Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Ban RSS graffiti appears walls scuffles break out over seats railway station Gyanvapi hearing

वाराणसी की खबरें: दीवारों पर लिखा आरएसएस बैन, स्टेशन पर सीट के लिए चले लात-घूंसे; ज्ञानवापी की सुनवाई 17 को

Sun, 08 Nov 2026 01:30 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 08 Nov 2026 01:30 PM IST
सार

वाराणसी में अलग-अलग घटनाएं चर्चा में रहीं। बीएचयू की दीवारों पर आरएसएस के खिलाफ प्रतिबंध लगाने संबंधी नारे लिखे मिलने से मामला सुर्खियों में रहा। वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन पर सीट को लेकर यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो चर्चा में आया। उधर, ज्ञानवापी प्रकरण में अगली सुनवाई 17 नवंबर को निर्धारित की गई है।

विज्ञापन
Varanasi News Ban RSS graffiti appears walls scuffles break out over seats railway station Gyanvapi hearing
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिवाली और छठ के लिए घर लौटने वालों की भीड़ ट्रेनों में शनिवार को उमड़ी। स्थिति यह रही कि सीट के लिए मारामारी तक करनी पड़ रही है। शनिवार को दिल्ली, मुंबई सहित अन्य जगहों की ट्रेनों में एसी कोच में तो कम लेकिन स्लीपर से लेकर जनरल कोच खचाखच भरे रहे। 

विज्ञापन


दोपहर में लोकमान्यतिलक से आने वाली पवन एक्सप्रेस में भीड़ इतनी थी कि अंदर सीट पर बैठने को लेकर कोच के बाहर प्लेटफॉर्म पर यात्रियों में जमकर मारपीट हुई। सबके सामने लात-घूंसे चले। इस वजह से वहां मौजूद लोग मारपीट वाली जगह से अलग हटने लगे। बहुत से लोग परिवार के साथ स्टेशन पर बैठे रहे। कुछ ही देर में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 
विज्ञापन


सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने इस बारे में बताया कि मारपीट करने वाले दो युवकों को पकड़कर जीआरपी को दिया गया। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा बाहर से आने वाली ट्रेनों में सुबह से लेकर देर रात तक विशेष सतर्कता अभियान चलाया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

ज्ञानवापी : अब 17 नवंबर को सुनवाई
ज्ञानवापी के साल 1991 के मूल मुकदमे में वादी हरिहर पांडेय की तीन पुत्रियों को पक्षकार बनाने और वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने की मांग वाली पुनरीक्षण याचिका पर अब 17 नवंबर को सुनवाई होगी। विशेष न्यायाधीश द्वितीय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक के अवकाश पर होने के कारण शनिवार को सुनवाई नहीं हो सकी।  वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने की मांग भी की गई थी। 

हज यात्रा : 30 तक जमा करें किस्त
हज कमिटी ऑफ इंडिया ने हज की दूसरी किस्त जमा करने की तिथि बढ़ा दी है। हज पर जाने वाले जायरीन अब 30 नवंबर तक जमा कर सकते हैं। दूसरी किस्त 1,25,000 रुपये ई पेमेंट फैसिलिटी मौजूद website:hajcommittee.gov.in या हज सुविधा ऐप यूजिंग क्रेडिट कार्ड/ डेबिट कार्ड/ नेट बैंकिंग से या स्पेसिफिड पे इन स्लिप से किसी ब्रांच ऑफ एसबीआई या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में  हज कमिटी ऑफ इंडिया के अकाउंट में जमा कर सकते हैं। 

Varanasi News Ban RSS graffiti appears walls scuffles break out over seats railway station Gyanvapi hearing
बीएचयू की दीवारों पर ये लिखा गया। - फोटो : अमर उजाला

बीएचयू में दीवारों पर लिखा बैन आरएसएस
बीएचयू कैंपस में सड़क से दीवारों पर आरएसएस बैन का स्लोगन लिखने के बाद हड़कंप मच गया। शनिवार को इसकी जानकारी होने के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने ऐसा लिखने वाले की तलाश शुरू कर दी है। कैंपस में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है लेकिन ऐसा किसने लिखा, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। 

विश्वविद्यालय कैंपस में केंद्रीय कार्यालय जाने वाले रास्ते, शिक्षक आवास मार्ग सहित जगह-जगह आरएसएस विरोधी स्लोगन लिखा गया है। इस बारे में चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि जिन जिन जगहों पर आरएसएस बैन करने के बारे में लिखा गया है, उसके आसपास सीसीटीवी फुटेज दिखवाया जा रहा है। साथ ही दिवाली वाले दिन सुबह से लेकर देर रात तक मुख्य द्वार पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी की तैनाती के साथ ही कैंपस में पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी। 

6 हजार रुपये में मिली गेंदे की माला 100 माला
अर्नब चक्रवाती तूफान व बारिश से फूलों के दाम में उछाल है। शनिवार को पांच से छह हजार रुपये तक सैकड़ा गेंदा की माला बिकी। इंग्लिशिया लाइन फूल मंडी में पूर्वांचल के अलावा बिहार, मध्यप्रदेश तक के व्यापरी दिवाली की खरीदारी के लिए पहुंचे थे। सुबह से रात तक मोल-भाव कर खरीदारी की। बाहरी के साथ लोकल व्यापरियों की भीड़ रही। रविवार को शहर के लोग खरीदारी करेंगे। 

दिवाली पर सजावट व पूजा के लिए फूल की खरीदारी धनतेरस के एक दिन पहले से ही शुरू हो गई। व्यापारी ईश्वरचंद्र मौर्य, संतोष पाल ने बताया कि बड़ा गेंदे की माला महंगी है। शनिवार को पांच से छह हजार रुपये सैकड़े बिकी। छोटे गेंदा की माला दो हजार रुपये, मुरली की माला दो से ढाई हजार रुपये, कुंद की माला एक हजार से 15 सौ रुपये सैकड़े बिकी। वहीं, कोलकाता से लाए गए कमल का फूल एक पीस 30 रुपये में बिका। 

काशी द्वार योजना में अनियमितता का आरोप
वाराणसी जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। तीनों ही तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस पर दिवाली का असर दिखा। समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या कम दिखी। सदर तहसील में 90, पिंडरा में विभिन्न विभागों से संबंधित 91 और राजातालाब में 50 से अधिक शिकायतें आईं। पिंडरा तहसील में काशी द्वार आवासीय योजना के तहत मुआवजा वितरण में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला प्रमुखता से उठा। 

पूर्व तहसील बार अध्यक्ष श्रीनाथ गोंड ने लेखपालों और आवासीय परिषद के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। गोंड ने एक रजिस्ट्री दस्तावेज प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच की मांग की। एसडीएम कुंदनराज कपूर ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व लेखपाल गिरीश सिंह ने खटौरा गांव में बिना मौके की जांच किए रिपोर्ट लगाने और फर्जी हस्ताक्षर से रिपोर्ट तैयार करने का आरोप लगाया।

राजातालाब तहसील में एसडीएम शांतनु कुमार सिनसिनवार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। भीमचंडी गांव के बाल किशु और परसुपुर के मंगल गिरी ने वर्ष 2022 में एसडीएम की ओर से पारित आदेशों का अब तक अनुपालन न होने की शिकायत की। दीपपुर के सौरव उपाध्याय ने बताया कि राजातालाब स्थित पंजाब नेशनल बैंक के खाते से बिना किसी सूचना और एक बार के पासवर्ड के 81 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई। कार्रवाई नहीं हुई। 

पोखरे में मिला लापता युवक का शव पिता ने लगाया हत्या का आरोप
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पूरबपुर गांव स्थित पोखरे में शनिवार को 21 वर्षीय अंकुर गिरी का शव उतराता मिला। मृतक पुआरीकला (बाबा का पुरवा) का निवासी था। पिता रामदयाल गिरी ने बताया कि बेटा बृहस्पतिवार शाम साइकिल से घर से निकला था, लेकिन नहीं लौटा। 

शुक्रवार को परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। शर्ट की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिये उसकी पहचान हुई। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे पिता रामदयाल गिरी ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं और नाखून भी उखड़े हुए हैं। ऐसे में एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र व एसीपी प्रशांत सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचे।

फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि अंकुर स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। उसने रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा दी थी। परीक्षा में सफल होने के बाद 21 नवंबर को उसका मेडिकल होना था।

घर से तीन लाख नकदी और आभूषण चोरी
चौबेपुर क्षेत्र के रमगढ़वा गांव में चोरों ने चंद्रभान यादव के मकान को निशाना बनाकर तीन लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चंद्रभान यादव के मुताबिक, बीती मध्यरात्रि अज्ञात चोर घर में घुस गए। इसके बाद दो बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे तीन लाख रुपये नकद और आभूषण समेट ले गए। 

चोरी गए सामान में सोने की एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी बड़े झुमके और एक जोड़ी छोटे झुमके शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की एक जोड़ी पायल, एक करधनी और आठ मीना भी चोर उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

रामजानकी मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी
चोलापुर के अल्लोपुर गांव के रामजानकी मंदिर में शुक्रवार की रात चोरी हो गई। चोरों ने मंदिर से भगवान के चांदी के मुकुट और दानपात्र में रखी नकदी चुरा ली। शनिवार की सुबह ग्रामीणों को घटना का पता चला। ग्रामीण सुजीत जायसवाल ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सुजीत जायसवाल ने पुलिस को बताया कि चोरों ने मंदिर की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया। 

उन्होंने भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण जी के चांदी के मुकुटों पर हाथ साफ किया। इसके साथ ही, दानपात्र को तोड़कर उसमें रखे करीब 1000 रुपये नकद भी ले गए। चोरी हुए तीनों मुकुटों का कुल वजन लगभग 200 ग्राम बताया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि आसपास के रास्तों पर पूछताछ की जा रही है। संदिग्धों से भी जानकारी ली जा रही है। 

पुरानी रंजिश में मारपीट, चार घायल
मिर्जामुराद के भोरकला मनकइया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जबरदस्त मारपीट हुई। इस घटना में पिता-पुत्री सहित चार लोग घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मोहन पटेल ने पुलिस को बताया कि पांच नवंबर की सुबह गांव के राजेश पटेल, रमेश पटेल, संगीता देवी, पूजा और मंजू ने गाली-गलौज की। आरोपियों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घायलों में पुत्री प्रिया, पुत्र प्रद्युम्न और पत्नी संगीता शामिल हैं। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि दो पुरुषों और तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पुरानी रंजिश में युवक पर छुरे से हमला
जैतपुरा थाना क्षेत्र के सिधवाघाट मोहल्ले में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर छुरे से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के दाहिने हाथ की एक अंगुली में चोट आई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिधवाघाट निवासी मोहम्मद समीर के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने मित्र गुलशेर के साथ घर लौट रहा था। 

घर से करीब 25 मीटर पहले घात लगाए बैठे आसिफ और आरिफ ने उस पर छुरे से हमला कर दिया। साथ मौजूद गुलशेर ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि हमलावरों ने समीर के साथ गाली-गलौज की और छूरा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपियों ने उसे चेतावनी दी कि वे कभी भी उसकी जान ले सकते हैं। घटना के बाद से पीड़ित भयभीत है। थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

बुजुर्ग मां को जबरन ले जाने का प्रयास
लंका थाना क्षेत्र के गायत्री नगर कॉलोनी में बुजुर्ग महिला को जबरन घर से ले जाने के प्रयास और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने अभय कुमार पाल की तहरीर पर बिहार निवासी दो नामजद आरोपियों और उनके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अभय के मुताबिक, 15 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे वह गढ़वाघाट आश्रम की ओर टहलने गए थे। इसी दौरान पत्नी ने फोन कर बताया कि तीन लोग घर पहुंचे हैं और उनकी मां को जबरन ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। 

पत्नी के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। अभय सामनेघाट मार्ग स्थित गायत्री नगर गेट पर पहुंचे और आरोपियों की गाड़ी रोक ली। आरोप है कि गाड़ी से उतरे तीनों लोगों ने उनके साथ मारपीट की। हमले में उनकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही। 

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के धनखरी (करखियाव) रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय गजोखर निवासी रोशन यादव की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। रोशन किसी काम से करखियाव जा रहा था। शाम करीब चार बजे वाराणसी की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। वह दो भाइयों में बड़ा था। मां रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

सेवानिवृत्त सहायक खंड विकास अधिकारी के निधन पर जताया शोक
रोहनिया क्षेत्र के मोहनसराय बैरवन निवासी सेवानिवृत्त सहायक खंड विकास अधिकारी ठाकुर प्रसाद मिश्रा के आकस्मिक निधन पर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने शोक संवेदना व्यक्त की। शनिवार को वह दिवंगत के आवास पर पहुंचे और उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। इस दौरान राधा रमण मिश्रा, सनी मिश्रा, राम प्रकाश सिंह वीरू, विपिन पाल आदि मौजूद रहे।

सामने घाट पर गंगा किनारे अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
नगर निगम की ओर से शहर में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों, अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सामने घाट क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे लगभग 35 बिस्वा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर बाउंड्रीवॉल बनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तत्काल राजस्व विभाग को मौके पर पहुंचकर जांच एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम की राजस्व टीम ने मौके पर जांच की गई, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण पाया गया।
 
स्थिति की गंभीरता इस बात से स्पष्ट हुई कि अतिक्रमणकारियों द्वारा गंगा नदी के किनारे ही नहीं, बल्कि नदी के जल प्रवाह क्षेत्र तक अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्रीवॉल तथा सीढ़ियों का निर्माण कर लिया गया था। नगर निगम की टीम ने तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। जो देर शाम तक जारी रही। 

कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जेदारों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी भूमि, सार्वजनिक स्थलों तथा गंगा नदी के किनारे और उसके जल प्रवाह क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्रीवॉल निर्माण अथवा भूमि पर अनधिकृत कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा कर उसे निजी संपत्ति के रूप में इस्तेमाल करने की छूट नहीं दी जाएगी। 

बीएचयू के आईबैंक को मिलीं दो कार्निया 
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान में आईबैंक को दो कार्निया दान में मिली। दो जरूरतमंद लोगों के आंखों की रोशनी लौटाने में मदद मिलेगी। आईबैंक के चेयरमैन प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि काशी विद्यापीठ के पास घंटी मिल स्थित रतन चंद रुपानी का इलाज न्यूरोलॉजी वार्ड में डॉ. वीएन मिश्रा के देखरेख में चल रहा था। इलाज के दौरान इनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उनके पुत्र गौरव नेत्रदान की इच्छा जाहिर की। सूचना मिलने पर टीम में शामिल आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. विशाल सरकार, डॉ. अनुष्का कयाल ने रतन का नेत्रदान करवा दिया। प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि आई बैंक की टीम ने इस कार्य के लिए नेत्रदाता परिवार को सम्मान पत्र दिया।

सरकारी अस्पताल में सेवा देंगे निजी अस्पतालों के डॉक्टर, मिलेगी राहत
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों में निजी डॉक्टर सेवा देंगे। हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी सहित अन्य सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विशेषज्ञ निर्धारित दिन अस्पतालों की ओपीडी में बैठेंगे। शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तहत टेली कंसल्टेंसी सर्विस के रूप में दिवाली से हो रही है। आने वाले दिनों में निर्धारित दिन और समय पर ओपीडी सेवा भी मिलेगी। 

शहर के पांच प्लास्टिक सर्जन मंडलीय अस्पताल के बर्न यूनिट में दो दिन तक सेवा के लिए रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन चिकित्सकों को बुलाया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग के फैसले से आतिशबाजी के दौरान होने वाली घटनाओं में जलने वाले मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर बेड रिजर्व करने के साथ ही जांच, इलाज, दवा की व्यवस्था न सिरे से की गई है। 

वर्तमान में बर्न वार्ड केवल मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में है, लेकिन यहां कोई प्लास्टिक सर्जन नहीं है। इस संकट को देख स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच निजी प्लास्टिक सर्जनों की सेवाएं लेने का निर्णय लिया गया है। इसका आदेश भी जारी हो गया है। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि इनमें डॉ. सुधीर सिंह, डॉ. प्रशांत बरनवाल, डाॅ. गौतम प्रकाश, डॉ. अनिमेष गुप्ता और डॉ. राजीव कुमार का चयन किया गया है। 

दिवाली पर अब तक 32 हजार ने किया हवाई सफर, त्योहारों पर ज्यादा लोग आए
दिवाली पर एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही में तेजी देखने को मिल रही है। त्योहार के बाद अपने कार्यस्थलों और दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों के साथ ही काशी पहुंचने वालों की भी अच्छी संख्या रही। चार दिन में एयरपोर्ट पर 227 विमानों का आवागमन हुआ। 32 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया। 

बाहर से आने वालों की संख्या जाने वालों से 6011 अधिक रही। एयरपोर्ट से मिले आंकड़ों के अनुसार, 3 नवंबर को कुल 79 विमानों का संचालन हुआ। 4 नवंबर को 74 विमानों का संचालन हुआ। 5 नवंबर को भी 74 विमानों का संचालन हुआ। 6 नवंबर को भी 74 विमानों का संचालन हुआ। इनमें 37 विमान रवाना हुए और 37 विमानों का आगमन हुआ। 

चारों दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वाराणसी एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की संख्या प्रस्थान करने वाले यात्रियों से काफी अधिक रही। चार दिनों में कुल 24306 यात्री वाराणसी पहुंचे, जबकि 18295 यात्रियों ने यहां से दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि त्योहारों के कारण यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। विस्तारीकरण के बाद संख्या और बढ़ेगी। इसे देख यात्री सेवाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। 

दिवाली पर भोर और रात में होगी सफाई
दिवाली पर अवकाश वाले दिन भी शहर में सफाई होगी। नगर निगम की ओर से भोर और रात में सफाई कराई जाएगी ताकि सफाई कर्मचारी जल्दी काम कर त्योहार मना सके। प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में रात में विशेष सफाई कार्य होगा। अलग-अलग शिफ्ट में सफाई होगी। जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वे नियमित भ्रमण कर सफाई व्यवस्था को मुकम्मल कराएंगे। साथ ही स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। 

पटाखे के  प्रदूषण को कम करेगा मिस्ट गन
दिवाली पर पटाखों के कारण बढ़ने वाले प्रदूषण और हवा में तैरते बारीक कणों से निपटने के लिए नगर निगम जोनवार मिस्ट गन चलाया जाएगा। मिस्ट गन की खासियत कम पानी का छिड़काव बड़े क्षेत्रफल में करना है। तीन मंजिल तक इसकी पहुंच होती है। सड़क किनारे लगे पेड़ों के आखिरी पत्तों तक पानी आसानी से पहुंच जाता है। ऐसी स्थिति में पत्तों पर जमी धूल साफ हो जाती है। सड़कों पर चलने वाले वाहनों से धूल के कण वातावरण में फैल जाते हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है। 

अस्पतालों को मिला एनक्वास सर्टिफिकेट
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों को मरीजों को बेहतर जांच, इलाज की सुविधा मुहैया कराने के मामले में पहली बार 202 इकाइयों को एनक्वास सर्टिफिकेट मिला है। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा निर्धारित कड़े पैमानों पर खरा उतरते हुए जनपद ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) प्रमाणन में 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। 

दिवाली के बाद कोहरे की दस्तक के आसार
दिन में तेज धूप हो रही है तो शाम होते ही सिहरन बढ़ गई है। मौसम तीन-चार दिनों में तेजी से बदला है। रात में बाहर निकलने वाले लोग अब हल्के गर्म कपड़े भी पहनने लगे हैं। शनिवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दिवाली के बाद से कोहरे की दस्तक के आसार हैं। तापमान में कमी के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। 

एमपी के सीएम में अगुवाई में गोवर्धन शोभायात्रा में दिखेगी केदारनाथ धाम की छवि
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से ऐतिहासिक गोवर्धन पूजनोत्सव और गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा 10 नवंबर को निकाली जाएगी। वृंदावन, प्रयागराज, छत्तीसगढ़ से 35 से अधिक देवों की झांकियां सजाई जाएंगी। पहली बार केदारनाथ मंदिर की भी झांकी रहेगी। शुभारंभ परवीर चक्र सम्मान प्राप्त कैप्टन योगेंद्र यादव करेंगे। शोभायात्रा में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव आदि शामिल होंगे। 

दक्षिणमुखी होकर 4 बातियों वाले यम के दीप जलाए
पंच दिवसीय दीपोत्सव के दूसरे दिन कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी यानी नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली मनाई गई। शाम ढलते ही लोगों ने घरों के बाहर यमराज के निमित्त चार बातियों वाला दीपक जलाया। लोगों ने घरों से लेकर मंदिरों तक दीपदान किया। प्रदोषकाल में तिल के तेल से भरे दीपक यमराज के अलावा मंदिरों, मठों, बाग-बगीचों, बावड़ियों और गलियों में जलाए गए। 

लोगों ने दक्षिण दिशा की ओर मुख करके यम दीप जलाया और यमदेव की पूजा कर निर्भयता की कामना की। कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि शनिवार को सुबह 10:47 बजे शुरू हुई और रविवार को सुबह 11:27 बजे तक रहेगी। नरक चतुर्दशी के साथ छोटी दिवाली के रूप में भी पूजन-अर्चन किया गया। शाम ढलने के साथ ही प्रदोषकाल में इस बार हनुमानजी का जन्म मेष लग्न में शाम 4:50 बजे से 6:27 बजे तक रहेगा। 

महारानी लक्ष्मीबाई के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत
राष्ट्र सेविका समिति काशी, महारानी लक्ष्मीबाई सेवा न्यास की ओर से शनिवार 7 नवंबर को महारानी लक्ष्मीबाई का 191वां जन्मोत्सव समारोहपूर्व आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम श्रीगोयंका संस्कृत महाविद्यालय, अस्सी में संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य वक्ता शशि बघेल ने कहा कि बचपन की मनु से झांसी की रानी बनने तक की उनकी यात्रा, अदम्य साहस और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया। बघेल ने रानी दुर्गावती और रानी अब्बक्का जैसी वीरांगनाओं का भी उल्लेख किया। 

उन्होंने कहा, आज की बेटियों को शिक्षा के साथ आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। बघेल ने आगे कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई के आदर्श आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन से शास्त्र और शस्त्र, ज्ञान तथा साहस के संतुलन की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वंदना सिंह ने की और सीए जमुना शुक्ला विशिष्ट अतिथि रहीं। इस मौके पर सुधीर मिश्र, समीर माथुर, दीपक मिश्र, अनुराग आदि मौजूद रहे। 

विराट बिरहा दंगल का आयोजन आज
ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद में रविवार काली माता की पूजा-अर्चना के बाद पूर्वांचल के प्रसिद्ध बिरहा कलाकार ओमप्रकाश दिवाना, रजनीगन्धा एवं खुशी सिंह के बीच बिरहा दंगल का आयोजन किया जाएगा। काली माता की मूर्ति शुक्रवार को बजरंग दल एवं मां काली पूजा समिति की ओर से कर्मकांडीय ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही हवन-पूजन शुरू हो गया। 

तीन दिवसीय पूजा महोत्सव में कीर्तन, भजन एवं जागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति के अध्यक्ष अवधेश यादव गुड्डू ने बताया कि तीन दिवसीय मां काली पूजा महोत्सव का समापन सोमवार को पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति के कार्यकर्ता अनुराग, अजीत फौजी, सिद्ध साहनी, डबलू पाल हैं। 

सत्यवादी और अलोभ के तिरस्कार से पृथ्वी का विनाश 
पुरी पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती अस्सी स्थित श्री दक्षिणामूर्ति मठ में काशी प्रवास के सातवें दिन शनिवार को अनुयायियों को आशीष दिया। उन्होंने जिज्ञासुओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया और धर्म, अध्यात्म तथा राष्ट्र से जुड़े प्रश्नों के शास्त्र सम्मत उत्तर दिए। 

शंकराचार्य ने पृथ्वी के सात धारक तत्वों का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि गो, धर्माचरणी ब्राह्मण, वेद, सती साध्वी देवियां, सत्यवादी, लोभ रहित और दानशील व्यक्ति ये सभी पृथ्वी के आधार हैं। पृथ्वी इन्हीं के सहारे टिकी रहती है। इन सबका आदर और संरक्षण होना चाहिए। शंकराचार्य ने आधुनिकता के नाम पर इनके तिरस्कार को विनाश का मार्ग बताया। 

संध्या की गोष्ठी को प्रफुल्ल चैतन्य ब्रह्मचारी और शंकराचार्य महाभारत के नए सचिव स्वामी निर्विकल्पनंद सरस्वती ने संबोधित किया। प्रफुल्ल चैतन्य ब्रह्मचारी ने मनुष्य जीवन की सार्थकता पर प्रकाश डाला, जबकि स्वामी निर्विकल्पनंद सरस्वती ने काशी के महत्व का वर्णन किया। यज्ञोपवीत संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य कुल को परंपरागत रूप से यज्ञोपवीत धारण करने का अधिकार है।

बीएचयू में सफाई कर्मियों को बांटी मिठाई
दिवाली पर शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवीय नगर की ओर से काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में मजदूरों और सफाई कर्मियों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस सेवा कार्य में संघ के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की और परिसर में कार्य कर रहे श्रमिक बंधुओं को शुभकामनाएं दीं। राकेश तिवारी, नितिन, रामाशीष, मालवीय, डॉ. शैलेंद्र गुप्ता, डॉ. परमेश्वर ब्याडगी, डॉ. वेद प्रकाश मौजूद रहे।

बैठाई गईं काली प्रतिमाएं आज होगी मां की पूजा
दीपावली पर काली पूजा के लिए माता की प्रतिमाएं शनिवार को पूजा पंडालों में पहुंचने लगीं। बंगाली टोला स्थित वाराणसी दुर्गोत्सव सम्मिलनी में प्रतिमाएं स्थापित की गईं। जिले में 53 स्थानों पर काली पूजा होगी। बंगीय समाज परंपरानुसार मां काली की पूजा करेगा। बनारस की सबसे प्राचीन काली पूजा बंगाली टोला के वाणी संघ में होती है, जिसकी शुरुआत 1924 में हुई थी। 

बंगाली टोला के केडीए, चेतसिंह किला हाता, रामकृष्ण मिशन लक्सा, लंका, शारदा संघ भेलूपुर, बीएचयू मधुवन, बीएलडब्ल्यू और लहरतारा स्थित होमी भाभा कैंसर संस्थान के पास आदि स्थानों पर पूजा होगी। मूर्तिकार अभिजीत विश्वास ने बताया कि सभी जगह पांच से 10 फीट ऊंची मां काली की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। ये प्रतिमाएं बंगला चाल और आदि बंगला चाल शैली में बनाई गई हैं। 

महालक्ष्मी के साथ पंच प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा: युवा अग्रवाल सम्मेलन ट्रस्ट की ओर से शनिवार को श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज टाउन हॉल में चार दिवसीय कुलदेवी श्रीमहालक्ष्मी पूजनोत्सव शुरू हुआ। पंच प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा कर पूजन हुआ। मां के खजाने के पूजन के बाद वितरण होगा। कौस्तुभ गर्ग, पूजा गर्ग, प्रतीक अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल ने सपत्नीक पूजन किया। 

पुलिस लाइन में घर सजाओ-इनाम पाओ प्रतियोगिता
रिजर्व पुलिस लाइन में शनिवार की शाम घर सजाओ इनाम पाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिवाली पर इस प्रतियोगिता की शुरुआत की। इसमें पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त की पत्नी प्रेरणा अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। महिला आरक्षी खुशबू सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में फ्रिज मिला। आरक्षी सौरभ राय को द्वितीय पुरस्कार में टीवी दिया गया। तृतीय पुरस्कार आरक्षी रितेश सिंह को ओवन के रूप में दिया गया। 

115 किसानों को बताए खेती के तरीके
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान ने शनिवार को चिरईगांव विकास खंड की रैमला और सीवों ग्रामसभा में खेत बचाओ अभियान चलाया। इसमें 88 पुरुष और 27 महिलाओं सहित कुल 115 किसानों ने भाग लिया। उन्हें वैज्ञानिक खेती और टिकाऊ सब्जी उत्पादन के प्रति जागरूक किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मोहम्मद शाहिद ने किसानों को मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग और जैविक खाद के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे खेती की लागत कम होती है और मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है। डॉ. स्वाति शर्मा ने प्राकृतिक खेती और खाद्य प्रसंस्करण पर व्याख्यान दिया। उन्होंने जैविक खादों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। 

बीएचयू में दीक्षांत समारोह की तैयारी शुरू, 500 से ज्यादा पदक दिए जाएंगे
बीएचयू में 106वां दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को मनाया जाएगा। विश्वविद्यालय स्तर पर आधिकारिक तिथि जारी होने के साथ ही अब तैयारियां शुरू हो गई है। इस बार के समारोह में 500 से अधिक पदक वितरित किए जाएंगे। मुख्य समारोह में 40 से अधिक विद्यार्थियों को पदक वितरित किया जाएगा जबकि बाकी के पदक संकायों में होने वाले समारोह में मिलेंगे। 

विश्वविद्यालय के छात्रों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को बनाए रखने के उद्देश्य से पिछले साल 16 अक्तूबर को मिनी दीक्षांत की तरह एक आयोजन हुआ। अब संकायों, विभागों के साथ ही परीक्षा विभाग भी तैयारियों में जुट गया है। माना जा रहा है कि इसी महीने के अंतिम सप्ताह तक पदक, उपाधि पाने वालों की सूची भी फाइनल हो जाएगी। 

इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमानुसार विद्यार्थियों को इसकी सूचना भी भेजी जाती है। विश्वविद्यालय के स्तर पर परीक्षाओं के परिणाम जारी करने सहित अन्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। जल्द ही विश्वविद्यालय के स्तर पर कमेटियों का गठन भी किया जाएगा। इससे पहले 16 अक्तूबर को जो समारोह मनाया गया, उसमें छात्रसंख्या के अनुसार मेधावियों का चयन कर उनको सम्मानित किया गया।

सीए फाउंडेशन : 129 विद्यार्थियों को मिली सफलता
दी इंस्टिट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया नई दिल्ली की ओर से कराई गई सीए फाउंडेशन की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया। सितंबर में हुई परीक्षा में शामिल 833 में से 129 विद्यार्थियों ने काशी का मान बढ़ाया है। वाराणसी से सफल छात्रों में 339 अंक पाकर आदर्श गुप्ता पहले नंबर पर रहे जबकि 319 अंक तनिष्का मिश्रा और 314 अंक दृष्टि मनचंदा को मिला। एसोसिएशन की ओर से शाखा अध्यक्ष वैभव मेहरोत्रा के साथ ही विकास द्विवेदी, रंजीत कुमार पांडेय, नमन कपूर, प्रकाश पांडेय, नीरज सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई की और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। 

डीएवी के दो प्रोफेसरों को एक्सीलेंस अवॉर्ड
डीएवीपीजी कॉलेज के दो शिक्षकों को इंडो ग्लोबल एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाजा गया। डीएवी में मनोविज्ञान विभाग के प्रो. सत्यागोपाल और प्रो. ऋचारानी यादव को सम्मान वियतनाम के होपी मिन्ह सिटी (साईगान) में इंटरनेशनल बेनेवोलेंट रिसर्च फाउंडेशन, कोलकाता की ओर से कॉन्फ्रेंस में दिया गया। रिसर्च फाउंडेशन की ओर से गठित सर्च कमेटी की सिफारिशों पर मिला यह सम्मान शिक्षा, शोध और अकादमिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed