फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today 5 lakh cash car demanded drop case police pull young man back from brink of death

Varanasi News Today: केस खत्म कराने के लिए 5 लाख नकद व मांगी थी कार, मौत के मुहाने से युवक को खींच लाई पुलिस

Sun, 19 Jul 2026 04:07 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 19 Jul 2026 04:07 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के कैंट थाने में तैनात उर्दू अनुवादक की गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम ने जांच तेज कर दी। वहीं, लंका पुलिस ने युवक की जान बचाकर मिसाल पेश की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today 5 lakh cash car demanded drop case police pull young man back from brink of death
वाराणसी की खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

Varanasi News in Hindi: कैंट थाने में तैनात उर्दू अनुवादक (क्लर्क) अब्दुल रहमान अंसारी की गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम ने जांच तेज कर दी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आरोपी के आय से अधिक संपत्ति की जांच भी हो सकती है। जांच में सामने आया कि उसने जौनपुर के केराकत में तीन मकान बना रखे हैं। 

विज्ञापन


टीम ये भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास जितनी भी फाइलें आई उसके किस तरह के मामले थे और रिपोर्ट सही लगी है या नहीं। शनिवार को आरोपी को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। 
विज्ञापन


जांच में पता चला है कि शिकायतकर्ता सदर बाजार निवासी सारिक शाह हज यात्रा की तैयारी और पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए आवश्यक पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया के संबंध में थाने पहुंचा था। इसी दौरान उर्दू अनुवादक ने शिकायतकर्ता को उसके खिलाफ दर्ज मामलों को समाप्त कराने के साथ-साथ पासपोर्ट के नवीनीकरण की पूरी प्रक्रिया कराने का भरोसा दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


चार दिन में 8 लोगों से पूछताछ, कागजात की जांच कर लौटी विजिलेंस टीम
आईएमएस बीएचयू के सर्जरी विभाग के लिए 3.64 करोड़ रुपये की एक मशीन खरीदने के मामले की विजिलेंस जांच शनिवार को पूरी हो गई। दिल्ली से आई टीम ने चार दिन में आईएमएस निदेशक समेत 8 लोगों से अलग-अलग चरण में पूछताछ कर खरीदारी से जुड़ी जानकारी हासिल की। कागजातों की गहनता से सदस्यों ने जांच की। शनिवार दोपहर टीम कुछ जरूरी कागजातों की छायाप्रति लेकर दिल्ली लौट गई। 

टीम के सदस्य अपनी रिपोर्ट शिक्षा मंत्रालय को सौंपेंगे। जिस तरह से चार दिन तक जांच चली और टीम के सदस्य नाराज दिखे। उससे जल्द ही बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। आईएमएस बीएचयू में एम्स नई दिल्ली, जम्मू कश्मीर मेडिकल कॉलेज से महंगे दाम (3.64 करोड़ रुपये प्रति मशीन) पर मशीन मंगाने की शिकायत पर बुधवार को जांच करने विजिलेंस टीम आई थी। 

यहां एलडी गेस्ट हाउस में टीम के सदस्यों ने आईएमएस बीएचयू के निदेशक के साथ ही तीन वरिष्ठ अधिकारियों सहित 8 लोगों से बारी-बारी से पूछताछ की। खरीदारी से जुड़े कागजात की गहनता से जांच, पड़ताल की। टीम ने 4 की जगह 4.412 मशीन खरीदने के बिल लगाने पर भी आपत्ति जताई है। 

आधे घंटे में मौत के मुहाने से युवक को खींच लाई पुलिस
लंका पुलिस ने 28 साल के युवक की जान बचाकर मिसाल पेश की। बिहार के कैमूर का रहने वाला युवक दो दिन पहले वाराणसी घूमने आया था। परिजनों ने उससे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसी बीच युवक ने अपने भाई के मोबाइल पर एक संदेश भेजा, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात लिखी थी। संदेश पढ़ते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल लंका थाने से संपर्क किया। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने पर तैनात उपनिरीक्षक ने तत्काल थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा को सूचना दी। थाना प्रभारी के निर्देश पर लंका थाना की क्राइम ब्रांच टीम ने बिना समय गंवाए सर्विलांस की मदद से युवक की लोकेशन ट्रेस की। महज आधे घंटे के भीतर पुलिस ने युवक को सुरक्षित खोजकर थाने ले आई। थाने में पुलिस अधिकारियों ने युवक की काउंसिलिंग की, उसे समझाया-बुझाया और मानसिक रूप से संभाला। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। 

दो विमान देरी से पहुंचे, एक निरस्त
मौसम खराब होने के कारण शनिवार को एक उड़ान निरस्त रही, जबकि दो उड़ानें विलंब से पहुंचीं। अकासा एयर की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान संख्या एकेजे-1427 निर्धारित समय से एक घंटे 21 मिनट की देरी से पहुंची और इसी विलंब से वापस रवाना हुई। वहीं, बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू उड़ान संख्या क्यूपी-1423 निरस्त कर दी गई। 

जवाहर मार्केट के किराएदारों को सहमति से हटाकर बनाया जाएगा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स
जवाहर लाल नेहरू व्यावसायिक भवन ( जवाहर मार्केट ) के किराएदारों को सहमति से हटाकर 217 करोड़ रुपये का व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इसे ध्यान में रखकर वीडीए की ओर से किराया न देने वालों की सूची बनाई जा रही है। जिन पर आने वाले दिनों में कार्रवाई की जाएगी। 

इस भवन को तोड़कर 217 करोड़ की लागत से 12 मंजिला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनेगा। इस भवन में दो बेसमेंट पार्किंग भी प्रस्तावित हैं। 25880 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में इसका निर्माण होना है। 45 साल पहले इस भवन का निर्माण किया गया था। इसमें 179 दुकानें और छह कार्यालय हैं। मौजूदा भवन जर्जर हो चुका है। जल्द ही यहां का निर्माण कार्य शुरू होगा। इस भवन के बनने से काफी फायदा होगा। 

एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। इसमें फायर और सेफ्टी के सभी इंतजाम किए जाएंगे। कमलापति इंटर कॉलेज के समीप इस कॉम्प्लेक्स के बनने से काशी आने वाले पर्यटकों को भी सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटकों के लिहाज से यहां भवन में बनारसी की पहचान वाली दुकानें होंगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि कॉम्प्लेक्स बनने से यहां के लोगों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को काफी फायदा मिलेगा। 

उमस से राहत, तापमान 26.6 डिग्री
पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस से लोगों को शनिवार को राहत मिली। मानसून की दस्तक के बाद जिस तरह की बारिश की उम्मीद थी, वैसी झमाझम बारिश अब तक नहीं हुई थी। हालांकि पिछले कुछ दिनों मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 34.0 डिग्री सेल्सियस रह गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस से घटकर 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि हवा में नमी बढ़ने से उमस का असर काफी कम हुआ है। फिलहाल अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। 

काशी टोल प्लाजा पर आज से बढ़ जाएंगी दरें
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-29 स्थित काशी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क में संशोधन किया है। नई दरें 19 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि से लागू होंगी। इसके तहत सभी श्रेणी के वाहनों के लिए टोल शुल्क बढ़ाया गया है। नई दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए एकल यात्रा का टोल 150 रुपये तथा वापसी यात्रा का टोल 225 रुपये होगा। स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए मासिक पास 360 रुपये में उपलब्ध रहेगा। 

कार्यकारिणी की पहली बैठक में चुने जाएंगे उपसभापति
छह नए सदस्यों के चुनाव के बाद नगर निगम कार्यकारिणी में सदस्यों की संख्या 12 हो गई है। इसी महीने होने वाली कार्यकारिणी की पहली बैठक में इन 12 सदस्यों में से एक को उपसभापति चुना जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि नरसिंह दास चौथी बार उपसभापति बनाए जा सकते हैं। इसे लेकर कवायद शुरू हो गई है। हालिया चुनाव में भाजपा के नरसिंह दास, बलराम कन्नौजिया, इंद्रा रानी, संदीप रघुवंशी और संजय केशरी तथा सपा के गोविंद सिंह पटेल निर्वाचित हुए हैं।

वीडीए में नक्शा पास कराने में मदद करेंगे आर्किटेक्ट
नक्शा पास कराने में शहर के आर्किटेक्ट आम जनता की मदद करेंगे। मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया के दौरान अक्सर तकनीकी खामियों के कारण नक्शा पास नहीं हो पाता। इस प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने में आर्किटेक्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि ऑनलाइन फाइल सबमिट करने से पहले मैप फैसिलिटी सेल में एक बार ड्रॉइंग की जांच अवश्य करा लें, ताकि त्रुटियां कम हों। 

24 घंटे में 17 सेंटीमीटर बढ़ गईं गंगा, शीतला घाट का आरती स्थल जलमग्न
काशी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। एक दिन में 17 सेंटीमीटर गंगा बढ़ गई हैं। शनिवार को शीतला घाटा का आरती स्थल जलमग्न हो गया। बढ़ता पानी अब कई घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच चुका है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को जलस्तर 60.53 मीटर था, जो शनिवार को बढ़कर 60.67 मीटर हो गया है। 18 जुलाई को 65.29 मीटर दर्ज किया गया था।

इस कारण सुबह ए बनारस के मंच के पास पानी पहुंच गया था। गंगा का जलस्तर 3 सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।  एनडीआरएफ के सीओ अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि उनके बटालियन की 6 टीमें तैनात हैं, हर टीम में 30 जवान हैं। 

आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख बने प्रफुल्ल 
आकाशवाणी वाराणसी के नए कार्यक्रम प्रमुख प्रफुल्ल सिन्हा बनाए गए हैं। यहां सहायक निदेशक (कार्यक्रम) रहे अशोक पांडेय का स्थानांतरण आकाशवाणी गोरखपुर में इसी पद पर हुआ है। उनके स्थान पर प्रफुल्ल कुमार सिन्हा ने 17 जुलाई को कार्यक्रम प्रमुख का पदभार संभाला। आकाशवाणी महानिदेशालय नई दिल्ली के आदेश पर यह स्थानांतरण हुआ। पांडेय ने अपने कार्यकाल में आकाशवाणी वाराणसी के कार्यक्रम अनुभाग का नेतृत्व किया। उनके विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पांडेय के योगदान की सराहना की। मौके पर दिलीप यादव, अशोक कुमार, चंदन कुमार, आशुतोष कुमार, आकांक्षा, मंगल, विजय सिंह आदि रहे। 

सपा ने नहीं निभाया गठबंधन धर्म : कांग्रेस
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में गठबंधन धर्म नहीं निभाने के लिए सपा महानगर अध्यक्ष, सपा पार्षद दल के नेता जिम्मेदार हैं। शनिवार को मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय में कांग्रेस पार्षदों के साथ महानगर अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगी। उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस पार्टी को लिखित रूप से आगामी कार्यकारिणी चुनाव में समर्थन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन चुनाव के समय उसी आश्वासन से पीछे हटकर गठबंधन धर्म का उल्लंघन किया गया। 

दूसरे दौर की परीक्षा के बाद रामलीला के स्वरूपों का होगा अंतिम चयन
रामनगर। रामनगर की विश्वप्रसिद्ध रामलीला 25 सितंबर से शुरू होगी। इसके लिए अगले रविवार को रामनगर किले में मुख्य स्वरूपों की भूमिका के लिए बच्चों का अंतिम चयन दूसरे दौर की स्वर परीक्षा के बाद किया जाएगा। पहले दौर की स्वर परीक्षा शुक्रवार को रामनगर किले में आयोजित की गई थी, जिसमें वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर से आए दो दर्जन से अधिक बालकों ने हिस्सा लिया। किले के जवाहिरखाने की छत पर आयोजित स्वर परीक्षा में काशीराज परिवार के अनंत नारायण सिंह की मौजूदगी में बच्चों ने श्लोक और रामचरितमानस की चौपाइयों का पाठ किया। 

इस दौरान उनकी आवाज, कंठ की मधुरता और बाल सुलभ कमनीयता का परीक्षण किया गया। इसके बाद अनंत नारायण सिंह की सहमति से मुख्य स्वरूपों का अंतिम चयन दूसरे दौर की परीक्षा के बाद करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में किले से जुड़े कर्मचारियों और रामलीला व्यास ने बताया कि बारिश के कारण पहले दौर की स्वर परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। अब दूसरे दौर की परीक्षा के बाद पात्रों का अंतिम चयन 
किया जाएगा। 

मो. आसिफ हाशमी बने बाल संसद के प्रधानमंत्री
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बाल संसद का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से कराया गया। चुनाव का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मतदान और नेतृत्व की प्रक्रिया से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना रहा। चुनाव में मो. आसिफ हाशमी को बाल संसद का प्रधानमंत्री चुना गया। उन्होंने मनीषा यादव को 51 मतों से हरा दिया।  

विद्यालय की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री पद के लिए कक्षा 5 की मनीषा यादव और कक्षा 4 के मोहम्मद आसिफ हाशमी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों ने प्रधानाध्यापक के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया। जांच के बाद उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में प्रचार-प्रसार किया। प्रचार समाप्त होने के बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।  

लिगेसी वेस्ट का निस्तारण जल्द कराएं पूरा
शहरी आवासन एवं कार्य मंत्रालय के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला और केंद्रीय संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने शनिवार को करसड़ा और रमना प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने लिगेसी वेस्ट का निस्तारण जल्द पूरा कराने पर जोर दिया।

सबसे पहले करसड़ा स्थित वेस्ट टू कंपोस्ट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लांट का संचालन करने वाली संस्था ईस्टर्न ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर्स के प्रतिनिधियों ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से सचिव को कचरा प्रसंस्करण और खाद निर्माण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। प्लांट में वर्षों से जमा पुराने कचरे (लिगेसी वेस्ट) के पहाड़ को देखकर सचिव ने इसके वैज्ञानिक निस्तारण की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी। 

इस दौरान सचिव श्रीनिवास कटिकिथला एवं संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने प्लांट परिसर में पौधरोपण भी किया। काशी आगमन पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सचिव और संयुक्त सचिव पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय टीम की अगवानी की। 

जन्म से 36 माह तक होगी शिशुओं की निगरानी
वाराणसी जिले में समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत नवजात शिशु से लेकर 36 महीने (3 वर्ष) तक के बच्चों की सेहत पर स्वास्थ्य विभाग निगरानी करेगा। वाराणसी में तीन साल तक की उम्र के 2,37,878 बच्चों को चिह्नित किया गया है। इसके तहत कम वजन वाले, समय से पहले जन्मे, देरी से स्तनपान शुरू करने वाले, कुपोषित, बार-बार बीमार पड़ने वाले वाले बच्चों की पहचान की जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए आशा, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता काम करेंगी।

डीएम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के विषयवार खराब प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति/बेसिक शिक्षा/माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नामांकन, फर्नीचर की उपलब्धता, निपुण प्लस स्पॉट असेसमेंट, बच्चों की उपस्थिति समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई।

डीएम ने विद्यार्थियों के कम नामांकन वाले ब्लाॅकों के खंड शिक्षा अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के विषयवार खराब प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे शिक्षकों को अवश्य चिह्नित किया जाए। दिव्यांग बच्चों के मेडिकल सर्टिफिकेट को जारी करने में लापरवाही न बरती जाए। बिना कारण आवेदन लंबित न हो। उन्होंने पीएमश्री योजना के तहत विद्यालयों में होने वाले कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए संबंधित ब्लॉक के बीईओ को निर्देशित किया। 

इसके अलावा डीएम ने सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय और सीएम अभ्युदय योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने सीएम मॉडल स्कूल, बाराडीह, सेवापुरी में पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग से अनुमति लेकर और उसका मूल्यांकन व नीलामी कराकर निर्माण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। डीएम ने शिक्षा विभाग के तहत संचालित 19 पैरामीटर पर जनपद के सभी विद्यालयों में शिक्षा की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

2.37 करोड़ से बने मंदिर भवन का हुआ लोकार्पण
विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने शनिवार को कुआर बाजार में दो करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बने दो मंजिला काली माता मंदिर भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने काशी के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी है। इसके लिए काशीवासी उनके प्रति कृतज्ञ हैं। इस अवसर पर एसडीएम पिंडरा कुंदन राजकपूर, बीडीओ प्रतिभा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, जिला महामंत्री डॉ. जेपी दुबे, जिलामंत्री फौजदार शर्मा, मंडल अध्यक्ष अशोक गौतम, आशीष प्रकाश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। 

कल्कि काल की व्यवस्थाएं शुरू हो गई: डॉ. सुनील
स्वास्थ्य और अध्यात्म पर कार्य कर रहे बीएचयू आईएमएस के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि वर्तमान में भगवान कल्कि की आध्यात्मिक चेतना जागृत है और सांसारिक लोगों की चेतना के उत्थान का कार्य चल रहा है। उनका दावा है कि भगवान कल्कि की चेतना पिछले वर्ष से ही जागृत है। इसके बावजूद समाज में विपरीत परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं। लोग अपने कुलदेवता को छोड़ रहे हैं और अन्य धर्मों को अपना रहे हैं। शनिवार को पराड़कर भवन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रत्येक युग की व्यवस्था अलग-अलग रही है और लोग वर्गवार देवताओं की आराधना करते थे।

वेंकटरमण घनपाठी को मास्टरमाइंड शिरोमणि अवॉर्ड
वैदिक ज्ञान, वेद साधना, स्वाध्याय और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए काशी के प्रख्यात वैदिक विद्वान आचार्य वेंकटरमण घनपाठी को अंतरराष्ट्रीय सम्मान ‘मास्टरमाइंड शिरोमणि अवॉर्ड-वैदिक हेरिटेज 2026’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में हुए अंतरराष्ट्रीय समारोह में देश-विदेश के विशिष्ट उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनेताओं, विद्वानों, विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में उनको सम्मानित किया गया। 

सावन भर ज्ञानवापी में नमाज पर रोक की मांग
सावन माह के दौरान ज्ञानवापी परिसर में नमाज पर रोक लगाने की मांग को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपा है। शिवसेना के प्रवक्ता ओम प्रकाश मिश्रा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। ऐसे में ज्ञानवापी परिसर में नमाज अदा होने से हिंदू आस्था प्रभावित होती है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। उन्होंने पूरे सावन माह के दौरान नमाज पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की है। 

पीजी की स्पॉट राउंड काउंसिलिंग का डेटा मिला 
बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी में स्पॉट राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई। समर्थ पोर्टल से छात्रों का डेटा मिलने के बाद इस राउंड के पहले चरण की प्रक्रिया विश्वविद्यालय ने शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय में बनी केंद्रीय प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो.भास्कर भट्टाचार्य के अनुसार स्पॉट राउंड की काउंसिलिंग का पहला चरण 20 जुलाई की रात 11.59 बजे तक चलेगी। इस दौरान पीजी में खाली पड़ी 2400 सीटों को भरे जाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। बताया कि अगर इस काउंसिलिंग के बाद भी सीट बचेगी तो 21 जुलाई से दूसरा चरण चलाया जा सकता है। विवि में 16 जुलाई से ही स्पॉट राउंड की सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होनी थी लेकिन समर्थ पोर्टल से सीट आवंटन का डेटा नहीं मिल सका। 

बीएससी गणित में 324, बायो में 246 ने लिया दाखिला
काशी विद्यापीठ में शनिवार को बीएससी सहित कई कोर्स में काउंसिलिंग हुई। विश्वविद्यालय में बीएससी गणित में कुल 324 और बायो में 246 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। प्रवेश सेल के उपसमन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि बीम्यूज, बीएफए की सभी नियमित सीट भर गईं। सभी विद्यार्थियों के ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड काउंसिलिंग स्थल पर ही प्रदान किया गया। इस दौरान प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय, स्नातक स्तरीय काउंसिलिंग संयोजक डॉ. राहुल गुप्ता, प्रो. रमन पंत, प्रो. राकेश तिवारी, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय मौजूद रहे। 

काशी विद्यापीठ में धरना प्रदर्शन पर रोक
काशी विद्यापीठ कैंपस में धरना/प्रदर्शन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। कुलानुशासक प्रो. केके सिंह ने कहा कि अगर कोई धरना, प्रदर्शन करता है तो यह कार्य शासकीय एवं प्रशासकीय कार्यों में बाधा माना जाएगा। ऐसे लोगों पर अनुशासनात्मक/विधिक कार्यवाही की जाएगी। प्रो. सिंह ने कहा कि यदि किसी भी छात्र/छात्रा की विवि संबंधित कोई भी समस्या है तो वे अपने सम्बन्धित संकायाध्यक्ष/विभागाध्यक्ष/पाठ्यक्रम प्रभारी/ कार्यालय अधीक्षक से मिलकर उसका निस्तारण कराने का कष्ट करें। 

अध्ययनशील संस्कृति से होती है विवि की पहचान 
काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में हुए पुस्तक पठन एवं रिव्यू रिपोर्ट लेखन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को किताब पढ़ने के प्रति जागरूक किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि विवि में पठन-संस्कृति को सुदृढ़ करना, अध्ययन की गंभीरता को बढ़ावा देना इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य है। पंत प्रशासनिक भवन स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में हुए कार्यक्रम में कुलपति ने कहा कि किसी भी विवि की वास्तविक पहचान उसकी अध्ययनशील संस्कृति से होती है। 

Varanasi News Today 5 lakh cash car demanded drop case police pull young man back from brink of death
BHU - फोटो : अमर उजाला

बीएचयू में बिना विभाग के डिग्री मिली तो छात्र ने उठाए सवाल
बीएचयू में जो विभाग ही नहीं बना है, उसकी डिग्री जब एक छात्र को मिली तो वह चौंक गया। अपनी डिग्री को लेकर छात्र परीक्षा नियंत्रक के पास पहुंचा और उसकी शिकायत की। इस पर परीक्षा नियंत्रक ने जल्द-से-जल्द इस तरह की गड़बड़ी को दूर कराने को कहा है।

विवि में प्रयोजनमूलक हिंदी (पत्रकारिता) विषय से शोध कर चुके डॉ. नील दुबे ने हिंदी विभाग में ही संचालित स्पेशल कोर्स प्रयोजनमूलक हिंदी(पत्रकारिता) से परास्नातक भी की है। शोध के दौरान वह कई बार प्रयोजनमूलक को एक अलग विभाग बनाने की मांग करते रहे। इस बीच विवि की ओर से नील दुबे को पीएचडी डिग्री मिली। 

उसमें उनके विभाग का नाम हिंदी विभाग से बदलकर उनके स्पेशल कोर्स प्रयोजनमूलक हिंदी पत्रकारिता विभाग कर दिया गया। इतना ही नहीं विभाग का नाम गलत करने के साथ ही उन्हें उनके कोर्स प्रयोजनमूलक हिंदी (पत्रकारिता) की बजाय उन्हें हिंदी विषय में शोध की उपाधि दे दी गई है। नील दुबे ने परीक्षा नियंत्रक से जो शिकायत की है, उसमें बताया कि बीएचयू पीएचडी नियमावली में जिस विषय में एमए है उसी विषय में एमए है। 

उसी विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि उन्हें थीसिस सबमिशन प्रमाणपत्र से लेकर प्रोविजनल प्रमाण पत्र, उनके अकादमिक आधार पर ही दिए गए पर अंतिम रूप से फाइनल डिग्री में घोर लापरवाही की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा नियंत्रक ने 10 दिन में गड़बड़ी सुधार करवाने का आश्वासन दिया है।

महिलाओं से अभद्रता में महिला समेत छह गिरफ्तार
थाना सिगरा की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने कार्रवाई की। टीम ने महिलाओं और राहगीरों से अश्लील हरकत करने के आरोप में छह लोगों को पकड़ा। चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुरुषों को पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुरुषों में आदित्य निषाद चंदौली, मोहम्मद रियासत बिहार, दीपक बेनवंशी जौनपुर और मोहम्मद शरफराज शाह झारखंड का है। जबकि दो महिलाएं चंदौली की हैं। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। 

दो लुटेरे गिरफ्तार, एक लाख रुपये और बाइक बरामद
चौक पुलिस और एसओजी टीम ने लूट के दो अभियुक्तों आलोक मिश्रा निवासी पांडेयपुर लालपुर और विकास पांडेय निवासी आजमगढ़ को रामसिंह अखाड़ा बेनियाबाग से गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटे गए सोने के लॉकेट की बिक्री से मिले एक लाख दो हजार रुपये और मोटरसाइकिल मिली है। 6 जुलाई को महिला ने चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। 

साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार
ऑनलाइन इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ पुलिस ने किया। पुलिस ने इस्तियाक एन हुसैन (41) को गिरफ्तार कर उसके पास से एक मोबाइल फोन और 25,500 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी उदयवीर सिंह बताया कि साइबर अपराधी पहले इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाते थे। 

पकड़े गए 83 बेटिकट यात्री, 48035 का जुर्माना
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर विभिन्न रेल खंडों पर अभियान चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वालों को पकड़ा। शुक्रवार को मऊ–इंदारा रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 83 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया। साथ ही 48035 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। अभियान के तहत ट्रेन संख्या 65107 भटनी–वाराणसी सिटी, 15104 बनारस–गोरखपुर एक्सप्रेस में टिकटों की जांच की गई। दोहरीघाट–वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी में भी कार्रवाई की गई।

पालतू कुत्ते ने युवक को काटा, दी तहरीर
चौबेपुर थाना क्षेत्र के अजांव गांव में एक पालतू कुत्ते ने युवक राजेश उपाध्याय पर हमला कर दिया। पीड़ित ने कुत्ते के मालिक सतीश प्रजापति के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। राजेश धान की रोपाई के लिए खेत जा रहे थे। तभी गांव के सतीश प्रजापति अपने पालतू कुत्ते को टहला रहे थे। रास्ते से गुजरते समय कुत्ते ने राजेश के पैर में कई जगह काट लिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जांच हो रही है। 

खंडहर परिसर में नशा करते दो युवक पकड़े गए
रामनगर थाना क्षेत्र में पशु चिकित्सालय के पास एक खंडहरनुमा सरकारी परिसर में नशीले पदार्थ का सेवन करते दो युवकों को शुक्रवार को लोगों ने पकड़ा। लोगों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर चालान किया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवकों में अनूप कनौजिया (23) गंगाधर पुरम कॉलोनी, रामनगर का निवासी है। दूसरा युवक कुशल सिंह (22) मूल रूप से बनिया बांध, थाना रसड़ा, बलिया का रहने वाला है। 

स्कूल में घुसकर हंगामा, प्रबंधक से मारपीट
लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में निजी विद्यालय परिसर में घुसकर हंगामा करने और प्रबंधक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। विद्यालय प्रबंधक राजेश सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार सुबह11 बजे कमला प्रसाद, बृजेश, मालती, लक्ष्मी समेत अन्य लोग जबरन विद्यालय परिसर में घुस आए और जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

गैंग के 2 सदस्य गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा गया
लंका पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में नुवाव सब्जी मंडी के पास से चोरी की स्कूटी बरामद कर दो आरोपियों और एक बाल अपचारी को पकड़ा। आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार पटेल निवासी शिवपुर बबुरी (चंदौली) और जतिन शर्मा निवासी धर्मवीर नगर कॉलोनी, सुसुवाही के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी बालअपचारी है । पूछताछ में बताया कि कृष्ण कुमार कथित तौर पर ‘61-61 गैंग’ का सदस्य है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों पर कार्रवाई की गई। 

घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में महिला ने पड़ोसी दो भाइयों पर घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नदेसर निवासी रेनू टंडन ने तहरीर में बताया कि 19 जून की शाम 5 बजे वह अपने पति राजकुमार टंडन के साथ घर पर थीं। आरोप है कि पड़ोसी अशफाक कुरैशी और उसका भाई शहजाद कुरैशी उर्फ हाफिज जबरन उनके घर में घुस आए। किसी बात पर विवाद के दौरान दोनों ने मारपीट, अभद्रता की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि  तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

58.86 लाख का सोना लेकर भागने वाला गिरफ्तार
स्वर्ण व्यवसायी का 58.86 लाख सोना गबन कर भागे कर्मचारी शरद कुमार को पुलिस ने हनुमान मंदिर लकड़ी मंडी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 131.760 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी ने बताया कि वह पकड़े जाने के डर से राजस्थान भाग गया था और मां से मिलने वाराणसी वापस आया था। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेजा गया। 

फौजी ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया
सारनाथ थाना क्षेत्र में भारतीय सेना के एक जवान की मां से दिनदहाड़े 50 हजार रुपये और लाखों के सोने के जेवर लूट लिए गए। जम्मू-कश्मीर में तैनात जवान अजय यादव ने  पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। पुलिस आयुक्त को भेजे ईमेल में उन्होंने आरोप लगाया है कि सारनाथ पुलिस ने उनकी शिकायत में दर्ज तथ्यों को बदलकर एक साधारण प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की है। अजय यादव ने पुलिस आयुक्त को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि सारनाथ थाने के कर्मचारियों ने उनके मूल आवेदन को बदल दिया। पुलिस ने लूट की घटना को कमतर आंकते हुए एक सामान्य प्राथमिकी दर्ज की। लूटे गए सोने के जेवरों और नकदी का पूरा विवरण शामिल नहीं किया गया। 

तनुजा सिंह मौत मामले में एसआईटी जांच की मांग 
रामनगर के रामपुर मोहल्ले में सैन्यकर्मी सत्येंद्र कुमार सिंह की पत्नी तनुजा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। मायके पक्ष की तहरीर पर रामनगर पुलिस ने गिरफ्तारी की है, लेकिन परिजन इसे हत्या का मामला बताते हुए प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ने की मांग कर रहे हैं। साथ ही उनका कहना है कि एसआईटी या सीबीआई जांच की मांग करेंगे। इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और उलझा दिया है। 

रिपोर्ट में मृतका की छोटी आंत में छेद होने का उल्लेख है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि यह छेद किस कारण हुआ। वहीं डॉक्टर मौत का स्पष्ट कारण बताने में असमर्थ रहे हैं और अंतिम राय के लिए वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आरोप है कि प्रभावशाली रिश्तों के कारण मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है। इसलिए सभी पहलुओं की पारदर्शी जांच नहीं हुई तो वे उच्च स्तर की एजेंसी से जांच कराने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। 

दिवंगत मुख्य आरक्षी के परिवार को 20 लाख दिए
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बीमारी से दिवंगत मुख्य आरक्षी रवि प्रकाश सिंह के आश्रित परिवार को 20 लाख रुपये की बीमा धनराशि का चेक दिया। यह सहायता यूपी पुलिस सैलरी पैकेज के तहत दी गई है। पुलिस कार्यालय में बैंक ऑफ बड़ौदा के आरबीडीएम धर्मेंद्र कुमार भी उपस्थित थे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिवंगत रवि प्रकाश सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में समाज की सुरक्षा और सेवा का दायित्व निभाते हैं। योजना के अंतर्गत दुर्घटना बीमा कवरेज को बढ़ाया गया है। अब यह कवरेज 2.30 करोड़ रुपये तक कर दिया गया है। इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को अधिक सुरक्षा मिलेगी। कठिन समय में उन्हें महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता भी मिलेगी। उनके योगदान को याद किया। 

खड़ी डंपर में घुसी डीसीएम, चालक की मौत
मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज में रिंग रोड पर चालक को झपकी आने से इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदी डीसीएम, सड़क के किनारे खड़ी गिट्टी लदे डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में डीसीएम चालक अचल प्रजापति (45) की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने केबिन काटकर चालक का शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौबेपुर थाना क्षेत्र कोदूपुर गांव निवासी राम अचल प्रजापति मुंबई से इलेक्ट्रॉनिक सामान लाद कर गुवाहाटी जा रहा था। शुक्रवार भोर में मेहंदीगंज के पास झपकी आ गई। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि  प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना रहा। बाकी जांच की जा रही है। अपने पीछे पत्नी सुमन देवी के साथ ही दो पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए। 

महावीर मंदिर के पास स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
महावीर मंदिर के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार महिला घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लिया। कुबेर नगर अनौला निवासी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पत्नी शुक्रवार शाम पांच बजे स्कूटी से जा रही थी। पीछे से आई स्कॉर्पियो ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी पत्नी घायल हो गईं। अभय मिश्रा का आरोप है कि स्कॉर्पियो में चार से पांच युवक सवार थे और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। थाना प्रभारी राजकिशोर ने बताया कि जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 

बस संचालक ने विषाक्त खाकर दी जान
सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ छित्तूपुर निवासी ट्रैवल संचालक अतुल कुमार सिंह ने विषाक्त का सेवन कर जान दे दी। परिजन उसे शिवपुर के निजी अस्पताल लेकर गए थे, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से गाजीपुर के सैदपुर निवासी अतुल कुमार सिंह (29) चंदुआ छित्तूपुर में बड़े पिता भरत सिंह के साथ रहता था। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

भरत एनकाउंटर की एसआईटी से जांच की मांग
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता संजय चौबे ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ की न्यायिक जांच के अतिरिक्त निष्पक्षता के उद्देश्य से जांच होनी चाहिए। राष्ट्रपति, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, सर्वोच्च न्यायालय को ई-मेल भेजकर मामले का स्वतः संज्ञान लेने और एसआईटी गठित कर जांच की मांग की है। 

हेराफेरी के मामले में क्लीन चिट की अर्जी खारिज 
सिविल जज (जूनियर डिवीजन) तरुण कुमार सिंह की अदालत ने उदय प्रताप शिक्षा समिति और इंडियन बैंक के अधिकारियों पर कथित मिलीभगत कर हेराफेरी के मामले में शिवपुर पुलिस की ओर से दाखिल अंतिम रिपोर्ट को निरस्त कर अग्रिम विवेचना के आदेश दिए हैं। अदालत ने माना कि मामले में आगे जांच की जरूरत है। उदय प्रताप कॉलेज और हीवेट क्षत्रिय स्कूल इंडाउमेंट ट्रस्ट के सचिव आनंद विजय सिंह की ओर से 2021 में न्यायालय के आदेश पर शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 

विवेचना के बाद शिवपुर पुलिस ने इंडियन बैंक के तत्कालीन प्रबंधक और उदय प्रताप शिक्षा समिति के सचिव को दोषमुक्त मानते हुए अदालत में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। इस पर ट्रस्ट के सचिव आनंद विजय सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अंतिम रिपोर्ट पर आपत्ति जताई। याचिका में कहा गया कि पुलिस ने निष्पक्ष और समुचित विवेचना नहीं की, आवश्यक साक्ष्य एकत्र नहीं किए और आरोपियों को अनुचित लाभ पहुंचाते हुए अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी। 

पुलिस आयुक्त ने गंदगी मिलने लगाई फटकार
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। शासन से स्वीकृत 98 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आधारभूत सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए दिशा-निर्देश दिए। स्वच्छता, अनुशासन, अनुरक्षण और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष बल दिया। रेडियो शाखा परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त कर सफाई की कड़ी चेतावनी दी। 

युवती ने फंदे से लटकर दी जान
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के पहाड़ी स्थित लक्ष्मी नगर कॉलोनी में शाम को वंदना यादव (22) ने फंदे से लटकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार उसने कमरे में पंखे के हुक से भैंस बांधने वाली लोहे की सिक्कड़ के सहारे फंदा लगाया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि कारण स्पष्ट नहीं है। जांच हो रही है। 

ऑक्सीजन प्लांट के पाइपलाइन में मिला लीकेज
जिले में कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को नरपतपुर सीएचसी पर स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय निरीक्षण करने पहुंचे। ऑक्सीजन प्लांट की सक्रियता जांची। इस दौरान सप्लाई पाइप लाइन लीकेज मिला। उन्होंने इसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि लखनऊ स्थित टेक्नीशियन को सूचना दी गई है। जल्द ही वहां से पाइपलाइन मंगाई जाएगी। 

नकली बनारसी साड़ी का मुद्दा उठाया
रेवड़ी तालाब स्थित नगीना वाली मस्जिद के मैदान में चरखा आंदोलन के बैनर तले बुनकरों की बैठक हुई। गुजरात वस्त्र उद्योग के प्रतिनिधि मूसा अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में संयोजक रमजान अली ने हथकरघा पर बनने वाली असली बनारसी साड़ी के बाजार को बचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पावरलूम और सूरत के कपड़ों पर नकली धागे इस्तेमाल कर डुप्लीकेट साड़ियां बेची जा रही हैंं। सावन के पहले दिन पराड़कर भवन में पार्वती देवी सहित 12 बुनकरों को सम्मानित करने की घोषणा की गई। 

स्कूल से थाने तक गूंजा जल संरक्षण का संदेश
भूजल सप्ताह-2026 के तहत शुक्रवार को जल संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को भूजल के महत्व, बढ़ते जल संकट के कारणों तथा दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग के उपायों की जानकारी दी। वहीं, थाना लालपुर-पांडेयपुर में थाना प्रभारी अतुल सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया। इस मौके पर प्रधानाचार्य नित्यानंद मिश्र, जल वैज्ञानिक सपना सिंह, भूभौतिकविद गौरव दिवाकर आदि मौजूद रहे। x

सावन में विशेष ट्रेनों के संचालन पर हुई चर्चा
सावन में काशी आने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके यादव की अध्यक्षता में वाराणसी जंक्शन पर शुक्रवार को समन्वय बैठक हुई। इसमें सावन महीने में यात्रियों की सुरक्षित, सुगम व व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। सावन में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन चलाने पर भी मंथन हुआ।

यात्रियों की संख्या के अनुरूप संभावित होल्डिंग एरिया बनाने पर भी मंथन हुआ। अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके यादव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। बैठक में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, उप मुख्य अभियंता (निर्माण) रॉकी तुहर, सहायक विद्युत अभियंता (निर्माण) अशोक पासवान, दिवाकर वार्ष्णेय मौजूद रहे। 

आईजीआरएस के निस्तारण में लापरवाही डीडी पंचायत का एक दिन का वेतन रोका
मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। आईजीआरएस मामलों के उचित निस्तारण और विभागीय कार्यों की उचित जानकारी नहीं देने पर मंडलायुक्त ने डीडी पंचायत का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि आईजीआरएस मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो और अधिकारी रैंडम फोन करके शिकायतकर्ताओं से निस्तारण की जानकारी लें। जौनपुर में पारिवारिक लाभ योजना व सामूहिक विवाह योजना की खराब रैंकिंग पर मंडलायुक्त ने डीएम जौनपुर को समाज कल्याण अधिकारी पर कार्रवाई करने को कहा। सभी जिलों के डीएम और सीडीओ को भी सीएमओ के स्तर पर जननी सुरक्षा योजना की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। 

नमामि गंगे योजना में पिछले माह के कार्यों में कोई प्रगति न होने पर नाराजगी जताई और जलनिगम (ग्रामीण) के जीएम को कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि शून्य गरीबी के लोगों को कनेक्शन दिया जाए। आईसीडीएस योजनाओं में पोषण ट्रैकर पर सही आंकड़ा भरने को कहा। विद्यालयों के भवन जर्जर न हों, ऊपर से बिजली के तार नहीं गुजरे हों, इसका ध्यान रखा जाए। 

पीएमजीएसवाई योजना में गाजीपुर की खराब रैंक पर जिलाधिकारी गाजीपुर ने फर्म के खिलाफ कार्रवाई, एसआईटी जांच की जानकारी दी। कमिश्नर ने कहा कि पौधरोपण अभियान के तहत लगे सभी पौधों की जियो टैगिंग की जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि आमजन को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। 

शहीद उद्यान पार्क में हरियाली के साथ आजादी के वीरों की स्मृतियां भी होंगी
शहर की हरियाली और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने के तहत नगर निगम के सामने स्थित शहीद उद्यान पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। इस पार्क को न केवल अधिक हरित और आकर्षक बनाया जा रहा है, बल्कि इसे स्वतंत्रता संग्राम के वीरों की स्मृतियों से भी जोड़ा जाएगा। सुंदरीकरण का उद्देश्य पार्क को अधिक आकर्षक बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है।

पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की स्मृतियों को सम्मानजनक ढंग से प्रदर्शित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 

न्यायालय में गवाहों की अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने शासकीय अधिवक्ताओं/अभियोजन अधिकारियों को संबंधित मामलों की प्रभावी निगरानी कर निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि अभियोजन कार्य में लापरवाही पर अधिकारी के विरुद्ध जवाबदेही तय की जाएगी। डीएम ने कहा कि पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, एससी-एसटी एक्ट आदि से संबंधित गंभीर मामलों का निष्पादन के लिए समय पर कार्रवाई करें। न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन के लिए सभी संबंधित पक्षों में समन्वय जरूरी है। 

जरूरी है कि सभी पक्ष आवश्यक कागजात या प्रतिवेदन के लिए संपर्क करें। डीएम ने स्पष्ट कहा कि न्यायालय में गवाहों की अनुपस्थिति या शिथिल पैरवी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। अभियोजन अधिकारी अपने-अपने न्यायालय में लंबित गंभीर प्रकरणों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर पैरवी करें। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में चिकित्सीय परीक्षण, पीड़िता को विधिक सहायता और मुआवजा दिलाने के लिए कार्रवाई पर बल दिया गया। 

संविधान हमें सुरक्षा के साथ अधिकार भी देता है : प्रिया सरोज
मछलीशहर की सपा सांसद प्रिया सरोज ने पिंडरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय जमापुर में बच्चों के शैक्षिक स्तर का मूल्यांकन करने के साथ उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें सुरक्षा और हक का अधिकार देता है। संविधान के चलते ही आज निशुल्क शिक्षा मिल रही है। कक्षा 5 की छात्रा अनन्या पटेल से उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के बारे में पूछा। छात्रा ने बताया कि डॉ भीमराव ने कहा था कि पैर में जूते भले न हो लेकिन हाथ में किताब होनी चाहिए। सांसद ने स्मार्ट क्लास रूम, लाइब्रेरी और किचेन का निरीक्षण किया। उन्होंने 110 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग के साथ स्टेशनरी दी। प्रधान विनोद पटेल, मनोज यादव, नौशाद खां, वंशनरायन पटेल आदि मौजूद रहे। 

चोलापुर में पेड़ गिरने से 8 घंटे तक कटी बिजली, लो वोल्टेज से परेशानी
चोलापुर में पेड़ गिरने से 8 घंटे तक कटी बिजली कटी रही। इससे करीब 1 लाख की आबादी प्रभावित हुई। वहीं, पिंडरा के धौकलगंज क्षेत्र में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग ने परेशान किया। सातो महुआ क्षेत्र में सीएनजी पेट्रोल पंप के बगल में सिकंदरपुर गांव में दो घंटे से अधिक समय तक लाइट कटी रही। सिंधौरा डीपीएच फीडर से संबंधित गांव सिंधौरा कस्बा, जाठी, भगवतीपुर, बसंतपुर, सहित कई गांवों की बिजली कटी। लोहता के ग्रामीण क्षेत्र में एक घंटे की कटौती हुई थी। उगापुर विद्युत उपकेंद्र व गरथौली उपकेंद्र से जुड़े गांवों में शाम 3 बजे के करीब बारिश के चलते लाइट कटी थी। 

10 पदों के लिए 3 अगस्त को चुनाव
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के 2026-2027 के पदाधिकारियों का चुनाव 3 अगस्त को होगा। चेतगंज के वाणिज्य कर भवन में होने वाले चुनाव के लिए वरिष्ठ सदस्य समिति ने अधिसूचना जारी की है। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार साकूजा ने बताया कि मतदान और मतगणना 3 अगस्त को होगी। प्रत्याशी 23 जुलाई से नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर सकेंगे। नामांकन 25 जुलाई को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। नाम वापसी 27 जुलाई को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक होगी। 

बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ता सीखेंगे व्यवस्था-तकनीक
भाजपा महानगर की एक संगठनात्मक बैठक गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में हुई। महानगर वाराणसी के प्रभारी अरुण पाठक ने बताया कि भाजपा 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में एक साथ बूथ सम्मेलन का आयोजन करेगी। इसमें पूरे प्रदेश से लगभग सवा लाख कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस बार का सम्मेलन व्यवस्था और तकनीक के मामले में विशेष होगा। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। इस मौके पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, अभिषेक मिश्रा, आलोक श्रीवास्तव, मधुकर चित्रांश, राहुल सिंह मौजद रहे। 

दो दिन में 500 क्विंटल नानखटाई बिकी, 1.25 करोड़ का कारोबार
काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शुमार तीन दिवसीय रथयात्रा मेले के दो दिनों के भीतर ही 500 क्विंटल पारंपरिक नानखटाई की बिक्री हुई है। व्यापारी आकाश गुप्ता के मुताबिक, दो दिनों में करीब 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया है। भगवान जगन्नाथ के इस प्रिय पारंपरिक प्रसाद को खरीदने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त भगवान जगन्नाथ को चढ़ाने के लिए नानखटाई खरीद रहे हैं। मेले में शैलपुत्री, पहड़िया और सलारपुर जैसे विभिन्न क्षेत्रों से आकर कारोबारियों ने अस्थायी रूप से अपनी दुकानें सजाई हैं। 

व्यापारी आकाश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण पिछली बार की तुलना में नानखटाई की कीमतों में करीब 10 फीसदी का इजाफा हुआ है। बाजार में अलग-अलग वैरायटी की नानखटाई 200 रुपये से लेकर 2000 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है। नानखटाई व्यवसायी बनारसी गुप्ता ने बताया कि इस साल बाजार में पारंपरिक स्वाद के अलावा चॉकलेट और नारियल मिक्स नानखटाई की सबसे ज्यादा डिमांड आ रही है। यह प्रीमियम वैराइटी अपनी खास रेसिपी और स्वाद के कारण 2000 रुपये प्रति किलोग्राम की कीमत पर बेची जा रही है। नानखटाई हर श्रद्धालु की पहली पसंद बनी हुई है। 

मंदिर की स्थापना के लिए हुआ शिला पूजन
काशी महाराष्ट्र सेवा समिति का 34वां स्थापना दिवस नीलकंठ स्मृति भवन चौक में मनाया गया। सत्यनारायण भगवान की पूजा हुई। सिद्धि विनायक मंदिर की स्थापना के लिए शिला पूजन हुआ। वरिष्ठ सदस्य राकेश केलकर ने पत्नी के साथ सत्यनारायण भगवान की पूजा की। शशांक पुराणिक ने कथा श्रवण कराया। समिति के ट्रस्टी और पार्षद संतोष सोलापुरकर ने कहा कि युवा पीढ़ी में मराठी भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रति रुझान बढ़ रहा है। यह मराठी संस्कृति के संवर्धन के लिए सहायक है। पूजन में गजानन जोशी, माधव जनार्दन रटाटे, विशाल ओढ़कर, मकरंद महस्कर, ज्ञानेश्वर तोलेदार, मुकुंद केलकर आदि मौजूद रहे। 

चौक क्षेत्र में आपातकालीन सेवाएं बाधित न हों
काशी व्यापार प्रतिनिधिमंडल न्याय मंच ने श्रावण मास की प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर एसीपी दशाश्वमेध से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों और नागरिकों की सुविधा के लिए कई सुझाव भी दिए। इस दौरान सभी व्यापारियों को सम्मानपूर्वक आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले आवश्यक वाहनों को भी नो व्हीकल जोन में आने-जाने की अनुमति देने की मांग की। यह सुनिश्चित करने के लिए है कि आपातकालीन सेवाएं बाधित न हों। नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष सोनालाल सेठ ने किया। इस दाैरान राजेश सोनी, शैलेंद्र कुमार सिंह, केसरी नंदन उपाध्याय, मनोज सिंह, राजेश गुप्ता मौजूद रहे। 

51 लीटर दूध से वरुणा का किया दुग्धाभिषेक
लोक चेतना संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने शास्त्री घाट पर 51 लीटर दूध से वरुणा का दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने गंगा वरुणा कॉरिडोर के विस्तार और एलिवेटेड सड़क बनाए जाने के साथ स्वच्छता और अविरलता की मांग की। लोक चेतना संस्था के अध्यक्ष केके उपाध्याय ने कहा कि नदी किनारे सड़कें बनाना अच्छी पहल है। इस नदी की प्राचीनता काशी की आत्मा का दस्तावेज है। इसे सुरक्षित रखना हमसभी की जिम्मेदारी है। दुग्धाभिषेक कैलाश सिंह, निशांत बरनवाल, राजन तिवारी, गौरव केशरी, अभिषेक गिरी, अरुण मौर्य ने किया। 

20 जुलाई को लगेगा विदिशा हाट 
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की विदिशा शाखा का 20 जुलाई को महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में सुबह 10 बजे से विदिशा हाट लगेगा। विदिशा शाखा की संस्थापिका मधु तुलस्यान एवं शाखा अध्यक्ष सरोज तुलस्यान ने बताया कि मेले में देशभर के 70 महिला उद्यमियों के स्टाॅल लगेंगे। वे हस्तनिर्मित और आकर्षक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर बिक्री करेंगी। मेले में हाथ से बनीं राखियां, चांदी के विशेष उपहार, क्लच और पोटली बैग, डिजाइनर कपड़े आदि की बिक्री होगी।

रैली निकाल दिया सर्वशिक्षा अभियान का संदेश
सर्व शिक्षा अभियान के तहत कृष्ण मोहिनी विद्या मंदिर के लगभग 350 विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। यह रैली स्कूल चलो अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से थी। रैली लहरतारा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कृपाशंकर श्रीवास्तव, प्रबंधक प्रतिनिधि राय अक्षय कुमार तथा प्रधानाचार्या सुधा उपाध्याय ने इसे हरी झंडी दिखाई। विद्यार्थियों ने अभिभावकों से बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से भेजने की अपील की। रैली के समापन पर बच्चों को कॉपी, पेन और पेंसिल वितरित किए गए। 

संयुक्त राष्ट्र संघ की विफलता को किया उजागर
भारत अध्ययन केंद्र में शुक्रवार को भारतीय दर्शन में आनंदमूर्ति के योगदान पर राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। प्राउटिस्ट यूनिवर्सल के अंतरराष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य राजेश सिंह ने कहा कि युद्ध के संकट ने संयुक्त राष्ट्र संघ की विफलता को उजागर किया है। आनंद मार्ग प्रचारक संघ के केंद्रीय आरयू सचिव, आचार्य दिव्यचेतनानंद अवधूत ने आनंद सूत्रम् और आइडिया एंड आइडियोलॉजी पर व्याख्यान दिया। उन्होंने ब्रह्मवाद के सिद्धांतों को समझाया। आचार्य दिव्यचेतनानंद ने कहा कि आनंद को असीम सुख कहा, जो ब्रह्म के समान है। समन्वयक शरदिंदु कुमार तिवारी ने आनंदमूर्ति के जीवन और उनके योगदान को बताया। डीडीयू, गोरखपुर के संस्कृत विभाग के सूर्यकांत त्रिपाठी ने आनंदमूर्ति के दार्शनिक और आध्यात्मिक अवदानों को समझाया। संचालन अमित पांडे ने किया। 

मुख्य सड़क से 200 मीटर दूर मांस की दुकान
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर पिंडरा के सहायक पुलिस आयुक्त प्रशांत सिंह ने शुक्रवार शाम व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने ढाबों और होटलों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत व्यवस्था और निर्धारित मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। मुख्य मार्गों से मांस और मछली की दुकानों को लगभग 200 मीटर दूर या गांव के अंदर संचालित करने के निर्देश दिए। व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने को कहा। एग्रो पार्क के उद्यमी बृजेश गुप्ता, आनंद जायसवाल और रवि गुप्ता शामिल थे। अमूल प्लांट से प्रशासनिक अधिकारी वीरम प्रजापति भी रहे। फूलपुर व्यापार मंडल से राजकुमार और पिंडरा व्यापार मंडल से रमेश मौजूद थे। 

डिजिटल लेबर चौक एप से 4 जिलों के 8.80 लाख श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
मंडल के चार जिलों वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के 8.80 लाख निर्माण श्रमिकों के लिए श्रम विभाग की ओर से डिजिटल लेबर चौक मोबाइल एप लाॅन्च किया गया है। यह एप पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और नियोजकों के बीच एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में सेतु का काम करेगा। श्रमिक एप पर पंजीकरण कराकर रोजगार के अवसर पा सकेंगे। वहीं, नियोजक अपनी जरूरत के अनुसार, पंजीकृत श्रमिकों की तलाश कर उनसे संपर्क कर सकेंगे। श्रम उपायुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस व्यवस्था से श्रमिकों को चौराहों पर भटकना नहीं पड़ेगा। विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के साथ-साथ सभी बिल्डरों और निर्माण एजेंसियों से अपील की है कि एप पर पंजीकरण जल्द कराएं।

टूरिस्ट गाइड स्पर्धा : 320 विजेता घोषित
काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 का प्रथम चरण पूरा हो गया। दूसरे दिन कुल 9868 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 320 विजेता घोषित किए गए। 18 साल से ज्यादा आयु वर्ग के लिए प्रेजेंटेशन, निबंध लेखन और रील मेकिंग की प्रतियोगिताएं हुई। प्रतियोगिताएं संसदीय क्षेत्र के तीन विकास खंडों सेवापुरी, आराजी लाइंस, काशी विद्यापीठ और नगर क्षेत्र के पांच जोन में हुईं। विजेता प्रतिभागी अब जिला स्तर पर आयोजित होने वाली स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। फाइनल मुकाबले 23 व 24 जुलाई को संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोयराजपुर में होंगे।

गांवों को शहरों में बदलने से बिगड़ा पर्यावरणीय संतुलन
बीएचयू में ग्रामीण भारत में सांस्कृतिक परिवर्तन विषय पर हुए व्याख्यान में वक्ताओं ने शहरीकरण में गांवों से पलायन, बढ़ते उपभोक्तावाद और बाजार पर बढ़ती निर्भरता पर चिंता जताई। मुख्य अतिथि प्रियंक कानूनगो ने कहा कि गांव ऐतिहासिक रूप से आत्मनिर्भर रहे हैं। अनियंत्रित शहरीकरण और अवैध कॉलोनियों के विस्तार से उनकी पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित हुई है। वक्ता अमोघ देव राय ने कहा कि गांवों को शहरों में बदलने की सोच से सांस्कृतिक और पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। 

सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। बीएचयू में सामाजिक विज्ञान संकाय के पं. दीनदयाल उपाध्याय पीठ, शब्दन फाउंडेशन और प्रज्ञा प्रवाह की ओर से कराए गए कार्यक्रम में प्रो. गुरु प्रकाश सिंह ने कहा कि भारत की कृषि, पशुपालन और कुक्कुट पालन व्यवस्था एक-दूसरे की जरूरत हैं। छोटे पशुपालकों की इसी व्यवस्था ने अमूल जैसी सहकारी संस्था को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। अध्यक्षता प्रो. तेज प्रताप सिंह ने की। 

आईआईटी बीएचयू कर्मचारी फोरम के अध्यक्ष बने गोपाल यादव, धीरेंद्र होंगे सचिव
आईआईटी बीएचयू में गोपाल यादव कर्मचारी फोरम के अध्यक्ष और धीरेंद्र कुमार पांडेय सचिव निर्वाचित हुए। 361 में से 349 वोट पड़े। इसमें पांच वोट ऑनलाइन माध्यम से भी पड़े। गैर-शैक्षणिक समूह ख और ग कर्मचारियों के अंतरिम फोरम के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चला। इसके बाद शाम छह बजे से रात नौ बजे तक मतगणना की गई, जिसके बाद परिणाम घोषित किए गए। 

कमलेश यादव संयुक्त सचिव और नवनीत कुमार पांडेय कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। सदस्य पद पर प्रशासनिक वर्ग से रवि गर्ग, अतुल और तकनीकी वर्ग से आंजनेय कुमार व अजय कुमार पटेल विजयी घोषित हुए। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि विश्वास है कि अंतरिम फोरम कर्मचारियों के हितों के संरक्षण, संस्थान प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय रखेगा।

ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी में छह गिरफ्तार म्यूल बैंक खातों से 17 लाख रुपये की ठगी
ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से पैसे की लेनदेन करने वाले छह अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर 17 लाख 85 हजार 289 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। दिवाकर, कृष्णा पटेल, सत्यम विश्वकर्मा, राकेश पटेल, किशन पाण्डेय और गोपी शामिल हैं। दिवाकर, किशन और गोपी पहड़िया नारायणपुर के निवासी हैं। कृष्णा पटेल, सत्यम विश्वकर्मा और राकेश पटेल उमराहां गांव के रहने वाले हैं।

जांच के दौरान पहड़िया नारायणपुर गांव में एक बैंक खाते की पड़ताल की गई। पूछताछ में दिवाकर ने बताया कि कृष्णा पटेल उर्फ गांगुली पटेल ने उसे और अन्य लोगों को पैसे का लालच देकर म्यूल बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का उपयोग धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने सभी संबंधित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। 

पूछताछ के दौरान आरोपी आपस में झगड़ने लगे, जिसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों ने इन खातों के नेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड और आधार कार्ड प्राप्त किए। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा  अभियुक्तों के पास से तीन बैंकों के पासबुक और चेकबुक बरामद की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed