वाराणसी: कार्तिक मास में मलाई-मक्खन से होता है भगवान बिंदु माधव का विशेष श्रृंगार, पंचमेवा से सजता है मुकुट
पंचगंगा घाट स्थित बिंदु माधव मंदिर में कार्तिक मास के दौरान भगवान का मलाई-मक्खन से विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। पंचमेवा और श्रीखंड से मुकुट सजाया जाता है। सुबह चार बजे शुरू होने वाली पूजा में पांच आरतियां होती हैं।
विस्तार
काशी के पंचगंगा घाट स्थित प्राचीन बिंदु माधव मंदिर में कार्तिक मास के दौरान भगवान विष्णु के विशेष श्रृंगार की अनूठी परंपरा निभाई जा रही है। इस दौरान भगवान बिंदु माधव की शालिग्राम प्रतिमा को मलाई और मक्खन से बने वस्त्र पहनाए जाते हैं। वहीं, भगवान का मुकुट पंचमेवा और श्रीखंड से सजाया जाता है। भगवान के इस विशेष स्वरूप के दर्शन के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है।
ब्रह्म मुहूर्त में शुरू होता है विशेष श्रृंगार
कार्तिक मास में विशेष रूप से प्रबोधिनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सुबह चार बजे श्रृंगार की प्रक्रिया शुरू होती है। करीब डेढ़ घंटे तक पूजा-अर्चना और श्रृंगार चलता है। इस दौरान पांच विशेष आरतियां की जाती हैं। श्रद्धालु भगवान के लिए मलाई का थाल लेकर मंदिर पहुंचते हैं और भोग अर्पित करते हैं। इसके बाद भक्तों को भगवान के विशेष स्वरूप के दर्शन होते हैं।
कभी भव्य मंदिर के रूप में थी पहचान
बिंदु माधव मंदिर का इतिहास काफी प्राचीन माना जाता है। धार्मिक ग्रंथ मत्स्य पुराण सहित कई प्राचीन ग्रंथों में इसका उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यह मंदिर बेहद भव्य था। वर्ष 1669 में औरंगजेब के शासनकाल में मंदिर को ध्वस्त कर उसके स्थान पर आलमगीर मस्जिद का निर्माण कराया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुसार, उस समय पुजारियों ने भगवान की मूल प्रतिमा को सुरक्षित रखने के लिए गंगा में छिपा दिया था। बाद में मराठा शासकों और सरदारों के संरक्षण में मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया।
मराठी परिवार पीढ़ियों से निभा रहे परंपरा
पंचगंगा घाट के आसपास रहने वाले मराठी परिवार कई पीढ़ियों से भगवान बिंदु माधव के विशेष श्रृंगार की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। कार्तिक मास में भगवान के इस स्वरूप के दर्शन और मलाई का भोग अर्पित करने को श्रद्धालु विशेष पुण्यदायी मानते हैं। यही वजह है कि सुबह-सुबह मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटती है।
