Varanasi Accident: कोतवाली के सामने कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक फरार; CC कैमरे से हुई पहचान
Varanasi News: कोतवाली थाने के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर ली है और चालक की तलाश में जुटी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
Varanasi News: कोतवाली थाने के सामने शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बंगाली बाड़ा (विशेश्वरगंज) निवासी राजकुमार अग्रवाल (62) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे राजकुमार अग्रवाल मैदागिन से अपने घर की ओर जा रहे थें।
इसी दौरान कोतवाली थाने के सामने एक तेज रफ्तार कार यू-टर्न ले रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कार सीधे राजकुमार अग्रवाल को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसा इतना जोरदार था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल बुजुर्ग को मंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
हालांकि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार को चिन्हित कर लिया गया है और फुटेज के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।