फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top and latest news today of varanasi

Varanasi Top News: युवती को जेल भिजवाने की धमकी देकर डेढ़ लाख की साइबर ठगी सहित अन्य खबरें

Wed, 08 May 2024 11:19 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 08 May 2024 11:19 PM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी के चितईपुर थानाक्षेत्र के विवेकानंद नगर निवासी जया ने बताया कि बीते चार मई को एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम अविनाश बताया। उसने कहा कि आपके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर एक पार्सल थाइलैंड भेजा गया है, जिसमें आपत्तिजनक चीजें हैं। इस पर धौंस दिखाकर उसने दो किस्तों में 1.40 लाख रुपये ऐंठ लिए। वहीं दूसरी घटना लालपुर-पांडेयपुर थाने की है। लमही में युवती से छेड़खानी मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top and latest news today of varanasi
वाराणसी की खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

साइबर जालसाजों ने युवती को जेल भिजवाने की धमकी देकर एक लाख 40 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर करा लिए। पीड़िता ने चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर सेल जांच कर रही है। 

विज्ञापन


चितईपुर थाना क्षेत्र के विवेकानंद नगर निवासी जया झा ने बताया कि चार मई को कॉल आई और कस्टमर केयर से अविनाश कुमार ने बताया कि आपके नाम और आधार कार्ड का इस्तेमाल कर 20 अप्रैल को मुंबई से थाईलैंड किसी ने पार्सल भेजा है। जिसमें पांच पासपोर्ट, क्रेडिट कार्ड 140 ग्राम एमडीएम और 4 किलो कपड़े थे, जिसे मुंबई कस्टम ने कब्जे में लिया है। तुरंत साइबर क्राइम मुंबई में शिकायत दर्ज कराएं। वाराणसी में निवास का हवाला दिया तो अविनाश कुमार ने कॉल किसी अधिकारी राकेश कुमार को फॉरवर्ड करते हुए बातचीत कराई। 
विज्ञापन


राकेश ने कहा कि स्टेटमेंट वीडियो कॉल से रिकॉर्ड करना होगा। मनी लॉन्ड्रिंग और ह्यूमन ट्रैफिकिंग का आरोप लगाते हुए राकेश ने गिरफ्तारी की धमकी दी। छह मई को निर्दोष साबित करने के लिए पैसे की मांग की गई। दो किस्तों में 1.40 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


कबीर नगर कॉलोनी में खोदाई के बाद धंसी सड़क
कबीर नगर कॉलोनी दुर्गाकुंड में खोदाई के बाद बुधवार को सड़क धंस गई। इससे चलते लोगों को परेशानी हो रही है। यहां काम करने वाली एजेंसियों की लापरवाही को देखते हुए पहले ही जलकल ने नोटिस दिया था।

क्षेत्र के विनोद पाल ने बताया कि इस कॉलोनी में 380 मीटर की सीवर पाइपलाइन डाली जा रही है। खोदाई के दौरान लोगों के पेयजल और सीवर कनेक्शन तोड़े जा रहे थे। शिकायत के बाद इसे दुरुस्त किया जा रहा है। आज सड़क धंस गई। जहां पर खोदाई की गई थी। वहां मिटटी से अच्छे ढंग से भराई न करने से समस्या आई है। जलकल के सचिव ओपी सिंह ने कहा कि संस्था को सड़क मरम्मत कराने के लिए कहा गया है। काम नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।

महंत विवेक दास को अस्पताल में भर्ती कराने की गुहार
वाराणसी के कबीरचौरा मूलगादी मठ के महंत विवेक दास की हालत खराब है। वह बीमार चल रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल में भर्ती कराया जाए। ये मांग है मठ से जुड़े विजय नारायण की। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई है कि जेल में बंद महंत विवेक दास काफी बीमार हैं। बाईपास सर्जरी के बाद फेफड़े का संक्रमण है। प्रोस्टेट भी बढ़ा हुआ है। बीमारी को देखते हुए उनके बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल या बीएचयू में भर्ती कराया जाए। 

चार साल की बच्ची से छेड़खानी के दोषी को पांच साल की कैद
वाराणसी। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) अनुभव द्विवेदी की अदालत ने 4 साल की मासूम से छेड़खानी के मामले में आरोपी जुलकर नैन को दोषी पाते हुए पांच साल कारावास व दस हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक के अनुसार मासूम के साथ आरोपी ने अकेला पाकर दो अप्रैल 2023 को छेड़खानी की थी। इस मामले में मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। 

स्कूटी सवार युवती से छेड़खानी, मुकदमा दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के लमही में मंगलवार रात स्कूटी सवार युवती से छेड़खानी के मामले में दो युवकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के अनुसार, वह बच्चों को कोचिंग पढ़ाती है। शाम साढ़े सात बजे कोचिंग से लौट रही थी। लमही मढ़वा पोस्ट ऑफिस के पास जुगनू और मनोज ने उसका रास्ता रोका और छेड़खानी की। शोर मचाने पर दोनों भाग निकले। तुरंत 1090 पर शिकायत करने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 

गिट्टी लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा, चालक समेत दो घायल
वाराणसी गाजीपुर हाइवे पर बुधवार सुबह ट्रेलर अनियंत्रित होकर ढकवा गांव के पास पलट गया। वहीं, चालक व परिचालक घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद

किशोर लापता, गुमशुदगी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक पश्चिमपुर गांव में मां की डांट से नाराज किशोर लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद पिता ओमप्रकाश ने मुकदमा दर्ज कराया। 16 साल का रोहित कुमार तीन मई से लापता है। 

ट्रक से बैटरी चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया
रोहनिया के। भदवर में खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा और पुलिस को सौंपा। भदवर निवासी लल्लन पाल के अनुसार, मंगलवार रात तीन युवक ट्रक से बैटरी खोल रहे थे, जिसमें दो भाग निकले और एक पकड़ा गया है। 

फायरिंग करने वालों की तलाश में दबिश जारी
रोहनिया के बैरवन निवासी राजेश मिश्रा पर फायरिंग करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बुधवार को राजेश मिश्रा को बीएचयू अस्पताल से छुट्टी मिल गई। राजेश ने बताया कि एक्सरे रिपोर्ट में गोली अंदर फंसी दिख रही है, अभी ऑपरेशन नहीं हुआ है। दो सप्ताह बाद चिकित्सक ने बुलाया है। आरोप लगाया कि पुलिस हीलाहवाली कर रही है। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। 

अप्राकृतिक दुष्कर्म के आरोपी पति की जमानत मंजूर
जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश संजीव पांडेय की अदालत ने अप्राकृतिक दुष्कर्म के आरोपी पति की जमानत मंजूर कर ली। अभियोजन के अनुसार, वादिनी ने राजातालाब थाने में मुकदमा दर्ज कराया है कि उसके ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। साथ ही पति ने अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। 

एसएससी एमटीएस परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी की जमानत मंजूर
प्रभारी अपर सत्र न्यायाधीश ने एसएससी एमटीएस परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी की जमानत मंजूर कर ली। आरोपी बिहार के वैशाली के राजकुमार को 50-50 हजार के बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर स्थित केंद्र पर परीक्षा के दौरान चार सितंबर 2023 को आरोपी को पकड़ा गया था। राजकुमार ने पूछताछ में कबूल किया था कि आधार कार्ड पर फोटो बदलकर मूल अभ्यर्थी शिवम कुमार निवासी जमालपुर शुभई, थाना हाजीपुर वैशाली के स्थान पर परीक्षा देने आया था। 

सस्ती लोकप्रियता के लिए गलत बयानबाजी कर रहे राज्यमंत्री
कांग्रेस ने राहुल गांधी पर राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के बयान को गलत बताया है। बुधवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जनता सब जानती है...का पोस्टर जारी किया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि मंत्री रविंद्र जायसवाल सस्ती लोकप्रियता के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने एक फर्जी वायरल पोस्ट के आधार पर राहुल गांधी पर टिप्पणी की थी। वैश्य समाज की खातिर पूरी कांग्रेस पार्टी व राहुल गांधी खड़े हैं। उन्होंने वैश्य समाज पर कोई बयान नहीं दिया था। यह वही रविंद्र जायसवाल हैं जो कोरोना में अपने ही कार्यकर्ताओं को दौड़ा दौड़ाकर पीटते नजर आए थे और अब सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए कांग्रेस नेताओं पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। बाबा विश्वनाथ उनको सद्बुद्धि प्रदान करें।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता की टीम में काशी के पांच खिलाड़ी
राष्ट्रीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम बुधवार दोपहर कैंट रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। प्रतियोगिता 8 से 14 मई तक खेली जाएगी। इसमें काशी के पांच खिलाड़ी चयनित हुए हैं।

जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव विभोर भृगुवंशी ने बताया कि बालक वर्ग में राज सिंह, कुणाल कुमार सिंह, देवेश जायसवाल और प्रदीप वर्मा (सभी यूपी कॉलेज के साई छात्रावास से) हैं। वहीं, बालिका वर्ग में अनवी सिंह हैं। खिलाड़ियों को आशुतोष सिंह ने प्रशिक्षित किया है। खिलाड़ियों की रवानगी पर जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, सचिव डॉ. अशोक कुमार सिंह ने शुभकामनाएं दी।

हैदराबाद और बेंगलूरू एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रहा निरस्त
एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान हैदराबाद और बेंगलूरू बुधवार को निरस्त रहे। अचानक विमान के निरस्त होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाराणसी-हैदराबाद के लिए 150 यात्री और वाराणसी-बेंगलूरू के लिए 165 यात्रियों ने बुकिंग कराई थी।

एयरलाइंस ने अपने आधिकारिक हैंडल पर यात्रियों को असुविधा पर खेद जताया और यह भी लिखा कि यात्रियों का विमान निरस्त होने पर यात्रियों को पैसा रिफंड किया जाएगा या यात्री तारीख आगे भी बढ़वा सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के स्थानीय प्रबंधक विक्रांत सिंह ने बताया कि हैदराबाद और बेंगलूरू की विमान ऑपरेशनल कारणों से निरस्त किया गया है।

यात्री अपनी हवाई यात्रा के लिए जानकारी लेने के बाद ही अपने गंतव्य को जाने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहीं यदि विमान निरस्त रहता है तो यात्री रिफंड या अगले डेट का एक्सटेंशन यात्रा करवा सकते हैं।

पीडब्ल्यूडी के जेसीबी ने तोड़ दी 33 केवीए लाइन, पांच घंटे आपूर्ति बाधित
पीडब्ल्यूडी ने मंगलवार देर रात बिजली विभाग को सूचना दिए बगैर भिखारीपुर तिराहे पर जेसीबी से खोदाई का काम शुरू कर दिया। इसी दौरान मंडुवाडीह डीपीएच और पूर्वोत्तर रेलवे को जा रही 33 केवीए की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस वजह से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात 12 बजे कटी बिजली सुबह पांच बजे बहाल हुई। अधिशासी अभियंता अनूप ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे निर्माण की वजह से बिजली का तार जोड़ने में करीब पांच घंटे लग गए। इस दौरान पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क किनारे सीवर निकासी के लिए निर्माण कार्य कराया गया।

संयुक्त सचिव ने इरी में हुए नवाचारों से हुए रूबरू
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव (बीज) पंकज यादव ने बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) का दौरा किया। उन्होंने संस्थान में चल रहे आधुनिक अनुसंधान और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और प्रयोगशालाओं, स्पीड ब्रीड सुविधा सहित अन्य तकनीक शोध का अवलोकन किया। इसकी सराहना की। 

उन्होंने कृषि क्षेत्र की ताकत बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान राष्ट्रीय बीज अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक मनोज कुमार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपायुक्त (गुणवत्ता नियंत्रण) डॉ. दिलीप कुमार श्रीवास्तव और अनुभाग अधिकारी अनुराग दीक्षित आदि मौजूद रहे।

शनैश्वर महादेव का हुआ रुद्राभिषेक
श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनैश्वर जयंती पर शनैश्वर महादेव विग्रह का रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर के अर्चकों ने विधि विधान से पूजन संपन्न कराया।



शनैश्वर महादेव को स्याह रंग के वस्त्रों व पुष्पों से शृंगार किया गया। एसडीएम शंभू शरण यजमान की भूमिका में रहे।

बरेका में हुई थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन बैठक
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कीर्ति कक्ष में बुधवार दोपहर थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन बैठक हुई। इसमें बरेका महाप्रबंधक सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोकोमोटिव आइटमों की गुणवत्ता भारतीय रेलवे के सुरक्षित परिचालन, निर्धारित उत्पादकता से संबंधित है। बैठक में थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसीज को पीपीटी प्रजेंटेशन के जरिये जानकारी दी गई। बैठक में प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक रजनीश गुप्ता, सुब्रत नाथ, त्रिलोक कोठारी मौजूद रहे। 

सर्व दुखों का विनाश करती है भागवत कथा
कथावाचक संजय पांडेय महाराज ने कहा कि भागवत कथा सर्व दुखों का विनाश करती है। भगवान का नाम मनुष्य के संकट का निवारण करता है। वह बुधवार को मीरघाट स्थित नया विश्वनाथ मंदिर में सात दिवसीय भागवत कथा के दौरान प्रवचन दे रहे थे। बुधवार को कलश यात्रा के साथ भागवत कथा की शुरुआत हुई। इस दौरान मंदिर से लेकर गंगा के तट तक महिला श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। 

वरुणा नदी की सफाई में जुटा निगम
वरुणा नदी से कचरा निकालने के लिए मशीन लगाई गई है। जो नदी में चल रही है। मशीन की मदद से कचरा निकाला जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके शर्मा को वरुणा कॉरिडोर के सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरुणा नदी की सफाई का कार्य डीएम कंपाउंड के पीछे से लेकर सरैंया तक किया जाना है।

नगर निगम की टीम की ओर से सफाई अभियान जारी रहा। यही नहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखकर वरुणा कॉरिडोर के फुटपाथ की सफाई, फॉगिंग कराई। एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। मशीन से जलकुंभी भी निकाली जा रही है। सभी वार्डों के 10-10 सफाई कर्मचारियों और स्वास्थ्य निरीक्षकों की तैनाती की गई। 

प्रतिभा चयन ट्रायल में शामिल हुए 75 खिलाड़ी
जिले के उभरते खिलाड़ियों की पहचान के लिए बीएचयू के एंफीथियेटर एथलेटिक्स ट्रैक पर प्रतिभा चयन ट्रायल हुआ। पांच खेलों के लिए हुए ट्रायल में कुल 75 खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। इसमें 60 लड़के और 15 लड़कियों की सहभागिता रही।

बीएचयू मैदान में साई की ओर से छह मई से शुरू हुई शिविर में पांच खेलों के खिलाड़ियों का ट्रायल होगा। ट्रायल दस मई तक चलेगा। इसमें उभरते खिलाड़ियों का डाटा एकत्र किया जाएगा। साई के एथलेटिक्स कोच संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि खेलो इंडिया अभियान के तहत एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, फुटबाल, तीरंदाजी के खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हो सकते हैं। इस मौके पर चंद्रभान यादव, शिखा सिंह, अमित मौजूद रहे।

साहित्यकारों ने लखनऊ में नितिन रमेश गोकर्ण का किया सम्मान
रसवर्ण संस्थान की ओर से शहरी आवास विकास मंत्रालय के नितिन रमेश गोकर्ण को सचिवालय लखनऊ में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी: यूपी गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया। साहित्यकार डॉ. चकाचौंध ज्ञानपुरी, डॉ. दुर्गाप्रसाद श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा ने उन्हें सम्मान पत्र सौंपा। डॉ. चकाचौंध ने कहा कि गोकर्ण ने काशी में साहित्यिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए श्रेष्ठ कार्य किया है। 

सब जूनियर बास्केटबॉल के सेमीफाइनल में पहुंचा यूपी कॉलेज
सब जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का क्वार्टरफाइनल बुधवार को वरुणा स्थित एक निजी स्कूल में खेला गया। इसमें उदय प्रताप इंटर कॉलेज की टीम अपने सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई। जिलास्तरीय सब जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक और बालिका वर्ग में दो-दो मैच खेले गए। जिला बास्केटबाल संघ के संयुक्त सचिव विभोर भृगुवंशी ने बताया कि गुरुवार को प्रतियोगिता का सेमीफाइनल खेला जाएगा। अलग-अलग मैच में निर्णायक की भूमिका कार्तिक राम, मुकेश पांडे, जितेंद्र कुमार आदि रहे। 

छात्राओं को दिए डिजिटल मार्केटिंग के टिप्स
वाराणसी के धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में कॉमर्स और मैनेजमेंट विभाग की ओर से बुधवार को डिजिटल मार्केटिंग पर 15 दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। इसमें छात्राओं को डिजिटल मार्केटिंग के स्वरूप, माध्यम और संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

उद्घाटन सत्र में विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा यादव ने डिजिटल मार्केटिंग के विस्तृत दायरे पर चर्चा करते हुए बताया कि सोशल मीडिया कम खर्चीला और प्रभावी विज्ञापन माध्यम साबित हो रहा है। प्रशिक्षक विकास गौरव ने छात्राओं को डिजिटल मार्केटिंग के तकनीकी पक्षों की जानकारी दी। इस मौके पर प्रवक्ता डॉ. शिवांगी साह, डॉ. आनंद सोनकर, शशांक शरण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

व्यय प्रेक्षक पहुंचे वाराणसी, जारी किया नंबर
चुनाव आयोग की ओर से बुधवार को व्यय प्रेक्षक अजीत दान न्यू सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने अफसरों के साथ बैठक की। चुनाव संबंधी अभी तक की जानकारियां लीं और चुनाव आयोग से जुड़े दिशानिर्देश दिए। बताया कि रोज सुबह 9 से 10 बजे तक न्यू सर्किट हाउस में मिलेंगे। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी, उनके अभिकर्ता व राजनैतिक दलों के पदाधिकारी निर्वाचन व्यय संबंधी जानकारी के संबंध में मिल सकते हैं। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी 9236051760 जारी किया है। 

प्राइमरी स्कूल में पांच दिवसीय समरकैंप शुरू
काशी विद्यापीठ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भिटारी में बुधवार को पांच दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवींद्र कुमार सिंह ने कहा कि समर कैंप से बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास करना है। पांच दिवसीय समर कैंप में प्रत्येक दिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें ड्राइंग, पेंटिंग, आर्ट-क्राफ्ट, नृत्य- संगीत, मेहंदी- रंगोली और अंतिम दिन फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी।

बुधवार को पहले दिन बच्चों ने ड्राइंग व पेंटिंग में हिस्सा लिया। समर कैंप का समापन 13 मई को होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विभा यादव, रजनी, मीना यादव, मीनू शुक्ला, निशा सिंह, दीपक गुप्ता मौजूद रहे। 

बीवोक, एमवोक पाठ्यक्रमों के समन्वयक बने डॉ. बल्ला मोहन
बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर जैन ने रचना शरीर विभाग आयुर्वेद संकाय के सह आचार्य डॉ. बल्ला मोहन नाग कुमार को राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा स्थित डीडीयू कौशल केंद्र के अंतर्गत संचालित बीवोक और एमवोक पाठ्यक्रमों का समन्वयक बनाया है। उनकी नियुक्ति तीन वर्ष के लिए की गई है। 

30 विद्यार्थियों का व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए हुआ चयन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कैंपस प्लेसमेंट सेल की ओर से बुधवार को पं. दीन दयाल उपाध्याय शोधपीठ में एक्सिस बैंक के सहयोग से कैंपस साक्षात्कार हुआ। साक्षात्कार में विश्वविद्यालय के 30 विद्यार्थियों का चयन एक्सिस बैंक में असिस्टेंट मैनेजर पद के व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए हुआ।

सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि कैंपस साक्षात्कार से पहले एक्सिस बैंक के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साथ प्री-प्लेसमेंट टॉक किया। इसके बाद कम्यूनिकेशन और एप्टीटयूट टेस्ट हुआ। इसके आधार पर 30 विद्यार्थियों को व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए चुना गया। कैंपस साक्षात्कार में मुख्य परिसर और गंगापुर परिसर के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 

बदले मार्ग से गुजरेंगी तीन ट्रेनें
प्रयागराज स्टेशन पर कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव हुआ है। 9 मई से 6 जून तक चलने वाली 05193 छपरा-पनवेल स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर औड़िहार-जौनपुर-वाराणसी-प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर के रास्ते जाएगी। गोदिया से 6, 13 व 20 मई को 08795 गोंदिया-छपरा स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर मानिकपुर-प्रयागराज छिवकी-वाराणसी-जौनपुर-औड़िहार के रास्ते जायेगी। गोरखपुर से 10 जून को चलने वाली 01102 गोरखपुर-दादर स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर औड़िहार-जौनपुर-वाराणसी-प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर के रास्ते जाएगी। 

मतदान कर सही प्रतिनिधि का करें चयन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। पंत प्रशासनिक भवन के सामने मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट की शुरुआत कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने की। उन्होंने कहा कि देश में सही प्रतिनिधि का चयन करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मतदान के प्रति जागरूक रहना होगा।



उन्होंने कहा कि जो युवा पहली बार मतदाता बने हैं, वे अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करें। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, आरएसएस के समन्वयक डॉ. रवींद्र कुमार गौतम, उप कुलसचिव हरीश चंद्र, वित्त अधिकारी संतोष शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, प्रो. आनंद शंकर चौधरी, प्रो. रमाकांत सिंह आदि मौजूद रहे। 

वैशाख अमावस्या पर गंगा में लगाई डुबकी, किया दान-पुण्य
वैशाख अमावस्या पर बुधवार को तीन योग में पुण्य लाभ के लिए श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। घाटों पर सुबह स्नान के लिए भीड़ रही। गंगा तटों पर हर-हर महादेव के उद्घोष गूंजे। श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। दशाश्वमेध, राजघाट, अस्सी घाट पर ज्यादा भीड़ रही।

वैशाख मास की अमावस्या तिथि इस बार दो दिन लगी थी। मंगलवार की तिथि की अमावस्या तिथि पर लोगों ने श्राद्धकर्म किया। जबकि बुधवार को स्नान और दान-पुण्य किया गया। घाटों पर भोर से ही स्नान करने के लिए लोग पहुंच गए थे। श्रद्धालुओं को तीर्थ-पुरोहितों ने संकल्प करवाया और दान-दक्षिणा दिया। महिलाओं ने पीपल के वृक्ष की विधिवत पूजा कर परिक्रमा की। पं. शिव कुमार पांडेय ने बताया कि वैशाख अमावस्या पर गंगा में स्नान करने और ब्राह्मणों को दान करने का विशेष महत्व है। इससे दैहिक, दैविक और भौतिक तापों से मुक्ति मिलती है और घरों में सुख समृद्धि बनी रहती है।

शहीदी दिवस पर दिया स्वच्छता और मतदाता जागरूकता का संदेश
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित शहीदी दिवस समारोह में स्वच्छता और मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। वाणिज्य संकाय में आयोजित कार्यक्रम में बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह ने छात्र जीवन में अनुशासन और लोकतंत्र में मतदान का महत्व समझाया। संकाय प्रमुख डॉ. एचके सिंह ने छात्रों को मतदान के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि कला संकाय प्रमुख बिंदा परांजपे ने सभी स्वयंसेवकों को उनके दायित्व बताते हुए स्वच्छता पर जोर दिया। इस दौरान डॉ. पीके शर्मा, डॉ. अनिल कुमार सिंह ने भी विचार रखे। अंत में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 

टोटो यूनियन अध्यक्ष ने की कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात
अखिल भारतीय टोटो यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण काशी ने ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात की। प्रवीण ने बताया कि टोटो यूनियन अपनी समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात का प्रयास करेगा। प्रधानमंत्री ने बनारस में टोटो की शुरुआत 1 मई, 2016 से गरीब नौजवानों को रोजगार देने के लिए की थी, लेकिन इसका फायदा टोटो चालकों को नहीं मिला। इसके पीछे प्रमुख वजह नगर निगम के द्वारा पार्किंग, स्टैंड और चार्जिंग की व्यवस्था न कर पाना रहा।


प्लास्टिक व्यापारी की गुमशुदगी पर व्यापारियों ने जताई चिंता
प्लास्टिक व्यापारी नूर एहसान मंगलवार की शाम से गायब हो गए। वाराणसी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को बैठक कर पुलिस से मांग की कि उन्हें जल्द ढूंढ़ा जाए। अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने बताया कि प्लास्टिक व्यापारी के भाई जावेद अहमद ने सूचना दी कि गायब होने के साथ ही उनका मोबाइल भी बंद है। बैठक में संयुक्त महामंत्री मनीष गुप्ता, संजय गुप्ता, सुनिल निगम आदि रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed