वाराणसी: बारात से जाम लगा तो लॉन और बैंड संचालकों पर होगी कार्रवाई, डीसीपी ने दी चेतावनी
वाराणसी में शादी समारोहों के दौरान जाम की समस्या दूर करने के लिए डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने रोहनिया थाने में लॉन, बैंक्विट हॉल, डीजे और बैंड संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने बारात रात 10 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचाने, परिसर में पार्किंग कराने और स्टेज पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
विस्तार
शादी समारोह के दौरान बारात और वाहनों की वजह से लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने रविवार को रोहनिया थाना परिसर में लॉन, बैंक्विट हॉल, डीजे और बैंड संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने संचालकों को निर्देश दिया कि बारात निकलने से पहले नजदीकी थाने या चौकी प्रभारी को सूचना दें। कोशिश करें कि रात 10 बजे से पहले बारात कार्यक्रम स्थल तक पहुंच जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और राहगीरों को परेशानी न उठानी पड़े।
लॉन के अंदर ही करानी होगी पार्किंग
डीसीपी ने कहा कि लॉन और बैंक्विट हॉल संचालक अपने परिसर के अंदर ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करें। किसी भी वाहन को सड़क या लॉन के बाहर खड़ा न कराया जाए। बाहर खड़े वाहनों में चोरी, शीशे टूटने और खरोंच आने जैसी शिकायतें मिलती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद बाहर वाहन खड़े कराए गए तो संबंधित संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा सकती है।
रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने पर रोक
डीसीपी ने डीजे संचालकों से समय और ध्वनि की सीमा का पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने से लोगों को परेशानी होती है। इसलिए समयबद्ध तरीके से कम आवाज में डीजे बजाया जाए। बैंड संचालकों को भी निर्देश दिया कि बारात के दौरान सड़क के एक किनारे चलें, ताकि दूसरी ओर से यातायात गुजर सके और जाम न लगे।
पुलिस को दें तत्काल सूचना
बैठक में संचालकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। उन्होंने बताया कि कई बार रात 10 बजे के बाद बारात पक्ष या घराती पक्ष डीजे बजाने का दबाव बनाते हैं और पुलिस के आने पर देख लेने की बात कहते हैं। इस पर डीसीपी ने कहा कि ऐसी स्थिति में तत्काल चौकी प्रभारी को सूचना दें और अपनी समस्या बताएं।
स्टेज पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश
शादी समारोह में चोरी और लूट जैसी घटनाओं से बचाव के लिए डीसीपी ने लॉन और बैंक्विट हॉल संचालकों को स्टेज पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने गाजियाबाद में हुई एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि जयमाल के समय नेग से भरा झोला लेकर एक अनजान व्यक्ति फरार हो गया था। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए समारोह स्थल पर निगरानी जरूरी है।
बैठक में रोहनिया सर्किल के एसीपी अवधेश विश्वकर्मा, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और लॉन, बैंक्विट हॉल, डीजे व बैंड संचालक मौजूद रहे।
