UP Board Exam 2025: पाठ्यक्रमों का रिवीजन जरूर करें, हेल्दी खाएं, सफलता पक्की; मनोवैज्ञानिकों ने दिए सुझाव
UP Board Exam 2025 : डीएवी इंटर कॉलेज में तनाव मुक्त परीक्षा के लिए 250 विद्यार्थियों को मनोवैज्ञानिकों ने सुझाव दिए। उन्होंने परीक्षा में अच्छे अंक के लिए नियमित अभ्यास और संतुलित भोजन करने की सलाह दी।
विस्तार
बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को तनाव मुक्त परीक्षा के लिए सोमवार को डीएवी इंटर कॉलेज में अमर उजाला की ओर से टिप्स दिए गए। तनाव मुक्त परीक्षा कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक और शिक्षकों ने अच्छे अंक के लिए नियमित अभ्यास और संतुलित भोजन की सलाह दी।
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के मनोवैज्ञानिक डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में तनाव स्वभाविक है, लेकिन सकारात्मक तनाव होना चाहिए। परीक्षा को लेकर नकारात्मक तनाव की जरूरत नहीं। दिनचर्या में बदलाव करें। देर रात सोने की बजाए जल्दी सोए और सुबह उठकर पढ़ाई करें। खाने में प्रोटीन और विटामिन का भी ध्यान रखें।
बर्गर, पिज्जा मोमोज जैसे जंक फूड खाने से बचना चाहिए। इस तरह के खाद्य पदार्थ शरीर को आलस्य की अवस्था में पहुंचा देते हैं। आलस्य के कारण कोई भी काम ठीक से नहीं होता। विषयों को दोहराने के लिए आईने के सामने खड़े होकर अभ्यास करें।
प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि परीक्षा कोई भी हो। मन में डर तो कतई न पालें। खाना-पीना छोड़कर हर वक्त सिर्फ परीक्षा में बारे में ही न सोचें। सकारात्मक सोचें, शिक्षकों और अभिभावकों से विचार-विमर्श करते रहें। पाठ्यक्रमों का रिवीजन करें और तनावमुक्त होकर परीक्षा दें। सफलता की गांरटी पक्की है। परीक्षा को हावी न होने दें। परेशान न हों। अच्छी नींद लें।
विद्यालय के शिक्षक डॉ. विवेक ने कहा कि तनाव मुक्त परीक्षा के लिए इस तरह कार्यक्रम बहुत उपयोगी है। मनोवैज्ञानिकों की ओर से दिए गए सभी सलाह विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान माननी चाहिए। इससे परिणाम भी अच्छे आएंगे। हेल्दी खाना खाएं। समय का प्रबंधन बहुत जरूरी है।
बोले छात्र
- तनावमुक्त परीक्षा कार्यशाला अच्छी रही। इसमें बहुत कुछ नया जानने को मिला। -अमित कुमार
- परीक्षा से पहले इस तरह के कार्यक्रम से प्रेरणा मिलती है और परीक्षा के कम परेशानी कम होती है। -अनुज सिंह
- जिस तरह से तनाव मुक्त होकर परीक्षा देने की जानकारी दी गई, वह काफी अहम है। -अभिषेक
- इस तरह के कार्यक्रम में शामिल होने का पहली बार मैाका मिला जिसमें कई बाते उपयोगी लगी। -राजेश सिंह