वाराणसी: आईपीएल में सट्टेबाजी के आरोप में तीन गिरफ्तार, 6.23 लाख रुपये बरामद
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों में वाराणसी में भी रोजाना करोड़ों का सट्टा लगाया जा रहा है। पुलिस सुरागकशी कर ऐसे लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। हालांकि अब तक सटोरिये पुलिस पर भारी पड़ते ही दिखे हैं। इसी क्रम में सोमवार को लंका थाने की पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आईपीएल में सट्टा लगवाने के आरोप में तीन लोगों को छह लाख 23 हजार रुपये और छह मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
वाराणसी के लंका थाने के प्रभारी निरीक्षक महेश पांडेय ने सोमवार की रात बताया कि भगवानपुर में कुछ लोगों द्वारा आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाने की सूचना मिली। सर्विलांस की मदद से सुरागकशी कर थाने की पुलिस टीम ने छापा मारा।
बताया कि मौके से रामनगर निवासी दिवाकर अग्रवाल और भगवानपुर निवासी अभय सिंह व सिद्धार्थ मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के पास से मिले मोबाइल और कागजात की मदद से इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को चिन्हित कर गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
इसके साथ ही सभी चौकी प्रभारियों और बीट आरक्षियों को कहा गया है कि वह अपने क्षेत्र में पता लगाते रहें कि आईपीएल के मैचों में कहां सट्टा लगाया जा रहा है और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।