पंचायत चुनाव प्रत्याशी को धमकी : एक लाख दे रहा हूं बैठ जाओ, वरना 19 के बाद समझ लेना
- आजमगढ़ में मजबूत विरोधी को मैदान से हटाने को लेकर धमकाने का आॅडियो वायरल
- धमकाने वाला ब्लॉक प्रमुख पद का है दावेदार, सीओ सिटी ने कहा होगी जांच
विस्तार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शनिवार को नाम वापसी का दिन था। सबल प्रत्याशियों द्वारा विरोधियों को चुनाव मैदान से हटाने के लिए हर हथकंडे अपनाएं गए। कोई सफल हुआ तो कोई असफल हुआ। ऐसे ही एक प्रत्याशी की आॅडियो वायरल हुई है। वायरल आॅडियो में वह दूसरे प्रत्याशी को पर्चा वापस लेने के लिए एक लाख रुपये देने की बात कह रहा है।
इसके बाद भी दूसरा प्रत्याशी जब चुनाव लड़ने की बात कह रहा है तो उसे 19 अप्रैल अर्थात मतगणना के बाद देख लेने की धमकी तक दी जा रही है। सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय ने इस वायरल आॅडियो की जांच करा कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
जनपद में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष हो, इसकी कवायद में आजमगढ़ पुलिस व प्रशासनिक अमला अधिसूचना जारी होने के पहले से जुटी हुई है। गांव-गांव का मतहतों को दौरा करा कर एसपी ने जहां 30 बिंदुओं पर डाटा एकत्र कराया तो वहीं डीएम-एसपी स्वयं मतदान केंद्रों पर पहुंच कर ग्रामीणों, प्रत्याशियों व गणमान्य लोगों के साथ वार्ता कर निष्पक्ष चुनाव कराने का दावा कर रहे हैं। पुलिस व प्रशासनिक अमले की कवायद में दमदार प्रत्याशी सेंध लगा रहे हैं। इसका खुलासा एक वायरल हुए आॅडियो से हुआ है।
रानी की सराय ब्लॉक क्षेत्र का मामला
वायरल आडियो रानी की सराय ब्लॉक क्षेत्र का है और बीडीसी पद के दो प्रत्याशियों के बीच हुई बातचीत इसमें शामिल है। एक प्रत्याशी ब्लॉक प्रमुखी का दावेदार भी बताया जा रहा है। जिस सीट से ब्लॉक प्रमुखी का दावेदार प्रत्याशी बीडीसी का चुनाव लड़ रहा है। उस सीट से कुल सात नामांकन हुए थे। विरोधियों को बैठाने के लिए उसने फोन पर ही पैसे का आॅफर देने के साथ ही मतदान के बाद देख लेने की धमकी तक दे डाली।
ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार बीडीसी पद के प्रत्याशी ने दूसरे प्रत्याशी पहले एक लाख रुपये देने की बात कही। इसके बाद भी दूसरे प्रत्याशी ने जब पर्चा वापस लेने से इनकार किया तो ब्लॉक प्रमुखी दावेदार ने 19 अप्रैल को मतदान के बाद देख लेने की धमकी तक दे डाली। इतना ही नहीं प्रत्याशी ने रानी की सराय थाने पर नामजद तहरीर भी दिया है। इसके बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। एसओ रानी की सराय दिलीप सिंह से बात हुई तो उन्होंने तहरीर मिलने की बात को स्वीकार किया।
मेरे संज्ञान में वायरल आॅडियो नहीं है, यदि ऐसा है तो आॅडियो की जांच कराई जाएगी। दोषी के खिलाफ निश्चित तौर पर कड़ी कार्रवाई होगी। चुनाव को प्रभावित करने वाले किसी व्यक्ति को बख्सा नहीं जाएगा। - निष्ठा उपाध्याय, सीओ सिटी, आजमगढ़।