Varanasi News: किशोरी के अपहरण का आरोपी अरेस्ट, शादी से पहले युवती लापता; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
वाराणसी में किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पकड़े जाने पर आरोपी ने अलग कहानी बताई, वहीं, 21 वर्षीय एक युवती अपनी शादी से पहली ही लापता हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
आदमपुर थाने की पुलिस ने किशोरी के अपहरण के आरोप में विजयीपुरा कोनिया निवासी विकास कन्नौजिया को गिरफ्तार किया है। किशोरी पहले ही मिल चुकी है। अपहरण के संबंध में चार अप्रैल को पिता ने आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
आदमपुर थानाध्यक्ष के अनुसार, पूछताछ में विकास ने बताया कि किशोरी के कहने पर उसे काम दिलाने के लिए राजस्थान ले गया था। मगर, वहां किशोरी को वह काम नहीं दिला सका। दोनों के पैसे भी खत्म हो गए थे। इसलिए वापस आ गया। पैसे का जुगाड़ कर वह फिर किशोरी के साथ राजस्थान जाने की फिराक में था।
20 अप्रैल को होनी थी शादी, 12 को युवती लापता
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 साल की युवती की शादी 20 अप्रैल को होनी है। उससे पहले वह लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी युवती का पता नहीं लगा तो पिता ने चोलापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पिता ने पुलिस को बताया कि 20 अप्रैल को उनकी बेटी की बरात आने वाली है।
12 अप्रैल को बेटी घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह घर लौटकर नहीं आई। लोकलाज के भय से वर पक्ष को जानकारी नहीं दी है। चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मोबाइल नंबर की लोकेशन की मदद से युवती की खोजबीन की जा रही है। पूरा प्रयास है कि बरात आने से पहले उसे बरामद कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश गिरफ्तार
उगापुर गांव के मुलायम यादव को चौबेपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मुलायम गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ चौबेपुर थाने में हत्या सहित अन्य आरोपों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। मुलायम को बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बाइक पर खून के छींटे मिले
बड़ागांव के गढ़वा गांव के पास एक खेत में बुधवार को लावारिस हाल में एक बाइक खड़ी मिली। उस पर खून के छींटे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक को हरहुआ चौकी ले गई। रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से बाइक स्वामी से संपर्क कर उसे बुलाया।
बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बाइक स्वामी जौनपुर के जलालपुर के हैं। पूछताछ में बताया कि वह मंगलवार को फूलपुर क्षेत्र में एक बर्थडे पार्टी में आए थे। शराब ज्यादा पी लेने के कारण वह बाइक लेकर गिर गए थे। कुछ समझ नहीं आया तो बाइक खेत में ही खड़ी कर घर चले गए थे।
मैजिक से दो संरक्षित पशु मिले, दो गिरफ्तार
रामनगर थाने की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ढुंढराज पुलिया के पास एक मैजिक से दो संरक्षित मवेशी बरामद किए। पशु तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। रामनगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाने के हैदरेपुर गांव के अभिषेक तिवारी और बिहार के भभुआ जिले के चनेछा गांव के विपिन कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक और विपिन संरक्षित मवेशियों की तस्करी के आरोप में पहले भी जेल जा चुके हैं।
ननिहाल आई किशोरी मोबाइल फोन लेकर लापता
सूजाबाद में ननिहाल में मां-बाप के साथ आई किशोरी सोमवार दोपहर लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी कहीं पता नहीं लगा। बिहार के लक्खीसराय जिले के रामपुर गांव निवासी किशोरी के पिता ने रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी मोबाइल फोन साथ लेकर गई है। रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है।
विवाहिता की मौत के मामले में 5 पर दहेज हत्या का केस
रोहनिया के फरीदपुर गांव निवासी रवि गुप्ता की पत्नी राजनंदिनी गुप्ता (21) के फंदा लगाकर जान देने के मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मिर्जापुर के राजगढ़ से आए राजनंदिनी के पिता महेंद्र कुमार ने रोहनिया थाने की पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर सोमवार को राजनंदिनी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दे दिया गया।
एटीएम से पैसे निकालने का शक, एक हिरासत में
शिवपुर थाने की पुलिस ने गिलट बाजार में एक बैंक के एटीएम में टेप लगाकर पैसा निकालने की शंका में एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। लोगों ने शिवपुर थाने की पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी से पांच हजार रुपये बरामद किए थे। युवक बिहार के बक्सर का बताया गया है। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के सामने धारदार हथियार से हमला, छेड़खानी
नई बस्ती, पांडेयपुर की एक महिला ने पुलिस की मौजूदगी में 2 महिलाओं, 2 पुरुषों और 12 अज्ञात पर धारदार हथियार से हमला और छेड़खानी का आरोप लगाया है। नई बस्ती, पांडेयपुर की महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपना मोबाइल बनवाने पंचक्रोशी रोड पर गई थी।
वापसी में पूर्व किरायेदार अपने रिश्तेदार के साथ मिली। दोनों उनकी बेटी का बाल पकड़ कर मारने लगी। उन्होंने 112 नंबर पर फोन किया तो पुलिस आई। पुलिस के साथ वह घर की ओर जाने लगी। सभी ने हमला कर दिया। बीचबचाव करने आए चार लोग घायल हो गए। हमलावरों ने छेड़खानी भी की। लालपुर-पांडेयपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई होगी।
खोजवा में दो पक्षों में जमकर मारपीट
खोजवा के चुंगी तिराहे पर दो पक्षों में बुधवार रात मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से ईंट-पत्थर भी चले। मारपीट में एक युवक का सिर फट गया। दो अन्य युवकों को भी चोट लगी है। सूचना पाकर भेलूपुर थाने की पुलिस पहुंची तो मारपीट करने वाले युवक भाग गए थे। पुलिस के अनुसार, दो युवकों का विवाद था। दोनों पक्ष से मारपीट हुई। किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वरुणा जोन के नए डीसीपी बने प्रमोद कुमार
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को कमिश्नरेट के वरुणा जोन/ लाइंस/ मुख्यालय/ अपराध के डीसीपी के पद पर 2015 बैच के आईपीएस प्रमोद कुमार को तैनात किया। प्रमोद कुमार अब तक गोमती जोन के डीसीपी थे। वहीं, 2019 बैच के आईपीएस आकाश पटेल को गोमती जोन के प्रभारी डीसीपी के पद पर तैनात किया है। आईपीएस आकाश पटेल अब तक एडीसीपी गोमती जोन के पद पर थे। 2021 बैच के आईपीएस वैभव बांगर को पुलिस आयुक्त ने एडीसीपी गोमती जोन के पद पर तैनात किया है।
पयागपुर में मिले बुजुर्ग के शव की हुई पहचान
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पयागपुर स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास सड़क किनारे सोमवार को मिले बुजुर्ग के शव की पहचान बुधवार को हुई। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुजुर्ग की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी गोनर पासवान (60) के रूप में हुई है।
शिवपुर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पुत्र अजय कुमार ने पहचान की। अजय ने बताया कि उसके पिता दीनदयाल अस्पताल में भर्ती थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। रात में वह अस्पताल से कब बाहर निकल गए, किसी को पता नहीं लगा।
16 दिनों में 616 ई-रिक्शा, ऑटो का चालान
शहर में अपंजीकृत और बिना डीएल ई-रिक्शा और ऑटो के खिलाफ आरटीओ प्रवर्तन की कार्रवाई जारी है। बुधवार को 28 अवैध ई-रिक्शा, ऑटो का चालान और 3 वाहनों को बंद किया गया। 1 से 16 अप्रैल तक 616 ई-रिक्शा, ऑटो का चालान और 63 वाहनों को सीज किया गया। सिगरा, कैंट, इंग्लिशिया लाइन, नई सड़क, लक्सा, लंका, गिरजाघर, रामनगर में अभियान चलाया गया। आरटीओ (प्रवर्तन) मनोज कुमार वर्मा ने ई-रिक्शा, ऑटो चालकों को हिदायत दी कि वह वाहनों के प्रपत्र वैध करा लें।
अस्सी घाट समेत कई जगहों से हटवाए अतिक्रमण
नगर निगम की ओर से बुधवार को प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा के नेतृत्व में अस्सी घाट से अतिक्रमण हटवाया गया। घाट से स्थाई दुकान, ठेला गाड़ी, अवैध वेंडरों और झूले हटवाए गए। 32500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। गोदौलिया शौचालय के आसपास चाय, झोले की दुकानें हटवाकर 500 रुपये का जुर्माना वसूला। खजुही सारनाथ में गली के रास्ते में गाड़े पत्थर को हटवाया।
दानियालपुर रास्ते से दीवार हटवाने के लिए एक दिन का समय दिया गया। लच्छीपुरा पियरी में सीढ़ी तोड़कर रास्ता साफ किया गया। चेतगंज से अवैध चबूतरा तोड़ा गया। बेनियाबाग से तीन दुकानों के अतिक्रमण हटवाकर 1200 रुपये का जुर्माना वसूला। किरहिया में सड़क पर बांधे चार पशुओं को जब्त कर कांजी हाउस भेजा गया।
युवक की मां को दिया आश्वासन
प्रतिबंधित चीनी मांझे की चपेट में आकर जान गंवाने वाले कोनिया निवासी विवेक शर्मा (25) की मां श्यामलता से बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने मुलाकात की। आश्वस्त किया कि वह सरकार से मुआवजा दिलाएंगे। उन्होंने एनजीटी में केस दाखिल कर रखा है।
ऑपरेशन त्रिनेत्र का तेजी से करें काम
विकास भवन सभागार में सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को ऑपरेशन त्रिनेत्र की समीक्षा की गई। सीडीओ ने पंचायत के सहायक विकास अधिकारी को ऑपरेशन त्रिनेत्र का काम तेजी से करने के निर्देश दिए।
कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में अब तक काम पूरा नहीं हुआ, वहां प्राथमिकता पर काम पूरा कराएं। जहां काम हो गया है, सेक्टर प्रभारी रिपोर्ट दें। उधर, सीडीओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यक्रम की समीक्षा की। इसमें विकासखंड काशी विद्यापीठ, सेवापुरी, हरहुआ और चिरईगांव की प्रगति खराब मिली। सीडीओ ने जीरो पावर्टी और पीएम आवास योजना में चयनित परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
नंबर बढ़ाने का झांसा देने वाले साइबर ठग सक्रिय
यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल उम्मीदवार रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जल्द ही रिजल्ट जारी होने की संभावना है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने नोटिस जारी कर लोगों को साइबर ठगी से बचाने को कहा है।
बोर्ड ने अपील की है कि वे ऐसे किसी भी फोन कॉल पर भरोसा न करें और लेनदेन न करें। ऐसे किसी भी तरह की कॉल आने पर जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचना दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। बोर्ड की तरफ से कोई फोन या मैसेज नहीं जाता है। सचिव ने बताया कि पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस बार फिर कुछ लोग परीक्षा परिणाम को लेकर झूठे वादे कर भ्रमित कर रहे हैं।
बीएचयू के पूर्व छात्र ने लगाई 40 आरटीआई
बीएचयू के पूर्व छात्र ने पीएचडी में प्रवेश न होने पाने पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति समेत कई अधिकारियों को चिट्ठी लिखकर 40 आरटीआई लगाई हैं। छात्र का आरोप है कि उसे अब तक न तो प्रवेश मिला और न ही कोई जवाब दिया गया। बिहार के रहने वाले नवीन कुमार पाठक ने बताया कि संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में पीएचडी प्रवेश के लिए शुक्ल यजुर्वेद मेन डिसिप्लिन में आवेदन किया था। बीएचयू के एक प्रोफेसर पर भी उन्होंने कई आरोप लगाए हैं।
सरकार लोकतंत्र पर कर रही प्रहार : वीरेंद्र सिंह
जिला कारागार में बंद सपा नेता हरीश मिश्रा से मिलने सपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। बुधवार को चंदौली सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में सदस्यों ने हरीश से मिलकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। चंदौली के सांसद ने कहा कि हरीश के घर पर हमले के बाद दो हमलावर पकड़े गए। पुलिस सत्ता के दबाव में मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के थाने पहुंचने के बाद केस पंजीकृत किया। इस दौरान रीबू श्रीवास्तव, डॉ. रामबालक पटेल, उमेश प्रधान शामिल थे।
पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि देकर शुरू किया जनसंपर्क
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को नगवां वार्ड में जनसंपर्क अभियान चलाया। शुरुआत काशी क्षेत्र के पूर्व मंत्री स्व. मोहितोश नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की। माैके पर मंडल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, रविंद्र सिंह, अमरीश जायसवाल, दिनेश अरोड़ा मौजूद रहे।
सबमर्सिबल पंप से होगी जलापूर्ति
गर्मी के मौसम पानी की होने वाली समस्या को देखते हुए जलकल विभाग ने नई कार्ययोजना बनाई है। इसमें रीबोर के बजाय सबमर्सिबल पंप लगाकर जलापूर्ति कराई जाएगी। इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग, सबमर्सिबल से पानी की आपूर्ति करेगा। इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है। 15 दिनों के भीतर इसका समाधान कराया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक से की मुलाकात
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शिक्षक नेता सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक से वार्ता की। उन्होंने कहा कि एनपीएस से आच्छादित शिक्षकों के एनपीएस खाते में किसी-किसी माह का अंशदान कटौती करके सरकारी अंशदान जमा नहीं किया गया है।
सिगरा में जलापूर्ति व्यवस्था का काम हुआ पूरा
सिगरा भारत सेवाश्रम संघ के सामने जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने का काम पूरा हो गया है। शहीद उद्यान की पानी की टंकी को जोड़ने के लिए तीन दिनों से काम चल रहा था। इससे आसपास के तकरीबन 8 हजार लोगों की पानी की समस्या दूर होगी। जल निगम के अधिशासी अभियंता कमल कुमार सिंह ने बताया कि काम पूरा हो गया है। बृहस्पतिवार से इस रास्ते को ठीक कर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय जनता दल की बैठक में जताया शोक
राष्ट्रीय जनता दल की बैठक बुधवार को नरिया में हुई। इसमें पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रमोद माथुर के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि हार्ट अटैक से मृत्यु के बाद नासिरपुर करौंदी से प्रमोद माथुर के शव का अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर हुआ। मुखाग्नि उनके भतीजे शौरव माथुर ने दी। पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह, सपा के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, प्रो. महेश विक्रम सिंह, योगेंद्र शर्मा पर मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग गृहमंत्री से की गई है। नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशि प्रताप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को धमकी दी जा रही है। इसलिए हमारी राष्ट्रपति, गृहमंत्री और यूपी की राज्यपाल से गुजारिश है कि उन्हें एनएसजी सुविधा दी जाए।
डीएम का निर्देश, गुणवत्तापूर्ण करें निस्तारण
डीएम एस. राजलिंगम ने बुधवार को जनता दर्शन में लोगों की शिकायतें सुनीं। कुछ शिकायतों पर संबंधित अफसरों से फोन पर बात कर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व के मामले में अफसर खुद मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण करें।
वीडीए में रजिस्ट्री के लिए लगा विशेष कैंप
वीडीए की ओर से रजिस्ट्री के लिए विशेष कैंप लगाया गया। एक छत के नीचे पूरी प्रक्रिया कराई गई। उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देशन में कैंप लगाया गया। रजिस्ट्री से संबंधित कार्य जैसे स्टांप वेंडर, डेट टाइपिंग, डेट अलॉटमेंट और डीड तैयार कर रजिस्ट्री की प्रक्रिया एक ही छत के नीचे पूरी कराई गई। रजिस्ट्री के लिए आवश्यक दस्तावेज लिए गए। हेल्प डेस्क से फॉर्म दिए गए। यह पहल नागरिकों को त्वरित, सरल और पारदर्शी सेवा देने के लिए की गई।
प्लेटफाॅर्म पर दो स्टाॅल का शुभारंभ
कैंट स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या 8 और 9 पर बुधवार को खानपान के दो स्टाॅलों का शुभारंभ किया गया। वाराणसी से पटना जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आई यात्री आरती बर्मन ने इसका शुभारंभ किया। स्टॉलों पर शीतल पेय, चिप्स पैकेट, नमकीन के साथ ही मानक इत्यादि यात्रियों हेतु उपलब्ध रहेगी।
अपना घर आश्रम में 20 अप्रैल को आधार कैंप
सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में 20 अप्रैल को आधार कैंप लगाया जाएगा। इसमें आश्रम में रहने वाले प्रभुजनों का फिंगरप्रिंट लेकर उनके घर का पता निकाला जाएगा। बीते माह भी आधार कैंप लगाया गया था। इसमें 106 लोगों के डुप्लीकेट आधार बनाकर उनकी पहचान हुई थी। आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि समय समय पर कैंप लोगों की पहचान की जाती है।
भागवत पोथी और 51 कलश के साथ गोपाल मंदिर से निकली शोभायात्रा
वल्लभाचार्य प्राकट्य महोत्सव पर बुधवार को चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर से शोभायात्रा निकली। 51 महिलाएं सिर पर कलश लिए प्रभु का जयकारा लगाते हुए चल रही थीं। ग्वालियर से आए कथाव्यास सतीश कुमार शर्मा वैष्णवजनों संग कीर्तन करते हुए चल रहे थे।
षष्ठपीठ युवराज प्रियेंदु बाबा के सानिध्य में भजन कीर्तन करते हुए शोभायात्रा मंदिर परिसर से ग्वाल दास साहू लेन, सोराकुआं, ठठेरी बाजार, जौहरी बाजार, चौखंभा होते हुए मंदिर पर पहुंचकर पूरी हुई। कथावाचक सतीश कुमार शर्मा ने भागवत कथा का ज्ञान यज्ञ में पुष्टि मार्ग का वर्णन किया।
कथाव्यास ने कहा कि श्रीभागवत के दर्शन और कथा का श्रवण करना हर जीव के लिए जरूरी है। तभी मानव का कल्याण होगा। प्रियेंदु बाबा ने श्रीमद्भागवत की विशेषता का वर्णन किया। कथा के पहले दिन प्रमुख यजमान शेखर रस्तोगी ने भागवतजी की पूजा की। इस दौरान अतुल शाह, अरुण पारिख, राजेश अग्रवाल, मनोज मुनीम वाला, आनंद कृष्णा अग्रवाल मौजूद रहे।
जाह्नवी ने राग अहीर भैरव में सुनाई बंदिश
सुबह-ए-बनारस में युवा कलाकार जाह्नवी त्रिपाठी का गायन हुआ। जाह्नवी ने गायन का आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश अलसाने हो लालन... से किया। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश मान ले मोरा मनवा... पेश किया। समापन भजन शिव कैलाश के वासी... से किया। तबले पर कृष्ण कुमार उपाध्याय और संवादिनी पर प्रवीण सिंह ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र उमा त्रिपाठी ने प्रदान किया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।
डॉ. राजेश ने सितार पर छेड़ा राग मधुवंती
काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रयागराज के डॉ. राजेश कुमार का सितार वादन हुआ। डॉ. राजेश ने सर्वप्रथम राग मधुवंती में आलाप जोड़ झाला के साथ-साथ तीन ताल मध्य लय में द्रुत बंदिश पेश की। अंत में उन्होंने राग मिश्र भैरवी में धुन बजाकर श्रोताओं की तालियां बटोरीं। तबले पर डॉ. अमित ईश्वर ने कुशल संगत की। संचालन अनूप मिश्रा ने किया। संयोजन अंशुमान महाराज का रहा।
भारतीय प्रतिमा विज्ञान पुस्तक का हुआ लोकार्पण
सिगरा स्थित एक स्कूल में बुधवार को भारतीय प्रतिमा विज्ञान पुस्तक का लोकार्पण डॉ. ओमप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. अजय कुमार, डॉ. अजीत प्रकाश और डॉ. कुमुद रंजन ने किया। यह पुस्तक यूजी-पीजी स्तर के कला इतिहास, प्राचीन इतिहास और संग्रहालय विज्ञान के छात्र-छात्राओं के लिए उपयोगी है। पुस्तक के लेखक बीएचयू के गोल्ड मेडलिस्ट रहे डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव हैं। कार्यक्रम में शशिकांत श्रीवास्तव, डॉ. कामिनी श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
बैंड बाजे के साथ निकली रैली
बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को चिरईगांव के ब्लाॅक कर्मचारियों ने बैंड बाजे के साथ प्रभातफेरी निकाली। रैली ब्लॉक परिसर से शुरू होकर पशु चिकित्सालय, पुलिस चौकी होते हुए रिंग रोड चौराहे से वापस ब्लाॅक कार्यालय लौटी। इस दौरान लोग बाबा साहब अमर रहें, के नारे लगे। मुख्य अतिथि ब्लाॅक प्रमुख अभिषेक सिंह, वीरेंद्र नारायण द्विवेदी, खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह, एडीओ आईएसबी दुर्गेश सिंह मौजूद रहे।
14 क्षय रोगियों को दी पोषण पोटली
काशी विद्यापीठ ब्लाॅक के सीएचसी मिसिरपुर में 14 टीबी मरीजों को पोषण पोटली बांटी गई। अधीक्षक डॉ. रामबली सिंह ने कहा कि टीबी के मरीजों को समय से पौष्टिक आहार लेना चाहिए। चिकित्सक के बताने के अनुसार दवा उपयोग करने से क्षय रोग जड़ से समाप्त हो सकता है। परिजनों को भी रोगियों के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र चौहान, एआरओ डाॅ. बसंत राय, अखिलेश गौतम, सुनीता देवी आदि लोग मौजूद रहे।
मत्स्य विभाग की योजना से महिलाओं को जोड़ें
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) की बैठक कैंप कार्यालय में हुई। डीएम ने योजना की 16 उपयोजनाओं के कुल प्राप्त 234 आवेदन पत्रों में रिर्टन और लंबित 91 आवेदन पत्रों में स्वीकृत हो सकने वाले आवेदन पत्रों को स्वीकार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एक साल से बैठक न हो पाने पर स्पष्टीकरण लिया और कहा कि हर तीन महीने में बैठक सुनिश्चित करें। निर्देश दिए गए कि मत्स्य विभाग की योजनाओं से समूह की महिलाओं को जोड़ें। सीडीओ ने जनपद में मत्स्य आहार मिल व मत्स्य बीज हैचरी के प्रस्ताव पर जोर दिया।
रामनगर में बच्चों ने निकाली स्कूल चलो रैली
कंपोजिट विद्यालय रामनगर प्राचीन से रामनगर जोन तक स्कूल चलो रैली बुधवार को निकाली गई। रैली को खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र स्कन्द गुप्त और पार्षद रामकुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ..., आधी रोटी खाएंगे, स्कूल में पढ़ने जाएंगे... जैसे नारे लगाते हुए बच्चे लोगों को जागरूक कर रहे थे। इस दौरान अजय कुमार तिवारी, रहमत अली, मुख्तार अहमद, उमाकांत सिंह, रोशनी खरवार आदि शामिल रहे।
आज गिरजाघरों में होगा प्रभु भोज
मॉन्डी थर्सडे पर बृहस्पतिवार को सभी गिरजाघारों में प्रभु भोज के साथ यीशु की आराधना होगी। मसीही भोज में शामिल होकर बाइबिल का पाठ करेंगे। बिशप और पादरी 12-12 लोगों के पांव धोएंगे। फिर मसीही रोटी-शरबत ग्रहण करेंगे। शुक्रवार को सभी चर्चों में गुड फ्राइडे मनाया जाएगा।
दुख भोग सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को प्रभु यीशु के जीवन में घटी घटनाओं को याद करते हुए प्रभु भोज की विधि निभाई जाएगी। शाम छह बजे से चर्चों में प्रभु भोज की विधि शुरू हो जाएगी। प्रार्थना सभा में प्रभु के वचन और बाइबिल का पाठ होगा।
दीक्षित मसीहियों को रोटी-शरबत दिया जाएगा। अगले दिन यानी गुड फ्राइडे मनाया जाएगा। चर्चों में प्रभु यीशु की क्रूस यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान प्रभु यीशु के सात वचन सुनाए जाएंगे। 20 मई को ईस्टर मनाया जाएगा।
ईश्वर खोल देते हैं मोक्ष के द्वार
श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन बुधवार को शिशुपाल वध और सुदामा-श्रीकृष्ण मिलन प्रसंग का वर्णन किया गया। पं. विष्णुकांत शास्त्री ने बताया कि शिशुपाल जीवनभर श्रीकृष्ण का विरोध करता रहा, लेकिन अंततः उसकी मुक्ति हुई। यह दर्शाता है कि ईश्वर से संबंध केवल प्रेम का नहीं, स्मृति और चेतना का होता है।
शिशुपाल वध हमें यह सिखाता है कि भगवान से विरोध भी किसी न किसी रूप में संबंध का ही रूप होता है और जब समय आता है, ईश्वर मोक्ष का द्वार खोलते हैं। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. महेंद्र नाथ पांडेय, एमएलसी बृजेश सिंह, प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे, अजीत कुमार तिवारी, अंजनी पांडेय, रवि तिवारी, धर्मेंद्र तिवारी माैजूद रहे।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने परविंदर
राष्ट्रीय फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (एनएफआईआर) के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रमेश मिश्रा की अध्यक्षता में मंडल कार्यकारिणी का तदर्थ गठन किया गया। इस गठन का उद्देश्य संघ के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करना और मंडल में शाखाओं का विस्तार करना है।
तदर्थ कार्यकारिणी में परविंदर श्रीवास्तव को अध्यक्ष, राधेश्याम मिश्रा को कार्यकारी अध्यक्ष, अमरनाथ सिंह को उपाध्यक्ष, श्याम कुमार झा को मंडल मंत्री, सिकंदर राय को कोषाध्यक्ष, अरविंद कुमार सिंह को संगठन मंत्री, अमित कुमार पांडे को सहायक संगठन मंत्री, शंभू कुमार और मनोज कुमार सिंह (छपरा) को सहायक मंडल मंत्री के रूप में मनोनीत किया गया।
हीमोफीलिया मरीजों को नहीं मिल पा रहा फैक्टर
चोट लग जाए और खून बहना बंद न हो, तो ये हीमोफीलिया के लक्षण हैं। ये समस्या खास तौर से बच्चों में ज्यादा होती है। डॉक्टरों के अनुसार हीमोफीलिया से पीड़ित मरीजों में थक्का बनाने वाले फैक्टर 8 या 9 की कमी होती है। चोट लगने पर अगर लगातार ब्लीडिंग हो रही है तो ये हीमोफीलिया हो सकता है। इसमें ब्लड का थक्का नहीं बनता।
इन मरीजों में क्लॉटिंग फैक्टर (रक्त जमाने वाले प्रोटीन) की कमी होती है। ऐसे मरीजों को समय से फैक्टर लगाना जरूरी होता है। लेकिन, जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में हीमोफीलिया के मरीजों को फैक्टर चढ़ाने की व्यवस्था नहीं है। जिले में इस समय हीमोफीलिया के 740 मरीज हैं।
हीमोफीलिया के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से हर साल विश्व हीमोफीलिया दिवस 17 अप्रैल को मनाया जाता है। डॉक्टरों के अनुसार इस बीमारी से ग्रसित होने वालों में 18 साल तक के बच्चों/युवाओं की संख्या अधिक है। फैक्टर 8 और 9 की कमी की वजह से यह समस्या होती है।
इस समय मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, जिला अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर, कहीं भी मरीजों को फैक्टर नहीं मिल पाता है। करीब चार साल पहले तक मंडलीय अस्पताल में ये व्यवस्था थी। इस समय सिर्फ बीएचयू में ये सुविधा है।
स्मार्ट मीटर की होगी जांच मिर्जापुर में मिली थी गड़बड़ी
स्मार्ट मीटर में टेंपरिंग का मामला मिर्जापुर में पकड़े जाने और पावर कार्पोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल की नाराजगी के बाद अब वाराणसी में भी बिजली निगम के अधिकारी सकते में हैं। यहां भी स्मार्ट मीटर की नए सिरे से जांच कराने की तैयारी है। जिस कंपनी के स्मार्ट मीटर में टेंपरिंग का खुलासा हुआ है, उसी कंपनी के मीटर वाराणसी में भी लगाए गए हैं।
अगर सही तरीके से जांच हुई तो यहां भी मामला सामने आ सकता है। जिले में बिजली निगम के 7.37 लाख उपभोक्ता हैं। शहर से गांव तक करीब तीन लाख उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगवाया है। वाराणसी में दो कंपनी के मीटर लगाए गए हैं।
इसमें एक कंपनी वो भी है, जिसके मीटर में जांच के बाद मिर्जापुर में टेंपरिंग का खुलासा हुआ है। टर्मिनल प्लेट में शॉर्ट लगाकर छेड़छाड़ की गई। कुछ के ढक्कन भी खुले थे। तीन दिन पहले ऑनलाइन मीटिंग में चेयरमैन ने डिस्कॉम प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी।
अधीक्षण अभियंता प्रमोद गोगानिया ने कहा कि स्मार्ट मीटर जिन जगहों पर लगाए गए हैं, एहतियातन उसकी जांच करते रहने को संबंधित अधिकारियों को कहा गया है। इसमें उपभोक्ताओं को भी जागरूक करने को कहा गया है।
वाराणसी में 14 परियोजनाओं के लिए 74.31 करोड़ स्वीकृत
शासन ने वाराणसी में 14 परियोजनाओं के लिए 74.31 करोड़ स्वीकृत किया है। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन कार्यालय वाराणसी के प्रस्ताव पर दशाश्वमेध घाट से काशी विश्वनाथ मंदिर घाट के बीच घाटों के जीर्णोद्धार व पर्यटन सुविधाओं के विकास, जल निकासी के लिए 6.16 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
अस्सी से दशाश्वमेध घाट के बीच पर्यटन सुविधाओं के विकास व सुंदरीकरण के लिए 6.14 करोड़, गोलाघाट से नमो घाट के बीच घाटों के बीच होने वाले कार्यों के लिए 6.17 करोड़ स्वीकृत किया गया है। अजगरा के शिव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1.06 करोड़, पिंडरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के ग्राम करखियांव के सुंुदरीकरण के लिए 18.25 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
रामनगर में पैनल ब्लास्ट होने से 3 घंटे गुल रही बिजली
बिजली कटौती की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, कटौती की वजह से परेशानी भी लोगों की बढ़ गई है। बुधवार को रामनगर में बिजली निगम की ओर से लगाए गए कंट्रोल पैनल में ब्लॉस्ट होने की वजह से 3 घंटा आपूर्ति बाधित रही।
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति देने का दावा तो खूब किया जा रहा है, लेकिन पिछले तीन-चार दिन से हर दिन अलग-अलग इलाकों में कटौती हो रही है। इससे जहां गर्मी से लोग परेशान हो जा रहे हैं, वहीं पानी का संकट भी खड़ा हो गया है। बुधवार की दोपहर करीब 1 बजे रामनगर क्षेत्र स्थित विद्युत वितरण उपखंड में लगे कंट्रोल पैनल में ब्लास्ट हो गया। इस वजह से आपूर्ति ठप हो गई।
रेलवे ने टिकट की जांच कर 63 हजार रुपये जुर्माना वसूला
रेलवे ने बुधवार को वाराणसी-छपरा डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से 10 टिकट जांच कर्मचारियों की टीम ने 136 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा और 63,490 रुपये का जुर्माना वसूला।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर यात्रा की अपील की। मार्च 2025 में बिना टिकट यात्रा से 1.77 करोड़ रुपये और वित्तीय वर्ष 2024-25 में 21.61 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में माह 2025 में बिना टिकट रूप से यात्रा करने वाले 26845 यात्रियों को प्रभारित करते हुए 1.77 करोड़ की आय अर्जित की।
सिटी परमिट के 27 ऑटो को पहले दिन मिला क्यूआर कोड का स्टीकर
सिटी परमिट वाले ऑटो के लिए बुधवार से ट्रैफिक पुलिस लाइन में क्यूआर कोड वाले स्टीकर के वितरण का काम शुरू किया गया। पहले दिन 27 ऑटो को स्टीकर दिया गया। 30 अप्रैल तक यह काम होगा। सिटी परमिट के अलावा देहात परमिट के ऑटो शहर में चलते मिलेंगे तो कार्रवाई होगी। एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि सिटी परमिट वाले ऑटो के चालकों को चरित्र प्रमाण पत्र हर हाल में लेकर आना है। वह अपने निवास स्थान से संबंधित थाने से इसे बनवा सकते हैं।
आईटीआई में आज कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 17 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन होगा। मेले में लगभग 150 की वैकेंसी है। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि इसमें आईटीआई पुरुष ट्रेड के फिटर, वेल्डर, मशीनिष्ट, मशीनिष्ट (ग्राइंडर), टर्नर मैकेनिक डीजल और महिला ट्रेड के कोपा, शीट मेटल, पीपीओटी सहित अन्य ट्रेड के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
अगस्त से शुरू होगा शैक्षणिक सत्र
प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) ने शैक्षिक वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के नए सत्र की शुरुआत अगस्त से होगी। एक महीने में प्रवेश और सितंबर से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है। डीजीटी की ओर से दिए गए निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि जून में आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद के अनुसार समय से कोर्स पूरा कराने के लिए ऑनलाइन माध्यम से भी कक्षाएं होंगी।
कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर की नंदिनी रहीं प्रथम
चिरईगांव विकास खंड सभागार में बुधवार को शिक्षा विभाग की ओर से संविधान प्रदत्त अधिकार एवं कर्तव्य विषय पर परिषदीय विद्यालयों के छात्रों ने बाबा साहब डॉ. आंबेडकर की जीवनी के बारे में बताया। कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर के कक्षा 8 की छात्रा नंदनी प्रथम, कंपोजिट विद्यालय उकथी के प्रियांशु द्वितीय और उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्थराकलां की शालिनी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। ब्लाॅक के बीडीओ वीरेंद्र नारायण द्विवेदी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र और मेडल दिए।
विद्यापीठ में आज से लगेगी एकल कला प्रदर्शनी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग के शोध छात्र आजाद कपूर की एकल कला प्रदर्शनी 17 से 21 अप्रैल तक आयोजित होगी। प्रदर्शनी का आयोजन विभाग के आजाद कला दीर्घा में किया जाएगा। इसका उद्घाटन पं. अजय पोहनकर शाम 6 बजे करेंगे।
रोजगार मेले के लिए जागरूकता अभियान जारी
विदेश में रोजगार को लेकर विद्यार्थियों में रुचि कम देखने को मिल रही है। वहीं सेवायोजन कार्यालय द्वारा मेले को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग और रोजगार विभाग संयुक्त रूप से शहर के स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह भी विद्यार्थियों से बातचीत कर रहे हैं। वे उनकी आशंकाओं और सवालों का समाधान कर रहे हैं।
राजकीय हाईस्कूल भतसार में लगी स्मार्ट क्लास
परिवर्तन पहल के तहत बुधवार को आराजीलाइन ब्लाॅक के भतसार स्थित राजकीय हाईस्कूल में स्मार्ट क्लास की शुरुआत की गई। इसका फायदा विद्यालय के 250 विद्यार्थियों को मिलेगा। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल का स्वागत करते हुए एचडीएफसी बैंक के मनीष टंडन ने बैंक की सामाजिक सहभागिता की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कार्यक्रम का संचालन क्लस्टर हेड कृष्णा मिश्रा ने किया।
प्रो. उपेंद्र बने जेएनयू में बोर्ड ऑफ स्टडीज के सदस्य
बीएचयू में मालवीय मिशन इकाई के अध्यक्ष प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी को जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बोर्ड ऑफ स्टडीज का सदस्य नियुक्त किया गया है। वह जेएनयू के संस्कृत और इंडिक स्टडीज के लिए कार्य करेंगे। वह तीन साल के लिए सदस्य नियुक्त किए गए हैं। प्रो. उपेंद्र बीएचयू में वैदिक विज्ञान केंद्र के संस्थापक समन्वयक भी रह चुके हैं।
रणवीर संस्कृत विद्यालय में 20 से शुरू होगी प्रथमा में दाखिले की प्रक्रिया
बीएचयू के रणवीर संस्कृत विद्यालय में प्रथमा के पहले वर्ष में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू होगी। बीएचयू ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। 20 अप्रैल से 20 मई तक आवेदन पत्र भरे जाएंगे। 20 मई को ही आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि होगी।
23 जून को प्रथमा के लिए ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। ई-लॉटरी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी। 25 से 26 जून तक काउंसिलिंग होंगी। इसी दिन प्रथम वरीयता सूची जारी कर दी जाएगी। सीटें खाली रह जाने पर 30 जून को प्रवेश के लिए दूसरी वरीयता सूची आएगी।
150 और 250 है आवेदन शुल्क: सामान्य और ओबीसी के आवेदन शुल्क 250 रुपये और एससी व एसटी के लिए 150 रुपये तय किए गए हैं। आवेदन और उसका शुल्क दोनों विद्यालय के कार्यालय में अवकाश के दिनों को छोड़कर सुबह 11 बजे से दोपहर के एक बजे तक जमा होगा। वहीं, ई-लॉटरी और शेष प्रवेश प्रक्रिया विद्यालय में ही पूरी की जाएगी।
शास्त्री की सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होंगे 605 महाविद्यालयों के 14710 विद्यार्थी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री की प्रथम एवं पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं 25 अप्रैल से शुरू होंगी। पहली बार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार होने वाली परीक्षा के लिए देशभर में 346 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। चार मई तक होने वाली परीक्षा में 605 महाविद्यालयों के 14710 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि परीक्षाएं सुबह आठ बजे से 11 बजे तक होंगी। गोपनीय सामग्री का वितरण 22 अप्रैल और 23 अप्रैल को किया जाएगा। लिखित उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य सामग्री जमा करने के लिए छह और सात मई की तिथि निर्धारित की गई है।
प्रो. मिश्र ने बताया कि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन में केंद्राध्यक्षों को गोपनीय सामग्री का वितरण किया जाएगा। सभी केंद्राध्यक्षों को सुबह नौ बजे से उपस्थित होना अनिवार्य है। 23 अप्रैल को गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ और विश्वविद्यालय परिसर की गोपनीय सामग्री वितरित की जाएगी।
आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर बृहस्पतिवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी उदयपुर, पांडेयपुर उपकेंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते धनश्याम डिग्री कॉलेज, लालपुर, पांडेयपुर, राय साहब का बगीचा, दरियां आश्रम में बिजली नहीं होगी।
तीखी धूप से 2 डिग्री बढ़ गया पारा
पिछले 24 घंटे में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम 38.1 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 18 से 20 अप्रैल के बीच एक बार फिर से तेज हवा के चलने और बारिश की संभावना है।
लॉर्ड विश्वेश्वर के मुकदमे की सुनवाई 21 अप्रैल को
ज्ञानवापी में नए मंदिर के निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ करने का अधिकार देने को लेकर लॉर्ड विश्वेश्वर की ओर से वर्ष 1991 में दाखिल मुकदमे की आंशिक सुनवाई बुधवार को सिविल जज (सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक) न्यायालय की नई पीठासीन अधिकारी भावना भारतीय ने की।
उन्होंने मुकदमा और उससे संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों के बारे में अदालत में मौजूद लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी और अन्य अधिवक्ताओं से जानकारी ली। सुनवाई की अगली तारीख 21 अप्रैल नियत कर दी।
विश्व धरोहर दिवस पर वाराणसी सहित पांच शहरों में हेरिटेज वॉक
विश्व धरोहर दिवस 18 अप्रैल के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) द्वारा पांच प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी और आगरा में विशेष हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जा रहा है।
यूपीएसटीडीसी ने विशेष पैकेज भी जारी किया है। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं को प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि आगरा में 899 रुपये प्रति पर्यटक, वाराणसी में 475 रुपये प्रति पर्यटक, झांसी में 850 रुपये प्रति पर्यटक, प्रयागराज में 500 रुपये प्रति पर्यटक, लखनऊ में 800 रुपये प्रति पर्यटक शुल्क है। पैकेज की बुकिंग यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट www.upstdc.co.in से होगी।