वाराणसी: सामूहिक विवाह योजना में 126 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, तीन मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पिंडरा और बड़ागांव ब्लॉक में आयोजित समारोह में 126 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें पिंडरा के 56 और बड़ागांव के 70 जोड़े शामिल रहे। तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
विस्तार
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पिंडरा और बड़ागांव विकासखंड परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अवधेश सिंह की मौजूदगी में कुल 126 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें पिंडरा ब्लॉक के 56 और बड़ागांव के 70 जोड़े शामिल रहे। तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ विवाह
समारोह में नवदंपतियों ने वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह कर नए जीवन की शुरुआत की। इस अवसर पर विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी पहल है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना और उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह योजना सामाजिक समरसता, समानता और बेटियों के सम्मान एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में बीडीओ सूर्यकांत पांडेय, बड़ागांव बीडीओ छोटेलाल तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, एडीओ पंचायत सुनील सिंह, एडीओ सहकारिता प्रियंका मिश्रा, एडीओ एसटी कैलाश यादव सहित ग्राम प्रधान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
