एक क्लिक में काशी की प्रमुख खबरें: ज्योतिर्मठ बद्रीकाश्रम हिमालय ट्रस्ट का खाता हुआ फ्रीज, पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में ज्योतिर्मठ बद्रीकाश्रम हिमालय ट्रस्ट के खाता के खिलाफ केनरा बैंक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फ्रीज कर दिया है। साथ ही ज्योतिर्मठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर फर्जी 60 लाख रुपये गबन का आरोप भी लगाया है। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
ज्योतिर्मठ बद्रीकाश्रम हिमालय ट्रस्ट का खाता केनरा बैंक ने फ्रीज कर दिया है। साथ ही ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर खाता ट्रांसफर कर 60 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाया है। ज्योतिर्मठ के प्रभारी ने सारे आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
हिंदू कानूनी अधिकार संरक्षण मंच के स्वामी गोविंदानंद सरस्वती ने बताया कि उन्होंने फर्जी ढंग से ट्रस्ट के खाते को स्थानांतरित कराने की शिकायत 14 मई को बैंक अधिकारियों से की थी। केनरा बैंक कोलकाता की एमडी रोड शाखा के अधिकारियों ने जांच की। पता चला कि जाली दस्तावेज (वसीयत) के जरिये वित्तीय धोखाधड़ी हुई थी। तुरंत मामले को शिकायत और कानून विभाग को सौंप दिया गया।
कोलकाता शाखा ने मामले को आगे की कार्रवाई के लिए वाराणसी चौक शाखा को स्थानांतरित कर दिया। गोविंदानंद ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने पहले ही इस खाते से लगभग 60 लाख रुपये की राशि निकाल ली थी। केनरा बैंक चौक शाखा ने ज्योतिर्मठ बद्रीकाश्रम हिमालय ट्रस्ट खाते को फ्रीज कर दिया है। गोविंदानंद ने बताया कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने ट्रस्ट के खाते को अपने नाम पर स्थानांतरित कर लिया था।
ज्योतिर्मठ के प्रभारी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि इस आशय की बैंक ने कोई सूचना नहीं दी है। कल बैंक से बात की जाएगी। पूज्यपाद परमाराध्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ज्योतिर्मठ के उत्तराधिकारी और अब शंकराचार्य हैं। उन्हें ट्रस्ट का खाता संचालित करने का पूर्ण अधिकार है। किसी विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा कुछ भी कह देने से सही 'आहरण' को 'गबन' कहना खाताधारक की मानहानि है। बैंक द्वारा हमारे खाते की गोपनीय जानकारी किस आधार पर किसी अन्य व्यक्ति को दी गई है यह बैंक से पूछा जाएगा।
वीडीए ने दोबारा सील किया अवैध निर्माण
वीडीए की ओर बुधवार को अवैध निर्माण दोबारा सील किया गया। भेलूपुर वार्ड के साकेत नगर कॉलोनी निवासी अजय कुमार वाजपेयी की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जानकारी मिलने पर अवैध निर्माण को सील किया गया था।
इस बीच सील तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य की जानकारी मिलने पर वीडीए की प्रवर्तन टीम पहुंची। जिसके बाद उसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। टीम की अगुवाई जोनल अधिकारी प्रमोद तिवारी, सहायक अभियंता अजय कुमार जैन रहे।
युवती ने लगाया दुष्कर्म की कोशिश का आरोप
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला में युवती ने पड़ोसी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, वह छोटे भाई के साथ शौचालय जा रही थी। इस बीच पड़ोसी युवक हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती शौचालय के अंदर की तरफ खींचने लगा। छोटे भाई के शोर मचाने पर परिजन जुटे तो वह भाग निकला। वह धमकी दे रहा था। पहले भी कई लड़कियों से छेड़छाड़ कर चुका है। भेलूपुर पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
दहेज हत्या में पति समेत तीन को 10 वर्ष की कड़ी कैद
शादी के डेढ़ माह बाद विवाहिता की दहेज हत्या में दोषी पति समेत तीन को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) डॉ. दीनानाथ की अदालत ने 10-10 वर्ष की कड़ी कैद और 15-15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
अभियोजन के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के देउरा, काशीपुर निवासी गोविंद विश्वकर्मा ने 6 जून 2019 को मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी बहन प्रमिला विश्वकर्मा की शादी 22 अप्रैल 2019 को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर, नई बस्ती निवासी अभियुक्त चंदन विश्वकर्मा के साथ हुई थी।
शादी के बाद जब उसकी बहन 3 मई 2019 को विदा होकर ससुराल गई तो उन्होंने दहेज में बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित किया। 6 जून 2019 को सुबह चंदन ने फोन पर सूचना दी कि उसके बहन की मृत्यु हो गई है। जब ससुराल पहुंचे तो देखा कि उसकी बहन बेड पर पीठ के बल पड़ी थी। उसके गले पर गहरा निशान था। अदालत ने पति चंदन विश्वकर्मा, ससुर रमाकांत विश्वकर्मा और सास ज्ञान्ती देवी को दोषी पाते हुए सजा सुनाई है।
पुरानी रंजिश में फायरिंग, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फायरिंग और जान से मारने की धमकी के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर कॉलोनी निवासी सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार रात 12 बजे वह भोजन के बाद घर के दूसरे तल की लॉबी में टहल रहे थे।
आरोप है कि घर के सामने एक निर्माणाधीन डुप्लेक्स की पार्किंग से एक व्यक्ति ने लक्ष्य साधकर दो राउंड फायरिंग की। गोली बाउंड्री पर जा लगी। फायरिंग के बाद आरोपी भाग निकला। तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस बरामद किया। आरोप लगाया कि कॉलोनी के प्रभात कुमार सिंह उर्फ पिंटू, कुंदन राज सिंह उर्फ अप्पू सिंह, संदीप कन्नौजिया व अवनीश पटेल से रंजिश है। पूर्व में भी उस पर जानलेवा हमला किया गया था।
70 बोतल देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार
जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बरनी इंटर कॉलेज के पास बुधवार को पुलिस ने 70 बोतल अवैध देसी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान रजनीश सिंह निवासी घोसिला, कपसेठी और बरनी पौना मनियारीपुर निवासी देवराज पटेल के रूप में हुई है।