वाराणसी: टीईटी और गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट, होटलों और संदिग्धों की ली गई तलाशी
गणतंत्र दिवस,विधानसभा चुनाव और टीईटी लेकर वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस अलर्ट मोड में है। शनिवार को आचार संहिता का पालन कराने के साथ ही टीईटी परीक्षा केंद्रों के दो सौ मीटर दायरे में लोगों और दुकानों की तलाशी ली गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव, गणतंत्र दिवस और टीईटी परीक्षा को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट और ग्रामीण पुलिस ने शनिवार की देर शाम चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने परीक्षा केंद्रों और प्रमुख मंदिरों के आसपास के होटलों, गेस्ट हाउस और लॉज को खंगाला। कैंट स्टेशन सहित रोडवेज पर भी पुलिस ने संदिग्ध सामानों और लोगों की तलाशी ली।
काशी और वरुणा जोन में पुलिस ने गंगा घाटों, काल भैरव मंदिर, विश्वनाथ मंदिर और संकटमोचन मंदिर के आसपास चेकिंग अभियान चलाया। सड़क पर आने व जाने वाले चार पहिया वाहनों की तलाशी भी ली गई। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम के अनुसार डॉग स्क्वायड व पुलिस ने काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर, संकट मोचन मंदिर के आसपास, दुर्गा मंदिर एवं काल भैरव मंदिर, रविदास घाट, अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और सभी भीड़भाड़ वाले चौराहों में चेकिंग की गई।
विधानसभा चुनाव के तहत आचार संहिता का पालन कराने के साथ ही टीईटी परीक्षा केंद्रों के दो सौ मीटर दायरे में लोगों और दुकानों की तलाशी ली गई। होटलों और गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों के आईडी प्रूफ, इंट्री रजिस्टर, सीसीटीवी आदि बिंदुओं पर जांच की गई।
पढ़ेंः पंडित बिरजू महाराज की अस्थियां गंगा में विसर्जित, शिष्यों की मांग- कथक सम्राट को मिले भारत रत्न
बेवजह घूमने वालों को चेतावनी
रात दस बजे के बाद सड़कों पर वाहन लेकर निकलने वालों से पूछताछ की गई और वहीं बेवजह घूमने वालों को चेतावनी दी गई। कोविड प्रोटोकॉल का पालन भी कराया गया। चेकिंग के दौरान लोगों से अपील की गई कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है या कोई सामान मिलता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, चौकी या फिर डायल-112 पर तुरंत सूचना दें।
अभ्यर्थियों की भीड़ थामने को लगी अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस फोर्स
वाराणसी में रविवार को होने वाली टीईटी परीक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां की है। 70 हजार अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले परिजनों की भीड़ को थामने व सुगम यातायात को लेकर प्रमुख चौराहों और रेलवे स्टेशनों सहित रोडवेज पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है।
पहली और दूसरी पाली में होने वाली परीक्षा को लेकर मार्ग भी निर्धारित किया गया है। शहरवासियों से अपील भी की गई है कि जरूरी नहीं हो तो वाहन लेकर बाहर निकलें। सुबह 8.30 से 10.30 बजे तक और 11.45 से लेकर अपराह्न 2.30 बजे तक और शाम 4.45 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक यात्रा करने से बचें।
पढ़ेंः वाराणसी में कोरोना: संक्रमण दर में फिर से बढ़ोतरी, आज मिले 120 महिलाओं समेत 512 नए मरीज
एडीसीपी ट्रैफिक डीके पुरी के अनुसार किसी भी चौराहे से 40 से 50 मीटर तक की दूरी पर किसी भी तरह के वाहन नहीं खडे़ होंगे। साथ ही ठेले, खोमचे भी नहीं रहेंगे। ऑटो व ई-रिक्शा चालकों से अपील है कि अभ्यर्थियों से अवैध किराया वसूली न हो, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित मार्गों पर अभ्यर्थियों को होने वाली असुविधा की दृष्टि से बेनियाबाग से रामापुरा तक जाने वाले मार्ग पर ऑटो रिक्शा व ई-रिक्शा संचालित किये जायेंगे। रेस्टोरेंट, होटल, मॉल के किनारे किसी भी दशा में चार पहिया वाहनों की पार्किंग नहीं की जाएगी। निर्धारित पार्किंग स्थान जैसे कि मैदागिन टाउन हॉल पार्किंग, बेनिया बाग पार्किंग, क्वींस कॉलेज पार्किंग, अन्य पार्किंग का प्रयोग करें।
इस रूट पर अत्यधिक भीड़ की संभावना
कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन से प्रमुख मार्गों जैसे कैंट से लहरतारा सुंदरपुर होते हुए बीएचयू की तरफ (प्रथम मार्ग), कैंट स्टेशन-लहुराबीर कैंट सिगरा मलदहिया होते हुए रथयात्रा, गुरुबाग (द्वितीय मार्ग), कैंट लहुराबीर, बेनियाबाग, सनातन धर्म कॉलेज होते हुए गिरजा घर चौराहा (तृतीय मार्ग) कैंट-चौकाघाट तेलियाबाग, लहुराबीर, कबीर चौरा होते हुए मैदागिन (चौथा मार्ग) और कैंट-चौकाघाट-बनारस सिटी स्टेशन-बसंता डिग्री कॉलेज ( पांचवा मार्ग) इसी प्रकार कैंट स्टेशन व रोडवेज स्टेशन से जाने वाले चौकाघाट, पुलिस लाइन चौराहा होते हुए पांडेयपुर, आशापुर मार्ग व पुलिस लाइन से शिवपुर मार्ग पर अधिक भीड़ होने की संभावना है।
पढ़ेंः बनारस रेल इंजन कारखाना ने बनाया 1000वां विद्युत रेल इंजन, राष्ट्र को किया समर्पित