डेढ़गांवा निवासी संजय कुमार कुशवाहा बताया।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की चोरी में वांछित गिरफ्तार
मोबाइल की दुकान से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी होने के मामले में वांछित उमेश कुमार राजभर को बड़ागांव पुलिस ने शनिवार को शेरवानीपुर बगीचा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी शेरवानीपुर का निवासी है। डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया कि 29 नवंबर 2023 की रात कुड़ी बाजार के इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से छत का पटिया उखाड़कर चोरी की गई थी।
चेन स्नेचिंग का आरोपी सराफा समेत गिरफ्तार
चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी समेत माल खपाने वाले सराफा को शिवपुर पुलिस और एसओजी ने शुक्रवार रात कानूडीह अंडरपास रिंग रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से आभूषण बरामद हुए। एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भोजूबीर सोनकर बस्ती का राजा सोनकर और माल खरीदने वाला मीरापुर बसही शारदा विहार कॉलोनी निवासी राकेश सेठ हैं।
धर्मस्थल के निर्माण का विरोध, कराया शांत
जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट पानी टंकी के पास शनिवार को सड़क किनारे धर्मस्थल निर्माण का बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस स्थान पर पहले कभी धर्मस्थल नहीं था, इसलिए नई परंपरा शुरू नहीं होनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से जमीन खाली है। अब धर्मस्थल के लिए दीवार का निर्माण शुरू करने पर विवाद हो रहा है। जैतपुरा पुलिस ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत कराया। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि इस मामले की जानकारी शासन को भेजी गई है। शासन स्तर से जो निर्णय होगा, उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
15 वाहनों का चालान
कैंट पुलिस ने शनिवार शाम नदेसर व अन्य स्थानों पर बिना पार्किंग में खड़ी दो वाहनों को क्रेन से पुलिस लाइन भिजवाया। वाहनों से ब्लैक फिल्म उतरवाया गया। 15 वाहनों को चालान किया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि लोगों से अतिक्रमण न करने की अपील की है।
छह प्रार्थना पत्रों में एक का निस्तारण
फूलपुर थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उनके सामने कुल 6 शिकायतें आईं। दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। जबकि अन्य मामलों की जांच कर समयबद्ध निस्तारण का निर्देश दिया गया।
टेंडर निकाला तो जेल भरो आंदोलन करेंगे कर्मचारी
बिजली निगम में निजीकरण का विरोध बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी बिजली कार्यालयों, उपकेंद्रों पर कर्मचारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि अगर बिजली निगम की ओर से निजीकरण का टेंडर निकाला जाता है तो कर्मचारी सामूहिक रूप से जेल भरो आंदोलन करेंगे।
रंजिश में पिता-पुत्र को पीटा, 3 पर केस दर्ज
रंजिश को लेकर बेटे की पिटाई करने वालों से पिता ने सवाल किया तो आरोपियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर शिवपुर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया। शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी बड़ालालपुर निवासी अनूप विश्वकर्मा का आरोप है कि रंजिश को लेकर दो दिन पहले उनके बेटे को गोविंद प्रजापति, शैलेंद्र प्रजापति और कैलाश प्रजापति ने पिटाई की। शिकायत करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। शिवपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है।
मीटर बदलने गई टीम का किया विरोध तोड़ दिया मीटर, 25 अज्ञात पर मुकदमा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के आजाद पार्क (कच्ची बाग) मोहल्ले में शनिवार को मीटर बदलने पहुंची बिजली विभाग की टीम का लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि टीम के साथ लोगों ने मारपीट की और मीटर तोड़ दिया।
पुलिस ने जेई की तहरीर पर 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। लोगों का कहना था कि बिना पूर्व सूचना या अनुमति के मीटर बदले जा रहे हैं, जबकि उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। बिजली निगम के कर्मचारियों ने बताया कि मीटर बदलने का कार्य उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किया जा रहा है। इसी बीच कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर तोड़ दिया और विभागीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
भीड़ में शामिल लोग जेई अमन कुमार सिंह से उलझ गए। बिजली कर्मचारियों ने मामले की सूचना जैतपुरा पुलिस को दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो उपद्रव कर रहे लोग भाग निकले। एसओ जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पॉपुलर हॉस्पिटल में 4 दिवसीय विशेष कार्यशाला 30 से
चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों को पूर्वांचल के लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पॉपुलर हॉस्पिटल में 30 अक्तूबर से 2 नवंबर 2025 तक रोबोटिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, लेजर सर्जरी, माइक्रोवेव और कॉस्मेटिक गाइनेकोलॉजी पर चार दिवसीय विशेष कार्यशाला होगी।
मुख्य लक्ष्य स्थानीय चिकित्सकों को न्यूनतम चीर-फाड़ वाली सर्जिकल तकनीकों का उन्नत प्रशिक्षण देना है। मार्गदर्शन विशेषज्ञ डॉ. विनीत यादव, डॉ. अख्तर अली अंसारी, डॉ. प्रियंका जायसवाल, डॉ. माधवी परमार तथा डॉ. सृष्टि तान्या करेंगी। आयोजन समिति के सदस्यों में डॉ. एके कौशिक (चेयरमैन, पॉपुलर ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स), किरण कौशिक (प्रबंध निदेशक) और पीयूष हरि (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक) शामिल हैं।
अवैध ऑटो स्टैंड के संचालन से आवागमन बाधित
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव के अंडरपास के पास रोज जाम लग रहा है। प्रयागराज सर्विस मार्ग के अलावा वाराणसी व बाबतपुर की ओर अवैध ऑटो स्टैंड के संचालन से जाम की स्थिति बन रही है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
रिश्तेदार या पड़ोसी बैड टच करे तो डायल करें 1098
मिशन शक्ति फेज 5 में टिकरी के लोक बंधु राज नारायण बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को हिंसा से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। छात्राओं को महिलाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी रश्मि दुबे ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में बताया। कहा कि रिश्तेदार या आस पड़ोस में कोई बैड टच का प्रयास करे तो 1098 हेल्पलाइन नंबर डायल करें।
28 अक्तूबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल
छठ के लिए 28 अक्तूबर को कक्षा 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में अवकाश रहेगा। 27 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे तक ही पढ़ाई होगी। शनिवार की देर शाम जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी कर यह जानकारी दी। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशानुसार छठ पूजा पर 28 अक्तूबर को जिले के सभी प्री प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में अवकाश होगा। वहीं 27 अक्तूबर को अपराह्न 12 बजे तक ही विद्यालयों का संचालन किया जाएगा।
स्टेडियम में टहलने के लिए देना होगा शुल्क
लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के मिनी स्टेडियम में टहलने और खेलने वाले गैर रेल कर्मियों (बाहरी) खिलाड़ियों को शुल्क देना होगा। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मिनी स्टेडियम में बेवजह भीड़ काे नियंत्रित करने और खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए शुल्क लगाया जाएगा। बाहरी खिलाड़ियों को प्रतिव्यक्ति 100 रुपये प्रतिमाह शुल्क का भुगतान करना होगा।
वाराणसी होकर गुजरेंगी 3 पूजा स्पेशल ट्रेनें
छठ पर्व को लेकर वाराणसी मंडल में विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं। इसमें रविवार को तीन पूजा स्पेशल ट्रेनें वाराणसी और बनारस रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेंगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 26 अक्तूबर को मऊ से चलने वाली गाड़ी सं. 01124 मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष गाड़ी, गाड़ी सं. 01031 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-बनारस विशेष गाड़ी 26 अक्तूबर को और गाड़ी संख्या 05116 उधना-छपरा विशेष गाड़ी 26 अक्टूबर को उधना से वाराणसी होते हुए चलेगी।
काशी विद्यापीठ में कल अवकाश रहेगा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 27 अक्तूबर को अवकाश रहेगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय में 8 अक्तूबर को मनाए गए 47वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के दृष्टिगत अवकाश के दिनों में विश्वविद्यालय के सभी विभाग एवं कार्यालय खुले रहे। इसलिए 7 अक्तूबर (वाल्मिकी जयंती) के सापेक्ष 27 अक्तूबर को विश्वविद्यालय परिसर में अवकाश घोषित किया गया है।
पेपरलेस बनाने के लिए समर्थ पोर्टल की ट्रेनिंग शुरू
बीएचयू को पेपरलेस बनाने के लिए समर्थ पोर्टल के इस्तेमाल पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें एडमिशन के साथ ही एनओसी, सीएएस, पेंशन, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, ऑनबोर्डिंग, प्रोफाइल प्रबंधन, उपस्थिति, टाइमटेबल और सिंगल एंट्री सिस्टम जैसे प्रमुख मॉड्यूल पर काम करना सिखाया गया। प्रशासनिक और व्यक्तिगत कार्यों में इससे आसानी भी होगी। इसके अलावा हॉल और ऑडिटोरियम बुकिंग, इन्वेंटरी प्रबंधन, प्रशासनिक गवर्नेंस टूल्स, कैंपस सेवाएं और हॉस्टल आवंटन से जुड़े एप्लीकेशन भी बताए गए। ये प्रशिक्षण बीएचयू के स्टाफ डेवलपमेंट सेल द्वारा दिया गया। सत्र का संचालन सहायक कुलसचिव (समर्थ) मनोज कुमार गुप्ता ने किया।
प्रो. अनूप को मिलेगा यंग स्कॉलर अवाॅर्ड
आईएमएस बीएचयू के जीरियाट्रिक मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर और नेशनल सेंटर फॉर एजिंग के चीफ/नोडल अधिकारी प्रो. अनूप सिंह को यंग स्कॉलर अवाॅर्ड से नवाजा जाएगा। इंडियन एकेडमी ऑफ जीरियाट्रिक्स की ओर से पुणे में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जेरीकॉन में प्रो. अनूप को यह अवाॅर्ड दिया जाएगा। सम्मान में मेडल, प्रमाणपत्र और 20 हजार रुपये नगद धनराशि दी जाएगी। यह वार्षिक पुरस्कार युवा चिकित्सकों के अनुसंधान, नैदानिक एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
कृषि संस्थान निदेशक ने चीन में पढ़ा रिसर्च पेपर
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने चीन के नानजिंग में अपना शोधपत्र पढ़ा। उन्होंने 9वें इंटरनेशनल वीड साइंस कांफ्रेंस, 29 वें एशिया-पेसिफिक सोसायटी कांफ्रेंस और 17वें चायना वीड साइंस कांफ्रेंस में हिस्सेदारी की। चीन में प्रो. सिंह ने संरक्षण कृषि पद्धतियां: दक्षिण एशिया में सतत खरपतवार प्रबंधन की दिशा में एक अग्रगामी कदम शीर्षक पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। प्रोफेसर सिंह ने कहा कि संरक्षण कृषि पद्धतियां न खरपतवार प्रबंधन के लिए उपयोगी हैं, बल्कि मिट्टी के स्वास्थ्य सुधार, जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में भी सहायक है।
डीसी राय बने केंद्रीय पैकेजिंग संस्थान के मानद प्रोफेसर
बीएचयू के प्रो. डॉ. डीसी राय को भारत सरकार के शीर्ष पैकेजिंग संस्थान ने मानद प्रोफेसर के रूप में आमंत्रित किया गया है। भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त निकाय, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग (आईआईपी) दिल्ली में क्षेत्रीय समिति की बैठकों, अकादमिक चर्चाओं, विशेषज्ञ व्याख्यान देने और संस्थान के विकास के लिए रणनीतिक योजना सत्रों में योगदान देने के लिए जाना होगा।
आईआईपी दिल्ली के अतिरिक्त निदेशक और आरओ प्रो. तनवीर आलम ने उनको ये आमंत्रण दिया है। प्रो. डीसी राय वर्तमान में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के कुलपति भी हैं। उनके पास व्यापक शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव है। प्रो. राय ने कहा कि आईआईपी के नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। अत्याधुनिक अनुसंधान और औद्योगिक कार्यों के बीच के अंतर को पाटने के मिशन में अपना योगदान देना खास मौका है।
बीएचयू के कुलपति ने देखा बिना सिंचाई के उगने वाले अन्न
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने शनिवार को कृषि फार्म का दौरा किया। इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम इकाई पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना और चल रहे रिसर्च की समीक्षा की। उन्होंने वैज्ञानिकों और छात्रों के साथ बातचीत कर किसानों के लिए स्थायी समाधान और सक्षम प्रणाली को बताया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि बिना जुताई और मशीन द्वारा बुवाई के फसल-अवशेषों को खेत में रखते हुए अन्न उपजाया जा रहा है।
इससे 25-30 फीसदी लागत (श्रम, पानी, ईंधन) की बचत हुई है। ये सुरक्षित पर्यावरण और बेहतर मृदा स्वास्थ्य के साथ-साथ 10-15 फीसदी लाभ वृद्धि में उपयोगी है। कुलपति ने किसानों के लिए व्यावहारिक, लागत कम करने वाले और पर्यावरण-अनुकूल समाधान विकसित करने में समर्पित प्रयासों के लिए कृषि विज्ञान संस्थान की टीम की सराहना की।
विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षा शास्त्र विभाग के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से 12 दिन तक चले ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स में मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा की गई। समापन समारोह में बीएचयू मनोविज्ञान विभाग के प्रो. तुषार सिंह ने कहा कि वर्तमान में मानसिक स्वास्थ्य पर विमर्श अति आवश्यक है। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों के लिए चले ऑनलाइन मल्टी डिसिप्लिनरी रिफ्रेशर कोर्स के समापन समारोह में प्रो. तुषार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भागती दौड़ती जिंदगी के बीच ढेर सारी चुनौतियां हैं, जो कि मानसिक स्वास्थ्य को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय के देशबंधु कॉलेज की प्रो. सीमा गुप्ता ने तनाव प्रबंधन पर चर्चा की। अध्यक्षता करते हुए केंद्र निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि हर प्रभाव का कोई न कोई कारण अवश्य होता है। कार्यक्रम का संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, तकनीकी सहयोग विनय सिंह, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंजना वर्मा ने किया।
एकादशी से पूर्णिमा तक बिंदु माधव के होंगे 5 शृंगार
छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा स्थापित बिंदु माधव मंदिर में एकादशी से पूर्णिमा तक पांच अलग-अलग शृंगार होंगे। बिंदु माधव ट्रस्ट के तहत मंदिर में शरद पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक विविध आयोजन हो रहे हैं। रोजाना मंगला आरती, मक्खन आरती, श्रीखंड मलाई आरती और विशेष शृंगार किया जा रहा है। यह जानकारी प्रधान अर्चक एवं प्रबंधक आचार्य मुरलीधर गणेश पटवर्धन ने शनिवार को बिंदु माधव मंदिर में प्रेसवार्ता में दी।
श्याम मंडल की ओर से निकली निशान शोभायात्रा
श्री श्याम मंडल की ओर से 11 दिवसीय निशान शोभा यात्रा के चौथे दिन श्याम नाम गूंज के साथ शोभायात्रा निकली। मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से श्री श्याम निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा में समाप्त हुई।
काशी कला कस्तूरी के साहित्यिक प्रकल्प का गठन
काशी कला कस्तूरी के साहित्यिक प्रकल्प का गठन शनिवार को हुआ। संस्थापिका डॉ. शबनम की अध्यक्षता में साहित्यिक शाखा के गठन के लिए कई पक्षों पर विचार कर सर्वसम्मति से लोगों को नामित किया गया। इसमें डॉ. चंचल कुमारी को अध्यक्ष, डॉ. प्रशांत सिंह को उपाध्यक्ष, महेश जायसवाल को सचिव और आशुतोष कुमार प्रजापति को सहसचिव बनाया गया।
रंग डारुंगी डारुंगी नंद के लालन पे....
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या में शहनाई वादन हुआ। शहनाई वादन की शुरूआत राग मधुवंती तीन ताल में हुई। इसके बाद मिर्जापुरी कजरी घेरी घेरी आई सावन की बदरिया... प्रस्तुत किया।
बीज की कमी न हो : कृषि निदेशक
मंडलीय संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार और जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने शनिवार को चिरईगांव के राजकीय कृषि बीज भंडार निरीक्षण या। अधिकारी द्वय ने भंडार में दहलनी फसलों का स्टॉक भी देखा। निर्देशित किया कि किसानों को बीज में किसी प्रकार की कमी न हो। निरीक्षण में पाया कि रामचंदीपुर के किसान इंद्रजीत सिंह, उमानाथ सिंह और ग्राम मुस्तफाबाद के मोहन यादव ने गेहूं का बीज खरीदा है।
बड़ा गणेश मंदिर में हुआ भंडारे का आयोजन
लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर में शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में लगभग 25 क्विंटल दूध प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि यहां प्रसाद ग्रहण करने के बाद भक्तों को पानी की जगह दूध पिलाया गया।
प्रविषेक बने सपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने नवापुरा, दारानगर निवासी प्रविषेक कुमार उर्फ ईशान श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य नामित किया है। कार्यकर्ता ने बधाई दी।
बच्चों की डिजिटल उपस्थिति अनिवार्य : बीईओ
काशी विद्यापीठ विकास खंड के बीआरसी केसरीपुर में शनिवार को परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक बीईओ राम पूजन पटेल की अध्यक्षता में हुई। प्रधानाध्यापकों को परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की डिजिटल उपस्थिति अनिवार्य होने की बात कही।
कार्यशाला में एआई पर मंथन
इंडो अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से शनिवार को बनारस क्लब में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर कार्यशाला हुई। बेन एन जॉन ने अतिथियों का स्वागत किया। अपर आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह और एमएसएमई के संयुक्त आयुक्त प्रयागराज के एलबीएस यादव ने भी एआई की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
एक्सपो से बढ़ेगी प्रदेश की जीडीपी
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से 18-20 दिसंबर को एक होटल में अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2025 से उद्यमियों को पूरे प्रदेश की जीडीपी बढ़ने का अनुमान है। शनिवार को आईआईए कोर कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता कर आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि एक्सपो में इंवेस्ट यूपी, उद्योग विभाग, हैंडलूम विभाग, यूपी टूरिज्म और इंडिया टूरिज्म की भी भागीदारी होगी।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े कई एमएसएमई यूनिट के भाग लेने की सहमति मिल गई है। राजेश भाटिया ने बताया कि एक्सपो में एमएसएमई को पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर बृहद चर्चा होगी। दीपक बजाज ने बताया कि 15 देशों के प्रतिनिधियों के आने की सहमति मिली है।
नागरी प्रचारणी सभा के प्रधानमंत्री व्यामेश शुक्ल को शब्द शिल्पी सम्मान
बनारस पर एकाग्र व्योमेश शुक्ल की किताब आग और पानी को शब्द शिल्पी सम्मान दिया जाएगा। यह सम्मान आगामी 20-21 दिसंबर को जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल के मंच पर प्रदान किया जाएगा। इसमें स्मृति चिह्न के साथ लेखक को सम्मानस्वरूप एक लाख रुपए की धनराशि भी प्रदान की जाएगी। आग और पानी के साथ-साथ जिन पुस्तकों को सम्मानित किया जा रहा है इसमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश की झारखंड : चुनौती भी, अवसर भी और कवि-गद्यकार बाबुषा कोहली का उपन्यास लौ भी शामिल है।
साहित्यिक साक्षात्कारों के जानेमाने प्रस्तोता और अंजुम शर्मा भी लोकप्रिय संवाद-शृंखला संगत की निरंतरता और गुणवत्ता के लिये पुरस्कृत होंगे। महज दो वर्षों में आग और पानी के छह संस्करण हो चुके हैं और नई पीढ़ी के पाठकों ने इसे बहुत प्यार दिया है। पुरस्कार की घोषणा पर अपनी प्रतिक्रिया में व्योमेश शुक्ल ने कहा है कि यह हिंदी के धुरंधर पाठकों की जय है। यह बनारस के दिग्गज चरित्र की जय है।