फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi news American traveler talked to his daughter through satellite phone corporation withheld rupees

एक क्लिक में वाराणसी की खबरें: अमेरिकी यात्री ने सेटेलाइट फोन से बेटी से की थी बात, निगम ने अटकाए लाखों रुपये

Fri, 01 Nov 2024 10:41 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 01 Nov 2024 10:41 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी में छोटी-बड़ी खबरों के साथ एक मामला उस अमेरिकी यात्री से जुड़ा हुआ है जिसके पास सेटेलाइट मिला था। उसने इसका उपयोग नेपाल में किया था। वहीं, दूसरा मामला नगर निगम का है जहां मृत्यु प्रमाण पत्र न बन पाने के कारण लोगों को दिक्कते झेलनी पड़ रही हैं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi news American traveler talked to his daughter through satellite phone corporation withheld rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रतिबंधित सेटेलाइट फोन के साथ हिरासत में लिए गए अमेरिकी पर्वतारोही ने नेपाल में एवरेस्ट की चढ़ाई के दौरान एक बार अपनी बेटी से बातचीत की थी। उसने सेटेलाइट फोन का इस्तेमाल नेपाल में ही किया था। इंडिया में उसने फोन का उपयोग नहीं किया। 

विज्ञापन


अमेरिका के रहने वाले 61 साल के ब्रायन स्टीवर का सेटेलाइट फोन जब्त करने के बाद फूलपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे रिहा कर दिया। इस दौरान मिलिट्री इंटेलिजेंस, आईबी और एटीएस ने फोन को खंगाला और यात्री से लंबी पूछताछ की। जासूसी में एंगल को सुरक्षा एजेंसियों ने नकार दिया है। यात्री के गाइड से भी सुरक्षा एजेंसियों ने कई बार पूछताछ की।
विज्ञापन


ब्रायन स्टीवर पर्वतारोही है। वह यूएई से दिल्ली और फिर काठमांडू पहुंचा था। एवरेस्ट पर चढ़ाई के बाद वह अपने देश जाने के लिए बुधवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर दिल्ली की प्लाइट के लिए पहुंचा था। कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच के दौरान उसके लगेज से सेटेलाइट फोन बरामद किया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


रात तक उससे पूछताछ हुई। उसके बाद आईबी, एमआई और एटीएस ने अलग-अलग बिंदुओं पर बातचीत की। दूतावास और परिजनों से भी सुरक्षा एजेंसियों ने फोन से संपर्क साधा। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सेटेलाइट फोन जब्त करने के बाद यात्री को छोड़ दिया गया है।

पिता-पुत्र पर धारदार हथियार से हमला
सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ छित्तूपुर में बीती रात मनबढ़ों ने पिता-पुत्र की पिटाई की। आरोप है कि धारदार हथियार से हमला किया गया। पीड़ित ने छह नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चंदुआ छित्तूपुर निवासी बादल सरोज ने पुलिस को बताया कि रात 11 बजे राजा, अवनीश, वाशु, राहुल, गोलू, अमित समेत अन्य युवक घर में घुस गए और पिता सुभाष सरोज की पिटाई करने जगे। बीच बचाव के दौरान मनबढ़ों ने मुझ पर धारदार हथियार से हमला किया। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

संरक्षित पशुओं की तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार
संरक्षित पशुओं की तस्करी मामले में चितईपुर पुलिस ने बीती रात सुसुवाह रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान वाहन से तीन पशुओं को बरामद किया गया। चितईपुर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवदेव सोनी निवासी चंदापुर लोहता और विक्की यादव निवासी न्यू कालोनी डीएलडब्ल्यू ककरमत्ता के रूप में हुई है। 

कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
रोहनिया के टड़ीया के पास जीटी रोड पर बीत शाम कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। 55 वर्षीय व्यक्त की पहचान नहीं हो सकी है। रोहनिया पुलिस ने चालक सहित कार व क्षतिग्रस्त साइकिल को अपने कब्जे में लिया। मृतक के साइकिल में टंगा काले कलर का बैग तथा रोहनिया बाजार स्थित राजेश मिष्ठान भंडार से खरीदी गयी मिठाई मिलह। मृतक सफेद कलर की शर्ट पहना हुआ था। 

प्लॉट से मलबा हटाने के लिए चलेगा अभियान 
नगर निगम ने सड़क और प्लॉट पर मलबा मिलने पर भवन स्वामियों को नोटिस देने की तैयारी की है। साफ सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग और सामान्य विभाग को निर्देश दिया है। 

दीपावली बाद अभियान चलाकर मलबा फेंकने वालों को चिह्नित किया जाएगा। पिछले दिनों नगर निगम ने 3 प्लॉट मालिकों को नोटिस दिया था। इसके बाद से फिर कोई अभियान नहीं चला। दरअसल लोग कूड़ा फेंकने वाले स्थानों पर मलबा फेंक देते हैं। सफाई कर्मी कूड़ा न होने पर मलबा नहीं उठाते हैं। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षकों के साथ सामान्य विभाग के जेई को लगाया गया है।

सीपी ने अनाथ आश्रम में बच्चों के साथ मनाई दीपावली
दीपावली की खुशियां पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय के बच्चों संग बांटी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिठाई, फल, चॉकलेट, दीये, स्कूल बैग, कपड़े समेत कई उपहार दिए। बच्चों के साथ फुलझड़ी व पटाखे भी जलाए। ठंड के मौसम को देखते हुए बच्चों को कंबल भी दिए। इसी के साथ कमिश्नरेट वाराणसी के सभी अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने गरीब व असहाय परिवारों, बच्चों, वृद्धाश्रम के वृद्धजनों के साथ दीपावली मनाई। 

Varanasi news American traveler talked to his daughter through satellite phone corporation withheld rupees
वाराणसी नगर निगम। - फोटो : अमर उजाला

निगम ने अटकाए लोगों के लाखों रुपये
अर्दली बाजार की सुधा सिंह के पति राकेश कुमार सिंह की मौत दो माह पूर्व हो गई थी। उन्होंने पति के मृत्यु प्रमाण पत्र का आवेदन डेढ़ माह पूर्व किया था। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी अब तक उन्हें मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है। आए दिन नगर निगम से पोर्टल न चलने की बात बताई जा रही है। बैंक में मृत्यु प्रमाण पत्र जमा न होने से खाते में पड़ा पैसा अब तक उनके बैंक खाते में ट्रांसफर नहीं हो पा रहा है। ऐसे करीब एक हजार से अधिक मामले हैं। इस चक्कर में नगर निगम लोगों के लाखों रुपये अटकाए हैं।

दरअसल, प्रतिदिन नगर निगम में 50 से 70 जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन आते हैं। तकरीबन 3000 आवेदन नगर निगम में पेडिंग हैं। जिस रफ्तार से आवेदन आ रहे हैं। उस रफ्तार से प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। पहले पांच मिनट में एक प्रमाण पत्र तैयार हो जाता था। अब 15 मिनट से अधिक का समय एक प्रमाण पत्र जारी करने में लग रहा है। 

इस संबंध में नगर निगम ने जिला प्रशासन और लखनऊ मुख्यालय को जानकारी दी है। लखनऊ मुख्यालय के अधिकारियों ने पोर्टल न चलने और धीरे चलने की सूचना दिल्ली में चिकित्या एवं स्वास्थ्य मंत्रालय को दी है। बावजूद इसके पोर्टल को तेज काम करने की दिशा में कोई काम नहीं हुआ है।

बरेका में विशेष सफाई अभियान चलाया गया
बनारस रेल इंजन कारखाना में विशेष स्वच्छता अभियान का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। अभियान के अंतिम दिन, प्रधान वित्त सलाहकार, वरिष्ठ इलेक्ट्रॉनिक्स डाटा प्रोसेसिंग प्रबंधक और महाप्रबंधक कार्यालय सहित जनसंपर्क विभाग के कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 

इसके तहत न केवल कागजों और फर्नीचर की सफाई हुई बल्कि उन अनुपयोगी वस्तुओं को भी हटाया गया, जो स्थान घेरती थीं और अब कार्य में सहायक नहीं थीं। बरेका कर्मचारियों ने इस विशेष अभियान में जोश के साथ भाग लिया और अपनी कार्यस्थलों को स्वच्छ रखने के महत्व को समझा। महाप्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने कहा कि इस अभियान से हमें प्रेरणा मिली है कि नियमित अंतराल पर हम अपने कार्यस्थलों की सफाई करें और अनुपयोगी सामग्री का निपटान करें ताकि हमारा कार्यस्थल स्वच्छ और स्वस्थ बना रहे। 

Varanasi news American traveler talked to his daughter through satellite phone corporation withheld rupees
बच्ची को मिठाई खिलाते कांग्रेस नेता अजय राय। - फोटो : अमर उजाला

कांग्रेसजनों ने बच्चों के साथ मनाई दीपावली
कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को काशी अनाथालय (वनिता आश्रम) में बच्चों के साथ दीपावली मनाई। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और सरदार बल्लभ भाई पटेल को भी नमन किया। गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ ही जिला व महानगर के पदाधिकारी लहुराबीर स्थित काशी अनाथालय पहुंचे। बच्चों के बीच मिष्ठान, फल, फुलझड़ी का वितरण कर कांग्रेसजनों ने दीपावली मनाई।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि दीये की रोशनी अपने साथ उम्मीद लेकर आती है। हमें अंधकार से लड़ने की ताकत देती है और हमारे सपनों को रास्ता दिखाती है। ठीक उसी तरह यह बच्चे जिनका कोई नहीं है, ये भी दीये की लौ के समापन हैं। जो हमारे बेहतर समाज की उम्मीद हैं। 

किसानों के लिए 2336 मीट्रिक टन उर्वरक निर्धारित
गेहूं सहित अन्य फसल की बोआई के लिए खाद (डीएपी) को लेकर किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए सहकारिता विभाग ने तैयारी कर ली है। विभाग ने अक्तूबर माह में फास्फेटिक उर्वरक का लक्ष्य 2336 मीट्रिक टन निर्धारित किया है।

उपायुक्त एवं उप निबंधक वाराणसी मंडल सोमी सिंह ने बताया कि फास्फेटिक उर्वरक के विकल्प में इफको ने नैनो डीएपी भी लांच किया गया है। यह कम लागत में अधिक उपज देता है। इसका उपयोग फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। इसकी जानकारी नहीं होने से इसे महत्व नहीं दे रहे हैं।  वर्तमान में वाराणसी में उर्वरक केंद्रों पर 6570 बोतल नैनो डीएपी उपलब्ध है। 

Varanasi news American traveler talked to his daughter through satellite phone corporation withheld rupees
कार्यक्रम में मौजूद सपाजनों को संबोधित करते सुरेंद्र पटेल। - फोटो : अमर उजाला

लौह पुरुष की दूरदर्शिता सेे 565 रियासतों का विलय
सपा की ओर से वीरभानपुर राजातालाब स्थित हनुमान मंदिर में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल और शिक्षाविद आचार्य नरेन्द्र देव की जयंती मनाई गई। सांसद चंदौली वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सरदार पटेल एक दृढ़ संकल्प वाले कुशल नेता थे। जिनके प्रयासों और दूरदर्शिता से 565 रियासतों का भारत संघ में विलय हो सका।

विधायक सकलडीहा प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल वर्ग विशेष के नेता नहीं बल्कि अखंड भारत के नेता थे। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि किसानों के मसीहा, अखंड भारत के संस्थापक, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्शों पर चलकर समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता समाज में विघटनकारी शक्तियों का खुलासा करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, कन्हैया राजभर, महेंद्र सिंह पटेल आनंद मौर्या, रामबालक पटेल ने विचार रखे। 

सरदार पटेल एकता के प्रतीक थे
अपना दल एस की ओर मोहनसराय स्थित पार्टी कार्यालय में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। रोहनिया विधायक सुनील पटेल ने कहा कि सरदार पटेल एकता के प्रतीक थे। उनकी विरासत आज भी देश के लिए प्रेरणादायक है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल ने की।

इस मौके पर महेंद्र प्रसाद सिंह, देवांशु कुमार, अजीत पटेल ने विचार रखे। उधर, भाजपा के रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, कंचनपुर जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और महानगर कार्यालय गुलाब बाग में महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने सरदार पटेल के फोटो पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

बाबा नर्मदेश्वर और माता शीतला का वार्षिक शृंगार
खोजवां सराय नंदन स्थित महादेव गली में बाबा नर्मदेश्वर और माता शीतला देवी मंदिर पर वार्षिक शृंगार और भंडारा हुआ। श्रद्धालुओं ने पूड़ी सब्जी और बूंदी का प्रसाद लिया। नर्मदेश्वर महादेव की पूजा से शुरुआत हुई, फिर माता शीतला की पूजा-अर्चना हुई। पूजा के बाद भंडारा देर रात तक चला। भंडारे का आयोजन विगत कई वर्षों से समाजसेवी दीपक गुप्ता के सौजन्य से हो रहा है। 

नई लाइन पर पूरी क्षमता से गुजरी मालगाड़ी
कैंट स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या पांच की नई रेलवे लाइन बृहस्पतिवार को चालू हो गई। पहले दिन लोड मालगाड़ी पूरी क्षमता के साथ गुजरी। इस दौरान रेल अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक समेत कुछ अन्य बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कैंट स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि नई लाइन पर मालगाड़ी की आवाजाही शुरू हो गई है। 

जन्मोत्सव पर हुए संकटमोचन के दर्शन
महाबली हनुमान के जन्मोत्सव का उल्लास शहर के मंदिरों में नजर आया। भगवान सूर्य की पहली किरण के साथ ही संकटमोचन हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के सभी हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार दर्शन के लिए लगी रही। बृहस्पतिवार को भोर में मंगला आरती के बाद संकटमोचन मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुल गए। श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान जी के की दर्शन कर आशीर्वाद लिया। किसी ने भगवान को चोला अर्पित किया तो किसी ने लड्डू व तुलसीदल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। 

नौ साल से वृद्धाश्रम में रामकली मना रहीं दिवाली
ओडिशा की रामकली देवी, उम्र 105 साल। वह बीते नौ साल से राजकीय वृद्धा आश्रम दुर्गाकुंड में रह रही हैं। यहीं उनकी दीपावली मनती है और होली। उनकी एक बेटी है जो कोलकाता में रहती है, लेकिन वह कभी मिलने नहीं आती है। साल में एक दो बार ही उनकी नातिन उनसे मिलने कोलकाता से वाराणसी आती है। हर साल हर पर्व पर वह अपनी बेटी से बात करती हैं। हर बार वो मां से मिलने का कहती हैं, लेकिन कभी मिलने नहीं आती। वृद्धाश्रम के देवशरण सिंह ने बताया कि आश्रम में 18 वृद्धाएं रह रही हैं। इनमें रामकली देवी सबसे ज्यादा उम्र की है। 

शव शिवा व ताराबाड़ी मां का हुआ शृंगार 
काशी में विराजमान शव शिवा महाकाली व ताराबाड़ी मंदिर में मां का शृंगार विधिवत पूजन अर्चन हुआ। इन दोनों प्राचीन मंदिर में महानिशा पूजा हुई। देवनाथपुरा स्थित शव शिवा महाकाली मंदिर में मां की कपालिक विधि से पूजा हुई। रात में 11 बजे पूजा शुरू हुई और देर रात में तीन बजे समाप्त हूई। मां को विधि कोहड़ा की बली दी गई। देवनाथपुरा के पास में ही स्थित ताराबाड़ी मंदिर में मां का आभूषण से शृंगार हुआ। 16 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगा। उधर, भोजूबीर स्थित दक्षिणेश्वर महाकाली मंदिर में मां का पंचमकार पूजन हुआ। 

पंच प्रतिमाओं का 1100 दीप जलाकर हुआ पूजन
युवा अग्रवाल सम्मेलन की ओर से चार दिवसीय श्रीश्री महालक्ष्मी पूजनोत्सव के दूसरे दिन अर्धरात्रि में विशेष दीपावली पूजन किया गया। संस्था के सदस्यों ने पं. विकास महाराज के निर्देशन में भगवान श्री गणेश, मां महालक्ष्मी, मां सरस्वती, मां काली और महाबली हनुमान की शास्त्रीय विधि से पूजन किया। उन्होंने परिवार व समाज की सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। 

मध्यरात्रि में पंच प्रतिमाओं के समक्ष 1100 घी के दीये जलाकर उत्साह व भाईचारे के साथ दीपावली का पर्व मनाया गया। श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ने संस्था ने समस्त काशीवासियों व सदस्यों को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। 

उन्होंने कहा कि युवा अग्रवाल सम्मेलन 39 वर्षों से अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कार्यक्रम में अध्यक्ष अजय कृष्ण अग्रवाल, महामंत्री कृष्ण मोहन अग्रवाल, आमोद अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, अमित अग्रवाल, प्रखर, रुद्राक्ष, अमोघ मोही अग्रवाल ने पूजा संपन्न करवाई। कार्यक्रम का संयोजन विनय अग्रवाल ने किया।

Varanasi news American traveler talked to his daughter through satellite phone corporation withheld rupees
दीपावली को लेकर स्टेशन पर बढ़ गई यात्रियों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला

शिवगंगा, श्रमजीवी में पैर रखने की जगह नहीं
दीपावली के दिन तक बिहार-झारखंड को जाने वाली ट्रेनों में ठसाठस भीड़ रही। महानगरों से लौटने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कैंट और बनारस स्टेशन पर एहतियातन आरपीएफ, जीआरपी तैनात रही। स्लीपर और जनरल कोच में यात्री ठसाठस भरे रहे। बृहस्पतिवार की सुबह बनारस स्टेशन पहुंची शिवगंगा एक्सप्रेस में तो पैर रखने तक की जगह नहीं थी। 

थर्ड एसी कोच तो स्लीपर में तब्दील रहा। श्रमजीवी, संपर्कक्रांति, पवन एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर, दुर्ग-नौतनवां एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत महानगरों से आने वाली अन्य ट्रेनों में ज्यादा भीड़ रही। देर शाम बाद पहुंचीं ट्रेनों में यात्रियों की संख्या थोड़ी कम रही। वहीं, वाराणसी से दिल्ली, मुंबई, सूरत समेत अन्य बड़े शहरों को जाने वाली ट्रेनों में काफी कम यात्री रहे। कैंट, बनारस और वाराणसी सिटी स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था रही। 

रेलवे स्टेशनों की अपेक्षा कैंट बस स्टेशन पर भीड़ कम रही। वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों की चक्रवार ड्यूटी लगाई गई है। जिन रूटों पर दबाव अधिक है, उस रूटों पर बसों को चलवाया जा रहा है।

डेंगू से बचाव के लिए जागरुक करेंगे शिक्षक
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने स्कूलों में जलभराव किसी भी कीमत में न होने का निर्देश दिया। ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। साथ ही बच्चों और अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें लक्षण और बचाव के बारे में बताएं। अगर किसी बच्चे को बुखार, सिरदर्द होता है तो इलाज के लिए डॉक्टर तक पहुंचाएं। 

बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने कहा कि शासन स्तर से आदेश है कि अनिवार्य रूप से प्रबंध समिति की बैठक हो। स्कूल व आसपास के क्षेत्र में जलभराव न हो। कहीं ऐसा हो रहा हो तो तुरंत समस्या के निस्तारण के लिए कदम उठाए जाएं। मच्छरों से निपटने के लिए फॉगिंग कराई जाए। बच्चों और अभिभावकों को डेंगू, मलेरिया के बारे में जागरूक किया जाए। 

विद्यापीठ में नौ नवंबर को होगा शोध साक्षात्कार
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में शोध में दाखिले के लिए दूसरे चरण की प्रकिया चल रही है। सत्र 2022-23 के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 9 नवंबर को होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि शोध प्रस्ताव पीपीटी फॉर्म के साथ अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे साक्षात्कार के लिए विभाग में उपस्थित होना होगा। कहा कि जिन लोगों ने शोध प्रस्ताव विभाग में जमा नहीं किया है, उन्हें पांच नवंबर तक दो प्रतियों में दोपहर 2 बजे तक प्रस्ताव जमा करना होगा। 

नदियों में गंदगी करने वालों पर नजर रखेंगे सीसी कैमरे
गंगा, वरुणा और असि नदियों को गंदा करने वालों पर अब तीसरी नजर रहेगी। स्मार्ट सिटी के घाटों पर लगे कैमरों के अलावा गंदगी करने वालों की फोटो और वीडियो मोबाइल से भी बनाए जाएंगे। इसके आधार पर उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में छठ पूजा और देव दीपावली है। ये दोनों पूजा और आयोजन नदी किनारे होते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी कार्ययोजना बनाई है। 

मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने सभी विभागों को ताकीद किया है कि किसी भी परिस्थिति में नदियों को कोई गंदा न करें। यहां युद्धस्तर पर सफाई का कार्य संबंधित विभाग पूरा कराएं। इसके लिए जो भी संसाधन और धन की आवश्यकता हो तो बताएं। ताकि समय रहते इसे दुरुस्त कराया जा सके। नगर निगम को जिम्मेदारी दी गई है। 

नई लाइन पर पूरी क्षमता से गुजरी मालगाड़ी
कैंट स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या पांच की नई रेलवे लाइन बृहस्पतिवार को चालू हो गई। पहले दिन लोड मालगाड़ी पूरी क्षमता के साथ गुजरी। इस दौरान रेल अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक समेत कुछ अन्य बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कैंट स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि नई लाइन पर मालगाड़ी की आवाजाही शुरू हो गई है। 

शहर के पार्कों में लगाए जाएंगे सेहत सुधारने वाले उपकरण
शहर के पार्कों में सेहत सुधारने वाले उपकरण लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने तैयारी कर ली है। पार्क में टहलने और कसरत करने वालों के लिए विशेष प्रकार के उपकरण लगाए जाएंगे। व्यायामशाला की तरह इसमें सभी प्रकार के उपकरण रहेंगे ताकि लोगों को बेहतर वातावरण में कसरत करने का मौका मिल सके। 

इन पार्कों को सुंदर बनाने के बाद निगम की ओर से इसमें उपकरण लगवाए जाएंगे। निगम की ओर से इन पार्कों में 15 तरह के उपकरण लगाए जाएंगे। इसमें ट्रिपल ट्विस्टर, चेस्ट प्रेस कम शोल्डर प्रेस, एयर वाकर, आर्म व्हील, लेग प्रेस आदि उपकरण शामिल हैं। इनको इस तरह से लगाया जाएगा, जिससे सभी लोग इसका इस्तेमाल कर सकें। इसे टिन शेड से ढका जाएगा।

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। वीडीए और निगम को मिलाकर 225 पार्क हैं। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर पार्कों की सूरत बदलने की तैयारी है। नगर निगम की ओर से पार्कों का सुंदरीकरण होने के बाद  रविदास पार्क, शहीद उद्यान, बेनिया पार्क आदि में कसरत के उपकरण लगाए जाएंगे।

पहले चरण में पार्कों की बाउंड्रीवाल, पाथवे व बेंच की मरम्मत कराई जाएगी। दूसरे चरण में लाइटें लगेंगी, जो खराब हैं उन्हें बदला जाएगा। तीसरे चरण में झूले व अन्य उपकरणों की मरम्मत की जाएगी। इसके बाद कसरत के उपकरण लगाए जाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed