वाराणसी: मकान की दीवार भरभराकर गिरी, नींव की खोदाई कर रहे मजदूर की दबकर मौत; मची चीख-पुकार
जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र के डोमनपुर गांव में मकान निर्माण के दौरान कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर मजदूर 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह नींव की खुदाई और ईंट हटाने का काम कर रहा था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
विस्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के डोमनपुर गांव में बुधवार को मकान निर्माण के लिए नींव की खुदाई के दौरान कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अरका गांव निवासी प्रदीप कुमार (32) पुत्र रामनाथ के रूप में हुई। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार सुबह वह डोमनपुर गांव में बल्ली पाल के यहां मकान निर्माण का काम करने गया था। निर्माणाधीन मकान में पिलर के पास लगी ईंटों को हटाने का काम कर रहा था। इसी दौरान पीछे स्थित हीरालाल पाल के मकान की मिट्टी की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में प्रदीप दब गया।
परिजनों में मचा कोहराम
दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर प्रदीप को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रदीप की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के दो पुत्र हैं। इनमें कार्तिक पांच वर्ष और रॉकी दो वर्ष का है। पति और बेटे को खोने के गम में पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मां शांति देवी भी बेटे की मौत से बेसुध हैं। ग्रामीणों के अनुसार प्रदीप मिलनसार स्वभाव का था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा था। उसकी असमय मौत से गांव में मातम छा गया।
बताया गया कि पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया में पड़ने से बचने के लिए दोनों पक्षों ने आपस में सुलह-समझौता कर लिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना से गांव के लोगों में शोक है।
