वाराणसी में कोरोना: संक्रमण दर में फिर से बढ़ोतरी, आज मिले 120 महिलाओं समेत 512 नए मरीज
वाराणसी में शनिवार को 512 कोरोना संक्रमित मिले। 539 लोग स्वस्थ भी हुए। अस्पतालों में 22 मरीज भर्ती हैं। शुक्रवार को संक्रमण दर 8.54 प्रतिशत था जो शनिवार को बढ़कर 9.81 पहुंच गया। शुक्रवार को कोरोना के 624 केस मिले थे।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। संक्रमण दर भी पिछले 10 दिन से 6 से 9 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। शनिवार को एक दिन में 512 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें 120 महिलाएं और 18 साल से कम उम्र के 25 से अधिक बच्चे भी शामिल हैं। पिछले 24 घंटे में संक्रमण दर में एक प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
शुक्रवार को संक्रमण दर 8.54 प्रतिशत था जो शनिवार को बढ़कर 9.81 पहुंच गया। जिले में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को कुल 5220 सैंपलों की रिपोर्ट मिली। नए मरीजों में बनारस रेलवे स्टेशन पर झारखंड, दिल्ली, बक्सर आदि जगहों से आने वाले 17 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा स्टेटिक बूथों पर हुई जांच में भी पॉजिटिव मरीज मिले हैं।
जिले में 3854 एक्टिव मरीज
शनिवार को कुल पांच मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और अब यह संख्या 22 पहुंच गई है। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रहने वाले 530 लोग स्वस्थ हुए और 9 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। तीसरी लहर में अब कुल 8632 मरीजों में 4777 के डिस्चार्ज, एक की मौत के बाद अब 3854 एक्टिव मरीज हैं।
पढ़ेंः आईआईटी बीएचयू के वैज्ञानिकों के नये शोध से कम होगी ई-वाहनों की कीमत, बनाई चार्जिंग की नई तकनीक
पूर्वांचल में कोरोना से एक की मौत, 1120 नए मरीज
पूर्वांचल के विंध्य, वाराणसी और आजमगढ़ मंडल में शनिवार को 1120 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। आजमगढ़ में एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई। वाराणसी में सर्वाधिक 512 मरीज मिले हैं वहीं सोनभद्र में 92, गाजीपुर में 90, चंदौली में 80, आजमगढ़ में 74, बलिया में 73, जौनपुर में 68, मऊ में 52, मिर्जापुर में 41, भदोही में 38 संक्रमित मिले।
टीबी के मरीजों को संक्रमण से बचाएगा कोविड टीका
वाराणसी में टीबी के मरीजों को कोरोना संक्रमण से बचाने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत उन टीबी मरीजों को घर पहुंचकर टीका लगाया जा रहा है, जिन्होंने अब तक पहली/दूसरी डोज नहीं लगवाई है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल सिंह के मुताबिक टीबी मरीजों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। इनमें कोरोना संक्रमण की संभावना अधिक रहती है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि अब तक टीका न लगवाने वालों की अलग से सूची तैयार करने के बाद उन्हें टीका लगवाया जा रहा है। मरीजों को न केवल घर जाकर टीका लगाया जा रहा है बल्कि उनके साथ परिजनों को भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जा रही है। शुक्रवार से शुरू अभियान में अब तक दो दिन में 250 मरीजों को टीका लगाया जा चुका है।
पढ़ें: पंडित बिरजू महाराज की अस्थियां गंगा में विसर्जित, शिष्यों की मांग- कथक सम्राट को मिले भारत रत्न