Varanasi News: योजना के 42 स्मार्ट फोन बेचे, 5.52 लाख के 32 मोबाइल बरामद; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी में कैंट पुलिस ने शातिर को गिरफ्तार किया है। उसने सरकारी योजना में बांटे जाने वाले बाजार में बेच दिए। आरोपी ने 42 स्मार्ट फोन बाजार में बेच दिए और कई बेचने की फिराक में था।
विस्तार
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के 42 स्मार्ट फोन की बिक्री के आरोपी प्रबंधक विशेष श्रीवास्तव को कैंट पुलिस ने बीती रात फुलवरिया से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर 5.52 लाख के 32 मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी मडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर का रहने वाला है। पुलिस लाइन के सभागार में शुक्रवार को एडीसीपी नीतू ने आरोपी को पेश किया। डीसीपी वरुणा ने टीम को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
एडीसीपी नीतू कात्यायन ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जरिये स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत रामनगर के विद्यार्थियों में 48 स्मार्ट फोन का वितरण किया जाना था। छह मोबाइल की मैपिंग नहीं हुई थी और 42 स्मार्ट फोन की डीजी शक्ति पोर्टल पर मैपिंग की गई।
प्रबंधक विशेष श्रीवास्तव ने 42 मोबाइल का वितरण नहीं किया और उसे बाजार में बेच दिया। उत्तराखंड के देहरादून के स्किल प्रो. टेक्नालॉजी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मयंक कुमार ने कैंट थाने में 28 जून 2025 को मुकदमा दर्ज कराया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र की टीम ने विशेष को गिरफ्तार किया है। साथ ही 32 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की वरुणा जोन की कैंट पुलिस ने कार्रवाई की। फोन की कीमत 5.52 लाख है। चांदपुर क्षेत्र में विशेष श्रीवास्तव के स्मार्ट फोन बेचने की सूचना मिली थी। पुलिस ने बताया कि यह फोन उत्तर प्रदेश सरकार की कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को रोजगार के लिए वितरित किए जाने थे। लेकिन आरोपी ने 42 स्मार्ट फोन बाजार में बेच दिए और कई बेचने की फिराक में था। पुलिस आयुक्त ने मामले का जल्द खुलासा करने वाली कैंट इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा की टीम को बधाई दी।