वाराणसी: प्राचीन पंचमुखी श्री विश्वकर्मा मंदिर में पहुंचे हंसराज विश्वकर्मा, किया नमन; समाज के उत्थान पर चर्चा
विश्वकर्मा पूजनोत्सव श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। नमो घाट के प्राचीन पंचमुखी श्री विश्वकर्मा मंदिर समेत विशेश्वरगंज और राजातालाब स्थित मंदिरों में भगवान का भव्य श्रृंगार और पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। विभिन्न मंदिरों में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
विस्तार
कला, कौशल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के अधिष्ठाता तथा सृष्टि के सृजनकर्ता आदि देव भगवान विश्वकर्मा का पूजनोत्सव गुरुवार को शहर के विभिन्न विश्वकर्मा मंदिरों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में भगवान विश्वकर्मा का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की और प्रसाद ग्रहण किया।
नमो घाट स्थित प्राचीन पंचमुखी श्री विश्वकर्मा मंदिर में प्राचीन पंचमुखी श्री विश्वकर्मा मंदिर न्यास परिषद की ओर से पूजनोत्सव आयोजित किया गया। भगवान विश्वकर्मा का विधिवत श्रृंगार कर पूजन किया गया। इसके बाद दूर-दराज से आए भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं ट्रस्ट के संरक्षक हंसराज विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
न्यास परिषद के अध्यक्ष महंत नंदलाल दास ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। न्यास परिषद के सदस्यों और पदाधिकारियों ने भी भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
विशेश्वरगंज स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भी भगवान विश्वकर्मा का भव्य श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। राजातालाब स्थित विश्वकर्मा मंदिर में विशेष सजावट और श्रृंगार किया गया। आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया और प्रसाद ग्रहण किया।
पूजनोत्सव में ट्रस्ट के उप प्रबंधक राधेश्याम विश्वकर्मा, उप सचिव कन्हैयालाल विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. रामाधार विश्वकर्मा, सम्मानित सदस्य सत्यनारायण विश्वकर्मा, गोरख विश्वकर्मा, सचिव घनश्याम विश्वकर्मा, राम रतन विश्वकर्मा, सुनील कुमार विश्वकर्मा, सोनू लाल विश्वकर्मा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने हर्षोल्लास के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। ट्रस्ट के सचिव घनश्याम विश्वकर्मा ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।