वाराणसी: आभूषण की दुकान से युवक ने नहीं चुराया था 300 ग्राम सोना, उचक्के ले भागे थे, चोरी के शक में पीटकर हत्या
चौक स्थित रेशम कटरा में शनिवार रात सलमान की 300 ग्राम सोना चोरी के आरोप में पीट-पीटकर हुई थी। पुलिस ने बहनोई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
वाराणसी के चौक स्थित रेशम कटरा में शनिवार रात सलमान की 300 ग्राम सोना चोरी के आरोप में पीट-पीटकर हुई हत्या के आरोप में चौक पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बहनोई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार रात जालपा देवी रोड चौराहे के पास से सभी को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, सलमान के संग सोने की टप्पेबाजी हुई थी और सराफा कारोबारी, रिश्ते में बहनोई कलीम और उसके साथियों ने बंद कमरे में पीट-पीटकर सलमान को मारा डाला था।
डीसीपी काशी अमित कुमार ने बताया कि आदमपुर थाना अंतर्गत ओमकालेश्वर निवासी अशरफ का बेटा सलमान अपने बहनोई के ममेरे भाई कोदई चौकी निवासी कलीम के यहां ज्वेलरी की दुकान पर काम करता था। घटना के दिन शिवपुर के कादीपुर निवासी सराफा कारोबारी विनोद ने कलीम को 300 ग्राम सोना सफाई के लिए दिया था। कलीम ने सोना सलमान को देते हुए छत्तातले स्थित दुकान पर सफाई कराने भेजा। इसी बीच बुलानाला चौराहे के पास सलमान को दो टप्पेबाज मिले और बातों में उलझाकर सोना लेकर फरार हो गए।
यह सीसीटीवी फुटेज में साफ-साफ दिखा। जब सलमान वापस दुकान आकर कलीम को घटनाक्रम बताया तो विश्वास नहीं हुआ। तब तक सराफा कारोबारी विनोद, कर्मचारी साबिर और महमूरगंज रानीपुर निवासी राहुल सेठ, कर्णघंट निवासी सचिन सहदेव उर्फ बॉबी ने सलमान को मारा पीटा। इतनी पिटाई कर दी कि अस्पताल पहुंचते ही सलमान ने दम तोड़ दिया। पिता अशरफ ने कलीम, विनोद, साबिर, सचिन सहदेव उर्फ बॉबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
चौकी इंचार्ज की तफ्तीश में सामने आए टप्पेबाज
घटना की तफ्तीश में जुटे ब्रह्मनाल चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह, काशीपुरा चौकी इंचार्ज स्वतंत्र सिंह और दालमंडी चौकी इंचार्ज सौरभ पांडेय ने रेशम कटरा से छत्तातले के बीच के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो बुलानाला चौराहे के पास दो टप्पेबाज सलमान से बातचीत करते हुए दिखे। इसके बाद दोनों सलमान को चकमा देकर 300 ग्राम सोना ले उडे़। अब उन टप्पेबाजों की तस्वीर क्षेत्र में चस्पा कराकर पहचान कराई जा रही है।