फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   varanasi News today Minor misdeed three accused acquitted Gyanvapi case to heard today

News: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी दोषमुक्त, आज होगी ज्ञानवापी केस की सुनवाई; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Wed, 21 May 2025 10:31 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 21 May 2025 10:31 AM IST
सार

वाराणस की अदालत ने पाक्सो एक्ट के तहत दर्ज नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन आरोपियों को दोष्मुक्त कर दिया। वहीं, ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मामले की सुनवाई बुधवार को होगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
varanasi News today Minor misdeed three accused acquitted Gyanvapi case to heard today
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट (तृतीय) विनोद कुमार की अदालत ने दोषमुक्त कर दिया। सारनाथ थाना क्षेत्र निवासी आरोपियों विशाल राजभर, गोलू गुप्ता व गुंजा पांडेय को आरोप सिद्ध न होने पर दोषमुक्त कर दिया। 

विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार 19 दिसंबर 2016 की रात वादिनी अपने 13 वर्षीय पुत्री के साथ बाजार से सब्जी लेकर घर जा रही थी। तभी विशाल राजभर, उसके दोस्त गोलू गुप्ता ने पुत्री से दुष्कर्म किया। इस दौरान मौजूद गुंजा पांडेय ने भी दोनों आरोपियों के साथ मिलकर दुष्कर्म में सहयोग किया। 
विज्ञापन


अग्रिम जमानत मिली : मकान के विवाद को लेकर वृद्धा की पिटाई और लूट मामले में पुत्र समेत दंपटी को कोर्ट से राहत मिल गई। अपर जिला जज (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने आरोपी आनंद डे, उसकी पत्नी बल्लू डे उर्फ नीतू डे और बेटे आयुष डे को गिरफ्तार किए जाने की दशा में 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

varanasi News today Minor misdeed three accused acquitted Gyanvapi case to heard today
वाराणसी कोर्ट। - फोटो : Amar Ujala

21 मई को ज्ञानवापी मामले की सुनवाई
सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में मंगलवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मामले में सुनवाई हुई। वादी रहे स्वर्गीय हरिहर पांडेय की बेटियों के अधिवक्ता ने बहस की।अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 21 मई की तिथि तय की है।

हरिहर पांडेय की बेटियों की ओर से पक्षकार बनने के लिए अर्जी दी गई है। उधर, महिला अधिवक्ता ने जिला जज की अदालत से ज्ञानवापी के पुराने मामले के स्थानांतरण से संबंधित अर्जी पर दोबारा सुनवाई करने का अनुरोध किया है। 

बिहार की लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज 
वाराणसी के प्लाट नंबर 103, साकेत नगर, संकट मोचन निवासी श्री हनुमान सेना सामाजिक संस्था के अध्यक्ष सुधीर सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि वाराणसी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपमानजनक वीडियो बनाकर उन्हें कायर व जनरल डायर जैसे अपमानजनक शब्द से सम्बोधित कर उसे पाकिस्तान में वायरल कर रही है।

क्लैट का पेपर देने आया छात्र तुलसी घाट पर गंगा में डूबा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर मंगलवार की सुबह गंगा में डूबने से छात्र अमित कुमार सिंह की मौत हो गई। एनडीआरएफ ने काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

गौतमबुद्धनगर नोएडा सेक्टर 68 का रहने वाला अमित कुमार सिंह (25) अपने साथी विवेक पाठक और सत्यम के साथ वाराणसी में क्लैट का पेपर देने के लिए आया था। सुबह तीनों दोस्त गंगा घाट पर नहाने गए। सत्यम और विवेक घाट की सीढ़ी पर बैठ गए। अमित कुमार सिंह गंगा में नहाने के दौरान डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के नाविक पहुंचे तब तक अमित कुमार सिंह गंगा में समा गया। 

जल पुलिस और एनडीआरएफ के गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। भेलूपुर थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि अमित के पिता दिलीप को फोन पर घटना की सूचना दी गई। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि अमित तैराना नहीं जानता था। सीढ़ी पर नहाते समय पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में चला गया।  

सीयूईटी का पेपर देने से पहले छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी
सिगरा थाना क्षेत्र के विजयानगरम मार्केट स्थित स्वागत गेस्ट हाउस में छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार की सुबह पर्दे के राॅड से दुपट्टे के सहारे शव लटकता मिला। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल समेत अन्य सामान कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

जौनपुर के मोकलपुर निवासी पंकज सिंह की बेटी प्रियांशु (18) सिकरारा में मामा के यहां रहती थी। 23 मई को होने वाली सीयूईटी की परीक्षा से पूर्व वह सेंटर देखने के लिए वाराणसी आई थी। 19 मई की रात 9.45 बजे प्रियांशु ने कैंट स्टेशन के सामने विजया नगरम मार्केट स्थित स्वागत गेस्ट हाउस में कमरा लिया था। सुबह गेस्ट हाउस के कर्मचारी जब साफ-सफाई के लिए छात्रा के कमरे के पास गए तो दरवाजा नहीं खुला। 

होटल मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर छात्रा का शव कब्जे में लिया। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि छात्रा का सेंटर आजमगढ़ रोड स्थित आईएचएमसी में था। पिता पंकज सिंह ट्रक चालक हैं। छात्रा के मामा जितेंद्र सिंह से पूछताछ की जा रही है। छात्रा ने क्यों यह कदम उठाया, इसके बारे में परिजनों से जानकारी ली जा रही है।  

ड्यूटी करने के बाद लौट रहे हेड कांस्टेबल की हादसे में मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के सेहमलपुर के पास सोमवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार हेड कांस्टेबल अनिल कुमार पांडेय (45) की मौत हो गई। वह मूलरूप से वाराणसी के सारनाथ के रहने वाले थे, लेकिन तैनाती आजमगढ़ में थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। 

वाराणसी सारनाथ थाना क्षेत्र के लोहिया नगर निवासी अनिल कुमार पांडेय हेड कांस्टेबल थे। आजमगढ़ से ड्यूटी समाप्त करने के बाद सोमवार की रात बाइक से घर लौट रहे थे। बाबतपुर-शिवपुर मार्ग स्थित सेहमलपुर के पास पहुंचे थे कि किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वे सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से अनिल को सातोमहुआ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बीएचयू पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस ने मामले की जानकारी अनिल के परिजनों को दी। साथ ही कमिश्नरेट की पुलिस में तैनात अनिल के कई सहकर्मी भी बीएचयू पहुंच गए। कुछ साल पहले अनिल पांडेय की तैनाती छावनी क्षेत्र स्थित एडीजी जोन कार्यालय में थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। 

माता शीतला की हुई बसिअउरा पूजा, गर्मी से राहत की गुहार
ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर मंगलवार को शीतलाष्टमी और कालाष्टमी मनाई गई। श्रद्धालुओं ने माता शीतला और भैरव मंदिरों में पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। दशाश्वमेध घाट स्थित सिद्धपीठ शीतला माता मंदिर में बसिअउरा की पूजा हुई। गर्मी से राहत के लिए माता से कामना की गई। शीतला मंदिर में सुबह शृंगार कर माता का शीतल जल से अभिषेक हुआ।

अवशेष पांडेय कल्लू महाराज ने पूजन-अर्चन कर माता को खरबूजा, ककरी, दही आदि का भोग लगाया। दोपहर तक श्रद्धालुओं ने बसिअउरा की पूजा की। वहीं, नमामि गंगे के सदस्यों ने स्वच्छता अभियान चलाकर माता शीतला मंदिर और घाट पर सफाई की। इसके बाद माता का पूजन अर्चन कर आरती उतारी। अभियान में संयोजक राजेश शुक्ला, महंत अविनाश पांडेय आदि रहे। 

लाट भैरव को लगा फलों का भोग
अनादिकालेश्वर बाबा लाट भैरव के दरबार में विधिवत पूजन हुआ। देवाधिदेव महादेव के भैरव स्वरूप कपालेश्वर की आराधना कर भक्तों ने जग के कल्याण की कामना की। ज्येष्ठ माह की प्रचंड गर्मी को देखते बाबा से मौसम अनुकूल वस्त्र पहनाए गए थे। आम, केला, खीरा, ककड़ी, तरबूज आदि मौसमी फलों का भोग लगा। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में शृंगार हुआ। मुख्य यजमान दक्षिण भारतीय श्रद्धालु त्रिवेंदपुरम के कुमार गणेश ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान में भाग लिया। शयन आरती के साथ ही अनुष्ठान की पूर्णाहुति हुई।

बड़ा मंगल : 200 से अधिक मंदिरों में शृंगार, 40 हजार भक्तों ने लिया प्रसाद
ज्येष्ठ मास के दूसरे मंगलवार यानी बड़ा मंगल पर 200 से अधिक हनुमान जी के मंदिरों में शृंगार कर पूजन-अर्चन हुआ। हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ हुआ। मंदिरों व प्रतिष्ठानों के भंडारे में लगभग 40 हजार भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिरों में दर्शन के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।

श्री हनुमान सेना के आह्वान पर मंदिरों में शृंगार कर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके बाद भंडारे भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि दूसरे बड़े मंगल पर हनुमान मंदिर नगवां, नीचीबाग, महावीर मंदिर अर्दली बाजार, राम जानकी हनुमान मंदिर बुलानाला, हनुमान घाट, मंडुआडीह, काशी विद्यापीठ क्षेत्र के हनुमान मंदिरों के साथ ही यूपी कॉलेज के गेट पर छात्रों ने भंडारे का आयोजन किया।

वहीं, योगी आदित्यनाथ फैंस क्लब की ओर से कंपनी बाग मैदागिन में भंडारा हुआ। इस दौरान विजय कपूर, मार्कंडेय तिवारी, विनोद भारद्वाज, अतुल शुक्ला, शिवेंद्र सिंह, राजीव राय रहे। संवाद

अग्रसेन महिला समिति के शिविर का शुभारंभ
श्री अग्रसेन महिला समिति के 41वें ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को मैदागिन के अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में हुआ। मुख्य अतिथि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक श्रीकांत मिश्रा ने उद्घाटन किया। 40 दिवसीय शिविर में बच्चों और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

संयोजिका मालिनी चौधरी ने बताया कि शिविर में स्केटिंग, डांस, पेंटिंग, कथक, स्कूटी ड्राइविंग, वैदिक गणित, कार ड्राइविंग, हेयर ड्रेसिंग एवं एडवांस ब्यूटीशियन कोर्स सहित 60 से अधिक कोर्स संचालित किए जाएंगे। शिविर 22 जून तक चलेगा। इसमें कुल तीन सत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा। 500 बच्चों और महिलाओं नें अब तक पंजीकरण कराया है। 

चंदा अग्रवाल ने श्रीकांत मिश्रा जी को रामायण एवं महाशिवपुराण की प्रति भेंट की। सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, रंजना अग्रवाल, डॉ. रचना अग्रवाल आदि ने विचार रखे। स्वागत शशिबाला शाह, संचालन अर्चना अग्रवाल, मालिनी चौधरी एवं रीता प्रकाश एवं धन्यवाद ज्ञापन बृजकमल दास अग्रवाल ने किया। 

देवब्रत के सितार पर मोहित हुए अंगोला के राष्ट्रपति
सितारविद पं. देवब्रत मिश्रा ने पिछले दिनों अंगोला के राष्ट्रपति को सितार की कर्णप्रिय धुन सुनाकर मंत्रमुग्ध कर दिया। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में उनके सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देकर शास्त्रीय संगीत की आभा से उन्हें आनंदित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में विदेशी राष्ट्राध्यक्ष जोआओ लौरेंको के संगीत नाटक अकादमी की ओर से संगीत कार्यक्रम हुआ था। पं. मिश्रा ने वृंदावनी सारंग के बाद राग पहाड़ी, पीलू एवं राग भैरवी में धुन सुनाकर विभोर किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जोआओ लौरेंको ने प्रख्यात सितार वादक पं. शिवनाथ मिश्र के पुत्र देवब्रत की सधि प्रस्तुति की प्रशंसा की थी।

बरेका में हिंदी के प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर
बनारस रेल इंजन कारखाना के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को राजभाषा विभाग की ओर से राजभाषा हिंदी पर कार्यशाला हुई। इसमें राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार व उसके समुचित उपयोग पर जोर दिया गया। कनिष्ठ अनुवादक आलोक पांडेय ने हिंदी के प्रयोग में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इस बीच गृह मंत्रालय की ओर से राजभाषा हिंदी के उन्नयन के लिए की जा रही विभिन्न पहल, प्रतियोगिताओं एवं पुरस्कार योजनाओं की जानकारी दी गई। 

50 महिलाओं को दी जाएगी सिलाई की ट्रेनिंग
दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की ओर से हुकुलगंज में शुरू हुए निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बेहतर मौका दिया जा रहा है। मंगलवार को उन्हें सिलाई, मेहंदी, डांस और ब्यूटीशियन के बारे में विस्तार जानकारी दी गई। संस्थान की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होना बेहद जरूरी है। यह शिविर उसी दिशा में कार्य कर रहा है। शिविर में अभी तक 50 से अधिक महिलाएं और बालिकाएं पंजीकरण करवा चुकी हैं। उनको छह माह तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

पाक कला में ऊषा और मधु रहीं अव्वल
काशी महिला व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से बुलानाला स्थित धर्मशाला में पाककला प्रतियोगिता हुई। मुख्य जज शेफ अशोक मुखर्जी रहे। नमकीन व्यंजन में ऊषा गुप्ता ने प्रथम, छाया श्रीवास्तव ने द्वितीय और सुशीला पांडेय ने तृतीय पुरस्कार जीता। वहीं, मीठे व्यंजन में मधु केसरी प्रथम, एकता द्वितीय, बबिता तृतीय स्थान पर रहीं।

कोषाध्यक्ष अनिल केसरी ने प्रोत्साहन स्वरूप नकद राशि दी। अध्यक्षता शालिनी गोस्वामी ने की। संचालन महामंत्री रश्मि साहू ने किया। काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष राकेश जैन, महामंत्री राजकुमार शर्मा, रविशंकर सिंह, राजेश सोनी, विजय पांडेय, आरती मल्होत्रा, रेखा जायसवाल, अंजलि माहेश्वरी, लक्ष्मी जाडवानी, सुषमा पांडेय, बबीता चंदेल आदि रहीं। 

लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष बने ज्योति शंकर
लघु उद्योग भारती जिला काशी का चुनाव मंगलवार को मुढैला स्थित एक लाॅन में हुआ। इस चुनाव में ज्योति शंकर मिश्रा को सर्वसम्मति से दोबारा अध्यक्ष नामित किया गया। उनके साथ बृजेश गुप्ता को महामंत्री और गुलजारी लाल गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया।

काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ज्योति शंकर मिश्रा की ओर से जिले में उद्यमियों के हित में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें दोबारा अध्यक्ष पद के लिए नामित किया गया है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नीतीश और दीनदयाल उपस्थित रहे। लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष दीना नाथ बरनवाल, राजेश चौधरी, वीके राणा और संगठन के कई अन्य उद्यमी मौजूद रहे। 

ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में मातृृशक्ति आज निकालेंगी गौरव यात्रा
ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन और सम्मान में मातृशक्ति की ओर बुधवार को विशाल गौरव यात्रा निकाली जाएगी। भारतीय मातृशक्ति गौरव समिति के बैनर तले महिलाएं इस यात्रा में शामिल होंगी और अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। संयोजिका प्रो. मंजू द्विवेदी ने बताया कि यह यात्रा बुधवार को शाम पांच बजे नगर निगम के पास शहीद उद्यान से निकलकर भारत माता मंदिर तक जाएगी।

पूरा कार्यक्रम भारत के वीर सैनिक सपूतों को समर्पित रहेगा। उन्होंने बताया कि इसके जरिये काशी से पूरे विश्व को भारत की संस्कृति, शक्ति और नारी गरिमा का संदेश देंगी। इसमें शामिल होने के लिए अधिकाधिक महिलाओं को आह्वान किया गया है। इस दौरान सेना से जुड़ीं मातृशक्तियों का सम्मान होगा। 

हैप्पी मॉडल स्कूल में यूफोरिया का आयोजन
हैप्पी मॉडल स्कूल कुरहुआं में दो दिवसीय समर कल्चरल फेस्ट यूफोरिया का आयोजन किया गया। उद्घाटन मुख्य अतिथि मॉडल व इंफ्लुएंसर अदिति सिंह और विद्यालय की निदेशिका नीता सिंह ने किया। फेस्ट में बोर्ड परीक्षा के कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स व उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया।

कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों ने रैंप वॉक में अपनी वेशभूषा के माध्यम से फ्यूचर अर्थ, जीरो वेस्ट वॉरियर्स, प्लास्टिक प्लग जैसे विषयों पर समाज को एक नई दिशा देने का प्रयास किया। कक्षा 10वीं की काव्यांशी सिंह ने प्रथम, आराध्या सिंह ने द्वितीय और राजश्री सहाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संचालन खुशी व दृष्टि के साथ प्रवक्ता राजेश कुमार ने किया। प्रधानाचार्य प्रवीश कुमार सिंह, उप प्रधानाचार्य धीरज गौर, हेडमिस्ट्रेस भूमिका शाही आदि उपस्थित रहीं।

पायो जी मैंने राम रतन धन पायो... 
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन की ओर से आयोजित काव्यार्चन की 35वीं कड़ी का आयोजन अस्सीघाट पर हुआ। वरिष्ठ रचनाकार महेंद्र तिवारी अलंकार की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में रचनाकारों ने मीराबाई पर आधारित रचनाओं का पाठ किया। प्रो. वात्सला श्रीवास्तव, राजलक्ष्मी मिश्रा, संगीता श्रीवास्तव ने काव्यपाठ किया। अतिथि रचनाकार गुंजन गुप्ता ने पायो जी मैंने राम रतन धन पायो... सुनाया। इस दौरान सूर्य प्रकाश मिश्र, सूर्यकांत त्रिपाठी, गिरीश पांडेय, प्रताप शंकर दुबे, डाॅ. जयप्रकाश मिश्र ने किया। 

स्वामी हरसेवानंद में समर कैंप का हुआ समापन
स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल बनपुरवां में दस दिवसीय समर कैंप का समापन मंगलवार को हुआ। कैंप में विद्यार्थियों ने खेलकूद, तैराकी, पॉट मेकिंग, कर्सिव राइटिंग, वॉल हैंगिंग, चित्रकला, हिंदी लेख, सुलेख, योगा आदि में हिस्सा लिया। समापन प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानंद की मौजूदगी में किया गया। कैंप में बच्चों ने सीखे गए कौशल और बनाई गई वस्तुओं का प्रदर्शन किया।

इसमें ऑपरेशन सिंदूर की जीवंत प्रस्तुति सराहनीय रही। कौशल सिखाने में मंजूलता शर्मा, गिरीशचंद्र अरोड़ा, शीला श्रीवास्तव आदि शिक्षकों ने भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य डॉ. एके चौबे, छात्रावास अधीक्षक लेफ्टिनेंट एमएस यादव (सेवानिवृत्त), मुकेश्वर सिंह, अनुराधा दीक्षित मुकेश्वर सिंह, अनुराधा दीक्षित, ममता यादव उपस्थित रहीं। संचालन मिर्जा विलायत बख्त ने किया।

अरब सागर व बंगाल की हवा से तापमान गिरा, बारिश और आंधी के आसार
अरब सागर से आने वाली नम हवाओं और बंगाल की खाड़ी की तरफ से आ रही पुरवा हवा ने काशीवासियों को राहत दी है। चुभती-जलती गर्मी से दूर बनारस में आंधी के साथ बारिश के संकेत मिल रहे हैं। लखनऊ के मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि 21 से 23 मई तक काशी में तेज हवा चलने और बिजली कड़कने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस समय दक्षिणी-पश्चिमी हवाओं के साथ ही बंगाल की खाड़ी से भी नम हवा का संचालन जारी है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बनारस में 24 मई से अच्छी बारिश होगी। उसके पहले भी बिजली गिरने के साथ बूंदाबांदी और हल्की वर्षा की संभावना है। मंगलवार को बनारस का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री तक आया। रात 10 बजे तक पारा 32 डिग्री तक आ गया। हवा में नमी 60 फीसदी रही और वहीं अधिकतम गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई। 

varanasi News today Minor misdeed three accused acquitted Gyanvapi case to heard today
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल। - फोटो : अमर उजाला

मेडिकल कॉलेज का निर्माण रोका जमीन पर प्रशासन की आपत्ति
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सामने बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अटक गया है। इसके लिए जो जमीन चिह्नित की गई है, उस पर प्रशासन ने आपत्ति जताई है। अब नए सिरे से जमीन का चयन किया जाएगा। अब काम कब शुरू होगा, इस पर कोई फैसला नहीं हो सकता है।

मानसिक अस्पताल परिसर में बनने वाले 440 बेड के मेडिकल कॉलेज के लिए शासन स्तर पर जो एमओयू हुआ है, उसमें निर्माण कार्य के लिए दमानी ग्रुप को जिम्मेदारी दी गई है। तीन दिन पहले ही प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने दौरा कर मेडिकल काॅलेज के लिए जमीन देखी थी।

उन्होंने सीएमओ, कार्यदायी संस्था से जुड़े लोगों से तय समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने को कहा था। लेकिन, प्रशासन की आपत्ति के बाद बाउंड्रीवाॅल के निर्माण का काम रुकवा दिया गया है। उपजिलाधिकारी सदर ने जमीन के चिह्नांकन पर आपत्ति जताते हुए फिलहाल काम रोकने को कहा है। अब नए सिरे से बाउंड्रीवॉल के लिए सीमांकन किया जा रहा है। इसके बाद नींव खोदाई काम शुरू हो पाएगा।

प्राचार्य करेंगे व्यवस्थाओं की निगरानी: मानसिक अस्पताल परिसर में प्रस्तावित मेडिकल काॅलेज से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए प्राचार्य की तैनाती कर दी गई है। इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमल कुमार को निर्माण कार्य से लेकर अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल डेढ़ साल का समय इसके बनने में लगेगा। शासन स्तर से मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और पढ़ाई की पूरी व्यवस्था जिला अस्पताल में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। 

varanasi News today Minor misdeed three accused acquitted Gyanvapi case to heard today
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

सिगरा, बेनिया और शिवपुर में बनेंगे व्यावसायिक भवन, नगर निगम तैयार करेगा प्रस्ताव
नगर निगम को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए सिगरा पेट्रोल पंप, बेनिया और शिवपुर में व्यावसायिक भवन बनाए जाएंगे। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने निगम के अधिकारियों को इसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में नगर विकास के कार्यों की समीक्षा की।

इस दौरान मेयर ने सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। निर्देशित किया कि समय से काम पूरा कराएं। समय से काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। बैठक में मेयर ने गर्मी को देखते हुए शहर में जगह-जगह वाटर कूलर लगाने के लिए महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया। 

महाप्रबंधक ने बताया कि चार स्थानों पर वाटर कूलर लगा दिया गया है। नगर निगम सीमा के नवविस्तारित क्षेत्रों में सीवर लाइन डालने के लिए जल निगम के अधिकारियों से डीपीआर के बारे में पूछा। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि रामनगर के संपूर्ण क्षेत्रों की सीवर लाइन की डीपीआर तैयार कर ली गई है। मेयर ने कहा कि भगवानपुर, सीर, सुसुवाही, चितईपुर, पहाड़ी गेट आदि इलाकों का भी प्रस्ताव जल्द तैयार करें। 

मेयर ने जोनल अधिकारियों से गृहकर, जलकर, सीवर कर में दी जा रही छूट की समीक्षा की। नगर निगम, जलकल के राजस्व निरीक्षक संयुक्त रूप से बिल वितरित करेंगे। मेयर ने छूट अवधि में 70 प्रतिशत बकाया गृहकर जमा कराने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि नाला सफाई के 12 घंटे के भीतर मौके से सिल्ट हटवा दिया जाए।

रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव मिला
मंडुवाडीह क्षेत्र के बनारस स्टेशन के उत्तरी छोर पर रेलवे ट्रैक के किनारे मंगलवार की शाम छोटू (38) का शव मिला। आरपीएफ व मंडुवाडीह पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि छोटू बनारस स्टेशन पर चना बेचने का कार्य करता था। पत्नी चंद्रिका तीन बच्चों के साथ बिहार में रहती है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

शोरूम के भवन से गिरकर मजदूर की मौत
कैंट थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के पास मंगलवार को वाहन शोरूम की छत से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। सर्किट हाउस से अर्दली बाजार मार्ग स्थित एक चारपहिया वाहन के शोरूम में निर्माण कार्य चल रहा था। भवन के ऊपरी तल को वीडीए द्वारा पहले ही सील किया जा चुका है, लेकिन निचले तल पर निर्माण कार्य जारी था।

इसी दौरान मिर्जापुर के अहरौरा निवासी संतोष कुमार (40)पाइप पर फिसलकर नीचे गिर गया। घायल संतोष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है। 

मकान तोड़ते समय दो मजदूर दबे, अस्पताल में भर्ती
लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव में मंगलवार की दोपहर में जर्जर मकान का छत तोड़ते समय मलबे में दो मजदूर दब गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मजदूरों को मलबे से निकालकर दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया। चुरामनपुर में महेंद्र सिंह का पुराना मकान है। मकान का छत तोड़ते समय मलबे में चंद्रशेखर (25) , सुभाष (22) दब गए। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

तीन पशु तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई
मिर्जामुराद पुलिस ने मंगलवार को पशु तस्करी में संलिप्त 3 लोगो के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अयोध्या जिले के रामघाट काशीराम काॅलोनी निवासी विशाल गुप्ता व अशोक कुमार गुप्ता व बिहार के बुधौल थाना क्षेत्र के वजीरगंज निवासी गणेश यादव के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में पशु तस्करी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर सभी पशु तस्करों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। अशोक कुमार गुप्ता व गणेश यादव जेल में बंद है जबकि विशाल फरार चल रहा है। 

इंजीनियर के घर से लाखों की चोरी
रोहनिया के नरउर गांव में चोरों ने इंजीनियर उदयभान सिंह के मकान का ताला तोड़ कर पांच हजार रुपये जेवरात चुरा ले गए। इंजीनियर उदयभान सिंह ने सोमवार को पुलिस तहरीर दी। तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली गये थे। सोमवार को वापस लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। थाना प्रभारी विवेक शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में 4 पर मुकदमा 
सेवापुरी गांव की युवती की शिकायत पर दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती ने जंसा थाने में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमवार को जब उसके परिजन एक शादी समारोह में गए थे और वह अपनी छोटी बहन के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान कन्हैयालाल, राजकुमारी देवी, संता कुमारी और गौरव विवादित जमीन पर अवैध निर्माण करने लगे। विरोध करने पर  मारपीट और छेड़छाड़ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

पेट्रोल पंप कर्मचारियों और युवकों में मारपीट
भेलूपुर थाना क्षेत्र के साकेत पेट्रोल पंप पर मंगलवार शाम बाइक खड़ी करने को लेकर मारपीट हो गई। पंप के कर्मचारी ने बताया कि लंका के रहने वाले दो युवक बाइक पंप पर बीच रास्ते में खड़ी कर दी। हटाने के लिए कहा गया तो युवक गाली गलौज करने लगा। इसके बाद मारपीट की। पुलिस ने एक घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। दूसरे युवक और दो पंप कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 

युवती का वीडियो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार
युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने और परिजनों को परेशान करने के आरोपी को चौक पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी घुंघरानी गली निवासी तंजीम है। थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने मुकदमा दर्ज कराया है।

युवती का आरोप है कि तंजीम उसे परेशान करता है। एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और उसमें परिजनों, रिश्तेदारों, कार्य स्थल के अधिकारियों को जोड़ते हुए मेरा न्यूड वीडियो वायरल किया। बहुत ही परेशान कर रखा है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 

अतिक्रमण में दो दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज
गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग स्थित सड़क पर अतिक्रमण करते हुए पूजा सामग्री बिक्री मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में केस दर्ज किया गया। दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक विजय नाथ शुक्ला ने बताया कि भिखारीपुर कला निवासी बबलू जायसवाल और खोजवा निवासी दीपक जायसवाल के खिलाफ अतिक्रमण समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। 

शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
लोहता के महमूदपुर गांव के रहने वाले अजय मोदनवाल को एक युवती के शारीरिक शोषण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती ने बीते रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अजय पिछले एक साल से शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। युवती की तहरीर पर पुलिस ने अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि आरोपी अजय को मंगलवार को लोहता स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। 

कैंटीन के कर्मचारियों पर निदेशक ने दर्ज कराया केस 
शास्त्री नगर स्थित आईपी मॉल में फर्म के साथ धोखाधड़ी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सिगरा थाने में केस दर्ज किया गया। आईपी मॉल के निदेशक मनीष कुमार ने थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि सिनेमा हाल की कैंटीन के कर्मचारी उदयभान मिश्रा और राजू प्रजापति ने कंपनी को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

युवती को अगवा करने का आरोप, केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को अगवा करने का पिता ने आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोप है कि भदोही के चौरी थाना क्षेत्र लठिया गांव निवासी युवक ने बेटी को अगवा किया है। 11 मई को बेटी एक शादी समारोह में गई थी। उसके बाद से वह गायब है। 

मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली सीज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा कला बाजार में सोमवार की रात मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को पुलिस ने सीज किया। चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन में ट्रैक्टर को सीज किया गया। 

मारपीट के मामले में छात्रों ने लंका थाने में दी तहरीर
बीएचयू में मारपीट के मामले में छात्रों ने लंका थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इससे पहले छात्र प्रॉक्टोरियल बोर्ड के पास पहुंचे तो पता चला कि बाहरी छात्रों ने मारपीट की है। तहरीर के मुताबिक मंगलवार को दोपहर 12.15 बजे शारीरिक शिक्षा विभाग के सामने बीवॉक के छात्र श्रेयांश द्विवेदी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी लंका थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

दंपती ने पीया नुकसानदायक पदार्थ
शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में मंगलवार दंपती ने नुकसानदायक पदार्थ पी लिया। हालांकि दोनों की तबीयत ठीक है। शिवपुर थाने जाने के बाद दंपती ने समझौता भी कर लिया। आजमगढ़ के देवगांव के रहने वाले युवक का आरोप था कि उसकी पत्नी महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से मोबाइल फोन पर बात करती है। पत्नी ने विरोध किया। इसके बाद युवक ने नुकसानदायक पदार्थ पी लिया। यह देख पत्नी घबरा गई और उसने भी नुकसानदायक पदार्थ पी लिया। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि दंपती ने विवाद खत्म कर लिया। तहरीर नहीं मिली है। 

जमीन के विवाद में मारपीट, 10 के खिलाफ केस दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के जगापट्टी गांव में जमीन के विवाद में मारपीट के मामले में तीन महिला समेत 10 के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पीड़ित अलियार यादव ने एसीपी राजातालाब को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित अलियार ने पुलिस को बताया कि वह अपने निजी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दाैरान राजेंद्र सिंह, अरविंद सिंह समेत 10 लोगों ने पिटाई की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

27 फीसदी लोगों का बीपी बढ़ा मिला 
आईसीएमआर नई दिल्ली की ओर से प्रायोजित आईएमएस बीएचयू के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से प्राथमिक विद्यालय सरायडंगरी में लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लोगों ने जांच करवाई। शिविर में 27 फीसदी लोगों में ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक मिला। 22 फीसदी लोग ऐसे मिले जिनका ब्लड शुगर भी अधिक रहा। प्रो. संगीता कंसल प्रो. जया चक्रवर्ती, प्रो. आलोक कुमार और डॉ. अंजू भारती, डॉ. विक्रम जैन, डॉ. इफि्तखार अहमद जावेद, डॉ. राकेश यादव मौजूद रहे। 

प्रो. राजेश बने योग दिवस के नोडल समन्वयक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों के लिए छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र को नोडल समन्वयक बनाया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार प्रो. मिश्र को जिममेदारी दी गई है। 

मेयर ने नलकूप का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी की ओर से मंगलवार को वार्ड संख्या  07, लोको छित्तूपुर में चैनवीर बाबा मंदिर पास नए मिनी नलकूप का शिलान्यास किया गया। इसकी लागत 30.68 लाख रुपये है। शिलान्यास के दौरान महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव ओपी सिंह, पार्षद विवेक कुशवाहा, प्रवीण राय, मंडल अध्यक्ष राजेश कुशवाहा, मुन्ना सरोज, जीतू विश्वकर्मा, जिया लाल सोनकर मौजूद रहे। 

सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंगलवार को 14 मई को जारी शासनादेश के विरोध में काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त शासनादेश में उप राजस्व अधिकारी के 137 पदों के सापेक्ष 45 पद व जिलेदार के 600 पदों के सापेक्ष 283 पदों एवं मुंशी के 317 पदों को छोड़कर शेष पदों को समाप्त करने ,सींचपाल, नलकूप चालक, हेड मुंशी के पदों को मृत संवर्ग घोषित कर दिया गया है। संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र रघुवंशी इंजी. पीके राय, अवधेश पांडेय, प्रकाश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। 

वाणिज्य विभाग में पुस्तक का विमोचन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाणिज्य विभाग में कार्यक्रम में प्रो. कृपाशंकर समेत तीन शिक्षकों द्वारा लिखी पुस्तक का विमोचन किया गया। प्रो. कृपा शंकर जायसवाल, डॉ. आयुष कुमार एवं श्रेयांशी जायसवाल ने पुस्तक लिखी है।  विमोचन संकायाध्यक्ष प्रो. सुधीर, विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने किया।

वेंडिंग जोन पर हुई चर्चा
पथ विक्रेता जीविका सुरक्षा एवं पथ विक्रय विनियमन अधिनियम 2014 के संबंध में मंगलवार को नगर निगम में बैठक हुई। टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि 63 वेंडिंग जोन सूची है। इनमें 7 वेंडिंग जोन को पास कर कुछ को नो वेंडिंग जोन के प्रस्ताव पास करने का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने कहा कि फ्लाईओवर के नीचे माडल वेंडिंग जोन बनाया जाए। बैठक में मदन मोहन दुबे, प्रवीण राय, जावेद खान शामिल रहे। 

आश्रम में दिया एक लाख का मिल्क पाउडर
रोटरी क्लब ऑफ़ वाराणसी नॉर्थ के पदाधिकारी नीरज अग्रवाल के नेतृत्व में मंगलवार को सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम को एक लाख रुपये के मिल्क पाउडर दिया गया। वितरण विनीता जालान की स्मृति में हुआ। नीरज ने कहा कि क्लब सेवा कार्य समाज में करुणा, सेवा और स्मरण की मिसाल कायम करता है। 

प्रियांशु समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष 
महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने प्रियांशु यादव को महिला सभा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। पहले प्रियांशु यादव महिला सभा की महानगर अध्यक्ष,  प्रदेश सचिव सहित संगठन ने अन्य पदों पर कार्य कर चुकी हैं। प्रियांशु यादव के मनोनयन पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, सांसद वीरेन्द्र सिंह, एमएलसी आशुतोष सिन्हा,  पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी, राष्ट्रीय महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर ने बधाई दी। 

मेस प्रबंधन में सुनीता और दौड़ में कल्पना अव्वल
कमिश्नरेट पुलिस लाइन में मुख्य आरक्षी प्रशिक्षण में महिला मुख्य आरक्षियों को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया। महिला प्रशिक्षुओं प्रशस्ति पत्र दिया। मुख्य आरक्षी उन्नति कोर्स परीक्षा में प्रथम अनिता चतुर्वेदी, द्वितीय स्थान बिन्दु और 1.5 किमी दौड़ में कल्पना देवी प्रथम रहीं। 

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम बने सुनील वर्मा
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा बनाए गए। मंगलवार को उन्होंने पदभार ग्रहण किया। भारतीय रेल सेवा के सिग्नल इंजीनियर्स के 1994 बैच के अधिकारी सुनील वर्मा ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक के साथ स्नातक की उपाधि मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज गोरखपुर से प्राप्त की है।

उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की से परास्नातक किया। उन्हें प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं तकनीकी क्षेत्रों में 27 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वाराणसी कैंट, काशी स्टेशन आता है। 

बरेका में पीसीपीओ बने लालजी चौधरी
अपर मंडल रेल प्रबंधक लालजी चौधरी का तबादला बरेका के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ) के पद पर हो गया। फिलहाल एडीआरएम के पद पर अभी तक किसी की तैनाती नहीं हुई है। 

वाराणसी की तर्ज पर गुजरात में भी खुला अपना घर आश्रम
अपना घर आश्रम की तर्ज पर अब गुजरात के मेहसाणा में भी अपना घर आश्रम बनाया गया है। यहां 300 निराश्रितों को सहारा मिलेगा। साढ़े तीन एकड़ भूमि पर निर्मित इस आश्रम का लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया। इस दौरान मंत्री, सांसद, विधायक मौजूद रहे।

यह नया अपना घर आश्रम गुजरात के उन बेसहारा लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिन्हें समाज में उपेक्षा का सामना करना पड़ता है। वाराणसी का अपना घर आश्रम निराश्रितों की सेवा के लिए जाना जाता है, जहां वर्तमान में 526 से अधिक लोग रहते करते हैं जबकि आश्रम की क्षमता 400 लोगों की है। 

मेहसाणा में बना यह आश्रम आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आश्रम मानवीय मूल्यों और सेवा भाव का प्रतीक है। अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि गुजरात में अपना घर आश्रम खुला है, जल्द ही अन्य राज्यों में भी खोलने की तैयारी चल रही है। 

जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पहुंचेगा स्वच्छ जल : अनिल राजभर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने मंगलवार को चिरईगांव विकासखंड के सथवा और मिल्कोपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित की गई पानी की टंकियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से जल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। 

श्रममंत्री अनिल राजभर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कहा कि जिन घरों तक अभी तक पेयजल की सुविधा नहीं पहुंची है, उन घरों और परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से लाभान्वित किया जाए। 

12 मई को काशी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में वाराणसी के गतिमान विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान परियोजनाओं का जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं उसके गुणवत्ता को जांचने का निर्देश दिए थे। इस मौके पर मंत्री प्रतिनिधि संजय सिंह, ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह, पूर्व प्रधान विजयलक्ष्मी पटेल, प्रकाश राजभर, राजेश राजभर, गौरव सिंह माैजूद रहे। 

मेयर को सौंपा ज्ञापन
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को पीएम के जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे मेयर अशोक कुमार तिवारी को ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पांडेय ने कहा कि वित्त विधेयक 2025 में पेंशन संबंधी विपरीत नियमों को वापस लिया जाए। आनंद लाल, जयराज, उमेश बहादुर रहे।

जिला कांग्रेस कमेटी आरटीआई विभाग के जिला चेयरमैन राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में  प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को मांगपत्र देकर मैदागिन चौराहा स्थित संचार क्रांति के जनक स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने होर्डिंग हटाने की मांग की। 

डीएम ने निर्माणधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण
डीएम सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को रिंग रोड के तहत संदहा से चंदौली तक गंगा नदी पर बन रहे पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद जाल्हूपुर में बनाए जा रहे समेकित विशेष माध्यमिक आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की जानकारी ली। 

कार्यदायी संस्था एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया गया कि सड़क की लंबाई 25.528 किमी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। गंगा नदी पर बनाए जा रहे पुल की लंबाई 1.742 किमी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पुल के दाहिने तरफ का कैरिजवे मई 2025 के अंत तक और पुल के बायीं ओर का कैरिजवे जून 2025 के अंत तक पूरा हो जाएगा।

डीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखी। जाल्हूपुर में निर्माणाधीन विद्यालय के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस ने बताया कि बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मुख्य भवन, छात्रावास सहित अन्य निर्माण कार्य प्रगति पर है। डीएम ने कहा मैनपावर बढ़ाकर शेष निर्माण कार्यों को मानक के साथ पूरा कराएं। 

पट्टों की संख्या बढ़ाएं
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार प्रदेश की जीडीपी ग्रोथ के संबंध में समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक सेक्टर सहित अन्य क्षेत्रों में शामिल सभी विभागाध्यक्षों को माइक्रो प्लान के साथ ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य विभाग के एडी को तालाबों के पट्टों की संख्या बढ़ाने के साथ हर महीने पट्टे करने के निर्देश दिए। 

प्रवर्तन दल प्रभारी को कार्यालय में बैठाने पर पार्षदों ने जताई आपत्ति
नगर निगम में मंगलवार को संभव जनसुनवाई के दौरान पार्षदों ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा को कार्यालय में बैठाने पर आपत्ति जताई। पार्षद बबलू शाह ने कहा कि जब कार्यकारिणी से हटाए जाने के बाद भी यहां क्यों बैठाया गया। आरोप लगाया कि अधिकारी कार्रवाई में पार्षदों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। 

इस मामले पर नगर आयुक्त ने पार्षदों से कहा कि जांच चल रही है। शासन स्तर से कार्रवाई होगी। पार्षदों में रमजान अली, तय्यब, सुनील यादव, ओकास अंसारी शामिल रहे। उधर जनसुनवाई में सगरा के रतन शर्मा ने सड़क निर्माण, नुआंव के संतोष कुमार ने सड़क निर्माण, अमरपुर बटलोहिया के सफी अहमद ने मकान नंबर सही कराने और टैक्स जमा करने, हनुमान फाटक के अमरजीत साहनी ने अवैध निर्माण रोकने, माधोपुर के सुनील कुमार ने रास्ता बनवाने के संबंध में शिकायत की। 

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अधिकारियों को पत्र भेजा। वहीं बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने मंगलवार को नगर आयुक्त को मांगपत्र दिया। डॉ एसएन सिंह दीक्षित ने कहा कि किराया जमा होने के बाद भी दुकान नहीं मिल रही है। 

एसडीएम के स्थानांतरण के लिए अधिवक्ता करेंगे महापंचायत 
पिंडरा तहसील के अधिवक्ता एसडीएम के स्थानांतरण को लेकर 3 जून को महापंचायत करेंगे। मंगलवार को बार एसोसिएशन की बैठक लाइब्रेरी भवन में हुई। बार अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल की अध्यक्षता में एसडीएम व एसडीएम न्यायिक के स्थानांतरण की मांग की गई। बार अध्यक्ष ने कहा कि पीएमओ और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने और 3 जून को तहसील परिसर में महापंचायत करने का निर्णय लिया। इस दाैरान सुधीर कुमार सिंह, शिवपूजन सिंह, अश्वनी मिश्रा, अजय, दिनेश माैजूद रहे।

40 कैमरे क्षतिग्रस्त मामले में अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा में तोड़े गए 40 सीसी कैमरे मामले में मंगलवार को पुलिस ने छानबीन की। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था व मुख्यालय डाॅ. एस चन्नप्पा की घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी भेलूपुर और संबंधित चौकी प्रभारी को निर्देशित किया आरोपियों को चिन्हित करते हुए कड़ी कार्रवाई करेंं।

इस बीच, अपर पुलिस आयुक्त ने मालवीय चौराहा से रविदास गेट होते हुए संकटमोचन मन्दिर तक एवं तुलसी घाट व अस्सी घाट पर एवं आस-पास केे संवेदनशील स्थानों का पैदल गश्त करते हुए कानून व्यवस्था को परखा। 

बुजुर्ग पर बंदरों ने किया हमला 
कोतवाली थाने में एक बुजुर्ग महिला पर बंदरों ने हमला कर दिया। 60 वर्षीय बुजुर्ग चंद्रावती के चेहरे और हाथ में चोटें आई हैं। शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल में इलाज कराया गया। उन्होंने बताया कि मैदागिन काम से आई थी। गर्मी के कारण थाने के मंदिर में जाकर बैठ गई। इसी दौरान एक बंदर आया और झोला छीनने लगा। इसके बाद कई और बंदर आए और उसे काटने लगे। चिल्लाने पर कुछ पुलिस वाले आए और डंडा पटककर उन्हें भगाया। 

हवाई अड्डे पर परखी गई सुरक्षा व्यवस्था
लाल बहादुर शास्त्री अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था परखी गई। साथ ही टर्मिनल भवन स्थित सभागार में अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा पर मंथन किया।

सुबह साढ़े आठ बजे सूचना प्रसारित हुई कि एयरपोर्ट पर आ रहे विमान को आतंकियों ने हाईजैक कर लिया है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हाे गईं। विमान के रनवे पर उतरते ही सीआईएसएफ जवानों ने विमान को सुरक्षा घेरे में ले लिया। थोड़े ही देर के बाद सूचना जारी की गई कि यह एंटी हाइजैकिंग माॅकड्रिल पूर्वांभ्यास था। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि विमान हाइजैकिंग के खतरे से निपटने के लिए साल में एक बार एंटी-हाइजैकिंग पूर्वाभ्यास कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा जाता है। 

बैठक में एयरपोर्ट निर्देशक पुनीत गुप्ता, सीआईएसएफ कमांडेंट सुचिता सिंह, पिंडरा उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा, गोमती जोन डीसीपी आकाश पटेल, पिंडरा एसीपी प्रतीक कुमार, फूलपुर प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। 

3.28 लाख की साइबर धोखाधड़ी
बैंक का कर्मचारी बताकर जालसाज ने युवक के खाते से 3.28 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने मंगलवार को चेतगंज थाने में साइबर धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। रामकटोरा के रहने वाले संदीप बरनवाल ने पुलिस को बताया कि पिछले माह 20 अप्रैल की सुबह 11.12 बजे मोबाइल पर फोन आया और उसने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपका जो लोन चल रहा है, उसका लोन चार्ट आपके व्हाट्सअप पर भेज रहा हूं, चेक कर लीजिए। चेक करने के बाद 3.28 रुपये खाते से निकाल लिए गए। 

एटीएम में सेंध लगाकर 20 हजार उड़ाए 
सिगरा थाना क्षेत्र के नगर निगम स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स के एटीएम से छेड़छाड़ कर 20 हजार रुपए चोरी किए गए। आईडीबीआई बैंक के स्थानीय शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शाखा प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि पांच अप्रैल की रात एक युवक एटीएम से कुछ छेड़छाड़ करके चला गया।

कुछ देर बाद पहुंचे एक उपभोक्ता ने पैसे निकालने की कोशिश की। पैसे नहीं निकले, लेकिन उसके खाते से 20 हजार रुपये कट गए। थोड़ी देर बाद संदिग्ध युवक फिर पहुंचा और पैसे लेकर चला गया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद है। शाखा प्रबंधक ने सिगरा थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

आईआईटी में 200 छात्रों की काउंसिलिंग सर्विस
आईआईटी बीएचयू में शाखा यानी कि स्टूडेंट काउंसिलिंग सर्विस की व्यवस्थाओं को बदल दिया गया है। नई कार्यप्रणाली को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब यह शाखा छात्र अधिष्ठाता कार्यालय के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करेगी। वहीं, प्राेफेसर इंचार्ज के बजाय एसोसिएट डीन प्रमुख होंगे। बाकी सभी प्रक्रिया पूर्व की तरह ही रहेगी।

संस्थान की ओर से भौतिक विज्ञान के वैज्ञानिक प्रो. अभिषेक श्रीवास्तव को एसोसिएट डीन बनाया गया है। इससे पहले डाॅ. वी रामनाथन  प्रोफेसर इंचार्ज पद पर थे। शाखा की शुरुआत 2019 में की गई थी। इसमें 10 प्रोफेसर और 200 से ज्यादा छात्रों को सदस्य बनाया गया था। 

स्कूलों में कौशल विकास प्रयोगशाला का होगा निर्माण
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यालयों में अब पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को कौशल विकास का अवसर भी मिलेगा। कक्षा छह से ही विद्यार्थियों के लिए कौशल आधारित कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिसके लिए स्कूलों में कौशल विकास प्रयोगशाला का निर्माण कराया जाएगा।

सीबीएसई ने स्कूलों में स्किल एजुकेशन को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचे के तहत शुरू की गई है। विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार किया जा सके। 

11 विषयों की परीक्षाएं हुईं, 49 छात्रों ने छोड़ी
पॉलिटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। मंगलवार को सुबह की पाली में 591 के सापेक्ष 570 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 21 ने छोड़ी। शाम की पाली में 729 के सापेक्ष 701 ने परीक्षा दी और 28 ने छोड़ी। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक करौंदी के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नकल पर अंकुश लगाने के लिए प्राविधिक शिक्षा परिषद ने उड़न दस्ते का गठन किया है। प्रत्येक कक्ष पर सीसीटीवी की नजर है। प्रवेश गेट पर पुलिसबल भी तैनात किया गया है। 

विद्यापीठ में यूजी के लिए 29 तक का मौका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अभ्यर्थी 29 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 20 मई तक आवेदन की तिथि घोषित की गई थी, मंगलवार को तिथि बीतने के बाद नौ दिन तिथि और बढ़ा दी गई है। इस फैसले के बाद अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा। स्नातकोत्तर, डिप्लोमा के पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 1 जून से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय में नये सत्र में दाखिले की प्रक्रिया इस बार मेरिट के आधार पर करवाई जाएगी। 

विद्यापीठ के विधि विभाग में 14 जून को साक्षात्कार
विद्यापीठ के विधि विभाग और संबद्ध विधि महाविद्यालयों में पीएचडी प्रवेश के लिए साक्षात्कार 14 जून को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि सुबह 11 बजे से साक्षात्कार विधि संकाय में होगा। कहा कि शोध साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल प्रमाणपत्र, दो सेट छायाप्रति, पीपीटी की सॉफ्ट कॉपी के साथ उपस्थित होना होगा। इसके बिना साक्षात्कार नहीं हो पाएगा। 

स्कूल में टॉप करने पर जाह्नवी मौर्या सम्मानित
यूपी बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्राओं को मंगलवार को सम्मानित किया गया। मां सरस्वती विद्यालय इंडस्ट्रियल एस्टेट चांदपुर में 500 छात्र-छात्राओं को निशुल्क यूनिफार्म दिया गया। मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता अजय राय की पत्नी रीना राय और विशिष्ट अतिथि श्रद्धा राय रहीं। रीना राय ने जान्हवी मौर्या को अंगवस्त्र और मेडल देकर सम्मानित किया। जाह्नवी ने इंटरमीडिएट में विद्यालय में टॉप किया है। मां सरस्वती पीजी महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश्वर पटेल ने कहा कि जान्हवी मौर्या आगे पढ़ाना चाहे तो फीस माफ रहेगी। 

आज दो घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
जिले में बिजली निगम की ओर से बिजनेस प्लान के तहत करवाए जा रहे काम की वजह से बुधवार को दो घंटे बिजली गुल रहेगी। दौलतपुर उपकेंद्र से अकथा भक्ति नगर फीडर से जुड़ी काॅलोनियों में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे अकथा, भक्ति नगर, बजरंग नगर, विश्वनाथपुर आदि इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। 

कैंट से गुजरेगी आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल
आनंद विहार टर्मिनल से वाराणसी कैंट होकर बिहार के जोगबनी तक स्पेशल ट्रेन चलेगी। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि 23 मई से 11 जुलाई तक हर शुक्रवार 04074 आनंद विहार से रात 11.55 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 3 बजे कैंट आएगी। वापसी यात्रा में 25 मई से 13 जुलाई तक हर रविवार को 04073 जोगबनी से सुबह 9.30 बजे प्रस्थान करके रात 12.40 बजे कैंट पहुंचेगी। 

बिजलीकर्मी आज से आठ दिन तक तीन घंटे नहीं करेंगे काम
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मी अब निगम प्रबंधन से आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। 14 से 19 मई तक शाम 5 बजे से अगले दिन सुबह 10 बजे तक कामकाज न करने के बाद अब कर्मचारी बुधवार से दिन में तीन घंटे कार्य बहिष्कार करेंगे। 

21 से 28 मई तक दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक वो काम नहीं करेंगे। गर्मी में जब लोकल फाॅल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है, ऐसे में कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से समस्या और बढ़ सकती है। 

निजीकरण के विरोध में मंगलवार को कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन के सद्बुद्धि के लिए भिखारीपुर एमडी ऑफिस के बगल में हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ किया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले होने वाले आंदोलन का समर्थन राज्य विद्युत जूनियर इंजीनियर संगठन ने भी किया है। 

संघर्ष समिति की ओर से अंकुर पांडेय, मायाशंकर तिवारी, नरेंद्र वर्मा, एसके सिंह ने बताया कि विरोध प्रदर्शन 28 मई तक चलेगा। 29 मई से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि पावर कॉरपोरेशन की ओर से जिस तरह से घाटा दिखाकर बिजली की दरों में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है, वह उपभोक्ताओं के हित में नहीं है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed