यूपी के शिक्षकों की हर गतिविधि पर रहेगी नजर, सरकार ने अटेंडेंस के लिए बनाया ये कड़ा नियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होने वाली हर एक गतिविधि को सचित्र ऑनलाइन करने की व्यवस्था बेसिक शिक्षा परिषद ने की है। इसके लिए बाकायदा मोबाइल ऐप ‘प्रेरणा’ तैयार किया गया है। इस मोबाइल ऐप के उपयोग के संबंध में शिक्षा परिषद ने सचित्र तकनीकी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस नई व्यवस्था से अब शिक्षकों को सही रिपोर्टिंग दर्शानी होगी।
मंगलवार को बेसिक शिक्षा के प्रमुख सचिव विजय किरण आनंद ने प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को बैठक में इसकी जानकारी दी। सभी हेडमास्टरों को एक-एक टैब दिया जाएगा। जिस दिन स्कूल खुलेगा और बंद होगा उस दिन बच्चों के साथ शिक्षकों को एक सेल्फी लेकर ऐप पर अपलोड करनी पड़ेगी।
इससे शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की संख्या की सही जानकारी विभाग को मिलती रहेगी। साथ ही सभी शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर तबादला, पोस्टिंग, पदोन्नति सब ऑनलाइन होगा। हर ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी और हर स्कूल के हेडमास्टर को एक-एक टैब मिलेगा, जिसके माध्यम से रोज हाजिरी लेकर ऐप पर अपलोड करना होगा। इसकी निगरानी शासन स्तर से की जाएगी। प्राथमिक विद्यालयों में यह व्यवस्था लागू होने से जिले के 1368 प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल के लगभग सात हजार शिक्षकों का विवरण ऑनलाइन होगा।
ये भी पढ़ें : हाजिरी के लिए घूस मांगने वाले चिकित्साधिकारी को एएनएम ने बनाया बंधक, पुलिस ने छुड़ाया
बेसिक शिक्षाधिकारी जय सिंह ने बताया कि बेसिक शिक्षकों का सभी विवरण अब पूरी तरह ऑनलाइन होगा और रोज शिक्षकों को अपनी हाजिरी सेल्फी लेकर देनी होगी। इससे शिक्षकों के सही आंकड़े ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेंगे।
15 से 20 सितंबर के बीच होगी बौद्धिकता की परीक्षा :
बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा पांच से लेकर आठ तक के बच्चों की बौद्धिकता की परीक्षा 15 से 20 सितंबर तक कराई जाएगी। जिसमें बच्चों के बौद्धिक स्तर को जांचकर उनके विकास को देखा जाएगा। बौद्धिक परीक्षा का पूरा पेपर शासन द्वारा तैयार कराया जाएगा। परीक्षा के बाद बच्चों के बौद्धिकता विकास की स्थिति का पता लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : फरार आंतकी जुनैद की हिस्ट्रीशीट खोलेगी आजमगढ़ पुलिस, गोरखपुर, जयपुर, अहमदाबाद ब्लास्ट में संलिप्तता
ऐसे करें ऐप का प्रयोग :
'प्रेरणा' मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करने के लिए एंड्रायड मोबाइल पर बने एमडीएम इंस्पेक्शन आइकन को क्लिक करें। इसमें पहले अपने मोबाइल नंबर से 'प्रेरणा' मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के समय चार अंकों का पिन बनाना होगा। इसके बाद मोबाइल की स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रेरणा ऐप के आइकन को क्लिक करना होगा। अगली स्क्रीन दिखेगी, इसमें आपको अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और आपके द्वारा बनाया गया चार अंकों का पिन उपयोग करना है। फिर लाग-इन के बटन को दबाएंगे। स्क्रीन पर आपको अपने विद्यालय में क्या-क्या कार्य करने है, उसका विवरण दिखेगा। जैसे अध्यापक उपस्थिति, प्रार्थना सभा की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन आदि के विकल्प होंगे। इस व्यवस्था से शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति से लेकर मध्याह्न भोजन में भी पारदर्शिता आएगी।
शिक्षकों की ग्रुप फोटो अपलोड होगी :
अध्यापक उपस्थिति दर्ज करने के लिए आइकन को क्लिक करेंगे। इसमें विद्यालय का नाम प्रदर्शित होगा। स्वयं की उपस्थिति दर्ज करने के लिए चुने। साथ ही अन्य शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए चुनने के विकल्प खुलेंगे। विकल्प खुलते ही मोबाइल का कैमरा खुल जाएगा। इसमें स्कूल के सभी शिक्षकों की एक ग्रुप फोटो अपलोड करनी होगी। फोटो क्लिक करने के बाद एक स्क्रीन दिखेगी, जिसमें विद्यालयों के सभी शिक्षकों की सूची प्रदर्शित होगी। इसमें जो शिक्षक अनुपस्थित होंगे, उनको अनुपस्थित पर मार्क करना होगा। मार्किंग के बाद अनुपस्थिति का कारण भी बताना होगा।
ये भी पढ़ें : बड़ा खुलासा: डॉ. रीना खुद गिरी थीं छत से, गिराई नहीं गई थीं, एफएसएल की टीम ने सौंपी रिपोर्ट
स्वेटर की खरीदारी अब होगी ऑनलाइन :
बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को ठंड में स्वेटर दिया जाता है। जिसकी खरीदारी के लिए विभाग टेंडर कराता है। इस खरीदारी में बिचौलियों के द्वारा काफी गोलमाल किया जाता है। इसको रोकने के लिए शासन ने अब टेंडर की प्रक्रि या को ऑनलाइन कर दिया है। जिसमें टेंडर डालने वाली फर्म को अपने रेट सहित सभी चीज ऑनलाइन करना होगा। अधिकारियों की माने तो इस प्रक्रिया के जरिए खरीदारी में काफी पारदर्शिता आएगी।