राजघाट पुल: आज रात 10 बजे से आवाजाही होगी ठप, जानें वजह; एडीसीपी यातायात ने जारी किया निर्देश
Varanasi News: राजघाट पुल वाराणसी और चंदौली के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऐसे में मरम्मत कार्य के दौरान रात के समय यातायात प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन का कहना है कि पुल की मजबूती और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य आवश्यक है, इसलिए नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
विस्तार
Malviya Bridge Varanasi: वाराणसी में राजघाट पुल को सोमवार रात से बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किए जाने का पूर्व आदेश वापस ले लिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर हुए पुनर्विचार के बाद अब पुल पर मरम्मत कार्य मंगलवार रात से शुरू कराया जाएगा। इसके तहत मंगलवार रात 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था आगामी 13 अगस्त तक प्रतिदिन रात्रिकालीन अवधि में लागू रहेगी।
राजघाट पुल वाराणसी और चंदौली को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल पर जॉइंटर, गर्डर और अन्य हिस्सों में आवश्यक मरम्मत एवं पैचवर्क किया जाना है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार की है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल, पीडब्ल्यूडी और यातायात पुलिस के बीच हुई बैठक के बाद संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया।
मरम्मत कार्य के दौरान प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोका जाएगा। इस अवधि में किसी भी प्रकार के वाहन को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा कारणों से पैदल यात्रियों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। पड़ाव से राजघाट की ओर आने वाले वाहन रिंग रोड फेज-3, टेंगरा मोड़ और रामनगर-सामनेघाट पुल के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं राजघाट से पड़ाव की ओर जाने वाले वाहनों को सारनाथ, संदहा, रिंग रोड फेज-3 और रामनगर-सामनेघाट पुल मार्ग से भेजा जाएगा। मालवाहक और भारी वाहनों को हाईवे मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि मरम्मत कार्य को सुरक्षित और सुचारु ढंग से पूरा कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आदमपुर और रामनगर पुलिस को भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करें।