जौनपुर में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले-जुमलों की बुनियाद पर टिकी है सरकार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार को जुमलों की सरकार करार देते हुए कहा कि जमीनी हकीकत से बेखबर यह सरकार सिर्फ बातें करती है। किसान एक माह से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उनकी बात को सुनने वाला कोई नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष यूपी के जौनपुर जिले के करंजाकला स्थित गिरधरपुर गांव में पार्टी के संगठन सृजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
बतौर मुख्य अतिथि अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का विकास की गंगा बहाने का वादा हवा हवाई साबित हो रहा है। सरकार दावा करती है कि अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं, फिर प्रदेश में बहन बेटियों के साथ दरिंदगी करने वाले लोग कौन हैं। किसके संरक्षण में पल रहे हैं। बीते दिनों शाहगंज में सात वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद हत्या की निंदा करते हुए कहा कि सरकार अपराधियों पर अंकुश लगा नहीं पा रही है।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक नदीम जावेद ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर नाकाम है और किसानों की खुशहाली के प्रचार कर रही है जबकि शाहगंज की चीनी मिल वर्षों से बंद पड़ी है। पाइपलाइन के नाम पर पूरे शहर को खोदकर छोड़ दिया गया है। अधिकारियों की मिलीभगत से भदेठी में दो समुदाय के लोगों को बांटने की नाकाम कोशिश की गई। एआईएमआईएम के मुखिया अससुद्दीन ओवैसी तब कहां थे, जब आजमगढ़ में मुस्लिम महिलाओं पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज हुआ था।
प्रदेश महासचिव मकसूद खां ने कहा कि देश के 62 करोड़ किसान सरकार से अपने लिए पंद्रह लाख नहीं मांग रहे। वे सिर्फ एमएसपी चाहते हैं लेकिन सरकार अन्नदाताओं को नुकसान पहुंचाकर चंदादाताओं की जेब भरना चाह रही है। अध्यक्षता लालजीत चौहान और संचालन सत्यवीर सिंह ने किया। जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने आभार जताया। इस मौके पर देवब्रत मिश्र, सुरेंद्र सिंह बाबा, राकेश उपाध्याय, देवानंद मिश्र, पंकज सोनकर, विशाल सिंह हुकुम, विकास तिवारी, राकेश सिंह, धर्मेंद्र निषाद, मुफ्ती हाशिम मेंहदी, गौरव सिंह सनी, इंद्रमणि दूबे, राकेश मिश्रा, कलेंदर बिंद, माही सोनकर, शाहनवाज खान, सद्दाम, शमसाद, शशांक सोनकर आदि उपस्थित रहे।