फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   top breaking latest today news in varanasi

News in Brief: '30 मिनट में बम ब्लास्ट...' विमान में मिला धमकी लिखा हुआ पेपर सहित पढ़ें- अन्य खबरें

Tue, 28 May 2024 09:59 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 28 May 2024 09:59 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में मंगलवार को छोटी-बड़ी कई खबरें नहीं। सुबह वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की अफवाह पर हड़कंप मच गया। पूरे फ्लाइट की पड़ताल कराई गई। इसक कारण विमान सात घंटे लेट भी हो गई। वहीं, बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में बच्ची के इलाज को लेकर चिकित्सकों ने कहासुनी के बाद छात्रों ने हंगामा कर दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
top breaking latest today news in varanasi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

बाबतपुर-दिल्ली एयरपोर्ट से वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2211 में मंगलवार सुबह टेकऑफ से पहले एक टिशू पेपर मिला, जिसमें '30 मिनट में बम ब्लास्ट' लिखा हुआ था। इसे धमकी की आशंका माना गया। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने पैसेंजर्स को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला।

विज्ञापन


कुछ यात्री विंग के जरिए प्लेन से उतरते देखे गए। फ्लाइट में 176 पैसेंजर्स थे। विमान से यात्रियों को उतरने के बाद विमान को एप्रन से हैंगर में ले जाया गया, जहां पूरे विमान की गहनता से जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
विज्ञापन


पूरे विमान को बम डिस्पोजल दस्ता, क्यूआरटी टीम तथा ख़ुफ़िया एजेंसी ने गहनता से पड़ताल की। विमान सात घंटे की देरी से अपने निर्धारित समय सुबह 6 बजे के स्थान पर दोपहर एक बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। विमान की जांच के दौरान यात्रियों को टर्मिनल में बैठाए रखा गया। विमान से सुरक्षित वाराणसी पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि दिल्ली से वाराणसी आने वाले विमान में बम की सूचना पाए यात्रियों को इमरजेंसी द्वार से बाहर निकालकर विमान की जाँच की गई, लेकिन विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। विमान सात घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा।

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में छात्रों का हंगामा, डॉक्टरों से नोकझोंक
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सोमवार रात छात्रों और डॉक्टरों के बीच नोकझोंक हो गई। दस माह की एक बच्ची के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर छात्रों ने हंगामा किया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने शांत रहने को कहा तो छात्र और उग्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने किसी तरह मामला शांत कराया।

ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में दस महीने की बच्ची का इलाज चल रहा था। रात नौ बजे कुछ छात्र इलाज को लेकर डॉक्टरों से बात करने पहुंचे। इस दौरान दोनों तरफ से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्रों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। घंटे भर बाद रात 10 बजे फिर कुछ छात्र पहुंचे और इमरजेंसी में अंदर जाने के लिए गेट पास मांगने पर भड़क गए। 

रात 12 बजे तक ट्रॉमा सेंटर में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे। बीएचयू चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में विधि विभाग के कुछ छात्रों ने हंगामा मचाया। यहां डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार भी किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है।

बीएचयू में हॉस्टल के बाहर छात्रों का धरना
बीएचयू में राजाराम हॉस्टल के कुछ छात्रों ने सोमवार देर शाम हॉस्टल की फीस वृद्धि के विरोध में धरना दिया। करीब आधे घंटे तक हॉस्टल के बाहर बैठने के बाद भी जब कोई अधिकारी नहीं आया तो यहां से उठकर कुलपति आवास तक आए। छात्र यहां भी बैठने जा रहे थे कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने उन्हें समझा बुझाकर हॉस्टल भेज दिया। उधर, छात्रों ने चेतावनी दी कि वह हॉस्टल के बाहर बैठे रहेंगे।

ट्रक और डंपर में टक्कर, एक घंटे केबिन में फंसा चालक

वाराणसी के  बड़ागांव थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज स्थित प्रताप पट्टी गांव में मंगलवार शाम डंपर और ट्रक में टक्कर हो गई। ट्रक और डंपर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। डंपर चालक घंटे भर तक केबिन में फंसा रहा। पुलिस ने किसी तरह से उसे बाहर निकलवाया और अस्पताल में भर्ती कराया। बिहार के सिवान के पचरुखी सादिकपुर निवासी डंपर चालक जितेंद्र यादव (35) गिट्टी लेकर संदहा की ओर जा रहा था।

हरहुआ संदहा लेन स्थित वाजिदपुर में एक डंपर खराब हो गया था, जिसके चलते संदहा हरहुआ लेन से आगे बढ़ रहा था। प्रतापपट्टी गांव में आरओबी पर पहुंचा था कि सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक चालक फरार हो गया। जबकि डंपर चालक जितेंद्र यादव डंपर के केबिन में फंस गया। 

संदिग्ध हाल में युवक का मिला शव
लोहता थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरी के युवक का शव पुलिस ने मंगलवार को बरामद किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाया। शव की शिनाख्त धन्नीपुर निवासी मुस्लिम के बेटे जाकिर (30) के रूप में हुई है। तीन भाई में दूसरे नंबर के जाकिर की मौत किन कारणों से हुई, इसके बारे में छानबीन की जा रही है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। परिजनों से भी पूछताछ की गई है।

एक माह से बंद मकान को चोरों ने खंगाला
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिए हैं। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अर्दली बाजार स्थित उल्फत हाता निवासी इमरान अंसारी की पत्नी हुमैरा अंसारी ने बताया कि वह वह किराये के मकान में रहती हैं। एक माह पहले मकान में ताला लगाकर रिश्तेदार के पास गई थीं। 25 मई को कमरे पर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। साथ ही अंदर रखा फ्रीज, सोने और चांदी के आभूषण सामान नहीं थे।

मकान से युवक का मिला शव
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के महेशपुर में खंडहरनुमा मकान में मंगलवार को एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, युवक की शिनाख्त शिवदासपुर निवासी आकाश राजभर (30) के रूप में हुई है। पत्नी पूजा का रोक-रोकर बुरा हाल रहा। उन्हें एक बेटी और एक बेटा है। मंडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि युवक अत्यधिक नशे का सेवन करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। 

दरवाजे के बाहर शराब पीने से रोकने पर दंपती को पीटा
वाराणसी के अर्दली बाजार में सोमवार रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दंपती समेत बेटी घायल हो गए। सहस्त्रांशु सिंह ने बताया कि पड़ोस का रहने वाला मनबढ़ दो दोस्तों के साथ दरवाजे के बाहर शराब पी रहा था। मना करने पर सभी ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। बीचबचाव करने पहुंची पत्नी संगीता और बेटी को भी मारा पीटा। कैंट पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।  

खेत में मिला टूटा बाक्स और गहनों का खाली डिब्बा
लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में मंगलवार सुबह एक खेत में बांस की कोठी के पास टूटा बॉक्स और आभूषणों के खाली डिब्बे मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सामान को कब्जे में लिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चोरों ने माल समेटने के बाद खाली डिब्बा और बाक्स फेंक दिया होगा। आभूषणों के डिब्बे पर शिवपुर के एक दुकान का नाम दर्ज है।

लक्ष्मी कुंड में डूबने से बुजुर्ग की मौत
वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी कुंड में मंगलवार सुबह नहाने के दौरान बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई। एनडीआरएफ और लोगों ने किसी तरह शव को बाहर निकलवाया। लक्सा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। लक्सा थाना क्षेत्र के रामापुरा निवासी रामदास यादव (75) रोज की तरह सुबह सात बजे लक्ष्मी कुंड में नहाने पहुंचे और पैर फिसलने की वजह से गहरे पानी में चले गए। 

हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रामदास की लक्सा स्थित मॉल के सामने गली में चाय की दुकान है। छोटा बेटा बटुक यादव हाथ बंटाता था। उसी गली में मकान और भूतल पर बड़े बेटे बबलू की साड़ी की दुकान है। 

चंदौली के जिला जज ने जिला कारागार में जाना बंदियों का हाल
जिला कारागार की व्यवस्थाओं का मंगलवार को चंदौली के जिला जज सुनील कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास वर्मा ने जायजा लिया। बैरकों का निरीक्षण करने के साथ ही बंदियों से बातचीत की। दोनों न्यायिक अधिकारियों ने चंदौली के बंदियों को उनके केस की पैरवी में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और मदद का आश्वासन दिया।

एक घंटे के निरीक्षण में खानपान, चिकित्सा और कागजात भी देखे। न्यायिक अधिकारी महिला बैरक भी गए और महिला बंदियों व उनके बच्चों से मुलाकात की। दूसरी ओर वाराणसी के एसीजेएम प्रथम राजीव मुकुल पांडेय ने भी जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों से बातचीत की। इस दौरान जेल अधीक्षक आचार्य डॉ. उमेश सिंह मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कालभैरव वार्ड में की पदयात्रा

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार की शाम गोलघर से शुरू हुई पदयात्रा सोराकुआं, ठठेरी बाजार, चौखम्भा, गोपाल मंदिर, जतनबर होते हुए काल भैरव जाकर समाप्त की। उन्होंने लोगों से शत प्रतिशत मतदान की अपील की। इस मौके पर गीता शर्मा, सीता घिमिरे, संगीता साहू, राम-लखन गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।

विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने आए बुजुर्ग लापता
गाजीपुर के देवकठिया, जंगीपुर से विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने आए मुरलीधर गुप्ता (68) 26 मई की सुबह 11 बजे से लापता हैं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं लगा। मुरलीधर के परिवार की गरिमा गुप्ता की तहरीर पर दशाश्वमेध थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में अंदर आने वालों को परिचय पत्र दिखाना जरूरी
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सोमवार की रात छात्रों के हंगामा के बाद मंगलवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। साथ ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी वाले गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के परिचय पत्र की जांच करने के बाद जाने दिया। बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिवप्रकाश सिंह ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों को बिना परिचय पत्र देखे अंदर किसी को न जाने का निर्देश भी दिया गया है। सीसी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।

लूट के दो आरोपी 26 वर्ष बाद दोषमुक्त
सारनाथ थाने में 26 वर्ष पहले दर्ज सोने की चेन और घड़ी लूटने के मामले में आरोपी चरन उर्फ चरनजीत और जयप्रकाश उर्फ पिंटू श्रीवास्तव को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया गया। यह आदेश न्यायिक मजिस्ट्रेट जयति की अदालत ने दिया। अभियोजन के अनुसार, वादी ने सारनाथ थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि 16 अप्रैल 1998 की शाम वह शहर से अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर जा रहा था। हृदयपुर तिराहे के पास उसे दो लड़कों ने रोक लिया। 

दोनों ने तमंचा दिखाकर वादी की पत्नी की सोने की चेन और घड़ी छीन ली। विरोध करने पर वादी की तरफ एक आरोपी ने कट्टे से फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। हालांकि, वादी आरोप साबित करने असफल रहा। इस पर अदालत ने अभियुक्त चरन उर्फ चरनजीत व जयप्रकाश उर्फ पिंटू श्रीवास्तव को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।


 

बड़े मंगलवार को अक्षयवट हनुमान से गर्मी से राहत की कामना

ज्येष्ठ मास के पहले बड़े मंगलवार को विश्वनाथ धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान का भव्य शृंगार व पूजन-अनुष्ठान किया गया। हनुमत लला से भीषण गर्मी से राहत की कामना की गई। भोर में पवनपुत्र का स्नान कराके पुजारी राजू पांडेय ने सिंदूर-तेल का लेपन किया। 

नूतन वस्त्र धारण कराकर सुगंधित पुष्पों से भव्य शृंगार करके महंत नील कुमार मिश्रा ने आरती की। अक्षयवट हनुमान को 11 किलो लड्डू, फल और बेल के शरबत का भोग लगाया गया। आरती के बाद बाबा के भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। शाम तक भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान महंत कमल मिश्रा, महंत बच्चा पाठक, रमेश गिरी आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed