वाराणसी: मंगला आरती से शुरू होगा बनारस बिनाले, 35 दिन तक सुनेंगे काशी के किस्से; कैलाश खेर करेंगे शिवगान
27 नवंबर से शुरू होने वाले बनारस बिनाले में 31 दिसंबर तक काशी की कला, संगीत, खानपान और विरासत की झलक मिलेगी। सात प्रमुख स्थानों पर आयोजन होंगे। कैलाश खेर शिवगान करेंगे और 5000 बुनकरों के स्वास्थ्य के लिए विशेष पहल शुरू होगी।
विस्तार
काशी की मस्ती, मजाक, संगीत और सदियों पुरानी विरासत के किस्से सुनने का मौका मिलेगा। 27 नवंबर से शुरू होने वाले बनारस बिनाले में 35 दिनों तक प्राचीन काशी के मूर्त और अमूर्त स्वरूप की झलक दिखाई देगी। इसकी शुरुआत बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती से होगी। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), बीएचयू और जिला प्रशासन के प्रतिनिधि मंगला आरती में शामिल होकर बिनाले का उद्घाटन करेंगे। इसकी थीम 'काशी-लाइट: सिटी एज सेंसोरियम' रखी गई है। आयोजन में मशहूर गायक कैलाश खेर लाइव शिवगान करेंगे। इसके अलावा बनारस घराने की गायकी, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।
मंगला आरती से होगा आगाज, एक दिसंबर तक प्रिव्यू वीक
बनारस बिनाले का प्रिव्यू वीक 27 नवंबर से एक दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद दो से 31 दिसंबर तक सभी प्रदर्शनियां आम जनता के लिए खोल दी जाएंगी। इसमें विरासत, कला और संगीत से जुड़ी प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वृंदावन के युवा आध्यात्मिक वक्ता शाश्वत आचार्य का प्रवचन और सीआईआई बनारस फिल्म फेस्टिवल भी आयोजन का हिस्सा होगा।
चेत सिंह किले में सजेगी संगीत और नृत्य की महफिल
बिनाले के तहत चेत सिंह किले में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें पंडित राहुल शर्मा संतूर और पंडित राम कुमार मिश्रा तबले की प्रस्तुति देंगे। वहीं रमा वैद्यनाथन और राजेंद्र गंगानी भरतनाट्यम-कथक की जुगलबंदी पेश करेंगे। कैलाश खेर की शिवगान प्रस्तुति भी प्रमुख आकर्षण होगी।
सात स्थानों पर दिखेगी काशी की विरासत
बनारस बिनाले के आयोजन बीएचयू के भारत कला भवन, अहिवासी गैलरी और स्वतंत्रता भवन के अलावा ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, नमो घाट और राजघाट स्थित पेशवा हवेली में होंगे। पेशवा हवेली में इंटैक लैब और कल्चरल सेंटर की स्थापना भी की जाएगी। इसके अलावा मिर्जापुर के ओबीटी बंगले में इंडिगो हाउस कार्यक्रम आयोजित होगा।
शिल्प, रेशम से लेकर बनारसी किस्सों तक की झलक
बिनाले में काशी की मूर्त और अमूर्त विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। मूर्त विरासत में शिल्प, वस्त्र, रेशम, मंदिर, शास्त्र, खानपान, व्यंजन, साहित्य और पेंटिंग शामिल होंगे। वहीं अमूर्त विरासत में सुर, ताल, लय, राग के साथ काशी की मस्ती, मजाक और बनारसी किस्सों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
5000 बुनकरों के स्वास्थ्य की होगी पहल
बनारस बिनाले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पूर्वांचल के कारीगरों और बुनकरों के लिए भी स्थायी पहल की जाएगी। बीएचयू में बिनाले के नोडल अधिकारी डॉ. राणा प्रवीन ने बताया कि रामनगर, लोहता और बड़ी बाजार के करीब 5000 बुनकरों के स्वास्थ्य के लिए वाराणसी हेल्दी वीवर्स इनिशिएटिव शुरू किया जा रहा है।
इसके अलावा भदोही, मिर्जापुर, चंदौली और आजमगढ़ के शिल्पकारों के लिए सीआईआई आर्टिसन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और बीएचयू में करियर सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य पूर्वांचल के कारीगरों को प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
