MGKVP: काशी विद्यापीठ के दो विद्यार्थियों को मिला 7.20 लाख का पैकेज, टेक कंपनी ने लिया साक्षात्कार; जानें खास
काशी विद्यापीठ के छात्रों के चयन के बाद वे काफी खुश हैं। कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से हुए साक्षात्कार में कुल 60 छात्रों ने प्रतिभाग किया था। नियम के तहत सभी से बातचीत की गई।
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से साक्षात्कार में 60 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। दो विद्यार्थियों को 7.20 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज मिला।
प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि विश्वविद्यालय के बिजनेस, वाणिज्य और कंप्यूटर विभाग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर वर्ग के 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें हायर एजुकेशन एंड एड टेक कंपनी नई दिल्ली की टीम ने 12 विद्यार्थियों का पहले चरण के लिए चयनित किया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार लिया।
चयन के बाद छात्रों ने खुशी जताई। इस दौरान कहा कि नौकरी के समय भी अपना 100 प्रतिशत देंगे। इस दौरान डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सिंह और मदन लाल मौजूद रहे।
8 कंपनियों ने 43 अभ्यर्थियों का किया चयन
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से मंगलवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन हुआ। 8 कंपनियों ने 43 अभ्यर्थियों का चयन किया। मेले में 289 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग लिया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक के अभ्यर्थी ने भी भाग लिया था।
लिखित और साक्षात्कार के आधार पर चयन किया गया। सभी को 8 हजार से लेकर 32 हजार रुपये प्रतिमाह सैलरी दी जाएगी। अगला बृहद रोजगार मेला शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खंण्डेश्वरी बाबा इंटर कॉलेज के बगल, चांदपुर, मुस्तफाबाद, बलुआ रोड में 3 मई को होगा।