Education: डीयू-जेएनयू ही न चुनें टाॅपर्स, बीएचयू के 150 कोर्स का डिजिटल प्रचार शुरू; जानें अपडेट
Varanasi News: बीएचयू ने नए सत्र के लिए अपने 150 से अधिक कोर्सों का डिजिटल प्रचार अभियान शुरू किया है। डीयू और जेएनयू के साथ प्रतिस्पर्धा में बीएचयू अब यूनिक और पारंपरिक दोनों तरह के पाठ्यक्रमों के लिए एआई आधारित पोस्टर और ग्राफिक्स तैयार करवा रहा है। उद्देश्य देशभर के टॉपर्स और छात्रों को आकर्षित करना है।
विस्तार
BHU: सीयूईटी मेरिटधारी सिर्फ जेएनयू और डीयू ही न चुन लें, इसे ध्यान में रखते हुए बीएचयू अब 150 कोर्स का डिजिटल प्रचार करने में जुट गया है। पहली बार संस्थान में 140 से ज्यादा विभाग निजी कॉलेजों की तर्ज पर यूनिक और साधारण हर तरह के कोर्स के स्कोप, नौकरी, उपलब्धियों और प्लेसमेंट संबंधी सूचनाओं को वेबसाइट और सोशल मीडिया साइट पर गिना रहे हैं। बाकायदा ग्राफिक्स, एआई और क्यूआर कोड का सहारा लिया जा रहा है। किसी कोर्स में सीटें खाली न रह जाएं, इसका भी दबाव है।
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की ओर से सभी संकायों और अधिकारियों को मेल कर कहा गया है कि उनके कोर्स की जो भी उपलब्धियां हैं उन्हें सोशल मीडिया पर तेजी साझा करें, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सूचना पहुंचे। इसके बाद सभी विभाग चाहे उनके यहां कोई कोर्स यूनिक हो या साधारण, उसकी सूचना ई-पोस्टर के माध्यम से दे रहे हैं। डेयरी टेक से लेकर अंग्रेजी से एमए कोर्स के भी पोस्टर जारी किए गए हैं।
दी जा रही हैं इस तरह की जानकारियां : हर कोर्स में नौकरी की कितनी संभावनाएं हैं, इसे भी बताया जा रहा है। क्यूआर कोड को स्कैन कर कोर्स का विवरण, विभागीय सफलता की कहानियां, डिस्टिंग्विश एलुमनी, स्टूडेंट्स इंगेजमेंट के बारे में जानकारियां ली जा सकतीं हैं।
केमिस्ट्री विभाग ने कहा- भारत में हमारी तीसरी रैंक
- बीएचयू के केमिस्ट्री विभाग ने बताया है कि एजूटेक के अनुसार इस विभाग की रैंकिंग भारत में तीसरी है। केमिस्ट्री से एमएससी करने वालों को यहां पर रिसर्च का मौका और ग्लोबल एक्सपोजर मिलेगा। सीखना, खोजना, नवाचार और नेतृत्व इसकी थीम है। इसमें कुल 53 शिक्षक और 240 रिसर्च स्कॉलर्स हैं।
- पेंटिंग विभाग के अनुसार क्रिएटिव टेक्सटाइल, फर्निशिंग में एमएससी कोर्स का विकल्प दिया गया है। वहीं म्यूरल, पेंटिंग, प्रिंटिंग और पोट्रेट पेंटिंग में चार वर्षीय स्नातक कोर्स है। डेयरी साइंस और फूड टेक्नोलॉजी विभाग में एमटेक के दो कोर्स होंगे। इन्होंने प्लेसमेंट में आने वाली कंपनियों का ब्योरा दिया है। साथ ही अपने एडवांस लैब की तस्वीरें भी पोस्टर में अटैच की है।
- जियोलॉजी विभाग की ओर एनिमेटेड पोस्टर जारी कर एमएससी जियोलॉजी कोर्स की खूबियों को बताया। इसमें एआई वाॅयस ओवर की भी मदद ली गई है। इनके अलावा मैनेजमेंट, अंग्रेजी सहित कई विभागों ने अपना ई-पोस्टर जारी कर दिया है। वहीं, बाकी के विभाग भी इस प्रक्रिया में जुट गए हैं।
बीएचयू में सिखाई जाएगी भावनाओं के संतुलन की तकनीक
बीएचयू में मानसिक शुद्धि, तनाव से मुक्ति, एकाग्रता विकास, भावनात्मक संतुलन और ध्यान आदि का व्यावहारिक ज्ञान सिखाया जाएगा। इसके लिए सात दिन की कार्यशाला 13 जून से शुरू होगी। भारत अध्ययन केंद्र की चौथी मंजिल स्थित योग हॉल में रोज दोपहर दो बजे से चार बजे तक कार्यशाला चलेगी। इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन लोग जुड़ सकेंगे।
पंजीकरण की अंतिम तिथि दो जून है। वेबसाइट पर इसका लिंक जारी किया गया है। कार्यशाला समन्वयक डॉ. गीता वाई. भट्ट ने बताया कि यह कार्यक्रम आंतरिक शांति और चेतना जागरण का माध्यम बनेगा। भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शारदिंदु कुमार तिवारी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित योग आज के तनावपूर्ण जीवन में काफी प्रासंगिक हैं।