वाराणसी: दो निजी कोविड अस्पताल बंद, कोरोना के मिले 15 मरीज, 307 एक्टिव केस
वाराणसी के पापुलर और मेडविन अस्पताल में अब कोरोना के मरीज भर्ती नहीं होंगे। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद सूची तैयार करने में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। वहीं, शनिवार को 15 कोरोना मरीज मिले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में दो निजी कोविड अस्पताल शनिवार को बंद हो गए। पापुलर हॉस्पिटल और मेडविन अस्पताल को कोविड अस्पताल के रूप में बंद करने का आदेश भी जारी हो गया है। यहां सामान्य दिनों की तरह नॉन कोविड सेवाओं का लाभ लोगों को मिलने लगेगा। माना जा रहा है कि जल्द ही अन्य अस्पतालों के बारे में भी आदेश जारी कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण इलाकों के कुल 50 निजी और आठ सरकारी अस्पतालों को कोविड अस्पताल बनाया गया है। अब रोजाना 30 से कम नए मरीज मिलने लगे हैं और एक्टिव मरीजों की संख्या भी 307 हैं। 50 से कम ही मरीज अस्पतालों में हैं, बाकी का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। 50 में आधे से अधिक निजी अस्पताल ऐसे हैं, जहां पिछले कई दिनों से बेड खाली हैं। ऐसे में निजी कोविड अस्पतालों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सीएमओ की संस्तुति के बाद दोनों को कोविड हॉस्पिटल के रूप में न चलाने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि जो मरीज पहले से भर्ती हैं, उनका इलाज चलेगा। नए मरीज नहीं भर्ती होंगे। साथ ही सभी मरीजों के डिस्चार्ज होने के बाद अस्पतालों को नॉन कोविड की सेवा शुरू करने को कहा गया है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि निजी कोविड अस्पतालों की सूची भी तैयार कराई जा रही है, जिसे जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। अनुमति के बाद उसे कोविड अस्पताल से हटाया जाएगा।
कोरोना के मिले 15 मरीज, 307 एक्टिव केस
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। शनिवार को मिले 4689 सैंपलों में केवल 15 नए मरीज मिले। किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। शनिवार को करौंदी, आईआईटी बीएचयू, जैतपुरा, तुलसीपुर, तरना, साकेतनगर आदि जगहों से मरीज मिले हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में 47 लोग स्वस्थ हुए और 6 को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब कुल 82,093 मरीजों में 81,022 डिस्चार्ज हो चुके हैं। 763 की मौत हो चुकी है। 307 एक्टिव मरीज हैं।