फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case

News: राहुल गांधी के लंबित अर्जी पर सुनवाई नौ जुलाई को, दुष्कर्म केस में 20 साल की सजा; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Tue, 01 Jul 2025 05:48 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 01 Jul 2025 05:48 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी के एमपी-एमएलए कोर्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंबित मामले में बहस हुई। अब सुनवाई की तारीख नौ जुलाई को तय हुई है। वहीं, तीन साल की बालिका से दुष्कर्म के मामले में अदालत ने एक अभियुक्त को दंडित किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: अमेरिका यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा भारत में सिखों को लेकर दिए गए बयान को लेकर अदालत में लंबित निगरानी याचिका पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए कोर्ट) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में लंबित इस मामले में राहुल गांधी की ओर से आपत्ति और वादी की ओर से अपना प्रति जवाब दाखिल किया चुका है। सोमवार को इस याचिका पर पक्षकारों की बहस होनी थी। हालांकि न्यायिक कार्य में व्यस्तता के कारण अदालत ने सुनवाई के लिए नौ जुलाई की अग्रिम तिथि नियत कर दी।

विज्ञापन


गत वर्ष सितंबर माह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत में रहने वाले सिखों के लिए माहौल अच्छा नहीं होने का बयान दिया था। इस बयान को तिलमापुर, सारनाथ के नागेश्वर मिश्र ने देश में गृह युद्ध भड़काने की साजिश करार देते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) की अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था।
विज्ञापन


अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एमपी-एमएलए कोर्ट) की अदालत ने परिवाद को खारिज कर दिया था। आदेश के खिलाफ नागेश्वर मिश्रा ने सत्र न्यायाधीश में निगरानी याचिका दाखिल की। याचिका की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए कोर्ट) की अदालत में चल रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
पुलिस ने किया गिरफ्तार। - फोटो : अमर उजाला

लूटी हुई चेन से मिले 1.68 लाख रुपये के साथ एक गिरफ्तार
दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने आंध्र प्रदेश की एक वृद्धा की सोने की चेन लूटने के मामले में खालिसपुरा के मूल निवासी और बजरडीहा सुदामापुर में रहने वाले शोभित डे उर्फ हर्ष को गिरफ्तार किया है। उसके पास चेन बेचने से मिले एक लाख 68 हजार 20 रुपये और एक तमंचा बरामद हुआ। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने सोमवार को बताया कि गत 26 जून की भोर आंध्र प्रदेश की एक वृद्धा की सोने की चेन एक बदमाश ने वाराही माता मंदिर के पास लूट ली थी। 

शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर दशाश्वमेध विजय कुमार शुक्ला ने सीसी फुटेज की मदद से आरोपी शोभित को चिह्नित किया। उसे शीतला घाट के पास से गिरफ्तार किया गया है। शोभित ने बताया कि वह लूटी हुई चेन को अपनी बता कर खोजवा निवासी एक आभूषण विक्रेता को एक लाख 72 हजार रुपये में बेचा था। चार हजार रुपये उससे खर्च हो गए थे। एक लाख 68 हजार 20 रुपये उसके पास बचे थे।

दरोगा से नशे में धुत युवकों ने की कहासुनी
जंसा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गेट के पास रविवार की रात दरोगा अखिलेश सोनकर से शराब के नशे में धुत तीन युवक कहासुनी करने लगे। सूचना पाकर पहुंचे रामश्वेर चौकी प्रभारी ने मौके से एक युवक को पकड़ा, जबकि दो अन्य भाग निकले। जंसा थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्त में आए बरेमा गांव निवासी हेमंत सिंह का चालान किया गया है। मौके से मिली एक बाइक सीज कर दी गई है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

55,170 रुपये गबन के आरोपी प्रधान को डीएम ने हटाया
हैंडपंप की मरम्मत के नाम पर 55,170 रुपये गबन के मामले में तरया ग्राम पंचायत के प्रधान संजय जैसवार को जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने पद से हटा दिया है। जांच में हैंडपंप की जगह सबमर्सिबल पंप पाया गया था।

तरया गांव के माणिक लाल मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में ग्राम प्रधान की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इसके बाद पंचायत के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए एक त्रिस्तरीय समिति का गठन किया गया। जिला लेखा परीक्षाधिकारी को अंतिम जांच अधिकारी नियुक्त किया गया। टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो सरकारी हैंडपंप नहीं था। वहां पर निजी सबमर्सिबल पंप लगा मिला। जांच के बाद जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान संजय जैसवार को उनके पद से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया। इस बारे में जिलाधिकारी ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की गई है।

गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित चंदौली के कटरिया गांव निवासी रामलखन गुप्ता को फूलपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। फूलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गत 25 जून को एक चारपहिया वाहन से सात संरक्षित पशु बरामद कर एक आरोपी लवकुश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। लवकुश से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर रामलखन को गिरफ्तार किया गया है। रामलखन गुप्ता ने बताया कि वह अपने साथी चंदौली के कांटा गांव के अरविंद कुमार और लवकुश गुप्ता के साथ मिलकर संरक्षित मवेशियों की तस्करी करता है।

एसडीएम के आदेश पर सरकारी नाली से हटा अतिक्रमण
बड़ागांव थाना क्षेत्र के मौजा चकखरावन (खरगपुर) में एसडीएम के आदेश पर राजस्व टीम ने सरकारी नाली से अतिक्रमण हटवाया। इस जगह पर कुछ लोगों ने कई वर्षों से सिंचाई की नाली को पाटकर अतिक्रमण कर दिया था। थाना दिवस पर ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने अतिक्रमण हटवाने का आदेश दिया था। इसके बाद सोमवार को राजस्व निरीक्षक अनेई अवधेश सोनकर, लेखपाल उत्तम कुमार रवानी, ग्राम प्रधान ने नाली का सीमांकन कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराया।

बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करने वालों पर कार्रवाई हो
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव स्थित हनुमान मंदिर के सामने दीवार खड़ा करने के विरोध में जारी धरना के बीच गांव की दलित बस्ती के महिला-पुरुष पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। गीता, विमला, ऊदल कुमार, संदीप एडवोकेट, करन भारती सहित अन्य ग्रामीणों का कहना था कि उनके गांव में सरकारी स्कूल के पास 60 वर्षों से आंबेडकर प्रतिमा और उसके बगल में शिवलिंग स्थापित है।

गत मई माह में कुछ लोगों ने शिवलिंग की जगह हनुमानजी की मूर्ति स्थापित कर दी। हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करने वाले लोग अब आंबेडकर प्रतिमा वाले स्थान की बाउंड्री वॉल का विरोध कर उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास कर रहे हैं। सभी ने मांग की है कि बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

मारपीट कर दिखाया चाकू, दी धमकी
टकटकपुर अनौला में किराये पर रहने वाले अनिल कुमार ने पड़ोसियों पर मारपीट के बाद चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी दी। अनिल कुमार ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अनिल कुमार ने बताया कि वह गाजीपुर के गौरा गांव के मूल निवासी है।

मौजूदा समय में वह टकटकपुर अनौला स्थित संजय सोनकर के मकान में किराये पर रहते हैं। गत 26 जून की शाम पड़ोसी मोनू, करन और देवा शराब-गांजा के नशे में शोरगुल करने लगे। मना करने पर तीनों उनसे मारपीट करने लगे। उसके बाद धारदार चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दिए। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

डीडीयू अस्पताल के पर्ची काउंटर से महिला की चेन उड़ाई
पांडेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के पर्ची काउंटर की लाइन में लगी एक महिला की सोने की चेन उचक्कों ने उड़ा दी। घटना के संबंध में टकटकपुर की कुसुम सोनकर ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। कुसुम ने बताया कि वह अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए लाइन में खड़ी थीं। उसी दौरान किसी ने उनके गले से सोने की चेन निकाल ली।

कुसुम के शोर मचाने पर लोग उन्हें लेकर सीएमएस कार्यालय पहुंचे। सीसी फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि पर्ची काउंटर के पास लगा कैमरा ही काम नहीं कर रहा है। कुसुम ने बताया कि उनकी चेन की कीमत एक लाख रुपये से अधिक थी।

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
वाराणसी कोर्ट। - फोटो : Amar Ujala

तीन साल की मासूम से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा
तीन साल की बालिका से दुष्कर्म के मामले में अदालत ने एक अभियुक्त को दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अजय कुमार की अदालत ने दौलतपुर, पांडेयपुर निवासी अभियुक्त नीरज विश्वकर्मा को दोषी पाने पर 20 वर्ष के कठोर कारावास और 30 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने अभियुक्त से वसूल किए गए अर्थदंड की धनराशि में से आधा पीड़िता को देने का आदेश दिया है। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक मधुकर उपाध्याय ने पक्ष रखा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 18 दिसंबर 2022 को उनकी तीन वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। जब वह घर के अंदर वापस आई तो वह दर्द से कराह रही थी। पूछताछ करने पर उसने अपनी मां को बताया कि नीरज विश्वकर्मा ने उसके साथ गलत काम किया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

गंगा के बीचोंबीच खराब हुई मोटरबोट, पुलिस ले आई किनारे
दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा के बीचोंबीच सोमवार की रात एक मोटरबोट खराब हो गई। इसकी सूचना पाकर जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। जल पुलिस के जवानों ने अपनी बोट से मोटरबोट को टोचन कर उसे सुरक्षित मान मंदिर घाट के किनारे खड़ा कराया। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि मोटरबोट में 30 यात्री थे और वह सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। मोटरबोट तकनीकी खराबी के कारण खराब हुई थी।

बारिश से कश्मीरीगंज में जर्जर मकान की चहारदीवारी ढही
भेलूपुर के कश्मीरीगंज में बच्चेलाल का पुराने जर्जर मकान की चहारदीवारी बारिश में ढह गई। कोई हताहत नहीं हुआ। जिस समय तेज बारिश हो रही थी। उस दौरान कुछ नहीं हुआ। बारिश बंद होने के बाद बच्चेलाल परिवार के साथ मकान में ही थे। इसी बीच पड़ोस में झगड़ा हो रहा था। जिसे देखने के लिए वे पत्नी और बच्चों के बाहर आए। इसी दाैरान मकान की चहारदीवारी ढह गई। इसके चलते राम मंदिर के पीछे जाने वाला मार्ग बाधित हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खाली करवाया।

विजयानगरम मार्केट के 35 और दुकानों को अवैध निर्माण तोड़ने का नोटिस
विजयानगरम मार्केट की 35 और दुकानों को अवैध निर्माण तोड़ने का नोटिस दिया गया है। नगर निगम की ओर से पूर्व में 18 अवैध दुकानदारों को सील किया गया था। इसके बाद 35 और दुकानों को अवैध निर्माण तोड़ने के साथ एक सप्ताह में जवाब दाखिल करने को कहा गया है। यदि ये एक सप्ताह में अपने अवैध निर्माणों को नहीं गिराएंगे तो नगर निगम इनके अवैध निर्माण गिराएगा और इनसे गिराने का खर्च वसूल करेगा। पिछले दिनों पुलिस प्रशासन की मदद से सील की कार्रवाई की गई थी।

युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं, बिसरा सुरक्षित
नेपाली बाग में किराये पर रहने वाले वेटर विकास रावत (35) की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सकी। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित गया है। वहीं, उसके कमरे से पांच साल की बच्ची के साथ लापता उसकी तीसरी पत्नी रिया शर्मा का पता पुलिस रविवार को भी नहीं लगा सकी।

जौनपुर के नेवढ़िया थाने के जयसिंह हथेरा गांव का निवासी विकास गत दो माह से शिवपुर थाना क्षेत्र के नेपाली बाग में किराये पर रहता था। उसके साथ उसकी तीसरी पत्नी रिया पांच साल की बच्ची के साथ रहती थी। शनिवार की रात विकास ने शराब पीकर रिया और बच्ची के साथ मारपीट की थी।

मकान मालिक संजय गुप्ता ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया था। रविवार की सुबह कमरे से बच्ची के साथ रिया लापता थी। विकास जमीन पर मृत पड़ा था। इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। उसके साथ रहने वाली महिला की तलाश कराई जा रही है।

बीएचयू कर्मचारी हेल्थ सेंटर में चोरी का प्रयास, की तोड़फोड
बीएचयू के कर्मचारी हेल्थ सेंटर में बीती देर रात ने चोरी का प्रयास किया गया। चोरों ने तोड़फोड़ भी की। इससे सोमवार को कुछ देर के लिए इलाज बाधित रहा। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। बीते रविवार की देर रात खिड़की में लगा एल्युमिनियम का चादर हटाकर चोर भीतर घुसे। 

डॉक्टरों के केबिन के दरवाजे पर लगे शीशे को तोड़ दिए। इस बारे में चीफ प्राक्टर शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि चोरी का प्रयास के लिए तोड़फोड़ की गई है। हालांकि हेल्थ सेंटर के पीछे सीसीटीवी कैमरा न होने के चलते पुलिस को भीतर घुसने वाले का सुराग नहीं मिला है। लंका थानाध्यक्ष ने बताया कि तोड़फोड़ के मामले की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।

मकान निर्माण के काम में लगा राजगीर गिरा, मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सोमवार की सुबह मकान निर्माण के काम में लगे राजगीर ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में राजगीर की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कपसेठी थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी बबलू चौहान (42) राजगीर था। 

वह अपने पड़ोस के गांव जगदीशपुर में चंद्रभान गौड़ के यहां मकान बनाने का काम कर रहा था। ऊंचाई पर पाइट के सहारे खड़ा होकर काम करने के दौरान उसका एक पैर अचानक फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि बबलू दो भाई मैं बड़ा था। उसके छोटे भाई की डेढ़ साल पहले और पिता की चार महीने पहले मौत हो गई थी।

एनईआर वाराणसी मंडल के रेलवे ट्रैक की बढ़ी निगरानी
मानसून को देखत हुए सुरक्षित और संरक्षित संचालन पर पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल का जोर है। नदियों से गुजरने वाले ब्रिज और रेलवे ट्रैक की ऑटोमेटिक वाटर लेवल मेजरिंग डिवाइस से विशेष निगरानी हो रही है। पुलों पर ऑटोमेटिक वाटर लेवल मेजरिंग डिवाइस लगा दी गई है।

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 15 स्थानों और 12 रेलखंड फेफना-औड़िहार, छपरा-बलिया, छपरा-थावे, भटनी-छपरा ग्रामीण, छपरा ग्रामीण-सीवान, भटनी-औड़िहार, वाल्मीकिनगर-कप्तानगंज समेत अन्य रेलखंड पर मोबाइल पेट्रोलिंग से निगरानी की जा रही है। 

तटबंधों में उन स्थलों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महत्वपूर्ण पुलों के रख-रखाव के लिए नदियों के जलस्तर की निगरानी की जा रही है। वहीं, जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए बोल्डर, क्वेरी डस्ट, मोटा बालू आदि का भंडारण किया गया है। छपरा स्टेशन पर 12 वैगन बोल्डर व 4 वैगन क्वेरी डस्ट तैयार रखा गया है।

युवती को भगाने के आरोप में मुकदमा
युवती को शादी का झांसा देकर भगाने के आरोप में सोमवार को चितईपुर थाने में अज्ञात खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जौनपुर निवासी उसके भाई ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन को किसी ने बहला फुसला कर अपने साथ ले गया है। 29 जून से उसका फोन बंद है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

बीरापट्टी में ध्वस्त कराई अवैध प्लाॅटिंग
वीडीए की ओर से सोमवार को बीरापटटी में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। वार्ड शिवपुर में अज्ञात की ओर सिकंदरपुर अंडरपास, बीरापट्टी में बिना लेआउट स्वीकृत कराए लगभग 8000 क्षेत्रफल में प्लाॅटिंग की जा रही थी। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा और अवर अभियंता रोहित कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई।

इंडिगो की कोलकाता, हैदराबाद और बंगलूरू की उड़ानें आज से रद्द
इंडिगो की कोलकाता, हैदराबाद और बंगलूरु की उड़ानें मंगलवार से रद्द रहेंगी। अगले आदेश तक वाराणसी एयरपोर्ट से इन उड़ानों पर रोक रहेगी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस देश के विभिन्न शहरों से संचालित होने वाली लगभग 206 उड़ानें अगले आदेश तक रद्द करने की घोषणा की है। इसके पीछे विमान का वार्षिक मेंटनेंस बताया जा रहा है।

अहमदाबाद विमान हादसा के बाद से विमानन कंपनियां सावधानी बरत रही हैं। वाराणसी से कोलकाता के बीच संचालित होने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 6501 व 6ई 6502 मंगलवार से रद्द है। वहीं, इंडिगो की हैदराबाद-वाराणसी के बीच संचालित होने वाली 6ई 6294 व 6295 अगले आदेश तक रद्द रहेगी। वाराणसी-बंगलूरू के बीच संचालित इंडिगो की उड़ान 6 ई 738 व 499 भी अगले आदेश तक रद्द रहेगी। इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कारणों से अगले आदेश तक उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

प्रयागराज की पुलिस लेकर आई, सांसद चंद्रशेखर गए दिल्ली
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद चंद्रशेखर को तगड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार की सुबह प्रयागराज की पुलिस लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट लेकर पहुंची। चंद्रशेखर को रविवार को प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस में रोके जाने के कारण करछना में उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बवाल कर दिया था।

एयरपोर्ट पर चंद्रशेखर का स्वागत आसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लवकुश साहनी ने अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ किया। एयरपोर्ट से चंद्रशेखर दिल्ली रवाना हो गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एयरपोर्ट परिसर के बाहरी हिस्से में फूलपुर, बड़ागांव और पिंडरा थाने की पुलिस तैनात रही। 

काली पट्टी बांधकर सीएचएस में लॉटरी से दाखिले का विरोध, एंट्रेंस कराने की मांग
बीएचयू के छात्रों ने सीएचएस (सेंट्रल हिंदू स्कूल) में लॉटरी सिस्टम आधारित एडमिशन का विरोध किया। काली पट्टी बांधकर हॉल में पहुंचे छात्रों ने स्कूल प्रशासन से प्रवेश परीक्षा की मांग से दाखिले की मांग की। छात्रों ने कहा कि कक्षा 6 में एंट्रेंस एग्जाम के बजाय लॉटरी सिस्टम से प्रवेश लिया जा रहा है, जबकि जवाहर और सैनिक स्कूल में आज भी प्रवेश परीक्षा हो रही है। लॉटरी सिस्टम में गड़बड़ियों और पक्षपात पूर्ण प्रवेश की संभावना काफी बढ़ जाती है, जबकि मेरिट और अच्छी पढ़ाई वाले बच्चों को नुकसान ही होता है।

विश्वविद्यालय के छात्रों की ओर से विपुल ने चेतावनी दी कि इस प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए नहीं तो सिंह द्वार से लेकर सीएसएस गेट तक छात्र धरना प्रदर्शन करेंगे। जहां भी अपने अधिकारों की बात आएगी वहां पर ये छात्र जमकर विश्वविद्यालय प्रशासन की मुखालफत करेंगे। सीएचएस में कोविड महामारी से पहले प्रवेश परीक्षा की व्यवस्था थी, लेकिन इसके बाद प्रवेश केवल लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है।

औसानपुर में किशोर ने की आत्महत्या
बड़ागांव थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव में सोमवार शाम सोलू यादव (12) ने बगीचे में आम के पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता बबलू यादव ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा था। मां की पहले ही मौत हो गई थी। बड़े भाई की चार माह पहले शादी हुई थी। बबलू शाम को बकरी चराने निकला था। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम को मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए। उसके बाद शव को मोर्चरी में भेजवाया। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

विद्यालयों के विलय के विरोध में शिक्षक संघ का प्रदर्शन
परिषदीय विद्यालयों को विलय करने के विरोध में सोमवार को शिक्षक संघ ने चिरईगांव में विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर सैकड़ों शिक्षक खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एकत्रित हुए। उन्होंने कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों के विलय के सरकारी फरमान के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद बीआरसी सभागार में बैठक की।

संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष ज्योतिभूषण त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालयों को मिलाना संविधान की मूल भावना और शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है। यह आदेश न केवल छात्र-छात्राओं के भविष्य के लिए हानिकारक है, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित करेगा। बैठक में संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पार्थेश्वर पांडेय, अशोक कुमार सिंह, रविंद्र नाथ यादव, रंजना मिश्रा, संदीप यादव उपस्थित रहे। 

लिखें कलाल, कलवार, कलार होगे मजबूत मिलेगा अधिकार- प्रकाश जायसवाल
जायसवाल क्लब की 8वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक सोमवार को संस्थापक मनोज जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर जायसवाल क्लब की वार्षिक पुस्तक का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि मनोज जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर सभा का शुभारंभ किया। उन्होंने समाज से जातिगत जनगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में सरकारी सुविधाओं में समाज की उचित भागीदारी सुनिश्चित हो सके। 

उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे देश में समाज के लोग विभिन्न जातियों से संबोधित किए जाते हैं, लेकिन जनगणना कॉलम में सभी को केवल कलाल, कलवार, कलार शब्दों का ही प्रयोग करना चाहिए। क्लब के संरक्षक पंडित दीनदयाल उपाध्याय (विधायक) रमेश जायसवाल ने समाज को अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़ने और देश के विभिन्न राज्यों में जाति के नाम पर बंटे स्वजातीय बंधुओं को एक होने की प्रेरणा दी, ताकि उन्हें जनगणना का लाभ मिल सके। 

देश भर से आए प्रतिनिधियों को मोमेंटो, पुस्तक और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्रीनिवास गोद, पूर्व मंत्री कर्नाटक वी माल्क्या गोटेदार, नंदलाल जायसवाल, रविंद्र जायसवाल, प्रकाश जायसवाल, सतीश जायसवाल (लक्ष्मण) उपस्थित रहे।

यूपी कॉलेज में रक्षा अध्ययन समेत चार विषय में होगी प्रोफेसरों की नियुक्ति
उदय प्रताप कॉलेज में कॉमर्स, लाइब्रेरी साइंस, रक्षा अध्ययन और मनोविज्ञान विषय के लिए चार असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्तियां होंगी। यूजीसी की परिनियमावली और स्ववित्त पोषित योजना के तहत भर्तियां होंगी। स्नातक स्तर पर वाणिज्य रिटेल ऑपरेशन मैनेजमेंट और बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस, स्नातकोत्तर स्तर पर रक्षा-स्ट्रेटजिक अध्ययन में एमए-एमएससी और मनोविज्ञान में एमए-एमएससी के अभ्यर्थियों को यूपी कॉलेज की फैकल्टी बनने का मौका मिलेगा। डॉक्यूमेंट्स और 200 रुपये का बैंक ड्राफ्ट लेकर प्राचार्य कार्यालय में स्वयं या डाक से भेज सकते हैं। यही आवेदन की प्रक्रिया होगी। आवेदन की प्रक्रिया 15 जुलाई तक चलेगी। 

वृहद रोजगार मेले में 405 को मिला जॉब ऑफर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से सोमवार को हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदागिन में वृृहद रोजगार मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। 28 से अधिक कंपनियों ने भाग किया। मेले में 981 युवाओं ने प्रतिभाग किया। 405 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर दिया गया। मेले में विभिन्न पदों पर 10000 से 40000 रुपये पर सैलरी दी जाएगी। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने अभ्यर्थियों को सुझाव दिया कि चयन किसी भी कंपनी में हो तत्काल ज्वाइन कर लेना चाहिए। इस दौरान सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार, डॉ. विश्वनाथ वर्मा, डॉ. अनिल कुमार उपस्थित रहे।

फसलों का बीमा 31 जुलाई तक होगा
खरीफ मौसम की मुख्य फसल धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, उर्द, अरहर और मिर्च की फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में बीमित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि खरीफ मौसम के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लागू कर दिया है। जिले में इस योजना का संचालन एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। 

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू के नए सत्र में छात्रों की समस्याओं के लिए होगी 5 काउंसिल
आईआईटी बीएचयू में नए सत्र से प्रवेश ले रहे टेक्नोक्रेट्स की समस्याओं की काउंसिलिंग और उनके कॅरिअर मार्गदर्शन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। सत्र 2025-26 स्टूडेंट काउंसिलिंग सर्विसेज का पुनर्गठन किया गया है। कुल पांच काउंसिल बनाई गई हैं। वेलनेस काउंसिल, एकेडमिक काउंसिल, कॅरिअर काउंसिल, स्किल डेवलपमेंट काउंसिल और इंटरनेशनल एक्सचेंज काउंसिल को शामिल किया गया है। 

सभी काउंसिल की जिम्मेदारी 11 स्टाफ और प्रोफेसरों को दी गई है। प्रो. अजीत मिश्रा, डॉ. अग्निवेश और डॉ. श्रेयांस सदस्य होंगे। एकेडमिक काउंसिल में अखिलेंद्र प्रताप सिंह और प्रिया रंजन, कॅरिअर काउंसिल में इंद्र कुमार सिंह और शिवा प्रसाद, स्किल डेवलपमेंट काउंसिल में प्रो. सुनील मिश्रा और हर्षा कदम सदस्य होंगे। इंटरनेशनल एक्सचेंज काउंसिल में डॉ. शिशिर गौर और डॉ. भृगु कुमार को सदस्य बनाया गया है।

जवानों के लिए बनेगी ओपेन जिम
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने सोमवार को 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल पहाड़िया मंडी का भ्रमण किया। शस्त्रागार पर विशेष गार्ड द्वारा सलामी देकर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ने जवानों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए पहाड़िया मंडी स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में आवश्यक बाउंड्री वॉल बनाने, सड़क रिपेयरिंग के साथ ओपन जिम के निर्माण की बात कही। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में सीआरपीएफ के जवानों का महत्वपूर्ण योगदान हमेशा से रहा है। जवानों की सुविधा के लिए जितना हो सकेगा, ज्यादा से ज्यादा सहयोग किया जाएगा। 

पॉलिटेक्निक की काउंसिलिंग के लिए पहुंचे 15 अभ्यर्थी
प्राविधिक शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से यूपी पॉलिटेक्निक में काउंसिलिंग चल रही है। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर को सेंटर बनाया गया है। यहां पर हेल्प डेस्क बनी है। सोमवार को 15 अभ्यर्थी पहुंचे, जिन्होंने च्वाइस फिलिंग के लिए सेंटर लॉक किया। पहले चरण के लिए च्वाइस फिलिंग 2 जुलाई तक चलेगी। 3 जुलाई को सीट अलॉटमेंट होगी। 

जिले में कुल 45 पॉलिटेक्निक संस्थान हैं, जिनमें एक राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, सुंदरपुर और पिंडरा में राजकीय पॉलिटेक्निक है। जिले में 43 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान हैं। रविवार को भी सेंटर खुला रहेगा। काउंसिलिंग में छात्रों को सीट फ्लोट, फ्रीज करने के लिए 3000 रुपये शुल्क जमा करना होगा। 

बरेका के 21 कर्मचारी सेवानिवृत्त
बनारस रेल इंजन कारखाना के 21 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गए। सोमवार को प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह ने सभी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने सेवानिवृत्त कर्मियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी और वित्तीय योजनाएं बनाने पर जोर दिया। बरेका केन्द्रीय अस्पताल के मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ शर्मा ने सभी को नियमित योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। इस दौरान जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार आदि रहे।

भारत विकास परिषद शाखा ने मनाई संस्थापक की जयंती
भारत विकास परिषद की वाराणसी शाखा ने सोमवार को संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय दायित्व धारी प्रमोद राम त्रिपाठी ने डॉ. सूरज के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक चिकित्सक होने के साथ-साथ समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए हमेशा तत्पर रहें। उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. प्रकाश ने ही दिल्ली में सर्वप्रथम छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करवाई थी। 

कार्यक्रम के दौरान, शाखा के सदस्यों ने मिलकर एक जरूरतमंद महिला की बेटी की शादी के लिए 25,000 की नकद राशि और अन्य उपहार प्रदान किए। बैठक की अध्यक्षता गिरीश गुप्ता ने की और धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर अनिल जायसवाल, अम्बरीष निगम, रीता जायसवाल, रंजना केशरी, धीरज दीदी और मंजू सहित कई सदस्य उपस्थित रहें। 

धरोहर पुरातन छात्र समागम में साझा किए अनुभव
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाणिज्य और प्रबंध शास्त्र अध्ययन संकाय में सोमवार को पुरातन छात्र समागम धरोहर का आयोजन हुआ। शुभारंभ संकायाध्यक्ष सुधीर कुमार शुक्ल ने किया। उन्होंने संस्थान के विकास में पुरातन छात्र संगठन के महत्व और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. आयुष कुमार ने भविष्य में आयोजित होने वाले पुरातन छात्र समागम की रूपरेखा और योजनाओं पर चर्चा की। 

श्रीराम पीजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र कुमार गुप्ता, रियल एस्टेट कारोबारी डॉ. संदीप कुमार और आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के सीनियर यूएसएम रंजीत सिंह ने कॉर्पोरेट जगत और समाज में अपने अनुभवों से वर्तमान छात्रों का मार्गदर्शन किया। संचालन डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने किया और धन्यवाद डॉ. धनंजय विश्वकर्मा ने प्रस्तुत किया।

काशी विद्यापीठ मास कम्युनिकेशन की काउंसिलिंग में 12 विद्यार्थियों में से 10 ने लिया प्रवेश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सोमवार को बीए (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन पाठ्यक्रम के लिए काउंसिलिंग की गई। प्रवेश सेल की सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि काउंसिलिंग प्रक्रिया में 12 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 10 ने निर्धारित शुल्क जमा कर प्रवेश लिया। शुल्क जमा करने वाले छात्रों को मौके पर ही पहचान पत्र और लाइब्रेरी कार्ड जारी कर दिए गए। प्रो. नलिनी ने बताया कि अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के तुरंत बाद निर्धारित शुल्क ऑनलाइन माध्यमों जैसे पेटीएम, गूगल पे, डेबिट कार्ड, यूपीआई से जमा करना होगा। विश्वविद्यालय नकद शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। 

ओपीडी भेजे जा रहे ट्राॅमा सेंटर में आने वाले मरीज
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में सुविधाओं का अभाव है। यहां पर तैनात डॉक्टर्स मरीजों को ओपीडी में इलाज के लिए भेज रहे हैं। मरीज का पर्चा हाथ में आते ही उन्हें तत्काल ओपीडी के विभागों में भेज दिया जा रहा है। यहां इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी अन्य मरीजों की तरह लाइन में लगकर इलाज कराना पड़ रहा है।

सोमवार को ऐसे कुछ केस देखने को मिले, जब दुर्घटना में घायल लोगों को वहां कार्यरत डॉक्टर्स ने ओपीडी के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल के एमएस प्रेम प्रकाश ने बताया कि मरीजों को बेहतर इलाज मिले, ये हमारी प्राथमिकता है। ट्राॅमा में आने वाले आर्थो के मरीजों में जो चल फिर पाते हैं, केवल उन्हें ही बेहतर इलाज के लिए ओपीडी में भेजा जाता है।

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

विद्यापीठ में 50% से ज्यादा अभ्यर्थियों ने छोड़ी प्रवेश परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 50 फीसदी उम्मीदवारों ने एलएलबी-एलएलएम सहित समेत पांच कोर्स की प्रवेश परीक्षा छोड़ दी। इन कोर्सों के लिए पंजीकृत 3434 परीक्षार्थियों में से 1691 उपस्थित और 1743 आवेदक केंद्र तक ही नहीं पहुंच सके। मानविकी संकाय, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज और जगतपुर पीजी कॉलेज में दो पालियों में हुई परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण पर पहुंचे कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने दिशानिर्देश दिए। 

कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि 2025-26 की प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, एमपीएड और एमएड की परीक्षा हुई। पहली पाली में सुबह 8 से 10 बजे तक में एलएलबी और एलएलएम, वहीं, दूसरी पाली में दोपहर 3 से 5 बजे तक बीए एलएलबी, एमपीएड और एमएड की परीक्षा हुई। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में हर परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई थी। प्रवेश परीक्षा में स्मार्ट वॉच, मोबाइल और बाकी इलेक्ट्रानिक गैजेट का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहा। 

ए प्लस एडुकेयर ने नीट के सफल छात्रों को किया सम्मानित
संस्थान ए प्लस एडुकेयर ने नीट में अच्छे अंक हासिल करने वाले अपने विद्यार्थियों के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्रों के साथ उनके अभिभावक और शिक्षक भी शामिल हुए। ए प्लस एडुकेयर के निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने छात्रों की उपलब्धि की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। प्रमुख छात्रों में शालिनी पटेल (1776), हर्ष कुमार मौर्या (5078), आशु राय (8724), वैभव पांडेय (2860 - ईडब्ल्यूएस), सतीश (11335) और लालमनी (11339) शामिल रहे। संस्थान ने न केवल छात्रों बल्कि उनके माता-पिता को भी उनकी प्रेरणा और सहयोग के लिए सम्मानित किया।

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ तहसील सदर निर्वाचन कार्यालय वेयरहाउस में रखे ईवीएम और वीवीपीएटी मशीन का निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस में सीसीटीवी कैमरे आदि की व्यवस्था देखी।

डीएम ने वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा गार्ड्स की शिफ्टवार तैनाती सहित वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान एडीएम प्रशासन विपिन कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन पांच स्पर्धा, सभी हारे
लखनऊ में प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता सोमवार को हुई। अंतिम दिन पांच स्पर्धाओं में 13 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन एक भी खिलाड़ी पदक नहीं जीत सके। प्रादेशिक में सिगरा स्टेडियम के सिर्फ तीन खिलाड़ी दो-दो स्पर्धाओं में छह पदक जीत सके। पहले दिन बालक वर्ग के खिलाड़ी गौरव सेन गुप्ता और सत्यम साहनी जबकि बालिका वर्ग में गायत्री ने लगातार दो दिन पदक जीते। 

39वीं सब जूनियर और 54वीं जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता लखनऊ में 30 जून तक हुई। बनारस सेंट्रल स्वीमिंग एसोसिएशन के सचिव शंभु प्रसाद ने बताया कि वाराणसी मंडल की 30 सदस्यीय टीम ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में 19 और बालिका वर्ग में 11 खिलाड़ी शामिल हैं। 

जिला जज ने दिव्यांगों को दी ट्राई साइकिल
तहसील पिंडरा सभागार में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को शासन स्तर पर दी जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश तिवारी ने 17 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल दी। वहीं 12 से अधिक दिव्यांगों को कान की मशीन व छड़ी वितरित की गई। इस दौरान सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश आलोक कुमार, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार राधेश्याम यादव, बीडीओ छोटेलाल तिवारी, सीडीपीओ आशीष वर्मा, दिव्यांग कल्याण अधिकारी रमेश कुमार मौजूद रहे।

गंगा से 200 मीटर दायरे के मकानों की मरम्मत के लिए अनुमति की जरूरत नहीं
गंगा से 200 मीटर दायरे के जर्जर भवनों की मरम्मत आसान होगी। शासन की ओर से जारी नए आदेश का असर संपूर्ण एचएफएल क्षेत्र के भवनों पर होगा। इन क्षेत्र के भवनों की दीवारों पर सीमेंट प्लास्टर कराना या आंशिक मरम्मत कराने के लिए किसी भी विभाग की अनुमति की जरूरत नहीं है।

इसी तरह फर्श का निर्माण, रंगाई-पुताई, सेप्टिक टैंक व पिट का निर्माण और हैंडपंप लगवाने के लिए किसी भी अनुमति की जरूरत नहीं है। नालियों या अन्य उपकरण के नवीनीकरण और मरम्मत कार्य के लिए अनुमति की जरूरत नहीं है। इसे कभी भी करा सकते हैं। 

सौर ऊर्जा के लिए छत पर आवश्यक संरचनाओं का निर्माण कराया जा सकता है। भवन व दीवारों का पुनर्निर्माण और छत, बालकनी और बरामदे में छज्जे का निर्माण। इसके अलावा मकान के अंदर आंतरिक परिवर्तन नहीं करा सकते हैं। भवन के बाहरी स्वरूप में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। भवन के उपयोग में कोई परिवर्तन नहीं किया जा सकता है। यदि कोई इन नियमों का उल्लंघन करेगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

आज डेढ़ घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग, पेड़ों की कटाई संबंधित कार्य को लेकर मंगलवार को डेढ़ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बेनियाबाग उपकेंद्र से जुड़े कबीरचौरा, छोटी पियरी, चेतगंज, कोदई चौकी, भूलेटन काली महल फीडर में दोपहर 2 बजे से 3:30 तक बिजली नहीं रहेगी। वहीं, चौकाघाट में 12 से 1:30 तक बिजली नहीं रहेगी। इसके चलते नाटी इमली, बड़ी बाजार, तेलियाबाग सहित कई इलाकों में बिजली बाधित रहेगी। 

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
जगन्नाथ रथयात्रा मेला। - फोटो : अमर उजाला

रथयात्रा मेला धूमधाम से संपन्न, भक्तों ने किए भगवान के दर्शन
मेला समिति शिवपुर की ओर से प्रसिद्ध रथयात्रा मेले का सोमवार को धूमधाम साथ समापन हो गया। मुख्य अतिथि डॉ. विपिन सिंह ने दीप प्रज्वलन कर भगवान जगन्नाथ की पूजा-आरती की। मेला समिति संरक्षक और व्यवस्थापक डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह (डीडी) ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं ने रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलराम के दर्शन किए। 

मेले में नानखटाई, चाट-पकौड़ी, मिठाई का लोगों ने आनंद लिया। शिवपुर उद्योग व्यापार मंडल ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं के लिए पानी और मिठाई का निःशुल्क स्टाॅल लगाया। कार्यक्रम के दौरान संजीव सिंह सोमवंशी (प्रधान भेलखा), मेला समिति के अध्यक्ष रमेश मौर्य, महामंत्री राजनाथ मौर्य, उपाध्यक्ष पवन सिंह (गार्डेनिया), उपाध्यक्ष नारायण कश्यप, मंत्री अतुलेश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष गुलाब मौर्य, मीडिया प्रभारी नवीन प्रधान, मौजूद रहे। 

महिलाओं को दी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग
इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन की ओर से मासिक आत्मरक्षा शिविर पड़ाव सूजाबाद में आयोजित हुआ। इसमें करीब 500 महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर महिला और पुरुष वर्ग के कोच को नकद धनराशि से पुरस्कृत किया। 

फाउंडेशन की निदेशक शबा खान ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनाने और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने वाले ताइक्वांडो कोच महिला वर्ग में अंकिता जेटली और पुरुष वर्ग में धनंजय को और जागरूकता अभियान के लिए काजल कनौजिया को इनाम दिया। कहा कि मार्शल आर्ट आत्मरक्षा का कारगर हथियार है। मुख्य अतिथि वाराणसी ताइक्वांडो के तकनीकी निदेशक उमेश केसरी और विशिष्ट अतिथि अरशद राजा ने खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र दिया। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सुल्तान खान ने दिया। 

औद्योगिक आस्थान चांदपुर के दोनों पार्क का उद्यमी करेंगे सुंदरीकरण
जिला उद्योग बंधु की बैठक में तय निर्णय के अनुसार जिला उद्योग व प्रोत्साहन केंद्र ने चांदपुर औद्योगिक आस्थान के पार्क-1 और पार्क-3 की चाभी सोमवार को दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन को सौंपी। दोनों पार्क का उद्यमी सुंदरीकरण करेंगे।

अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक स्थान चांदपुर को मॉडल औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर जोर होगा। दोनों पार्क का सुंदरीकरण और पौधरोपण किया जाएगा। महामंत्री नीरज पारिख ने कहा कि उद्यमी अपने उद्योग व परिजनों के नाम से पेड़ लगाएंगे और उनकी देखभाल करेंगे। उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा ने उद्यमियों से कहा कि पार्क को विकसित करने का प्रयास करें। उद्योग विभाग से विनोद कुमार वर्मा, अनुपम देवा, प्रशांत अग्रवाल, मनीष कटारिया, विभोर पिपलानी आदि रहे।

भारतीय अंतरदेशीय जल प्राधिकरण का क्षेत्रीय कार्यालय शिफ्ट होगा
भारतीय अंतरदेशीय जल प्राधिकरण का क्षेत्रीय कार्यालय रामनगर टर्मिनल के कार्यालय में शिफ्ट किया जाएगा। अभी तक यह कार्यालय नाटी इमली क्षेत्र में है। भारतीय अंतरदेशीय जल प्राधिकरण के प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दो दिन में कार्यालय शिफ्ट हो जाएगा। पूर्व के कार्यालय में जगह कम होने से काम करने में समस्या आती थी। अब बंदरगाह पर कार्यालय खुल जाने से कार्य में तेजी के साथ निगरानी भी हो सकेगी।

बागवानी की आधुनिक तकनीक के बारे में जानकारी दी
वीडीए की ओर से सोमवार को पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बागवानी की आधुनिक तकनीक के बारे में जानकारी दी गई।कार्यशाला में उद्यान विशेषज्ञ गौरव ने बताया कि वर्षा ऋतु पौधों की वृद्धि के लिए सर्वोत्तम होती है। बगीचों में गिरे सूखे पत्तों एवं रसोई में बचने वाले सब्जियों के अवशेषों से किस प्रकार कम्पोस्ट खाद तैयार की जा सकती है। वर्मी कम्पोस्ट (केंचुआ खाद) बनाने की विधि भी बताई। 

राइस फर्स्ट तकनीक के तहत धान की भूसी का प्रयोग मिट्टी की नमी और तापमान संतुलन के लिए उपयोगी बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं घर-घर हरियाली को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर उद्यान प्रभारी अरविंद शर्मा, पर्यटन अधिकारी नितिन द्विवेदी, जोनल अधिकारी गौरव प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
BHU - फोटो : अमर उजाला

ब्रोंकोस्कोपी तकनीक पर एक दिवसीय कार्यशाला
बीएचयू के बाल रोग विभाग की बाल गहन इकाई (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) के. एन. उदुपा ऑडिटोरियम में ब्रोंकोस्कोपी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें रेजिडेंट डॉक्टरों को ब्रोंकोस्कोपी तकनीक के माध्यम से फेफड़ों की जांच की बारीकियों में प्रशिक्षित किया गया।

इसमें पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि कपूर, डॉ. नीतू तलवार, डॉ. शिल्पा हजारे और डॉ. सुनील कुमार राव ने लेक्चर, लाइव डेमोंस्ट्रेशन, वीडियो सत्र और सिमुलेशन अभ्यास के जरिये प्रशिक्षण दिया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने तकनीक को मैनिकीन और पिग लंग मॉडल पर अभ्यास कर सीखा। शुभारंभ बीएचयू कुलगीत और मालवीय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुुआ। स्वागत बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर सिंह ने किया वहीं धन्यवाद डॉ. अनिल कुमार सरोज ने दिया।

वीडीए में दो कर्मचारियों को दी गई विदाई
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को वीडीए में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विकास प्राधिकरण डिप्लोमा इंजीनियर संघ के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी और विकास प्राधिकरण कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील सिन्हा को विदाई दी गई। 

इस अवसर पर डिप्लोमा इंजीनियर संघ के नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष रविंद्र प्रकाश, महामंत्री अशोक यादव सहित अन्य सभी पदाधिकारियों को अपर सचिव गुणाकेश शर्मा ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वाराणसी विकास प्राधिकरण कर्मचारी संघ के नए अध्यक्ष के रूप अभिषेक सिंह को दायित्व सौंपते हुए शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर दिवाकर द्विवेदी, शशिकांत श्रीवास्तव, अनिरुद्ध पांडेय ने अपने विचार रखे। 

अब तक ढहाए नहीं गए शहर के 392 जर्जर मकान
शहर में अब भी 392 जर्जर भवन हैं। कोतवाली में 184, दशाश्वमेध में 141, आदमपुर में 17, भेलूपुर में 12 और वरुणा पार में 38 जर्जर भवन हैं। इन ज्यादातर मकानों में लोग रहते हैं। त्रिपुरा भैरवी घाट के पास जर्जर भवन में लोग परिवार के साथ रह रहे हैं। यहां दीवारों में दरार के साथ पत्थर की पटिया टूट रही है। 

कमच्छा में पब्लिक वेलफेयर अस्पताल का भवन भी जर्जर है। मदनपुरा में जर्जर मकानों के नीचे दुकानें संचालित हैं। बारिश आने के बाद भी नगर निगम ने जर्जर भवनों को गिराने की दिशा में कोई कार्रवाई शुरू नहीं की है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने ऐसे सभी भवन स्वामियों से अपील की कि वे जर्जर भवनों में निवास न करें।

Varanasi News today Hearing on Rahul Gandhi pending petition 20 years sentence in misdeed case
बिजली गुल होने से परेशानी। - फोटो : अमर उजाला

पांच घंटे बिजली ने लोगों को किया परेशान
बारिश में भी बिजली लोगों को परेशान करने लगी है। सोमवार शाम करीब पांच बजे जैसे ही बूंदाबांदी शुरू हुई। पूरे शहर की बिजली व्यवस्था गड़बड़ा गई। करीब पांच घंटे तक बिजली की आवाजाही लगी रही। रामनगर, चौबेपुर, मिर्जामुराद, सेवापुरी, कैंट, चितईपुर, लोहता, चांदपुर में दो घंटे से अधिक बिजली बाधित रही।

चांदपुर के लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती और अचानक कटौती कर दी जाती है। जिससे दिन के साथ साथ रातें भी मुश्किल हो गई हैं। जिसकी वजह से इस गर्मी में लोगों को भारी समस्याएं उठानी पड़ रही हैं। शेड्यूल के हिसाब से बिजली न मिलने क्षेत्र के लोग काफी परेशान हो रहे हैं।

फ्लीट के वाहन पर अनधिकृत लाइट देख नाराज हुए राज्य मंत्री
समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने फ्लीट की इनोवा पर अनधिकृत लाइट देख नाराजगी जताई। उन्होंने वाहन का चालान करने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र भी लिखा। हिदायत दी कि आगे से ऐसी गाड़ी फ्लीट में न भेजी जाए। कमिश्नरेट पुलिस ने इनोवा का तीन हजार का चालान काटा है। सर्किट हाउस में समाज कल्याण राज्यमंत्री पहुंचे तो उनकी फ्लीट में इनोवा यूपी 65 क्यूटी 9650 लगाया गया। इनोवा के बोनट पर नीली बत्ती देखते ही वह मौजूद अधिकारियों पर नाराज हो गए।

न्यायाधीश किरण पाल सिंह का चंदौली स्थानांतरण, दी गई विदाई
भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण के न्यायाधीश किरण पाल सिंह का स्थानांतरण चंदौली जिले के लिए हुआ है। वह चंदौली में प्रधान न्यायाधीश-परिवार के पद पर कार्यभार संभालेंगे। इसकी जानकारी सोमवार को अधिवक्ताओं को हुई तो उन्होंने न्यायाधीश को विदाई दी। 

सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया। वहीं, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य हरिशंकर सिंह ने उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की। इस दौरान विधिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष मेराज फारुकी जुग्गन, संजय सिंह, आशीष कुमार सिंह, रंजन मिश्रा, संजय सिंह दाढ़ी और अंकुर पटेल के अलावा कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

इमाम हुसैन के दोस्त मजहिर की याद में उठे आलम और ताबूत का जुलूस, हुई मजलिसे
चौथी मुहर्रम सोमवार को जुलूस उठाए गए और मजलिसे हुई। उलेमाओं ने इमाम हुसैन के दोस्त हबीब इब्ने मजहिर का जिक्र किया। पहला जुलूस इम्तियाज हुसैन नकवी के चौहट्टालाल खान स्थित इमामबाड़े से अलम ताबूत का उठा। जो विभिन्न इलाकों में भ्रमण के बाद इमामबाड़े में समाप्त हुआ। अंजुमन आबिदिया ने जुलूस की अगवाई की। 

दूसरा जुलूस शिवाला के मोहल्ला करमटीला से आलिम हुसैन रिजवी के संयोजन में उठा, जो गौरीगंज में काजिम रिजवी के इमामबाड़े पर जाकर समाप्त हुआ। अंतिम जुलूस चौहट्टा लाल खान मस्जिद से अलम, दुलदुल और ताबूत का उठा। अंजुमन आबिदिया सज्जादिया और हाशिमिया ने नौहा मातम के साथ शहीदाने करबला को खेराजे अकीदत पेश किया। मौलाना बाकर बलियावी, डॉ. शफीक हैदर, मंजर नकवी ने मजलिसों को खिताब किया। अब मंगलवार को रामनगर से महाराज बनारस की ओर से स्थापित मन्नत का जुलूस उठाया जाएगा।

कबीर के प्राकट्य स्थल में राज्यमंत्री ने टेका मत्था
राज्यमंत्री असीम अरुण ने सोमवार को प्राचीन संत कबीर प्राकट्य स्थल लहरतारा में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। राज्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हो रहे कार्यों की सराहना की और प्राचीन मंदिर में पुष्प अर्पित किए। राज्यमंत्री ने कहा कि यहां आकर बहुत ही अच्छा लग रहा है। 

कबीरदास का विचार अत्यंत सुकून देने वाला है आज भी कबीर के समय का मंदिर विद्यमान है। कबीर प्राकट्य स्थली के महंत गोविंद दास शास्त्री ने राज्यमंत्री को दुपट्टा ओढ़ाकर कर कबीर का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अभिषेक द्विवेदी, पूर्व प्रधान दिनेश दास महाराज, पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष गोपाल वर्मा मौजूद रहे।

गर्मी की छुट्टी के बाद आज से खुलेंगे सभी स्कूल
एक महीने के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जिले के सभी विद्यालय मंगलवार से खुलने के लिए तैयार हैं। विद्यालयों में छात्रों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक और प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पहली जुलाई से खुल जाएंगे। नए शैक्षणिक सत्र के साथ ही 15 जुलाई तक दूसरे चरण का स्कूल चलो अभियान भी चलाया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed