कोरोनाः वाराणसी में एक दिन में सर्वाधिक 237 मरीज मिले, दो की मौत, सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 1000 के पार
वाराणसी जिले में कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। शनिवार को 237 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। बीएचयू में दो मरीजों की मौत भी हो गई। इसके साथ, सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 1000 के पार पहुंच गया। अप्रैल में तीन दिन में ही 656 मरीज मिल चुके हैं। इसमें कारोबारी, चिकित्सक, छात्र, पुलिसकर्मी, महिला और बच्चे भी शामिल हैं।
जिस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उसको देखते हुए ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। शनिवार के नये मरीजों में 10 साल से कम उम्र के 8 बच्चे भी शामिल हैं। कंदवा में 5 साल की बच्ची, तारापुर टिकरी में 8 और 2 साल के बच्चे, 9 साल के दो और चार साल का एक अन्य बच्चा संक्रमित हुआ है।
शनिवार को सबसे अधिक तारापुर टिकरी में 15 लोग संक्रमित मिले। जबकि अशोकनगर चितूपुर, पॉपुलर हॉस्पिटल, फुलवरिया, सुंदरपुर, भगवानपुर, नदेसर, मंडलीय अस्पताल, गोकुल नगर कॉलोनी, बीएचयू,रानीपुर, ट्रामा सेंटर, चितईपुर, अशोक विहार पहाड़िया, न्यू कॉलोनी ककरमता और शिवपुर के लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में भर्ती ताजपुर अर्दली बाजार निवासी 60 वर्षीय पुरुष और और 56 वर्षीय रोहनिया निवासी महिला की मौत हुई है। होम आइसोलेशन में 42 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया। अब कुल संक्रमितों की संख्या 23332 हो गई। इसमें 21932 डिस्चार्ज, 384 की मौत हो चुकी है, जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 1016 हो गई है।
बढ़ा दायरा, 5358 की हुई जांच
जिले में मरीजो की संख्या बढ़ने के साथ ही जांच का दायरा भी बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 5358 लोगों की जांच हुई जबकि 4098 की रिपोर्ट मिली। इसके पहले शुक्रवार को 4762 और बृहस्पतिवार को 4696, बुधवार को 4070 लोगों की जांच की गई थी। सीएमओ ने बताया कि रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, अस्पतालों में अधिक से अधिक लोगों की जांच की जा रही है।